मधुपुर/संवाददाता। शहर के बावनबीघा स्थित मंगलम सभागार में शुक्रवार को संवाद द्वारा आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय वार्षिक महिला सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. सुमनलता, ललिता, ऐनी टुडू, सीमा, प्रभा, श्रीकिशुन और मति मुर्मू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विषय प्रवेश करते हुए समाजकर्मी श्री किशुन ने कहा कि संगठन का लक्ष्य खेती किसानी से जुड़ी महिलाओं को किसान का दर्जा दिला कर सशक्त बनाना, जमीन के पट्टे पर महिलाओं का भी नाम हो और उन्हें नियंत्रण का भी अधिकार हो। खेती किसानी में महिलाओं का योगदान पुरुषों की अपेक्षा काफी अधिक है। किसान की पहचान के लिए महिलाओं को एकजूट होकर आगे आना होगा। ग्राम सभा के निर्णय महिलाओं की भागीदारी बढ़ाते हुए नशापान, दहेज प्रथा, बाल विवाह, डायन प्रथा जैसी कुरीतियों को दूर करना है। मुख्य अतिथि डॉक्टर सुमन लता ने कहा कि महिलाओं को सजग, सतर्क होकर अपनी रफ्तार, सोच और काम से महिला किसान संगठन को मजबूत बनाना होगा। चंद्रयान को चंद्रमा तक पहुंचाने में महिला वैज्ञानिकों की टीम का श्रेय रहा है। ऐसे में महिलाओं के संघर्ष से किसान का दर्जा मिलना बड़ी बात नहीं है। यह लड़ाई पितृ सत्तात्मक पुरुष प्रधान मानसिकता से है, लेकिन जब महिलाओं ने बीड़ा उठा लिया है तो वह इसे पूरा कर लेगी। खेती किसानी का अधिकांश कार्य महिलाएं करती है तो उन्हें महिला किसान का अधिकार मिलना ही चाहिए। जमीन और संपत्ति पर महिलाओं को अधिकार मिले ताकि उसके परिवार के लोग दारू पीकर, जुआ खेल कर संपत्ति जमीन को नहीं गंवाएं। महिलाओं को घर के साथ समाज की जिम्मेदारी को भी निभाना होगा। महिलाएं अपने काम सोच और मकसद से महिला किसान संगठन को आगे बढ़ाएं। ऐनी टुडू ने महिला किसान संगठन के संबंध में विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए गांव-गांव में सदस्यता अभियान चलाने पर जोर दिया। ललिता, सीमा और प्रभा ने कहा महिला किसान की पहचान के लिए महिलाओं को एकजूट होकर संघर्ष करना होगा। कार्यक्रम का संचालन मती मुर्मू ने किया। सम्मेलन में राज्य के विभिन्न जिलों से महिला किसान प्रतिभागी शामिल हुई। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनीता मुर्मू, अबरार, आनंद मरांडी, सुनीता हांसदा, अनूप, विजय, नीलम,पवन, जावेद पूजा सहित कई कार्यकर्ता जुटे रहे।
मधुपुर नगर पुस्तकालय भवन निर्माण को लेकर उपायुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर नगर पुस्तकालय का एक प्रतिनिधिमंडल जिला उपायुक्त विशाल सागर से मिलकर नगर पुस्तकालय के स्थायी भवन निर्माण को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में नगर पुस्तकालय के सचिव पंकज पीयूष, उपाध्यक्ष भोला भाई पटेल, वरिष्ठ समाजकर्मी अरविंद कुमार और महेश मिश्रा शामिल थे। उपायुक्त विशाल सागर को नगर पुस्तकालय मधुपुर के संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी दी। पुस्तकालय चालू करने में स्थानीय विधायक सह मंत्री हफीजुल हसन, अनुमंडल पदाधिकारी आशीष अग्रवाल, मजिस्ट्रेट विनय कुमार पांडेय सहित सहयोग देने वाले व्यक्तियों के योगदान को बताया। चार-पांच माह के अंदर 400 से अधिक छात्र-छात्राओं के बैठने, पढ़ने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले नगर पुस्तकालय को और बेहतर ढंग से संचालन के लिए स्थायी पुस्तकालय भवन निर्माण की मांग किया गया है। उपायुक्त विशाल सागर ने मधुपुर नगर पुस्तकालय द्वारा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध करायी जा रही सुविधा की सराहना की। नगर पुस्तकालय को डिजिटल और हाईटेक बनाने का सुझाव दिया। नगर पुस्तकालय के स्थायी भव्य भवन निर्माण का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने इस संबंध में जल्द ही मधुपुर आने की बात कही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शिविर का आयोजन
- छात्रों ने गीत व नाटक से लोगों को किया जागरूक
मधुपुर/संवाददाता। झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में मधुपुर अनुमंडल के करौं प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालकर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर का विधिवत उद्घाटन जिला परिषद सदस्य ललन कुमार सिंह, मंत्री प्रतिनिधि गुलाम अशरफ राजू, समाजसेवी माधव प्रसाद सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष श्याम देव प्रसाद चौधरी आदि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के 28 स्टॉल लगाये थे। स्टॉल में पंजीकरण, ओपीडी, आयुष्मान भारत कार्ड, डिजिटल हेल्थ कार्ड, लैब जांच दवाई वितरण, मलेरिया किशोरी स्वास्थ्य नियमित टीकाकरण एलसीडी जांच, अंधापन होम्योपैथिक आदि शिविर लगाया गया था।
मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ केके सिंह ने कहा कि प्रखंड के सभी लोग स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठायें। सरकार द्वारा लोगों के लिए अनेकों प्रकार की व्यवस्था की गयी थी। कार्यक्रम में शांति निकेतन आवास विद्यालय के छात्राओं द्वारा प्रसव संबंधी गीत एवं लोगों के बीमारी के निदान के लिए नुक्कड़ नाटक द्वारा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। वही 200 महिलाओं को प्रसव किट एवं फाइलेरिया किट का वितरण किया गया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर केके सिंह द्वारा शांति निकेतन आवास विद्यालय के छात्रों को बेहतर नाटक और स्वास्थ्य गीत के लिए प्रशस्ति पत्र व प्रमाण पत्र वितरण किया गया। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष कंगारू मरांडी, मंत्री प्रतिनिधि गुलाम अशरफ, समाजसेवी अजीत प्रसाद सिंह, माधव प्रसाद सिंह, शांति निकेतन आवास विद्यालय के प्रचार जितेंद्र प्रसाद चौधरी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला संगठन सचिव जितेंद्र कुमार यादव, भागीरथ गोस्वामी, प्रहलाद दास डिंडाकोली मुखिया रविदास, लेखा लिपिक संजय कुमार पाठक, प्रखंड डाटा मैनेजर अमित कुमार, ब्लॉक डाटा मैनेजर रत्नेश कुमार सिंह, मनोरंजन राय, सुशांति देवी आदि मौजूद थे।
अवैध बालू परिवहन में शामिल दो ट्रैक्टर को पुलिस ने किया जब्त
चितरा/संवाददाता। चितरा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने शुक्रवार सुबह सारठ-चितरा मुख्य सड़क स्थित टेढ़ी मोड़ के समीप अवैध बालू परिवहन करते दो ट्रैक्टर को जब्त किया। वहीं पुलिस को देख दोनों ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहे। इधर जब्त दोनों ट्रैक्टर को बालू सहित पुलिस कर्मियों के सहयोग से थाना लाया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव कुमार ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर चितरा के टेढ़ी मोड़ से दोनों ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है। कहा कि अवैध रूप से बालू परिवहन को लेकर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध बालू कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बता दें कि एनजीटी द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद कुछ दिनों से बालू माफिया एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं। वहीं रात्रि एवं अहले सुबह नौनी, गबड़ा सहित अजय नदी के विभिन्न घाटों से चोरी-छुपे अवैध ढंग से बालू की ढुलाई किया जा रहा है और उस बालू को ऊंचे कीमत पर बिक्री की जा रही है। जिससे एक ओर जहां एनजीटी की नियमों का घोर उल्लंघन किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर इस अवैध बालू कारोबार से सरकार को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।
बाल विवाह, बाल मजदूरी व बाल तस्करी के खिलाफ छात्राओं को किया जागरूक
मधुपुर/संवाददाता। आश्रय और कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन फाउंडेशन यूएस ने बाल विवाह मुक्त भारत को लेकर कसाठी उत्क्रमित मध्य विद्यालय छात्रों के बीच बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल यौन शौषण व बाल तस्करी मुक्त भारत को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। मौके पर छात्रों को बाल विवाह , बाल मजदूरी व बाल तस्करी को रोक थाम के लिये शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में आश्रय की सहयोगी मीना प्रवीण ने बच्चों को बताया कि आज पुरे देश में बाल विवाह करा दिया जाता है। बच्चियों को शिक्षा से दूर करते हैं। बाल विवाह से होने वाली समस्याओ के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि बाल विवाह अपराध है। पकड़े जाने पर दो साल कि सजा व एक लाख रुपए जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। इसलिए आप सभी लोग बाल विवाह जैसे आयोजन में शामिल नहीं होना है।
बाल मजदूरी, बाल तस्करी, बाल यौन शौषण मुक्त के लिए हम सभी मिलकर प्रयास करना होगा। बताया कि कही भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर इसे रोकने के लिए इसकी सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पंचायत सचिव, महिला पर्यवेक्षिका, चाइल्ड लाइन को सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा 1098 पर फोन पर शिकायत कर सकते हैं।
अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त
सारवां/संवाददाता। सारवां थाना प्रभारी प्रदीप लकड़ा द्वारा अवैध बालू उठाव पर रोक लगाने को लेकर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान उनके द्वारा पहरीडीह के समीप से एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पहरीडीह घाट के समीप से एक अवैध बालू लोड ट्रैक्टर पकड़ा गया जिसे जब्त किया गया। अग्रतर कार्रवाई के लिए डीएमओ को पत्र लिखा गया है।
प्रमुख व बीडीओ ने किया स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन
सारवां/संवाददाता। प्रखंड प्रांगण परिसर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने को लेकर प्रखंडस्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन प्रभारी डॉ बीके सिन्हा की देखरेख में किया गया। मौके पर प्रमुख फुकनी देवी एवं बीडीओ जहुर आलम द्वारा मेले का उद्घाटन किया गया। मेले में ओपीडी सेवा, नेत्र जांच, कुष्ठ जांच, आयुष चिकित्सा, योगा परामर्श, टीबी जांच, मलेरिया जांच सहित अन्य स्टॉल लगा कर मेले में आये लोगों की जांच की गई व दवा का वितरण किया गया। प्रभारी ने कहा मेले में कुल 980 लोगों ने जांच कराया। मौके पर डॉ अभिनव भारद्वाज, डॉ अभय कुमार, डॉ जैकी शेखर, सीएचओ संतोष प्रमाणिक, नेत्र चिकित्सक अनील कुमार दास, मलेरिया निरीक्षक मनोज पांडे, लेखा सहायक चितरंजन सिंह, बीडीएम प्रशांत कुमार, सीता देवी, शांति देवीे सहित क्षेत्र के सहिया व स्वास्थ्य कर्मियों ने अहम भूमिका निभायी।
लाभुकों के बीच मछली जीरा का हुआ वितरण
सारवां/संवाददाता। कृषि मंत्री के निर्देश पर प्रखंड क्षेत्र के डकाय, बंदाजारी व लखोरिया पंचायत के विभिन्न गांवों के मछली पालक किसानों के बीच मछली जीरा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुखिया मुबारक अंसारी द्वारा क्षेत्र से आये लाभुक किसानों के बीच रेहु, कतला, मृगल ग्रास कार्प आदि मिश्रित प्रजाति का मछली जीरा वितरण किया गया। कहा किसान मछली उत्पादन कर अपने आय में इजाफा करेंगे। इस अवसर पर किसान असगर मियां, सगीर अंसारी, सुनील राउत, मुकेश रजक, दिलीप राउत, हराधन मरांडी, शंभु मंडल, शंभु राय, आलमगीर आलम, कुर्बान मियां सहित सैकड़ों की संख्या में लाभुक उपस्थित थे।
ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड के सारठ सीएचसी में शुक्रवार को प्रखंडस्तरीय स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन स्वास्थ्य विभाग से जिला प्रोग्राम कोर्डिनेटर प्रवीण कुमार सिंह, चिकित्सा प्रभारी डॉ. जियाउल हक, डॉ. प्रज्ञा भगवती, डॉ. सानू आनंद, डॉ. जीतेन्द्र कुमार, डॉ. यशोधरा नायक, डॉ. नेहा कुमारी, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. कल्याण पंडित, लेखापाल सरोज कुुमार ंसिंह व प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी रबिन चन्द्र मंडल, बीआरपी राजेश कुमार मिश्र, जनप्रतिनिधि से प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष सह झामुमो के जिला उपाध्यक्ष इश्तियाक मिर्जा, झामुमो नेता सह पूर्व जिप सदस्य सुरेन्द्र रवानी समेत सीएचओ तथा पूरे स्वास्थ्य टीम की उपस्थिति में संयुक्त रूप से दीप जलाकर किाय गया।
मेले में विभिन्न रोगों से सम्बन्धित अलग-अलग स्टॉल बनाये गये थे। जांच के लिए आये हुए लोगों को बीटीटी, सहिया साथी, सहिया एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मदद करते दिखे। वहीं स्टॉल पर चिकित्सकों द्वारा जांच के दौरान लोगों को सीएचओ, एएनएम, लैब टेक्नीशियन, एमपीडब्ल्यू भी सहयोेग करते दिखें।
सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. जियाउल हक ने बताया कि सीएचसी प्रांगण में लगाये गये स्वास्थ्य मेले में दूर-दराज गांवों से काफी संख्या में लोग पहुंच कर जांच कराया। जिसमें एनसीडी 46, टीकाकरण 5, नेत्र जांच 36, परिवार नियोजन 10, ओपीडी में 198, मलेरिया जांच 18, लेप्रोसी स्क्रीनिंग 13, क्म्युनिकल डीजिज 146, आयुष्मान कार्ड 15, आभा कार्ड 25 और जन्म प्रमाण पत्र 25 और मृत्यु प्रमाण पत्र दो की उपलब्धि इसे स्वास्थ्य मेले में रही।
जन आकांक्षा फाउंडेशन के सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण शिविर का विधायक ने किया उद्घाटन
चितरा/संवाददाता। जन आकांक्षा फाउंडेशन द्वारा थाना क्षेत्र के दुमदुमी पंचायत के पंचायत भवन में नि:शुल्क सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सारठ विधायक रणधीर सिंह ने फीता काटकर विधिवत शिविर का उद्घाटन किया। मौके पर विधायक ने कहा कि जन आकांक्षा फाउंडेशन संस्था द्वारा आयोजित इस सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर माताएं बहनें आत्मनिर्भर होंगी। कहा कि संस्था द्वारा महिला सशक्तिकरण के दिशा में बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं कुटीर उद्योग, सिलाई कढ़ाई सहित अन्य माध्यम से आत्मनिर्भर हो रही है। साथ ही सखी मंडल की महिलाएं विभिन्न आजीविका के द्वारा धीरे धीरे आर्थिक रूप से मजबूत हो रही है। विधायक ने घोषणा किया कि क्षेत्र के 27 पंचायत में दो दो सिलाई मशीन अपने वेतन मद से उपलब्ध कराने का काम किया जायेगा। दूसरी ओर पलमा पंचायत भवन में जन आकांक्षा फाउंडेशन द्वारा सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। वहां पंचायत के उपमुखिया सुमन मल्लिक द्वारा प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया गया। यह प्रशिक्षण 45 दिनों की है। जिसके बाद प्रशिक्षित महिलाओं को प्रमाण पत्र दिया जायेगा। मौके पर संस्था के संस्थापक राजेश कुमार, प्रखंड कोर्डिनेटर प्रफुल कुमार मंडल, गुलटन रजवार, दुमदुमी पंचायत कॉर्डिनेटर ममता कुमारी, पलमा पंचायत कॉर्डिनेटर हेमलता देवी, ट्रेनर रेखा देवी, कुंता कुमारी सहित दर्जनों प्रशिक्षु महिलाएं सहित ग्रामीण उपस्थित थे।
सीओ ने किया प्रखंड स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन
मोहनपुर/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रखंड स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि अंचलाधिकारी सुप्रिया भगत, सीएचसी प्रभारी डॉ श्यामसुंदर सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज भगत, आयुष्मान जिला नोडल पदाधिकारी शरद भारद्वाज, जिला परिषद सदस्य गीता मंडल,मुखिया अजय दास, युवा नेता शिवकुमार, चिकित्सक डॉ दुर्गेश कुमार, डॉ मानस कुमार, डॉक्टर बनर्जी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान चिकित्सा प्रभारी श्री सिंह ने संबोधित करते हुए बताया गया कि 16 स्टॉल लगाया गया है सभी स्लॉट में चिकित्सक उपस्थित थे। जिला परिषद सदस्य गीता मंडल ने कहा कि स्टॉल लगाया गया, इलाज के लिए संबंधित डॉक्टर से संपर्क कर अपनी इलाज कराएं। मौके पर बीपीएम उमेश कुमार, स्वास्थ्य कर्मी ललन कुमार यादव,धीरा कुमारी, कुंदन कुमार, मधु कुमारी, प्रमिला प्रभा समेत कई अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
- पीडीएस का खेल
कम अनाज मिलने की बात कहते हुए पीडीएस डीलर कार्डधारियों से कर रहे हैं अनाज की कटौती - चावल का हुआ है शत-प्रतिशत आवंटन : डीएसओ
संतोष दत्ता/पालोजोरी। पीडीएस डीलर द्वारा कार्डधारियों को कम अनाज दिया जाना तो अक्सर सुनने को मिलता है, लेकिन इन दिनों यह आवाज देवघर के तकरीबन सभी प्रखंडों से आ रही है। पीडीएस डीलर द्वारा ऊपर से अनाज कम दिए जाने की बात कहते हुए कार्डधारियों से राशन की कटौती की जा रही है। कार्डधारियों से बात करने पर ऐसा जान पड़ता है कि राशन की कटौती डीलर द्वारा अभियान चलाकर की जा रही है। यह मामला पिछले अगस्त माह के राशन वितरण से सामने आया है। राशन की कटौती कार्डधारियों की हैसियत देखकर भी की जा रही है। देवघर के अलग अलग प्रखंडों से आए दिन यह शिकायत कार्डधारी कर रहे हैं। देवघर जिला में अभी 994 पीडीएस डीलर राशन का वितरण करते हैं।
देवघर में किस कोटि के कितने हैं कार्डधारी :
देवघर (शहरी) पीएच अंत्योदय ग्रीन 16737 746
4697
मधुपुर (शहरी) 6138 250 1166
मधुपुर 21805 1148 1950
देवीपुर 18113 963 981
करौं 13611 1071 922
मारगोमुंडा 13174 730 1214
मोहनपुर 28176 2222 2751
पालोजोरी 26541 2159 3818
सारठ 26666 2140 2478
सारवां 14935 1018 1118
सोनारायठाढ़ी 12583 826 674
पंचायत प्रतिनिधि के सामने आ रहे हैं मामले : पीडीएस
डीलर द्वारा कार्डधारियों से राशन की कटौती का मामला पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधियों के पास रोजाना पहुंच रहे हैं। इनके द्वारा अधिकारियों को सूचना भी दी जा रहीं है, लेकिन अभी तक कोइ ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है। पिछले 12 सितम्बर को डीसी ने आपूर्ति विभाग की समीक्षा कर सभी आपूर्ति पदाधिकारी को यह कड़ा निर्देश दिया है कि कार्डधारियों को प्रवधान के अनुसार राशन मिले।
पीडीएस डीलर से राशन की कटौती नहीं, बल्कि समायोजन किया गया है। पहले से जिन्हें ज्यादा आवंटन दिया गया है, उसका समायोजन करते हुए उन्हें आवंटन मिला है। चावल का आवंटन शत प्रतिशत हुआ है और गेहूं कम मिला है। कार्डधारियों से अगर चावल की कटौती की जा रही है, तो संबंधित डीलर पर कार्रवाई की जाएगी।
अमित कुमार, डीएसओ