जसीडीह/संवाददाता। आरपीएफ जसीडीह ने जसीडीह रेलवे स्टेशन परिसर से अलग-अलग स्थानों से हजारों रुपए के शराब के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। आरपीएफ जसीडीह इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह ने बताया कि 25 जून को आरपीएफ जसीडीह के एएसआई सुनील कुमार पाठक, एएसआई टीके घोष, हेड कांस्टेबल विवेकानंद एवं पीपी वर्मा सुरक्षा हेतु स्टेशन एवं प्लेटफार्मों पर तैनात थे। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर दो और तीन के शौचालय के समीप बैग लावारिस हालत में मिला। जांच पड़ताल में बैग से पांच सौ एमएल का 18 पीस बीयर बरामद हुआ। जबकि स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक गेट के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर उसके बैग की जांच करने पर करीब 8.820 अलग-अलग कंपनी के अंग्रेजी शराब बरामद हुआ। बरामद शराब की कीमत करीब 23220 रुपए है। जबकि हिरासत में लिया गया व्यक्ति का नाम चुन्ना खातून-35 वर्ष,पुपरी जनकपुर सीतामढ़ी बिहार है। इंस्पेक्टर श्री सिंह ने बताया कि बरामद शराब एवं उक्त व्यक्ति को एक्साइज विभाग को सुपुर्द किया गया।
चोरी के तीन मोबाइल के साथ दो व्यक्ति धराया
जसीडीह/संवाददाता। आरपीएफ जसीडीह ने स्टेशन से चोरी के तीन मोबाइल के साथ दो व्यक्ति को धरदबोचा। मिली जानकारी अनुसार आसनसोल डिवीजन के आरपीएफ वरीष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के दिशा निर्देश पर आरपीएफ जसीडीह ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्मों पर विशेष चौकसी बरतते हुए अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान बीती रात चोरी के तीन मोबाइल के दो व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। जसीडीह आरपीएफ इंस्पेक्टर देवनारायण ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था हेतु आरपीएफ सहायक उपनिरीक्षक कमलेश कुमार 25/26 जून की रात सीपीडीएस के प्रधान आरक्षी महेश कुमार, आरक्षी अमन कुमार, सीआईबी जसीडीह और आरक्षी सूरज कुमार सिंह, सभी सादे लिवास में जसीडीह रेलवे स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में अपराधियों पर विशेष निगरानी कर रहे थे | इसी दौरान करीब 01:50 बजे प्रधान आरक्षी महेश कुमार न्यू सर्कुलेटिंग एरिया जसीडीह रेलवे स्टेशन परिसर में गश्त कर रहे थे तभी देखा कि नजर एक व्यक्ति नीला रंग का पिट्टू बैग लेकर यात्रियों के बीच संदिग्ध अवस्था में इधर उधर घूम रहा था। प्रधान आरक्षी महेश कुमार को देखकर उक्त संदिग्ध व्यक्ति धीरे धीरे प्लेटफार्म संख्या एक से होकर एक्स्सिलेटर पर चढ़कर ओवरब्रिज से होकर बाहर जाने लगा तो उक्त संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछने पर उक्त संदिग्ध व्यक्ति ने अपना नाम जमशेद अंसारी उम्र 26 साल पिता-करीम मियां, साकीन- भागबन, पोस्ट- नारोंडीह, थाना- नारायणपुर, जिला-जामताड़ा निवासी बताया।जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 01 सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। उपरोक्त मोबाइल फोन के बारे में पूछने पर उक्त व्यक्ति ने किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका | पूछताछ के दौरान ही उक्त फोन पर कॉल आया जब उक्त पकड़े संदिग्ध व्यक्ति से हैंडफ्री कर बात कराया तो पता चला की इसका एक अन्य साथी जसीडीह रेलवे परिसर में घूम रहा है। इसके बाद उक्त पकड़ाये संदिग्ध व्यक्ति के निशानदेही पर हम सभी मिलकर एम एफसी बिल्डिंग के पास उक्त उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछने पर उक्त व्यक्ति ने अपना नाम- संजय गोस्वामी उम्र 33 साल, पिता- निर्मल गोस्वामी, साकीन- पानडानी, थाना- नारायणपुर, जिला जामताड़ा निवासी बताया | जब उसकी पेंट की तलाशी लिया, तो उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुआ। लेकिन किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उक्त दोंनो संदिग्ध व्यक्ति को रेसुब थाना जसीडीह में पूछताछ करने संजय गोस्वामी ने बताया की जमशेद अंसारी ने ट्रेन संख्या 13288(आरा-दुर्ग एक्सप्रेस) में किसी यात्री का चोरी करके उसे रखने दिया था। वहीं जमशेद अंसारी ने स्वीकार किया कि वह उक्त मोबाइल फोन को चोरी किया एवं संजय गोस्वामी को रखने हेतु दिया था | साथ ही दोनों ने अपना चोरी का अपराध स्वीकार किया। इंस्पेक्टर देवनारायण ने बताया कि जमशेद अंसारी ने जामताड़ा के टाउन थाना एवं रेल थाना मधुपुर से कई बार चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उन्होंने कहा कि उक्त दोनों संदिग्ध व्यक्ति एवं बरामद मोबाइल फोन के साथ रेल थाना जसीडीह को कानूनी कार्रवाई हेतु सुपुर्द कर दिया गया।
ओलंपिक सप्ताह : कबड्डी प्रतियोगिता में देवघर व इंडोर स्टेडियम की टीमों का शानदार प्रदर्शन
- पुरुष वर्ग में इनडोर स्टेडियम की टीम ने मधुपुर को 30-13 से हराकर ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
- महिला वर्ग में देवघर की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए मधुपुर को पराजित किया
देवघर/संवाददाता। ओलंपिक सप्ताह के उपलक्ष्य में स्थानीय इंडोर स्टेडियम में जिला ओलंपिक संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबलों से खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा पारंपरिक रूप से नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की सीख भी देते हैं। इस मौके पर जिला कबड्डी संघ के सचिव धर्मेंद्र देव, जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा, नवीन शर्मा एवं आलोक कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के दौरान कोर्ट पर जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। रेडर्स और डिफेंडर्स ने अपनी फुर्ती, रणनीति और बेहतरीन तालमेल से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पुरुष वर्ग का मुख्य मुकाबला मधुपुर और देवघर इनडोर स्टेडियम की टीम के बीच खेला गया। इस एकतरफा मुकाबले में इनडोर स्टेडियम की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मधुपुर को 30 के मुकाबले 13 अंकों से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं महिला वर्ग में देवघर और मधुपुर की टीमें आमने-सामने थीं। बेहद रोमांचक मुकाबले में देवघर की महिला टीम ने उत्कृष्ट रणनीति और दमदार प्रदर्शन के दम पर मधुपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता की समाप्ति पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों ने बधाई देते हुए सम्मानित किया। इस दौरान इनडोर स्टेडियम में खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय खेल पदाधिकारियों और रेफरियों की भूमिका सराहनीय रही।
मोहर्रम जुलूस में बिजली तार की चपेट में आए घायलों का हाल जानने पहुंचे कांग्रेस नेता
- मोहनपुर के कुसुमडीह गांव की घटना पर जताई चिंता
देवघर/नगर संवाददाता। मोहर्रम के अवसर पर जिले के मोहनपुर प्रखंड की भीखना पंचायत अंतर्गत कुसुमडीह गांव में ताजिया जुलूस के दौरान हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से कई लोगों के घायल होने की घटना के बाद कांग्रेस नेता दिनेश मंडल ने घायलों का हालचाल जाना। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने घटना पर चिंता व्यक्त की और सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। दिनेश मंडल ने बताया कि घटना में घायल रजाउल अंसारी को तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया था। चिकित्सकों द्वारा उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में घायल अन्य सभी लोग भी ईश्वर की कृपा से सुरक्षित और स्वस्थ हैं, जो राहत की बात है। उन्होंने कहा कि समय पर इलाज और स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई। इसके लिए उन्होंने चिकित्सकों, स्थानीय प्रशासन और सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ईश्वर की असीम कृपा से किसी की जान नहीं गई, जिसके लिए सभी को उनका शुक्रगुजार होना चाहिए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता दिनेश मंडल ने कहा कि यह घटना हम सभी के लिए एक महत्वपूर्ण सीख है। धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विशेष रूप से ताजिया जुलूस, शोभायात्रा और अन्य बड़े आयोजनों में ऊंचे बिजली के तारों के नीचे से गुजरते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से भी अपील की कि धार्मिक आयोजनों से पहले संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। दिनेश मंडल ने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता और सामूहिक जिम्मेदारी से बड़े हादसों को रोका जा सकता है। उन्होंने अंत में ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने तथा जिलेवासियों के सुरक्षित, सुखी और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की।