बाजारों में खरीददारों की भीड़ से बढ़ी रौनक
जामताड़ा। संवाददाता। रमजान का पाक महीना रहमत बरकत और इबादत का महीना माना जाता है। माहे रमजान अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। ईद की खुशियां घरों पर दस्तक देने वाली है, जिसको लेकर बाजार पूरी तरह से सज चुके हैं। इत्र की महक और सेवई की खुशबू से पूरा माहौल खुशनुमा हो गया है। वही आकर्षक टोपियां और गमछा भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। लोग अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी में जुट गए हैं। हालांकि धूप की तपिश और आग बरसाती गर्मी और उमस के कारण दिन में कारोबार प्रभावित हो रहा है। लेकिन शाम ढलते ही वापस दुकानों पर रौनक लौटने लगते हैं। जामताड़ा शहर के व्यस्ततम सुभाष चौक पर दर्जन से अधिक सेवई की दुकान सज धज कर तैयार हो चुकी है। सेवईयां की खुशबू से बाजार महक रहा है। दुकानदारों के अनुसार, सेवईयों की डिमांड काफी है। रंग बिरंगी और अलग-अलग स्वाद के सेवई लोगों को अपनी ओर लुभा रही है। बाजार में सेवई 130 से 350 रूपए तक उपलब्ध है। वही पैकेट बंद सेवई भी अलग-अलग भाव में बिक रहे हैं। जो 130 से 220, 380 और 500 तक की पैकेट में उपलब्ध है। जबकि इसी के साथ काजू 800 से 900, किशमिश और खजूर डेढ़ सौ से 200, छुहारा 350 किलो मिल रहा है। जैसे-जैसे ईद नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे दुकानें सज रही है। लच्छा व सेवई की दुकानों के साथ इत्र और टोपी की दुकान भी सज गई है। तरह-तरह के खुशबू में इत्र बिक रहे हैं। ईद को लेकर सुबह 9 बजे से देर रात तक बाजार खुले रहते हैं। ईद का बाजार पूरे शबाब पर है। फैशन सर चढ़कर बोल रहा है। युवा पीढ़ी रेडीमेड कपड़ों पर निर्भर है। जामताड़ा शहर स्थित विभिन्न मॉल दुकान सहित शोरूम में बड़े स्तर पर ईद की खरीददारी चल रही है। इस बार सरारा के साथ गरारा का टेंट भी चला है। इसके अलावे ईद को लेकर लोगों द्वारा ऑनलाइन खरीदारी भी जमकर की जा रही है।
ईद उल फितर और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक
फतेहपुर। संवाददाता। फतेहपुर थाना परिसर में ईद उल फितर एवं रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता बीडीओ प्रेम कुमार दास ने की। इस अवसर पर ईद उल फितर पर्व के मद्देनजर प्रमुख ईदगाह एवं मुख्य चौक-चौराहे पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को विधि व्यवस्था के संधारण के लिए तैनाती किया गया। साथ-साथ पुलिस पेट्रोलिंग से भी सतत निगरानी रखने की जानकारी दिया गया। रामनवमी पर्व को पुराने तय रूट से ही रामनवमी जुलुस निकालने पर चर्चा किया गया। पर्व में दोनों समुदाय से जुड़े लोगों को आपसी भाईचारा एवं शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की गई। पर्व में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने एवं सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक पोस्ट पर पुलिस के सतत निगरानी रखने की जानकारी से लोगों को अवगत कराया गया। ज्ञात हो कि आसन्न लोकसभा चुनाव से जुड़ा आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी रहने के कारण ईद एवं रामनवमी पर्व पर प्रशासन विशेष चौकस है। बीडीओ ने कहा कि सभी पर्व को आपसी भाईचारा के साथ मनाएं और कुछ भी अप्रिय स्थिति की तुरंत सूचना दें। बैठक में शांति समिति के सदस्यों से बारी बारी से सुझाव भी लिया गया। इस अवसर पर एसआई अमित कुमार, समाजसेवी डॉ उत्तम पंडित, अनाउल अंसारी, सुनील मेहरिया, अजय मेहरिया, जलाउद्दीन अंसारी, अकबर शेख, प्रभा देवी मोदी, किरण बेसरा, हिदायत मियां, असीम मंडल, मनोज मंडल, विष्णु मंडल, रंजीत कुमार सहित अन्य उपस्थित थे। इस दौरान एक दूसरे को अग्रिम शुभकामना दिया गया।
उपायुक्त ने किया लोकसभा चुनाव की समीक्षा बैठक
पूर्व के चुनाव में कम प्रतिशत मतदान वाले क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं : डीसी
जामताड़ा। संवाददाता। डीसी कुमुद सहाय की अध्यक्षता लोकसभा आम चुनाव की समीक्षा बैठक हुई। इस अवसर पर उन्होनें सभी वरीय, नोडल एवं प्रभारी पदाधिकारियों से निर्वाचन कार्य के निमित्त विभिन्न कोषांगों के प्रगति का समीक्षा किया। साथ ही, लोकसभा आम चुनाव अंतर्गत अपने-अपने कोषांगों के गए कार्यों का ससमय निवर्हन करने का निर्देश दिया।
वहीं प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी से मतदान पदाधिकारियों सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट के अलावा विभिन्न कोषांग के अधिकारियों के प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया गया कि अधिकारियों, कर्मियों को प्रशिक्षण रोस्टर अनुसार बेहतर रूप से दें। वहीं सभी प्रभारी, नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी क्रियाशील कोषांग जहां गठित की गई है, वहां अपने कोषांगों में सभी कार्यों का निष्पादन करेंगे। इसके अलावा मतदाताओं को जागरूक करने में स्वीप की गतिविधि अहम बताते हुए स्वीप कैलेंडर बनाने एवं वैसे क्षेत्र जहां पूर्व के चुनाव में मतदान प्रतिशत कम देखा गया है। वैसे स्थलों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। मतदान केंद्र क्षेत्र, विद्यालय, संस्थान समेत अन्य जगहों पर भी अलग अलग तरह का गतिविधि कर मतदाताओं को जागरूक करने का निर्देश दिया। ताकि पिछले चुनाव के तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत अधिक से अधिक हो। मौके पर डीडीसी निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला भू अर्जन पदाधिकारी कृष्ण कन्हैया राजहंस, भूमि सुधार उप समाहर्ता ओम प्रकाश मंडल, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, डीआईओ संतोष कुमार, सीओ अविश्वर मुर्मू सहित अन्य उपस्थित थे।
ईद को लेकर शांति समिति की बैठक
कुंडहित। संवाददाता। थाना परिसर में ईद उल फितर एंव रामनवमी पर्व को लेकर गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले रजा मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक में थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पंचायत के समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं बुद्धिजीवी लोगों ने हिस्सा लिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू है। आचार संहिता के नियम का पालन करते हुए त्योहार मनाएं। इस वर्ष ईद उल फितर के एक सप्ताह बाद रामनवमी है। आगामी होने वाले ईद उल फितर का पर्व आपसी भाईचारे और प्रेम के प्रतीक का पर्व है। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी लोगों की है। सभी समुदाय के लोग मुस्लिम समुदाय की इस महत्वपूर्ण पर्व को मनाने में अपना सराहनीय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का ऐसी कोई हरकत नहीं हो, जिससे शांति व्यवस्था में खलल पैदा हो। उन्होंने कहा कि पर्व को लेकर ईदगाह मस्जिद अन्य जगह-जगह पुलिस बल और पदाधिकारी की तैनाती की जाएगी। ईद के विशेष नमाज के दौरान खासकर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहेंगे। मौके पर थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया गया।
वही रामनवमी की चर्चा करते हुए कहा कि आप लोग रामनवमी का पर्व भी शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। बैठक में पूजा के दौरान शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाने, दूसरे समुदाय के धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखने, निर्धारित रूट पर अखाड़ा जुलूस निकालने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने और स्थानीय लोगों का सहयोग लेने, हुड़दंगियों पर नजर रखने आदि पर विमर्श किया गया। मौके पर प्रमुख रामकिशोर मुर्मू, जिप सदस्य रीना मंडल, पूर्व जिप सदस्य भजहरी मंडल, कुंडहित मुखिया विमला हांसदा, मदन लाल डोकानिया, गया प्रसाद चंद, जयदेव माजी, निमाई सेन, बाबलु दत्ता सहित अन्य मौजूद थे।
पौधरोपन को लेकर वन विभाग तैयारी में जुटी
कुंडहित। संवाददाता। कुंडहित वन क्षेत्र के विभिन्न जंगलों में पौधारोपण के लिए वन विभाग तैयारी में जुट गई है। ऐसे को लेकर कुंडहित वन कार्यालय में बड़ी मात्रा में नर्सरी तैयारी की जा रही है। जहां दर्जनों इमारती, औषधीय किस्म के पौधे तैयार किया जा रहा है। पौधे तैयार होने के बाद क्षेत्र के विभिन्न जंगलों में लगाया जाएगा, जिसकी जानकारी सोमवार को वन क्षेत्र पदाधिकारी रामचंद्र पासवान ने पत्रकारों को दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष कुंडहित वन क्षेत्र में 100 हेक्टर जमीन पर 20000 से अधिक पौधारोपण किया जाएगा, जिसमें काटना जंगल में 50 हेक्टेयर जमीन पर, दिनार जंगल में 30 हेक्टेयर जमीन पर वही उत्तमडीह के जंगल में 20 हेक्टेयर जमीन पर पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैव विविधता को देखते हुए विभिन्न जंगलों में वैसे पौधों को लगाया जा रहा है जो औषधीय गुणों से भरपुर हो, जिसमें पीपल, बरगद, पाकुड़, करंज, कुसुम, आंवला, बहड़ा, हरीतकी, सिंदूर, बांस, कचनार, काजू एवं सोनाछाल के पौधे शामिल है। उन्होंने कहा कि यह सभी पौधे औषधीय गुणों से भरपूर है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि यह वह पौधे हैं जो सखुआ के जंगल में लगाए जाएंगे। चुने गए पौधे के प्रजातियां आम तौर पर ऐसे पौधे होते हैं, जिसकी ज्यादा रखरखाव की जरूरत नहीं पड़ती है। वे विषम परिस्थिति में कम पानी में भी वृद्धि कर सकती है, जिससे कम समय में एक घना जंगल विकसित करने में मदद मिलती है।
पोलिंग ऑफिसर को दिया गया प्रशिक्षण
जामताड़ा। संवाददाता। लोकसभा आम चुनाव को लेकर सोमवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज, पाथरचपड़ा में पोलिंग ऑफिसर को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक एसएम इमाम ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, गोपनीय एवं पारदर्शिता से सम्पन्न कराने में मतदान पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पीपीटी के माध्यम से सभी को आगामी चुनाव से जुड़े उनके कार्यों एवं दायित्वों के बारे में भलीभांति अवगत कराया गया। चुनाव कार्य को गंभीरता से लेंगे, किसी प्रकार की कोताही नहीं करने, प्रशिक्षण में चुनाव कराने की वैधानिक प्रक्रिया को समझ बूझ लेने का अवसर प्रदान किया गया। कुल 839 पोलिंग ऑफिसर को प्रशिक्षण दिया। वहीं प्रशिक्षण में स्थापित सेल्फी पोज में कर्मियों ने अपनी फोटो भी खिंचवाई तथा चुनाव निष्पक्ष, गोपनीय कराने की शपथ ली। बताया कि चुनाव में संलग्न सभी मतदान कर्मियों एवं पदाधिकारियों को पोस्टल बैलेट के माध्यम से वोट करना है। इसके लिए फार्म 12 में आवेदन करना है जिसके साथ वोटर कार्ड तथा चुनाव ड्यूटी का पत्र लगाकर देना होगा। मतदान दिवस के पहले पोस्टल बूथ पर जाकर मतदान करना अनिवार्य है। सभी फार्म बारह में आवेदन करना सुनिश्चित करें। बताया गया कि पोलिंग ऑफिसर का काम मतदाताओं को कंट्रोल यूनिट से बैलेट बटन दबाकर मत देने का आदेश देंगे तथा जब तक बीप की आवाज मशीन से नहीं आएगी, तब तक उस मतदाता पर ध्यान रखना है। किसी भी परिस्थिति में वोटिंग कम्पार्टमेन्ट में नहीं जाना है। मतदाता को पहचानने के लिए चौदह प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे। जिसका प्रयोग कर पहचान करना है। इसके अलावा चुनाव आयोग के निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करने तथा सतर्कता के साथ निर्वाचन संबंधी कार्य सम्पन्न कराने का विस्तार से बताया गया। मौके पर मास्टर ट्रेनर हरि प्रसाद राम, दुर्गेश कुमार, जितेंद्र, राजीव कुमार, अशोक चौधरी, राजेश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
गांजा का अवैध कारोबारी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
जामताड़ा। संवाददाता। किराना दुकान के आड़ में अवैध गांजा का कारोबार करने वाला एक व्यक्ति गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के सतारडीह से गिरफ्तारी की है। मामले का खुलासा एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया। एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि फतेहपुर थाना क्षेत्र के सतारडीह गांव में किंकर मंडल नाम का व्यक्ति किराने की दुकान की आड़ में अवैध गांजे का कारोबार कर रहा है। सूचना की पुष्टि करते हुए तत्काल टीम गठित कर छापेमारी कार्रवाई गई। जहां से 2 किलो 600 ग्राम गांजा के साथ किंकर मंडल को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध फतेहपुर थाना में कांड संख्या 15/24 दर्ज कर कोर्ट में प्रस्तुत किया गया है। जहां से अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जामताड़ा मंडल कर भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि जब्त किए गए गांजे का बाजार मूल्य लगभग डेढ़ लाख रूपए है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस तरह की छापेमारी की जा रही है और आगे भी छापेमारी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अवैध शराब, गांजा, मादक पदार्थ का अवैध रूप से तस्करी और कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही है। जिले के सभी चेक पोस्ट को अलर्ट कर दिया गया है और सख्ती से जांच करवाई जा रही है। एसपी ने बताया कि मादक द्रव्य के खिलाफ इससे पूर्व भी छापेमारी की गई थी जिसमें 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तारी हुई थी। एसपी ने बताया कि जामताड़ा जिला में मादक पदार्थ की खेती से संबंधित कोई सूचना नहीं है। वही बरामद गांजा के संदर्भ में बताया कि बिहार या पड़ोसी जिले से जो गांजे की तस्करी हो रही है। उसी के तहत यह माल लाया गया है, प्रारंभिक जांच में यही पता चला है। वही अभियुक्त के बयान एवं उनके द्वारा बताए गए नाम का विश्लेषण किया जा रहा है। जो भी इसमें संलिप्त है उनकी गिरफ्तारी होगी।
दो कार्टून विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
जामताड़ा। संवाददाता। लोकसभा चुनाव को देखते हुए मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की अभियान में एक और सफलता सोमवार को जामताड़ा थाना पुलिस को हाथ लगी है। मिली गुप्त सूचना के आधार पर जामताड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल की अगुवाई में टीम गठित कर थाना क्षेत्र के दुलाडिह गांव में छापेमारी की गई। जहां से एक घर में विभिन्न ब्रांडों के दो कार्टून शराब को जब्त किया गया है। वही मामले में आरोपी राजेश महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध जामताड़ा थाना में कांड संख्या दर्ज किया गया है। वहीं सोमवार को ही अभियुक्त का मेडिकल जांच करवा कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे मंडल कारा जामताड़ा भेज दिया गया है।
बाल विवाह उन्मूलन अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक व रैली का आयोजन
मिहिजाम। संवाददाता। बाल विवाह उन्मूलन अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना के वोलिंटियरों ने ग्रामीणों को जागरूक किया। जनजातीय संध्या डिग्री महाविद्यालय के एनएसएस यूनिट 1 के छात्र-छात्राओं ने इसके लिए विशेष शिविर में नुक्कड़ नाटक व रैली का आयोजन किया। नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को उन्होंने बताया कि छोटी उम्र में बालिका का विवाह न करें। विवाह की उम्र कानूनी तौर पर कम से कम 18 वर्ष है। इससे पहले अपने बच्चों को पढ़ाई व अपना करियर बनाने का अवसर प्रदान करें कम उम्र में घर गृहस्थी के बोझ से बालिका का मानसिक एवं शारीरिक विकास अवरुद्ध हो जाता है। वहीं शिविर में यूनिट 2 के वोलिंटियरों ने बागजोरी गांव में पर्यावरण संरक्षण का संदेश ग्रामीणों को दिया। ग्रामीणों को वनों की रक्षा के लाभ से अवगत कराते हुए अपने गांव व आसपास के इलाके में अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। ग्रामीणों को बताया गया कि किस प्रकार वनों के घटने से इसका मनुष्य के जनजीवन और पशुओं के चारे पर दुष्प्रभाव बढ़ रहा है। मौके पर कार्यक्रम पदाधिकारी रंजीत यादव, देवकी बंजारा, सना इकबाल, मिट्ठू बेसरा संतोषी कुमारी, पूनम, अर्चना कुमारी, निशा अग्रवाल, राहुल कुमार मुस्कान कुमारी खुशबू कुमारी, कुसुमलता हेम्ब्रम, सीमा सिंह, पूनम कुमारी, राहुल साहू सहित छात्राएं शामिल हुए थे।