पाकुड़। संवाददाता
उपायुक्त मनीष कुमार ने आज समाहरणालय स्थित भू-अर्जन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नजारत से संबंधित रोकड़ पंजी, केसबुक तथा अन्य अभिलेखों की विस्तारपूर्वक जांच की। उपायुक्त ने रिकॉर्ड की पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने नाजीर मो० तमन्ना को केसबुक को पूर्णत: अद्यतन रखने, प्रविष्टि त्रुटिरहित सुनिश्चित करने तथा लंबित मदों के शीघ्र निपटान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अभिलेखों का शत-प्रतिशत अद्यतन और समयबद्ध निपटान अनिवार्य है। उपायुक्त ने भू-अर्जन कार्यालय के सभी कर्मियों को अपने कार्यों के प्रति सतर्कता, संवेदनशीलता, ईमानदारी और पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यालय की कार्यकुशलता बढ़ाने, फाइल निपटान में तेजी लाने तथा आमजन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर बल दिया। उपायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि सभी अभिलेख, केसबुक, भुगतान रजिस्टर और रोकड़ पंजी नियमित रूप से अपडेट किए जाएँ ताकि भू-अर्जन से संबंधित सभी प्रक्रियाएँ पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनीं शिकायतें
पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
जनता दरबार में भूमि विवाद, नगर परिषद से संबंधित मामले, जॉब कार्ड से जुड़ी शिकायतें और विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी प्राप्त आवेदनों की भौतिक जांच करें और उनका जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे एक सप्ताह के भीतर अपनी कार्रवाई रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को प्रस्तुत करें, ताकि शिकायतों का प्रभावी ढंग से निपटारा किया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के विशेष अभियान से संभव
पाकुड़ -झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) द्वारा ‘स्पेशल मेडिएशन ड्राइव इन फैमिली मैटर’ अभियान की शुरुआत की गई है। 8 से 12 दिसंबर 2025 तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का निपटारा करना है। अभियान के तहत दो बिछड़े हुए दंपतियों को प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय के प्रयासों से फिर से मिलाया गया।
पहला मामला मूल भरण पोषण वाद संख्या 178/2025 मनुआरा खातून बनाम फिरदुजाहक शेख का था। यह दंपति कई सालों से अलग रह रहा था और उनका एक बेटा भी है। प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक के अथक प्रयासों से दोनों पक्षों ने अपने मतभेद समाप्त कर एक-दूसरे के साथ रहने पर सहमति जताई।
दोनों ने प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक के समक्ष साथ रहने का वादा किया। इस दौरान न्यायाधीश पाठक ने उन्हें एक-दूसरे का ख्याल रखने, बच्चों को अच्छे विद्यालय में पढ़ाने और परिवार में मिलजुलकर खुशी-खुशी रहने की सलाह दी।
इसी विशेष मध्यस्थता अभियान के तहत एक और मामला सुलझाया गया। मूल भरण पोषण वाद संख्या 77/2025 सामनुर खातून बनाम टिंकू शेख का यह दंपति भी वर्षों से अलग रह रहा था। उनकी एक सात वर्षीय बेटी भी है। प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक के प्रयासों से इस विवाहित जोड़े के बीच चल रहे विवादों को सुलझाकर उन्हें फिर से एक किया गया।
दंपति ने एक साथ रहने पर सहमति व्यक्त की। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक ने दंपतियों को आपस में मिलजुलकर रहने, मतभेद न होने देने और बच्चों के भविष्य को देखकर खुशी-खुशी एक साथ रहने का संदेश दिया। इस दौरान कोर्ट कर्मी और संबंधित अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।
जिले के किसानों से की जाएगी धान अधिप्राप्ति
पाकुड़। संवाददाता
जिले में धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि जिले के किसान 19 लैंपस में अपना धान बेच सकेंगे। इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया हैए जिसमें बोनस राशि भी शामिल है।
अभिषेक कुमार ने बताया कि इस बार सभी लैंपस को 4ळ ई.पोस मशीनें दी गई हैंए जो पहले 2ळ होती थीं। किसानों को उनके धान की कीमत एकमुश्त दी जाएगी। धान अधिप्राप्ति से संबंधित लैंपस अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। पुराने किसानों को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। किसान धान बेचने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद किसानों को धान खरीद के लिए स्लॉट जारी किया जाएगाए जिसकी जानकारी उन्हें मोबाइल के माध्यम से दी जाएगी। इस वर्ष पाकुड़ जिले में 2 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने आश्वस्त किया कि धान की खरीद प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। अधिप्राप्ति को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर जिला सहकारिता पदाधिकारी चंदेश्वर खालको और जिला जनसंपर्क विभाग के पवन कुमार भी मौजूद थे।
झामुमो कार्यकर्ताओं ने गरीबों को बांटे कंबल
अमड़ापाड़ा । संवाददाता
जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड में झामुमो कार्यकर्ताओं ने बोहड़ा और जामुगड़िया पंचायत के विभिन्न गांवों में सैकड़ों गरीब और असहाय लोगों को कंबल वितरित किए। यह वितरण लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू के सौजन्य से किया गया। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हांसदा और प्रखंड सचिव जहीरुद्दीन मियां के नेतृत्व में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हांसदा ने बताया कि बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए गरीबों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। कंबल पाकर महिलाओं और बुजुर्गों ने विधायक हेमलाल मुर्मू के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कड़ाके की ठंड में कंबल मिलने से उन्हें काफी राहत मिलेगी। इस अवसर पर झामुमो के कई अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इनमें प्रखंड उपाध्यक्ष थॉमस मुर्मू, महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुष्मिता मुर्मू, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला सचिव दिलीप मरांडी, किसान मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष सनातन हांसदा, जिला मीडिया प्रभारी आफताब आलम, प्रखंड संगठन सचिव रंजीत पंडित, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष नाजिर अंसारी, युवा मोर्चा के प्रखंड उपाध्यक्ष जोसेफ मरांडी, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रखंड उपाध्यक्ष ब्रेंथियुस मरांडी, बोहड़ा पंचायत के अध्यक्ष विनोद किस्कू, अमड़ापाड़ा संथाली पंचायत के अध्यक्ष चारलेश मरांडी, जामुगड़िया पंचायत के सचिव आरिफ अंसारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता माफुज मियां और मुस्लिम अंसारी शामिल थे।
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार में झारखंड राज्य स्तर पर सम्मान
पाकुड़ । संवाददाता
पाकुड़ जिले ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड द्वारा आयोजित “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” में जिले को राज्य स्तर पर ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड ने पाकुड़ जिला प्रशासन को ‘सर्टिफिकेट ऑफ अचीवमेंट’ प्रदान किया है। यह सम्मान जिले में महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन, पोषण परामर्श, एनीमिया जांच, आवश्यक स्क्रीनिंग और परिवार कल्याण सेवाओं के विस्तार में किए गए प्रभावी कार्यों का परिणाम है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान के दौरान महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, प्रसूता एवं किशोरी स्वास्थ्य परामर्श, टीकाकरण, परिवार कल्याण परामर्श तथा ग्राम स्तर तक निगरानी एवं फॉलो-अप जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। इन प्रयासों से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित हुईं। उपायुक्त मनीष कुमार ने इस उपलब्धि को जिले की पूरी स्वास्थ्य टीम के समर्पित प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कार्य, समय पर सेवा उपलब्धता और टीमवर्क के कारण ही पाकुड़ जिले ने यह सफलता अर्जित की है। उपायुक्त ने सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा और जिला स्वास्थ्य टीम ने इस सम्मान को जिला प्रशासन के निरंतर मार्गदर्शन और सामुदायिक सहयोग का परिणाम बताया। यह उपलब्धि पाकुड़ जिले के स्वास्थ्य मानकों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणादायक कदम है।
उपायुक्त ने बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी की समीक्षा की, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक कर विद्यालयों को दिये निर्देश
पाकुड़। संवाददाता
उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, छात्रों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई थी। इसमें विद्यार्थियों की उपस्थिति, अध्ययन की प्रगति, प्री-बोर्ड की तैयारी और परीक्षा से पहले की आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी विद्यालयों को अनुपस्थित विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्र नियमित रूप से कक्षाओं में भाग लें और पढ़ाई से वंचित न रहें। विद्यालयों में अध्ययन के माहौल को और मजबूत किया जाए।
उपायुक्त ने प्री-बोर्ड परीक्षा में छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्री-बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के बाद अनिवार्य रूप से पेपर डिस्कशन कराया जाए, ताकि छात्र अपनी कमजोरियों को समझ सकें और उनमें सुधार कर सकें।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि वे स्वयं कुछ विद्यार्थियों की प्री-बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करेंगे। उन्होंने सभी विद्यालयों से छात्रों को बेहतर परिणाम देने के लिए लगातार प्रयास करने को कहा। उनका सामूहिक लक्ष्य बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन प्राप्त करना है।इसके अतिरिक्त, सभी विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए आवश्यक शैक्षणिक और प्रशासनिक तैयारियाँ समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने छात्रों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि वे परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। उन्होंने पर्याप्त नींद लेने, संतुलित आहार लेने और अनावश्यक तनाव से दूर रहने की सलाह दी, ताकि वे परीक्षा के दौरान पूरी ऊर्जा और एकाग्रता के साथ प्रदर्शन कर सकें।
एसपी पाकुड़ ने रद्दीपुर ओपी का वार्षिक निरीक्षण किया
पाकुड़ । संवाददाता
पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने शुक्रवार को रद्दीपुर ओपी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपी प्रभारी विवेक कुमार से गतिविधियों की जानकारी ली और वार्षिक कार्य रजिस्टरों का अवलोकन किया। एसपी ने ओपी परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने ओपी के लिए एक नए भवन निर्माण पर भी चर्चा की, ताकि ओपी को नए भवन में स्थानांतरित किया जा सके। निधि द्विवेदी ने ओपी अंतर्गत कदमडंगा और महेशपुर थानांतर्गत दमदमा चेकपोस्ट का भी औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने चेकपोस्ट पर संधारित रजिस्टरों का अवलोकन किया और सीसीटीवी कैमरा, लाइट जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जांच के दौरान, एसपी ने चेकपोस्ट पर उपस्थित दंडाधिकारी, चौकीदार और पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मालवाहक वाहनों के खनन चालान की तरतीबवार जांच की जाए, रजिस्टर में प्रविष्टि की जाए और बिना खनन चालान जांचे किसी भी वाहन को आगे न जाने दिया जाए। एसपी ने चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा के सात मंडल अध्यक्ष घोषित, जिला बैठक में सर्वसम्मति से हुआ चयन
पाकुड़। संवाददाता
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला बैठक में सात मंडल अध्यक्षों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। इस दौरान सात मंडल प्रतिनिधियों की भी घोषणा की गई। यह बैठक जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रदेश मंत्री सह जिला चुनाव अधिकारी दिलीप वर्मा, प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, जिला चुनाव सह अधिकारी मीरा प्रवीण सिंह और अजजा मोर्चा प्रदेश मंत्री कामेश्वर दास मुख्य रूप से उपस्थित रहे। चुनाव अधिकारी दिलीप वर्मा की देखरेख में यह चयन प्रक्रिया संपन्न हुई। नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों और प्रतिनिधियों का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों ने प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों के साथ पदयात्रा की और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा में छोटे कार्यकर्ताओं को भी बड़ी जिम्मेदारी दी जाती है। उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला व प्रदेश कमेटी के सदस्यों को बधाई दी। वर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष और प्रतिनिधि पार्टी को और मजबूत करेंगे तथा संगठन का विस्तार सुदूर क्षेत्रों तक करेंगे। इस सांगठनिक चुनाव में घोषित किए गए मंडल अध्यक्षों के नाम इस प्रकार हैं: हिरणपुर से सुकुमार मंडल, बिचामहाल से धनेश्वर साहा, आमड़ापाड़ा से आशीष हेंब्रम, दादपुर से सुशांत घोष, पाकुड़ नगर से सोहन मंडल, गंधायपुर से त्रिलोचन दास और इलामी से बापोन सरकार। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी, जयंत मंडल, सपन दुबे, धर्मेन्द्र त्रिवेदी, प्राची चौधरी, सुनील पहाड़िया, हिसाबी राय, पार्थ रक्षित, अभिक दास, किरण मंडल, लक्ष्मी तुरी, प्राची चौधरी, निधि गुप्ता, बासु मंडल, रश्मि भगत, जीतू सिंह, पवन भगत, बसुदाम मंडल, चमरू रजवार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।