गोड्डा। संवाददाता राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन गोड्डा के तत्वावधान में अटल मोहल्ला क्लीनिक शांति नगर गोड्डा में पीसीपीएडीटी एक्ट के तहत कन्या भ्रूण हत्या को रोकने तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर रविवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में वार्ड नंबर तेरह, चौदह, पंद्रह की महिलाओं और शहरी सहिया शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने अटल मोहल्ला क्लीनिक से गंगटा चौक तक भ्रमण कर लोगों को कन्या भ्रूण हत्या नहीं करने और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया। जागरूकता रैली में बेटी हुई है तो खुशियां क्यों न बढ़े, कन्या भ्रूण हत्या महिलाओं के विरुद्ध हिंसा का सबसे जघन्य अपराध है, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ आदि के नारे भी लगते रहे। मौके पर निवर्तमान उपाध्यक्ष वेणु चौबे ने कहा कि बेटी समाज पर बोझ नहीं है। इसलिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बेटी को बेहतर शिक्षा देकर उसे काबिल बनाएं कि बेटी किसी पर भी बोझ न बने। उन्होंने कहा कि आज सरकार बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं चला रही है ताकि उन्हें लाभ मिल सके। सरकार बेटी के जन्म से लेकर पढ़ाई-लिखाई तक के खर्च में सहयोग कर रही है। आवश्यकता है कि बेटी को पढ़ा लिखा कर उन्हें आगे बढ़ाएं। मौके पर स्वतंत्रता सेनानी नंदकिशोर मांझी, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर, जिला डाटा प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार, बीटीटी प्रहलाद कुमार, एएनएम आराधना कुमारी, सोनम कुमारी, रूपम कुमारी, साहिया अंजू, नीलम, प्रियंका एवं वार्ड नंबर दस, तेरह, चौदह , पन्द्रह के महिला एवं किशोरी उपस्थित थे।
झामुमो जिला महिला कार्यकारिणी की बैठक में स्थापना दिवस को लेकर हुई चर्चा
गोड्डा। संवाददाता झारखंड मुक्ति जिला महिला मोर्चा कार्यकारिणी की बैठक रविवार को नहर चौक स्थित सदर प्रखंड कार्यालय में हुई। अध्यक्षता सह संचालन जिला महिला अध्यक्ष ललिता झा ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राजेश मंडल, केंद्रीय समिति सदस्य सह पूर्व जिला अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष बासुदेव सोरेन उपस्थित हुए। बैठक का मुख्य एजेंडा 02 फरवरी, 2024 को संथाल परगना प्रमंडलीय 45वां झारखंड स्थापना दिवस में महिला मोर्चा की उपस्थिति, संगठन की स्थिति एवं सदस्यता अभियान की स्थिति मुख्य था। उपस्थित सभी महिला प्रखंड अध्यक्ष ने कहा सभी महिलाएं 02 फरवरी को दुमका स्थापना दिवस में भाग लेंगी। कम से कम 500 महिलाएं प्रत्येक प्रखंड से स्थापना दिवस में भाग लेंगी। सदर प्रखंड को छोड़ कर सभी प्रखंड में महिला मोर्चा समिति का गठन हो गया है। 02 फरवरी से पहले गोड्डा प्रखंड महिला मोर्चा का गठन कर लिया जाएगा। 45वां झारखंड स्थापना दिवस में महिला की आधी उपस्थिति अनिवार्य है। महिला मोर्चा को जितनी भी रैली में जाने के लिए गाड़ी चाहिए जिला समिति उपलब्ध कराएगी। बैठक में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष घनश्याम यादव, बीस सूत्री सदर प्रखंड अध्यक्ष सोम मरांडी, ललिता झा के पति अश्विनी झा, सदर प्रखंड के सुनीता मुर्मू, अध्यक्ष बालमुकुंद महतो, आजाद, संतलाल मरांडी, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मारथा टुडू समेत दर्जनों महिलाएं उपस्थित थीं।
गांव चलो अभियान कार्यशाला का आयोजन
गोड्डा। संवाददाता भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष राजीव मेहता की अध्यक्षता में रविवार को गांव चलो अभियान कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री कृष्ण कन्हैया ने की। कार्यशाला का सह संयोजक अमित कुमार और अनीता सोरेन रहे। मौके पर जिला महामंत्री मुरारी चौबे, जिला कोषाध्यक्ष अनिल शाह, जिला उपाध्यक्ष अजय शाह, नगर मंत्री जीतू सिंह, जिला सोशल मीडिया संयोजक पप्पू शर्मा, सूरज सिंह और सभी जिला और मंडल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लाइफ लाइन एक्सप्रेस का किया गया विधिवत उद्घाटन
-आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र पर हो रहा है नि:शुल्क उपचार
गोड्डा। संवाददाता इम्पैक्ट इण्डिया फाउंडेशन की ओर से लाइफ लाइन प्रोजेक्ट के तहत बिड़ला फाउंडेशन, भारतीय रेल एवं भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में झारखण्ड सरकार एवं जिला प्रशासन गोड्डा के सहयोग से रविवार को पोड़ैयाहाट रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधा से लैस “लाइफ लाइन एक्सप्रेस” ट्रेन का विधिवत उद्घाटन विधायक प्रदीप यादव, डीसी जिशान कमर एवं एसपी नाथू सिंह मीना ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एसडीओ बैद्यनाथ उरांव, पोड़ैयाहाट बीडीओ फूलेश्वर मुर्मू, सीओ पुष्पक रजक, एमओआईसी पोड़ैयाहाट डॉ. रमेश कुमार, थाना प्रभारी ताराचंद यादव के अलावा रेडक्रॉस के सचिव सुरजीत झा, रेड क्रॉस के सभापति समीर दुबे, कोषाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय, सदस्य संतोष कुमार भगत मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रदीप यादव ने इस क्षेत्र की जनता के लिए पोड़ैयाहाट रेलवे स्टेशन पर यह तीसरी बार व्यवस्था उपलब्ध कराई है। जिसमें गरीब और असहाय एवं समीपवर्ती क्षेत्र के लोगों का मुफ्त में इलाज किया जाएगा। कार्यक्रम को डीसी ने कहा कि जिले में यह आयोजन सीएसआर फंड के सहयोग से लाइफ लाइन एक्सप्रेस प्रोजेक्ट का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन की ओर से लाइफ लाइन एक्सप्रेस के माध्यम से विभिन्न प्रकार के रोगों की ओपीडी जांच व सर्जरी की अत्याधुनिक व नि:शुल्क सुविधा प्रदान की जा रही है। एसपी नाथू सिंह मीना ने कहा कि आप लोग अधिक से अधिक संख्या में यहां आएं और विभिन्न रोगों से संबंधित इलाज कराएं। विधि व्यवस्था के संबंध में किसी भी प्रकार की समस्याएं आती हैं तो अपने लोकल पुलिस स्टेशन को सूचित करें ताकि किसी भी प्रकार की समस्याएं आने पर उसका निराकरण किया जा सके। कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस सचिव सुरजीत झा ने की। मौके पर अनुमंडल कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग की ओर से प्रतिनियुक्त कर्मी व सुरक्षा कर्मी मौजूद थे।
पीड़िता को न्याय दिलाने में मल्टीस्टेक होल्डर की भूमिका अहम : पीडीजे
-स्टेक होल्डरों को समय-समय पर कानून में हो रहे बदलाव व सुझाव से संबंधित जानकारी रखने की जरूरत
गोड्डा। विधि संवाददाता झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से रविवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय मल्टी स्टेक होल्डर्स कन्सलटेसन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को न्याय सुलभ कराने को लेकर पॉक्सो एक्ट एवं जुबेनाइल जस्टिस के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसका शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवेन्द्र कुमार पाठक, एसपी नाथू सिंह मीणा, जिला जज-प्रथम जनार्दन सिंह, जिला जज-द्वितीय निरुपम कुमार, रजिस्टार दिव्यम चौधरी व वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन डालसा सचिव डॉ. प्रदीप कुमार कर रहे थे। प्रधान जिला जज देवेन्द्र कुमार पाठक ने कहा कि पॉक्सो और जुबेनाइल जस्टिस में पीड़िता को न्याय सुलभ कराने को लेकर मल्टी स्टेक होल्डर की भूमिका अहम है। ऐसे में स्टेक होल्डरों को समय-समय पर कानून में हो रहे बदलाव व सुझाव से संबंधित जानकारी रखने की जरूरत है। स्टेक होल्डर के रूप में पीड़ित या पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस, बाल कल्याण समिति, चिकित्सा पदाधिकारी, लोक अभियोजक, अधिवक्ता आदि की भूमिका अहम है। परिचर्चा के माध्यम से दायित्व का बोध कराया जा रहा है। गवाही के दौरान पूरी तरह तैयारी करके जवाब देने की जरूरत है। इसके लिए सभी अनुसंधान के दौरान सभी पहलुओं पर ध्यान रखें। न्याय नहीं मिलने व केस खराब होने पर सरकारी गवाह व अनुसंधानकर्ता के विरुद्ध भी कार्रवाई हो सकती है। घटना के बारे में चिकित्सक को भी पीड़िता से पूछताछ करने की जरूरत है ताकि सूचना एकत्रित करें जो न्यायोचित हो। पॉक्सो के मामले में सीडब्ल्यूसी की भूमिका अहम है। इस दिशा में विस्तृत जानकारी दी गई। एसपी मीणा ने कहा कि पॉक्सो व किशोर न्याय में त्वरित न्याय दिलाने में पुलिस अधिकारियों की भूमिका अहम है। अनुसंधान के दौरान सभी पहलुओं पर ध्यान देकर आरोपित की गिरफ्तारी की जाती है। इस प्रकार के मामले में 60 दिनों के अंदर अनुसंधान की प्रक्रिया पूरी कर न्याय दिलाने में भी पुलिस अहम भूमिका अदा कर रही है। जिले में पॉक्सो के मामले में पुलिस त्वरित कदम उठाते हुए समय सीमा के अंदर न्याय सुलभ कराने की दिशा में अग्रसर है। रजिस्टार दिव्यम चौधरी ने पॉक्सो की प्रकृति पर विस्तृत प्रकाश डाला। कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के लड़का या लड़की के साथ किसी भी प्रकार का यौनाचार या दुष्कर्म करना पॉक्सो की श्रेणी में आता है। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति व पुलिस पदाधिकारियों की ओर से अपनी समस्याओं से भी पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। मौके पर सभी एसडीपीओ, बीडीओ, सीडीपीओ, कल्याण पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, एलएडीसी, मध्यस्थ, सभी थाना के आईओ, लोक अभियोजक, सहायक लोक अभियोजक, अधिवक्तागण, बाल कल्याण समिति, बाल संरक्षण इकाई, विधि सह प्रतिरक्षण पदाधिकारी, समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारी व कर्मी, पीएलवी आदि उपस्थित थे।
किशोरी सशक्तीकरण योजना के तहत फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन
गोड्डा। संवाददाता सामाजिक संगठन साथी एवं अजीम प्रेमजी इनिशिएटिव के संयुक्त तत्वावधान में किशोरी सशक्तीकरण योजना के तहत फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन बोआरीजोर एवं सुंदरपहाड़ी में किया गया। सुंदरपहाड़ी प्रखंड में करमाटांड़ की टीम ने तिलाबाद को दो-शून्य से हराकर शील्ड पर कब्जा जमाया। वहीं बोआरीजोर में बड़ा बोआरीजोर की टीम ने जमुझरना को हराया। सुंदर पहाड़ी में पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि प्रमुख प्रमिला टुडू ने कहा कि किशोरियों को केवल टूर्नामेंट तक ही नहीं बल्कि हर दिन खेल से जुड़कर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल से किशोरियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। मुखिया राजेंद्र सोरेन ने कहा कि किशोरियां अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। साथी के हेमकांत मुर्मू ने कहा कि किशोरी सशक्तीकरण के माध्यम से किशोरियों की शिक्षा, सुरक्षा, पोषण और स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रमंडल स्तरीय टूर्नामेंट का समापन बुधवार को गोड्डा कॉलेज मैदान में होगा। जिसमें दुमका के रामगढ़, गोड्डा के सुंदरपहाड़ी और बोआरीजोर तथा पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा के बीच मुकाबला होगा। कार्यक्रम में साथी की टीम अमर कुमार, बिभास चंद्र, सुचित्रा, सीमा, जुलियस, मीनू, सुनीता, अमिता सहित कई लोग मौजूद थे।
सिल्वर जुबली रेसलिंग पेंटिंग्स के विजेता बने मुस्कान और सोनू
-तीनों स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किया
गोड्डा। संवाददाता झारखंड राज्य कुश्ती संघ के गठन के 25वें वर्ष के उपलक्ष्य पर राज्य संघ से प्राप्त निर्देशानुसार 2024 में प्रत्येक माह कुश्ती पर आधारित अथवा कुश्ती से संबंधित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम अथवा गतिविधि का आयोजन प्रत्येक जिला में किया जाना है। उक्त आशय की जानकारी देते गोड्डा जिला कुश्ती संघ के सचिव सुरजीत झा ने बताया कि उक्त निर्देश के आलोक में जिला कुश्ती संघ की ओर से बीते शनिवार को स्थानीय गांधी मैदान अवस्थित इंडोर स्टेडियम के कुश्ती कक्ष में कुश्ती पर आधारित “सिल्वर जुबली पेंटिंग्स कंपटीशन” का आयोजन किया गया। सीनियर और जूनियर दो वर्गों में आयोजित नि:शुल्क प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जहां पहले स्थान पर आर्ट हाउस की मुस्कान कुमारी, दूसरे स्थान पर आर्ट हाउस के आदित्य कुमार सुमन एवं तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से गोड्डा कॉलेज की ममता शर्मा तथा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस प्लस टू गर्ल्स हाईस्कूल की पल्लवी भारती रही। वहीं जूनियर वर्ग में पहले स्थान पर आर्ट हाउस के सोनू कुमार, दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से आर्ट हाउस की ही रोशनी कुमारी तथा भारत-भारती पब्लिक स्कूल के अंश कुमार रहे। जबकि तीसरा स्थान संयुक्त रूप में भारत-भारती पब्लिक स्कूल की सुषमा हांसदा, बाल विकास विद्यालय के कमल किशोर महतो तथा भारत-भारती पब्लिक स्कूल के देवाशीष को मिला। तीनों स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा भारत-भारती पब्लिक स्कूल के पार्थ चंद्रा, रोहित राज, आनंद कुमार साह, कृष्णा, युवराज सिंह, सुमित हेंब्रम एवं मैडी कुमार को उनके सराहनीय प्रयास के लिए राइजिंग आर्टिस्ट अवार्ड से पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में कुल 17 प्रतिभागी शामिल हुए। तीन सदस्यीय निर्णायक मंडली में जिया कुश्ती संघ के पदाधिकारी मिथिलेश कुमार, इंतेखाब आलम एवं मनीष कुमार झा शामिल थे।
सात दिवसीय सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ
गोड्डा। संवाददाता जिला प्रशासन के तत्वावधान में गणतंत्र दिवस सांस्कृतिक समारोह के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ शनिवार शाम स्थानीय गांधी मैदान के कला-संस्कृति मंच पर हुआ। समारोह का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी सह आयोजन समिति अध्यक्ष बैद्यनाथ उरांव और विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला खेल एवं कला संस्कृति पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया। उरांव ने कहा कि गोड्डा में गणतंत्र का जश्न पखवाड़ा तक मनाया जाता है। गुरुकुल डांस एकेडमी की बच्चियों ने स्वागत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से कार्यक्रम का खूबसूरत आगाज किया। कार्यक्रम का संचालन आयोजन समिति सदस्य सुरजीत झा एवं मनीष सिंह ने किया। कार्यक्रम के तहत ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल, नवप्रभात मिशन स्कूल, गुरुकुल डांस एकेडमी, पी एंड डी डांस एकेडमी, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गोड्डा एवं मॉडल स्कूल के प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक नृत्य, गायन एवं अभिनय से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। दो सदस्यीय निर्णायक मंडली में अधिवक्ता असलम परवेज एवं सुनील कुमार मित्रा शामिल थे। इस अवसर पर सूरज मंडल महाविद्यालय पोडै़याहाट के प्राचार्य प्रेमनंदन मंडल, आयोजन समिति सदस्य अबुल कलाम आजाद, दिलीप तिवारी, इम्तियाज, इस्लाम, नवल बिहारी झा, अमरेंद्र सिंह, संगीता कुमारी के अलावा संगीत प्रेमी में एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक प्रभाकर श्रीवास्तव, अखिल कुमार झा, सत्यकाम राहुल, प्रदीप कुमार, दयाशंकर, अनंत कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
पूर्व विधायक ने किया थ्री व्हीलर शोरूम का शुभारंभ
मेहरमा। संवाददाता ठाकुरगंगटी प्रखंड के सीमावर्ती भगैया-मिर्जाचौकी मुख्य सड़क के बीच स्थित मेंहदी पुल के पास रीता मोटर्स का उद्घाटन बोरियो विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक सह प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी एवं अटुल कम्पनी के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मरांडी ने कहा कि वर्तमान समय में थ्री व्हीलर ऑटो यातायात के लिए लोगों की जरूरत का खास साधन बन गया है। रीता मोटर्स शोरूम में सीएनजी गैस से चलने वाली थ्री व्हीलर ऑटो बिजली चाजिंर्ग से चलने वाली अटुल कम्पनी का टोटो अब आसानी से भगैया में ही उचित कीमत पर खरीदारी कर सकते हैं। नकद कैश के साथ-साथ फाइनेंस की सुविधा उपलब्ध है। मौके पर रीता मोटर्स के प्रोपराइटर अनिल साह, दीपक कुमार, भाजपा के पूर्व विधायक सह प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी, मंडरो प्रखंड के पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष अजय भगत, मंडरो प्रखंड के जिला परिषद सदस्य धनंजय सोरेन, बोनिफेस किस्कू, रीना जायसवाल, रामजी शाह, आशीष श्रीवास्तव, संतोष सिंह, कुंदन सिंह समेत दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया गोड्डा सांसद का जन्म दिन
मेहरमा। संवाददाता प्रखंड के बलबड्डा मंडल अध्यक्ष किरानी यादव के नेतृत्व में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे का जन्म दिन भाजपा परिवार की ओर से रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद के दीर्घायु होने की कामना की। कार्यक्रम के दौरान केक काटा गया, मिठाई बांटी गई और गरीब असहाय के बीच कंबल का वितरण किया गया। वहीं सांसद की ओर से किए गए विकास कार्यों की चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सांसद की ओर से किए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। कहा कि सांसद की ओर से पूरे गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी गई है। गोड्डा में रेल परिचालन सांसद के भागीरथी प्रयास का ही नतीजा है। उन्होंने सांसद के जन कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं ने अभियान चलाने का निर्देश दिया। मौके पर राजेश उपाध्याय, विष्णु प्रसाद सिंह, रामचंद्र प्रसाद सिंह, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सक्षम सिंह, नीरज मंडल, जिला परिषद कदमी देवी, समाजसेवी अरुण राम समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
राशन डीलर की मनमानी पर उबले ग्रामीण, किया विरोध-प्रदर्शन
-डीएसओ से शिकायत के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई
मेहरमा। संवाददाता। ठाकुरगंगटी प्रखंड के दिग्घी पंचायत अंतर्गत लक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह पहाड़पुर की डीलर अनीता देवी की मनमानी से तमाम कार्डधारी परेशान और चिंतित हैं। इसकी शिकायत प्रखंड स्तर के अधिकारी के साथ-साथ जिले के अधिकारी से कर चुके हैं। इसके बावजूद राशन कार्डधारी को सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। अब तक डीलर के विरुद्ध कोई भी कठोर कार्रवाई नहीं हो पाई है। जबकि उक्त डीलर के द्वारा पूर्व में भी कई बार चावल हेरा फेरी का मामला उजागर हो चुका है। बताया जा रहा है कि डीलर की पहुंच उच्च अधिकारी तक है। पहाड़पुर-75 गांव के कार्डधारियों ने बीते नवंबर, दिसंबर एवं जनवरी महीने का राशन हेरफेर एवं अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। कार्डधारी ने आवेदन पर यह भी लिखा है कि डीलर से पूछे जाने पर बताया जाता है कि सरकार ही डीलर को राशन नहीं दे रही है तो कार्डधारी को राशन कहां से मिलेगा। आप लोगों को जहां जाना है जाए और इसकी शिकायत कर सकते हैं जबकि इस संदर्भ में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और सहायक गोदाम प्रबंधक से पूछे जाने पर बताया कि उक्त डीलर को प्रत्येक माह का राशन गोदाम से उठाव दिया जा रहा है। राशन कार्डधारी ने डीलर के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा ठाकुरगंगटी प्रखंड मुख्यालय घेराव करने की बात कही है। आवेदन पर हस्ताक्षर करने वालों में सुलेखा देवी, महेश शाह, बेनी देवी, रूबी देवी, मालती देवी, नागेश्वर राय, सोनी सोरेन, उर्मिला देवी, सुरेश पासवान, संझला हेंब्रम समेत दर्जनों कार्डधारी शामिल हैं।
बसंतराय। संवाददाता
बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के कैथिया पंचायत अंतर्गत शाहपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। जिसका उद्घाटन गोड्डा के पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव के सुपुत्र रजनीश भारती ने फुटबॉल में किक मारकर किया। बताते चलें कि स्पोर्ट्स युवा क्लब शाहपुर के तत्वावधान में दो दिवसीय फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। जिसमें 16 टीमों ने भाग लिया था। जिसका आज फाइनल मुकाबला एफ सी गोड्डा बनाम नेपाल बॉर्डर के बीच खेला गया। इस मौके पर पूर्व विधायक सुपुत्र रजनीश भारती ने कहा कि खेल से खिलाड़ी का संपूर्ण विकास होता है। अच्छा करने पर देश को गर्व होता है जो उसकी ताकत बन जाती है। खेल को अगर देश के लिए खोला जाए तो खिलाड़ियों में आपसी विद्वेष नहीं बल्कि समान्ता बढ़ेगी। खेल मैदान की संधि कारण व दर्शकों की सुविधा के लिए कहा कि मैं अल्पसंख्यक खेल मंत्री हफीजुल हसन से बात करके इस मैदान तक लाने का कोशिश करूंगा और इस मैदान को स्टेडियम का रूप दिलाऊंगा। गोंडा की ओर से एफसी क्लब गोड्डा वह नेपाल बॉर्डर के खिलाड़ी आमने-सामने मोर्चा संभाल रहे थे। खेल शुरू होने के पहले 10 मिनट के अंदर ही एफसी गोड्डा ने नेपाल बॉर्डर को पहला गोल दाग न सिर्फ अपनी टीम को बढ़ा दिलाई बल्कि खेल को भी रोमांचक बना दिया। इसके बाद नेपाल बॉर्डर ने भी मध्यांतर से पहले एक गोल दाग का मैच को बराबरी में लाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद मध्यांतर तक किसी टीम की ओर से कोई गोल नहीं किया जा सका मध्यांतर के बाद बीस मिनट में एफसी गोड्डा टीम के इमरान अंसारी ने लगातार दो गोल दाग कर टीम को जीत दिलाई। वही रेफरी की भूमिका निभा रहे खिलाड़ी अनवर अंसारी, अनिल मुर्मू, जोसेफ हेंब्रम, अमित किस्कू, के द्वारा खेल समाप्ति की घोषणा की गई। नेपाल बॉर्डर के टीम के खिलाड़ी जितेंद्र मुर्मू को मैन ऑफ द मैच दिया गया। वही मैन ऑफ द सीरीज मुजम्मिल अंसारी गोलकीपर को अल्पसंख्यक कल्याण मंच के संस्थापक सुलेमान जहांगीर आजाद, अरशद जमील, के हाथों एलइडी टीवी दिया गया। वही फाइनल मुकाबले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले टीम को 50000 ?1 का पुरस्कार रजनीश भारती मोहम्मद जमालुद्दीन, मुखिया आलमगीर व मुखिया मोहम्मद मिनहाज के हाथों संयुक्त रूप से दिया गया। वहीं दूसरा पुरस्कार सांचपुर सांखी पंचायत के मुखिया शाहबाज आलम व पंचायत समिति सदस्य के प्रतिनिधि हजरत अली के द्वारा दिया गया। वहीं तीसरे व चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को दस दस हजार की राशि दी गई। कॉमेंटेटर के रूप में मास्टर रफी अमीन, अबुललैश इरम, कुमार पिंटू, मोहम्मद कुरेश आदि ने अच्छी कमेंट्री कर पूरे खेल की जानकारी दी और दर्शकों की तालियां बटोरी। मौके पर स्पोटिंर्ग युवा क्लब के अध्यक्ष मोहम्मद खुश्तर, सचिव मोहम्मद मिनहाज,व सदस्य मोहम्मद फुरकान आलम, मतीन, अमजद, अनिसुर रहमान, फुरकान, तोशाम, जुनैद आदि मौजूद थे।