साहिबगंज। संवाददाता
कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी दल भारत को विकसित भारत बनते हुए नहीं देखना चाहते। उक्त बातें राजमहल के पूर्व विधायक सह राष्ट्रीय परिषद सदस्य अनंत ओझा ने स्वामी विवेकानंद चौक स्थित अपने कार्यालय में गुरुवार को प्रेस वार्ता कर कहीं। अनंत ओझा ने कहा कि देश की संसद ने विकसित भारत राष्ट्रीय आजीविका मिशन को स्फूर्ति देने का कार्य किया है। मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है, देश के हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। गति शक्ति के माध्यम से इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को गति दी जा रही है। जीराम जी योजना के साथ ग्रामीण रोजगार को नया स्वरूप दिया जा रहा है। ग्रामीण भारत को विकसित करने के उद्देश्य से आजीविका दीदी को आर्थित रूप से सुदृढ़ बनाया जा रहा है। पहले मनरेगा के तहत 100 दिन का कार्य मिलता था। जीराम जी योजना से अब 125 दिन के रोजगार की गारंटी है। जीराम जी में किसी योजना पर ग्राम सभा में 50 फीसद स्वीकृति देय होगा। मनरेगा में राज्यों ने 2006 में सुधार किया। जिससे भ्रष्टाचार हावी हुआ। जी राम जी योजना में राज्यों की भागीदारी तय की गई है। इस योजना से स्थाई एसेट तय होंगे। कांग्रेस और उसके इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल के लोग देशवासियों को गुमराह कर रहे हैं। कांग्रेस और उसके सहयोगी पार्टियों को प्रभु श्री राम के नाम से क्यों चिढ़ है। कांग्रेस और उसके सहयोगी देश की जनता को बताए। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच जीराम जी योजना का प्रचार-प्रसार करेगी। मौके पर जिला अध्यक्ष गौतम यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी व धमेंद्र कुमार, रामानंद साह, प्रमोद कुमार पांडेय, मनोज यादव, राजेश मंडल, गौतम पंडित, नगर अध्यक्ष विनोद चौधरी सहित अन्य थे।
सीनियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन आज
साहिबगंज। संवाददाता। ज़िला क्रिकेट संघ के तत्वाधान में शुक्रवार से सिदो-कान्हू स्टेडियम में सीनियर ज़िला क्रिकेट लीग कम नॉकआउट टूर्नामेंट का शुभारंभ होगा। इसका उद्घाटन सुबह 9:30 बजे मुख्यतिथि डीडीसी सतीश चंद्रा व विशिष्ठ अतिथि डीएसओ सह डीएसई कुमार हर्ष करेंगे। ज़िला क्रिकेट संघ सचिव अंकुर सिन्हा व टूर्नामेंट इंचार्ज मो अशफाक आलम ने बताया कि उद्घाटन मैच यंग स्टार क्रिकेट क्लब बनाम माही ब्ल्यू स्पोर्ट्स के बीच खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया है। टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारी पूर्व कर ली गई है।
65 वर्षीय वृद्धा आग तापने के दौरान झुलसी
राजमहल। संवाददाता। नपं क्षेत्र के फुलवरिया मोहल्ले में गुरुवार को आज तापने के दौरान एक वृद्धा गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के लिए उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार फुलवरिया निवासी ताहिरा बीबी (65) अपने घर पर आग ताप रही थी। इस दौरान ऊनी शॉल में किसी प्रकार आग लग गई। आग की तपिश महसूस होने पर उसकी नजर गई। तब तक उसे कुछ समझ में आता आग ने उसे बुरी तरह झुलसा दिया। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
विषाक्त पदार्थ के सेवन से 25 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ी
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत राय बाजार, कसवा निवासी रिंकी देवी(25) ने घर में रखा जहरीले पदार्थ का भूलवश दवाई समझकर सेवन कर लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने इलाज के लिए उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सक व कर्मी उसके इलाज में लगे थे।
ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी क्षतिग्रस्त
राजमहल। संवाददाता। राजमहल-उधवा फोर लेन सड़क पर राजमहल थाना क्षेत्र के जामनगर के समीप छह चकिया ट्रक की चपेट में आने से एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि दुर्घटना में स्कूटी चालक बाल-बाल बच गया। मिली जानकारी के अनुसार जामनगर के समीप निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर राजमहल की ओर से एक ट्रक जामनगर की ओर आ रहा था। इसी बीच स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गया। हालांकि स्कूटी चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
यूपी में होने वाले पीएसआई के राउंड टेबल डिस्कशन में शामिल होंगे डॉ रणजीत
साहिबगंज। संवाददाता
पैलियोन्टोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया ने भारतीय प्राकृतिक इतिहास के संरक्षण विषय पर 16 जनवरी को यूपी के लखनऊ में शिव नदार फाउंडेशन के तत्वधान में आयोजित राउंड टेबल डिस्कशन के लिए साहिबगंज ज़िला के राजमहल, मुंडली स्थित मॉडल कॉलेज के प्राचार्य सह भू वैज्ञानिक डॉ रणजीत कुमार सिंह को आमंत्रित किया है।पैलियोन्टोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया की सचिव डॉ अंजू सक्सेना ने डॉ रणजीत कुमार सिंह को राजमहल पहाड़ी में पाए जाने वाले फॉसिल्स के सैंपल लाने का भी अनुरोध किया है। डॉ रणजीत ने बताया कि राउंड टेबल डिस्कशन में देश-विदेश से फैकल्टी सदस्य, भू-वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थान व शोधकर्ता के सुझावों पर विचार विमर्श किया जाएगा। इससे भू-विरासत, भू-एतिहासिक धरोहर, फॉसिल्स संरक्षण के प्रयासों के लिए नई राह खुलने की प्रबल संभावना है। वहीं करोड़ों वर्षों पुराने क्रिटेशियस काल आयु व जुरासिक काल के अवशेषों पर जिओ टूरिज़्म, जिओ हेरिटेज, जिओलॉजी इवेंट्स के शोध को भी बढ़ावा मिलेगा।राजमहल की पहाड़ी में डायनासोर की मौजूदगी का पता लगाने की संभावनाओं के भी द्वार खुलेंगे। डॉ रणजीत गुरुवार को लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। डॉ रणजीत कुमार सिंह राजमहल फॉसिल्स को लेकर 2008 से ही देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों, भू-वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। अब तक उन्होंने साहिबगंज में फॉसिल्स पार्क निर्णाम, शोधकर्ताओं को सहयोग, फॉसिल्स की सुरक्षा, संरक्षण व संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मणिपुर में बतौर वूशु जज झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे मृत्युंजय राय
साहिबगंज। संवाददाता
मणिपुर सरकार की ओर से 15 से 18 जनवरी तक इम्फाल में आयोजित 69वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय अंडर-19 वूशु चैंपियनशिप के लिए जिला वूशु संघ के सचिव सह प्रशिक्षक मृत्युंजय राय को तकनीकी पदाधिकारी बनाया गया है। प्रतियोगिता में मृत्युंजय राय बतौर वूशु जज शामिल होंगे। उनकी इस उपलब्धि पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव माधव चंद्र घोष, कल्याण श्रीवास्तव, ओम ततसत, वूशु संघ के अध्यक्ष संतोष स्वर्णकार, बमबम कुमार, आदित्य कुमार, कोच योगेश यादव, अशोक साहनी, प्रकाश सिंह बादल, शिक्षक अभिनव कुमार, जुली मुर्मू समेत जिले के खेल प्रेमियों ने। उन्हें बधाई दी है।
स्वतंत्रता सेनानी अर्जुन यादव की आठवीं पुण्यतिथि पर हुई श्रद्धांजलि सभा
साहिबगंज। संवाददाता
शहर के भरतिया कालोनी स्थित अयोध्या धाम में गुरुवार को स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अर्जुन यादव की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अर्जुन यादव के पुत्र अमरनाथ यादव, बजरंगी यादव सहित परिवार के सदस्य, शुभचिंतक एवं क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित थे। सभी ने अर्जुन यादव के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने अर्जुन यादव के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि अर्जुन यादव एक स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ-साथ कर्मठ किसान और पहलवान भी थे। समाज में उन्होंने अपनी सादगी, ईमानदारी और साहस के बल पर विशिष्ट पहचान बनाई। उन्हीं आदर्शों और ईमानदारी की राह पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री सह पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रभारी बजरंगी प्रसाद यादव समाजसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय हैं और हर तरह के सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मौके पर बास्की यादव, मो कलीमुद्दीन, कृष्णा शर्मा, आनंद मोदी, बबलू तिवारी, जय प्रकाश सिन्हा, मनोज केशरी, कुंदन पासवान, ललन सिंह, ललित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।