-14 कोयला चोर को किया गया गिरफ्तार
पाकुड़/संवाददाता। पाकुड़-अमड़ापाड़ा लिंक रोड में हाइवा से हो रहे कोयला चोरी रोकने के लिए एसपी प्रभात कुमार के निर्देश के आलोक में शुक्रवार को डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में पुलिस के अधिकारी और जवानों ने नगर थाना क्षेत्र के कोलाजोड़ा, आसनढ़ीप्पा, पियादापुर समेत कई स्थानों में छापेमारी अभियान चलाया। वहीं छापेमारी अभियान को देखकर कोयला चोर इधर-उधर भागते देखे गए। वहीं पुलिस के जवानों ने खदेड़ कर 14 कोयला चोरों को धर दबोचा। वहीं छापेमारी के दौरान 46 से अधिक साइकिल लदा कोयला जब्त किया गया। पकड़े गए सभी लोगों को न्यायालय में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं कोयला चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान कोयला चोरी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचता देखा गया। वहीं कोयला चोरी के दौरान पकड़े गए लोगों के बारे में मिली जानकारी के बाद उनके परिजन नगर थाना पहुंचे और रो-रो कर छोड़ने की फरियाद भी की लेकिन पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया गया। मामले को लेकर थाना में कांड संख्या 328/24 दर्ज किया गया । हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलकुट्टी गांव से शुक्रवार सुबह पुलिस ने कोयले लदा 06 बाइक को जब्त किया। गुप्त सूचना के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की है। थाना प्रभारी रंजन कुमार के निर्देश पर गश्ती दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी ने सिलकुट्टी गांव के समीप छापेमारी कर कोयला लदे छह बाइक को जब्त किया। वहीं मौके से बाइक चालक पुलिस को देखते ही कोयला लदे बाइक छोड़ कर भाग निकले। जब्त बाइक को वाहन के जरिये थाना लाया गया।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक सभा आयोजित
पाकुड़/संवाददाता। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शहर स्थितकांग्रेस भवन में शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मौके पर मौजूद प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी तनवीर आलम ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे महान अर्थशास्त्री थे। देश को 1991 में आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में उनका अहम योगदान था। पार्टी को सशक्त बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। वे कुशल राजनेता के साथ-साथ देश में भाईचारा और आपसी एकता को बढ़ाने पर बल देते थे। उन्होंने उपस्थित कांग्रेस जनों को डॉ. मनमोहन सिंह की जीवनशैली से सीख लेने की आवश्यकता जतायी। मौके पर जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, प्रदेश महासचिव उदय लखमणी, जिला कोषाध्यक्ष अरसद हुसैन, गंगोली, मुख्तार हुसैन, सेमिनुल इस्लाम, देबू विश्वास सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
किसानों को वैज्ञानिक तरीके से जैविक खेती कर उत्पादन बढ़ाने की दी सलाह : डीएओ
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। प्रखंड स्थित कृषि तकनीकी सूचना केंद्र लिट्टीपाड़ा में शुक्रवार को रबी कर्मशाला-2024 सह किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह, बीडीओ संजय कुमार ने उपस्थित किसानों को कहा कि रबी कर्मशाला का मकसद कृषि क्षेत्र की विकसित तकनीक को किसानों तक पहुंचाना है ताकि पैदावार को और बढ़ाया जाए और किसानों को खुशहाल बनाया जा सके। कृषि पदाधिकारी सिंह ने कहा कि बदलते समय के साथ कृषि के क्षेत्र में भी बदलाव की जरूरत है। इसमें किसानों को वैज्ञानिक तरीके से जैविक खेती कर उत्पादन बढ़ाने की सलाह दी। वहीं कर्मशाला में उपस्थित बीडीओ संजय कुमार ने कहा कि किसान कृषि कार्यों के साथ-साथ सरकार के अन्य विभागों की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी तरक्की की राह को प्रशस्त कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित किसानों को धान अधिप्राप्ति के लिए लैम्पस के माध्यम से धान देकर राज्य सरकार की ओर से दिये जा रहे सम्मान जनक न्यूनतम समर्थन मूल्य 2400 रुपए प्रति क्विंटल की राशि बैंक खाते में प्राप्त करने की सलाह दी। कर्मशाला में मुख्य रूप से प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी पद्म किशोर महतो, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी अभिषेक कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी केसी दास, सहायक तकनीकी प्रबंधक रामेश्वर मुर्मू, जनसेवक कुंदन कुमार, लिसू टुडू, दिवेश मिश्रा, राजेन्द्र भगत सहित काफी संख्या में कृषक मित्र एवं किसान उपस्थित थे।
पहाड़िया समुदाय ने विशेष समुदाय पर जबरन जमीन कब्जा करने का लगाया आरोप
महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के पीर पहाड़ अवस्थित पीर मजार के पास नीचे सड़क किनारे विशेष समुदाय के लोगों ने जबरन जमीन पर कब्जा कर लिया। मामले को लेकर पहाड़िया समुदाय के लोगों के विरोध करने पर उक्त जमीन से संबंधित विवाद उत्पन्न हो गया। इधर विवाद को बढ़ते देख शुक्रवार को सीओ संजय कुमार सिन्हा, एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी विकर्ण कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंच कर निरीक्षण करते हुए दोनों पक्ष के लोगों से बातचीत की। इस दौरान दोनों पक्ष के लोगों ने अपनी समस्या को रखा। पहाड़िया समुदाय के लोगों ने विशेष समुदाय के लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने उनकी जमीन को जबरन कब्जा कर लिया। बिना सूचना के ही रातोंरात टीना व खम्भा से घर तैयार कर दिया। पहाड़िया समुदाय के लोगों ने कहा कि पीर मजार की आड़ में ये लोग उनकी जमीन पर नजर गड़ाये थे और जबरन जमीन को कब्जा करने में लगा हुआ है। वहीं विशेष समुदाय के लोगों से पूछे जाने पर कहा कि आने वाले 04 फरवरी को यहां उर्स मेला होता है और मेला की तैयारी की जा रही है। वहीं प्रशासन ने दोनों पक्ष के लोगों को सुनने के बाद घर को हटा लेने का निर्देश दिया। वहीं मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि मेला के बाद हटा लिया जाएगा। बता दें कि पिछले कई वर्ष पूर्व भी इसी जमीन पर जबरन कब्जा करने का मामला सामने आया था। विवाद इतना बढ़ गया था कि पहाड़िया समुदाय के लोगों ने मेला नहीं लगाने की भी चेतावनी दे दी थी। हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद विवाद सुलझा और फिर मेला लगा।
सड़क जाम करने और रंगदारी मांगने के आरोप में केस दर्ज
महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के कोल माइंस बाइपास सड़क स्थित पोखरिया गांव के पास बीते 21 और 26 दिसंबर को पोखरिया गांव निवासी राजेश मड़ैया पर सड़क जाम करने और रंगदारी मांगने का आरोप है। बीजीआर कोल कंपनी कर्मी सह वादी राजेश पासवान ने थाना में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया। आवेदन में उल्लेख किया है कि पोखरिया गांव निवासी राजेश पोखरिया गांव के समीप कोयला लदा हाइवा को रोक कर सड़क जाम कर दिया और रंगदारी करते हुए रुपए की मांग करने लगा। वहीं मामले को लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-साहिबगंज हाइवे के समीप रोडगो गांव के पास गुरुवार देर शाम एक मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ जाने से सड़क पर दुर्घटना ग्रस्त हो गया। जिससे मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार रोबिन पहाड़िया (45) लिट्टीपाड़ा से मोटरसाइकिल संख्या जेएच 04 एस 1119 से धरमपुर की ओर जा रहा था कि रोडगो गांव के समीप मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और दुर्घटना ग्रस्त हो गया। जिससे मोटरसाइकिल चालक सड़क से नीचे गिर गया ओर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर घायल व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लिट्टीपाड़ा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार कर दोनों घायलों को छोड़ दिया।
होटल रेस्टोरेंट और मिठाई दुकान का किया गया निरीक्षण
महेशपुर/संवाददाता। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम और बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई मिठाई दुकानों में कामधेनु रंग पाया गया जिसे नष्ट कर दिया गया। वहीं निरीक्षण के क्रम में धनेश्वर हेम्ब्रम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि दुकान की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखें। साथ ही खराब सामानों को न रखें एवं कामधेनु जैसे रंग का भी उपयोग न करने की नसीहत दिया गया। उन्होंने कहा कि रेस्टुरेंट हो या होटल या फिर मिठाई दुकानों की साफ सफाई रखनी है। नहीं तो इसकी शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कॉलेज कर्मचारियों ने किया भिक्षाटन
पाकुड़/संवाददाता। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केके एम कॉलेज पाकुड़ के कर्मचारियों ने भिक्षाटन कार्यक्रम पूरे शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में किया गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि कुलपति की असंवेदनशीलता, प्रशासनहीनता एवं प्रशासकीय पदाधिकारी होने के नाते कर्मचारियों के लिए कोई पहल नहीं किया जाना, सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए विलासिता में व्यस्त रहना, उनको ना छात्रों की चिंता है ना कर्मचारियों की चिंता है। इस परिस्थिति में हम कर्मचारियों के हड़ताल का लाभ सिर्फ शिक्षक एवं पदाधिकारी उठा रहे हैं। हम कर्मचारियों को क्रिसमस एवं नववर्ष के अवसर पर भी वेतन भुगतान नहीं किया गया जबकि हम कर्मचारियों ने 26 नवंबर तक कार्य किया है। हमारी एक ही मांग है कि कुलपति इस्तीफा दे।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़ में स्वास्थ्य महोत्सव का आयोजन चार को
पाकुड़/संवाददाता। सिविल सर्जन डॉ. मंटू कुमार टेकरीवाल ने कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया प्रतिनिधियों को आगामी 04 जनवरी, 2025 को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़ में स्वास्थ्य महोत्सव का आयोजन किये जाने की जानकारी दी। सिविल सर्जन ने कहा कि स्वास्थ्य महोत्सव में रांची रिम्स के अनुभवी डॉ. भारती कश्यप एवं नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मेले में शामिल होंगे। स्वास्थ्य महोत्सव में जिले के वैसी महिला जिनको सर्वाइकल कैंसर हो या मोतियाबिंद से संबंधित समस्या हो वैसे महिलाओं का नि:शुल्क जांच किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर राज्य स्तर पर इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव को लेकर विभाग की ओर से व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करवाया जा रहा है। जांच करवाने आने वाले लोगों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से जांच की सारी तैयारी पूरी की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग मरीजों को हर प्रकार की सुविधा देने को तत्पर है। उन्होंने कहा कि वैसी महिलाएं जिनको सर्वाइकल कैंसर या मोतियाबिंद से संबंधित समस्याएं हैं वे 04 जनवरी 2025 को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़ में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य महोत्सव में जरूर शामिल हों। मौके पर डीएस डॉ. मनीष कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी कौशल किशोर सिंह, डॉ. अमित कुमार समेत अन्य चिकित्सक मौजूद थे। प्रेस कांफ्रेंस के बाद सिविल सर्जन की ओर से डेंटल केयर किट बच्चों के बीच वितरण किया गया। मौके पर दंत चिकित्सक डॉक्टर शाहरुख मौजूद थे।
शोक सभा का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आकस्मिक निधन पर समाहरणालय सभागार में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान डीसी मनीष कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, भूमि सुधार उप समाहर्ता मनीष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती समेत अन्य सभी पदाधिकारियों और कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 02 मिनट मौन रख कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पदाधिकारियों और कर्मियों ने परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।