देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के माथाबांध में चार नवंबर कि देर शाम को दहशत फैलाने को लेकर किये गए गोलीबारी को लेकर नगर थाना मे चार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला नगर थाना क्षेत्र के चांदनी चौक निवासी रोशन कुमार ने दर्ज कराया है। कहा है कि चार नवंबर की शाम को वह अपने दोस्त माधव तिवारी के साथ माथाबांध तालाब के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान चार युवक वहां पहुंचे और और दोनों को गाली-गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उन लोगों ने लगातार फायरिंग कर दी। फायरिंग और हल्ला होने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे। लोगों को जुटता देख चारों अपराधी दोनों से मोबाइल और रुपए छिनतई कर फरार हो गया। इधर नगर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी करने में जुट गई है।
कोयला लोड पांच बाइक जब्त
देवघर/संवाददाता। जिले की चितरा थाना पुलिस ने छापेमारी कर अवैध कोयला लादे रहे पांच बाइक को जब्त किया है। बताया जाता है कि चितरा थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बाइक पर अवैध कोयला ढोने का काम कर रहे हैं। चितरा के बीरमाटी इलाके में छापेमारी कर पांच बाइक पर लोड 18 क्विंटल कोयला जब्त किया गया। वही मौके पर से सभी बाइक चालक फरार हो गए।
महिला व उसके बच्चे का अपहरण किये जाने का आरोप
देवघर/संवाददाता। जिले के कुंडा थाना क्षेत्र स्थित करनीबाग मोहल्ला से एक महिला व उसके आठ वर्ष के बेटे का अपहरण कर लिए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर महिला के पिता सकलदेव सिंह ने कुंडा थाना में आवेदन देकर शिकायत की है। घटना के बाबत बताया जाता है कि प्रतिमा कुमारी अपने आठ वर्षीय बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इस दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में जबरन दोनों को बैठाकर अपहरण कर लिए जाने का बात बताई जाती है। बताया जाता है कि महिला पश्चिम बंगाल आसनसोल के एक व्यक्ति से लव मैरिज शादी की थी। शादी के कुछ वर्ष बाद से पति एवं ससुराल वालों द्वारा काफी प्रताड़ित किया जा रहा था। इस वजह से पिछले तीन वर्ष से वह अपने मायके में ही रह कर बच्चों को पढ़ाने का काम कर रही थी। प्रतिमा के पिता ने अपने दामाद पर ही अपहरण का आरोप लगाया है।
अवैध बालू लदा दो ट्रैक्टर जब्त
देवघर/संवाददाता। जिले के कुंडा थाना पुलिस ने छापामारी कर अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर को जब्त किया है। ट्रैक्टर को थाना क्षेत्र के उजाला चौक से पकड़ा गया है। बताया जाता है कि थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि चांदनी इलाके से अवैध बालू लोड का ट्रैक्टर शहर की ओर आ रहा है। जानकारी मिलते ही पेट्रोलिंग पार्टी को भेजा गया। पुलिस ने उजाला चौक के पास से दोनों ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया। वही मौके पर से दोनों ट्रैक्टर के चालक फरार होने मे सफल रहा।
किराना दुकान में चोरी
देवघर/संवाददाता। जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र स्थित एक किराना दुकान से सामान की चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर दुकानदार नंदकिशोर राय ने थाना में मामला दर्ज कराया है। कहा कि चोरों ने उसके दुकान का ताला तोड़कर एक पेटी रिफाइन, दो टीन सरसों तेल, चावल आटा और निरमा की एक-एक बोरी चोरी कर लिया। मामला दर्ज मार्गोमुंडा पुलिस जांच पड़ताल मे जुट गई है।
यातायात जांच अभियान : 29 वाहन से 1.40 लाख जुर्माना की वसूली
देवघर/संवाददाता। जिले की यातायात थाना पुलिस ने शहरी इलाकों में कई स्थानों मे जांच अभियान चलाया। इस अभियान में कुल 29 वाहनों का जांच किया गया। जिस से साथ बाइक के साथ साथ 12 लाइसेंस को जब्त किया गया। जांच मे कुल 1.40 लाख का जुर्माना वसूला गया। जुर्माना की वसूली बिना लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों से वसूल किया गया।
लेखक व समालोचक डॉ मैनेजर पांडेय को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर साहित्य के प्रमुख समालोचक एवं वरिष्ठ लेखक डॉक्टर मैनेजर पांडे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे एक निडर साहित्यिक मनीषा थे। उन्होंने शब्द और कर्म तथा साहित्य और इतिहास दृष्टि जैसी रचनाओं को हिंदी साहित्य जगत को दिया। अपनी रचनाओं से हिंदी साहित्य को समृद्ध करने तथा अपनी आलोचनात्मक कृतियों से जागरूकता फैलाने को लेकर हिंदी साहित्य समालोचना के प्रमुख हस्ताक्षर डॉक्टर मैनेजर पांडे को हिंदी साहित्य प्रेमियों द्वारा सदैव याद किया जाता रहेगा। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं की हिंदी आलोचना के क्षेत्र में स्व. मैनेजर पांडे का योगदान अप्रतिम रहा है।
बाल दिवस फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में पीहू, विश्वरा, आयांश व रीता अव्वल
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के युग्म बैनर तले 15 दिवसीय बाल दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन पूरे देश में हुआ था। आज फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के दुमका एवं देवघर जिला का परिणाम की घोषणा की गई। प्रतिभागियों को चार ग्रुपों में बाँटा गया था। ग्रुप नर्सरी से द्वितीय तक के विद्यार्थियों को ग्रुप ए, तृतीय से षष्ठ को ग्रुप बी, सप्तम से दशम को ग्रुप सी जबकि सर्वसाधारण को ग्रुप डी में रखा गया था। दुमका जिला से ग्रुप ए में, किंडर रोज प्ले स्कूल की पीहू प्रिशा को प्रथम एवं अन्य शिक्षण संस्थान के सुजय कुमार एवं किशन कुमार को द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। देवघर जिला से इसी ग्रुप में किड्स वर्ल्ड प्ले स्कूल की विश्वरा को प्रथम, सांदीपनी पब्लिक स्कूल के आयांश केशरी को द्वितीय जबकि मधुपुर की शालू कुमारी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। ग्रुप सी में ब्राइट कैरियर स्कूल की रीता कुमारी को प्रथम, जसीडीह की रंजीता कुमारी व नेहा प्रिया को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेताओं को इसी माह में पुरस्कृत किया जाएगा। मौके पर विवेकानंद संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव ने कहा- भारत में बाल दिवस 14 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिन पूरी तरह से हमारे प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को समर्पित है क्योंकि 14 नवंबर उनका जन्मदिन है। नेहरू जी बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे तथा उनको देश का भविष्य मानते थे इसलिए उनके जन्मदिन को देश में बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।
डॉ सीताराम दीन को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने जयंती पर हिंदी के यशस्वी कवि, प्रसिद्ध साहित्यकार एवं समालोचक स्वर्गीय डॉक्टर सीताराम दीन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी रचना धर्मिता पर संत कबीर सदगुरु कबीर साहित्य का गहरा प्रभाव था, यही कारण है कि उनके साहित्य में स्थान स्थान पर कबीर का स्वर गुंजित होता दिखाई देता है। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के साहित्य मंत्री के रूप में उनकी अमूल्य सेवाएं अविस्मरणीय है। उनके गीतों का स्वर मानवतावादी है। उनके विचार क्रांतिकारी थे जो रूढ़ियों पर गहरा प्रहार करते हैं। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं की स्वर्गीय डॉक्टर सीताराम दीन की रचनाओं ने उन्हें साहित्य प्रेमियों के बीच स्मरणीय बना दिया।
पुराना सदर अस्पताल को तीर्थयात्री अस्पताल बनाने का सीएस ने दिया प्रपोजल
देवघर/वरीय संवाददाता। सिविल सर्जन रंजन सिन्हा ने उपायुक्त को पत्र प्रेषित कर पुराना सदर अस्पताल को तीर्थयात्री अस्पताल के रूप में बनाने का अनुरोध किया है।
सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या को देखते हुए पुराना सदर अस्पताल परिसर में अरबन हेल्थ कार्यक्रम के तहत तीर्थयात्री अस्पताल के रूप में निर्माण किये जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। उक्त अस्पताल का 100 शैय्या के अनुरूप आई पी एच सी मानक मानते हुए भवन, मशीन उपकरण उपस्कर मानवबल की आवश्यकता का आकलन एवं वर्तमान परिदृश्य के अनुसार उसके संचालन करने की जरूरत है। जिसमे भवन निर्माण मानक के अनुसार 100 शैय्या वाले का दो तल का प्रपोजल प्लान जो आवश्यकतानुसार भविष्य में 300 बेड तक (5 तल) तक किया जा सके अनुरूप प्राक्कलन भवन निर्माण विभाग, देवघर द्वारा तैयार कराने के उपरांत अनुमानित लागत के अनुरूप है। भवन निर्माण विभाग, देवघर से मौखिक रूप में प्राप्त आंकड़ों के अनुसार भूतल तल 18,87,76,500.00 रुपया एवं 15,37,88,800.00 दोनो तल हेतु कुल लागत 34,25,65,300.00 रुपया खर्च है। पुराने भवन को तोड़ने एवं मलवा निस्तारण- भवन निर्माण विभाग के प्राक्कलनके अनुसार राशि भी शामिल है। मशीन उपकरण एवं अन्य उपस्कर हेतु: वर्तमान में सभी विभागों पूर्ण रूप से संचालन में आवश्यक मशीन उपकरण एवं उपस्कर हेतु अनुमानित 74983860.00 रुपया आवश्यकता है। अन्यान्य बारंबार व्यय लगभग 3-5 करोड़ रूपये प्रतिवर्ष होगा। मानवबल हेतु 107738026.00 रुपया, वर्तमान वेतन एवं भत्ता के अनुसार प्रत्येक वर्ष। उसी भवन, उसी मानव बल से ट्रामा सेंटर का संचालन हेतु अतिरिक्त एक करोड़ राशि की आवश्यकता उपकरण, उपस्कर आदि हेतु होगा। जिला के पुराने सदर अस्पताल लगभग 100 वर्षो से अधिक पुराना हो जाने के कारण भविष्य में नये भवन की आवश्यकता को देखते हुए उक्त भवन को तोड़कर भारतीय लोक स्वास्थ्य मानक के अनुसार 100 बेड वाले अस्पताल हेतु निर्धारित योजना के अनुरूप निर्माणोपरांत उसके संचालन हेतु प्रस्ताव है।
आरडी बाजला महिला महाविद्यालय में विज्ञान तकनीकी अभिशाप या वरदान विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता
देवघर/नगर संवाददाता। सोमवार को स्थानीय रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय में विज्ञान विभाग की ओर से विज्ञान तकनीकी अभिशाप या वरदान विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता प्राचार्या डॉ सुचिता कुमारी ने की। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने विज्ञान तकनीकी के सदुपयोग और दुरुपयोग पर प्रकाश डाला। डा प्रकाश चन्द्र दास विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकि या प्रोद्योगिकी का प्रयोग मनव जीवन को आसान बनाने के लिये किया जाता है न कि मानव जीवन को निर्भरता के लिए इसलिए तकनीकि का प्रयोग हमें आपनी आवस्यकता के आनुसर ही करना चाहिए। विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ सीमा सिंह ने छात्राओं को विज्ञान के सदुपयोग करने के साथ अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में सेमेस्टर 1, सेमेस्टर 2 और सेमेस्टर 4 की छात्राओं ने भाग लिया। जिसमें अंशिका श्रीवास्तव सेमेस्टर प्रथम, साक्षी कुमारी सेमेस्टर 2 द्वितीय और सुलोचना कुमारी सेमेस्टर 1 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सफल प्रतिभागियों को प्राचार्या ने सर्टिफिकेट दे कर प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राजनीतिक विभाग के डॉ किसलय सिन्हा और अंग्रेजी विभाग के निमिषा होरो थी। कार्यक्रम में काफी संख्या में विभाग की छात्राएं मौजूद थीं। कार्यक्रम का संचालन विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ सीमा सिंह ने की अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
- ए डिवीजन क्रिकेट लीग मैच
जय मां अंबे ने मां मनसा क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से हराया
देवघर/नगर संवाददाता। सोमवार को जिला क्रिकेट एसोसियन के तत्वावधान में खेले जा रहे ए डिवीजन क्रिकेट लीग मैच स्थानीय केकेएन स्टेडियम में खेला गया। आज का मैच जय मां अंबे बनाम मां मनसा क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। जिसमें जय मां अंबे ने मां मनसा क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मां मनसा क्रिकेट क्लब ने 33 ओवर 2 बोल में सभी विकेट होकर 158 रन ही बना सकी। मां मनसा क्रिकेट क्लब की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए मोनू झा ने 35 गेंद में छह चौकों की मदद से 33 रन नित्यम ने 32 गेंद खेल कर तीन चौकों की मदत से 23 रन बनाएं। जय मां अंबे की तरफ से गेंदबाजी करते हुए करण ने चार सूरज ने तीन और शिवम ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय मां अंबे की टीम ने 19 ओवर 5 गेंद में 5 विकेट होकर 159 रन बनाकर जीत हासिल कर लिया। जय मां अंबे की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए गौरव शर्मा ने 52 गेंद खेलकर 15 चौकों की मदद से 83 रन, सूरज दुबे ने 31 गेंद खेलकर पांच चौक को एक छक्के की मदद से 34 रन बनाएं। मां मनसा क्रिकेट क्लब के तरफ से गेंदबाजी करते हुए बालमुकुंद, आलोक और अमन ने एक-एक विकेट लिया। आज के मैच में अंपायर की भूमिका में अभिषेक कुमार और मनीष कुमार व स्कोरर की भूमिका में पिंटू साह थे।
पलाश मार्ट जागरूकता सह बिक्री केंद्र से दीदीयां होंगी सशक्त : किरण
- स्वयं सहायता समूह की दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य जिप की ओर से दी गयी दुकानें : डीडीसी
पूजन सामग्रियों की बिक्री से सशक्त होंगी दीदीयां : किरण - जिप के आवंटित दुकानों में दीपावली व छठ सामग्रियों की हो रही है बिक्री
देवघर/वरीय संवाददाता। जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी एवं उपविकास आयुक्त डॉ. ताराचंद द्वारा जिला परिषद के माध्यम से आवंटित दुकानों में दीपावली एवं छठ के सामग्रियों के वितरण हेतु दुकानों का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस दौरान पलास मार्ट जागरुकता-सह-बिक्री केंद्र पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी द्वारा केंद्र, राज्य व जिला प्रशासन द्वारा इस नेक पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव की महिलाओं को सखी मंडल के माध्यम से जोड़कर उन्हें जीविका का साधन मुहैया कराया जा रहा जिससे हमारी दीदीयां आर्थिक व सामाजिक रूप सशक्त हो रही है। पलाश मार्ट ब्रांड के तहत इन दुकानों के माध्यम से मिट्टी के बर्तन व दीपक, आटा, बेसन, पूजन सामग्री आदि की बिक्री की जाएगी। आप सभी जिलावासियों से आग्रह है कि इनका सहयोग करे एवं यहां से पूजन की सामाग्रियों की खरीदारी करें, ताकि सखी मंडल की दीदियों को सशक्त कर सके।
इसके अलावा उपविकास आयुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि राज्य सरकार व जिला प्रशासन जेएसएलपीएस के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, समृद्ध एवं समाज के मुख्यधारा से जोड़ने हेतु हरसंभव प्रयास कर रही है। इसी के तहत आज जिला परिषद के आवंटित दुकानों में से चार दुकानों को जिला के विभिन्न सखी मंडलों को उपलब्ध गया है। जहां सखी मंडलों के द्वारा दीपावली एवं छत से संबंधित दिए, पूजा सामग्रियों का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्यादा-से-ज्यादा पलाश मार्ट ब्रांड के सामानों का प्रयोग करे, ताकि लोगो को स्वास्थ्यवर्धक व गुणवत्तापूर्ण सामानों मिल सके। साथ ही जेएसएलपीएस के सखी समूहों को अर्थिक रूप से समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान सुनिश्चित अवश्य करे। कार्यक्रम के दौरान उपरोक्त के अलावे जेएसएलपीएस के डीपीएम निशिकांत कुमार नीरज एवं संबंधित विभाग के अन्य कर्मी तथा सखी मंडल की दीदीयां उपस्थित थीं।