सभी को पुराने प्रखंडों में योगदान का निर्देश
- प्रतिवेदनों की समीक्षा के लिए बनी समिति
- रिपोर्ट के आधार पर होगा अंतिम निर्णय
गोड्डा, संवाददाता। जिला प्रशासन ने ग्राम रोजगार सेवकों के हालिया स्थानांतरण आदेश पर फिलहाल अस्थायी रोक लगा दी है। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर ग्राम रोजगार सेवकों द्वारा सौंपे गए प्रतिवेदनों और उनकी समस्याओं पर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित ग्राम रोजगार सेवकों को तत्काल अपने पूर्व पदस्थापित प्रखंडों में योगदान देने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने कहा कि मनरेगा एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के सुचारु संचालन को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने बताया कि स्थानांतरण से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा के लिए गठित समिति प्रशासनिक आवश्यकता, कार्यहित और कर्मियों द्वारा दिए गए प्रतिवेदनों का परीक्षण करेगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि समिति की अनुशंसा के आधार पर स्थानांतरण संबंधी मामले में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला प्रशासन ने सभी ग्राम रोजगार सेवकों को निर्धारित समय के भीतर अपने पुराने प्रखंडों में योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना या योगदान में अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
योग करें स्वस्थ व तनाव से मुक्त रहें
- गोड्डा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब
- ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम पर जिला मुख्यालय से पंचायतों तक हुए कार्यक्रम, उपायुक्त ने नियमित योग का किया आह्वान
गोड्डा, संवाददाता। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को गोड्डा जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय नगर भवन में “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम के साथ संपन्न हुआ। जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त लोकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत, नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी, अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव तथा अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला आयुष समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में योग गुरु एवं डॉन बॉस्को स्कूल के निदेशक अमित राय ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भुजंगासन, भद्रासन सहित विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और स्वस्थ जीवन का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, तनाव कम होता है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और इसके प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
उपायुक्त ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में भी व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का संचालन जिला कला एवं संस्कृति संयोजक सुरजीत झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इंतखाब अहमद फारूकी ने किया।
योगाभ्यास में स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
गोड्डा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को गोड्डा कॉलेज में उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षक डॉ. सत्यामूर्ति झा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विवेकानंद सिंह ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में योग की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने सभी से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. मनीष दुबे, डॉ. वासुकी नाथ झा, डॉ. नूर नबी अंसारी, डॉ. सुजन कुमार, डॉ. मेहताब अहमद एवं प्रो. प्रदीनाथ हांसदा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं और शिक्षकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
‘करें योग, रहें निरोग’ के संदेश के साथ नरोत्तमपुर में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस**
हनवारा संवाददाता। महागामा प्रखंड की विश्वासखानी पंचायत अंतर्गत नरोत्तमपुर गांव में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों और युवाओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और जीवन में सकारात्मकता आती है।
मौके पर उपस्थित लोगों ने ”करें योग, रहें निरोग” का संकल्प लेते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विवेकानंद भगत, जिला किसान मोर्चा महामंत्री मुकेश कुमार सिंह, जयकांत सिंह, मनोहर सिंह, शिवनारायण सिंह, अशोक यादव, राजेश मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
मिठाई कारीगर का बेटा बना अफसर
- बीपीएससी में 319वीं रैंक हासिल कर रचा इतिहास
मेहरमा, संवाददाता। मिठाई कारीगर मनोज साव का बेटा शुभम कुमार साह अफसर बन गया है। बीपीएससी की परीक्षा में 319वां रैंक हासिल कर शुभम ने इतिहास रच दिया है। वह जिले के मेहरमा प्रखंड अंतर्गत दरियापुर गांव के निवासी हैं। वह बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 319वीं रैंक प्राप्त कर सहायक आयुक्त पद के लिए चयनित किए गए हैं। उनकी सफलता से परिवार, गांव और पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है।
साधारण परिवार से आने वाले शुभम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीयकृत मध्य विद्यालय दरियापुर से प्राप्त की। इसके बाद पारसनाथ उच्च विद्यालय घोरीकित्ता से मैट्रिक और इंटर कॉलेज पथरगामा से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। इंटरमीडिएट परीक्षा में उन्होंने कला संकाय में गोड्डा जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया था। आगे की पढ़ाई उन्होंने बनारस विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान विषय में स्नातक कर पूरी की।
स्नातक के बाद शुभम ने पटना में रहकर कोचिंग और स्वाध्याय के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। उन्होंने बताया कि इससे पहले वे झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा में साक्षात्कार तक पहुंचे थे, लेकिन मात्र पांच अंकों से अंतिम चयन से वंचित रह गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत जारी रखी, जिसका परिणाम 70वीं बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता के रूप में सामने आया।
शुभम के पिता मनोज साव मिठाई कारीगर हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया। उनकी सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
असफलता ही सफलता की कूंजी है: प्रदीप
गोड्डा, संवाददाता। पोड़ैयाहाट विधायक सह कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि असफलता ही सफलता की कूंजी है। इसलिए जो प्रतिभागी असफल रहे हैं उन्हें प्रेरणा लेने की जरुरत है। असफलता से हताश नहीं होना है बल्कि मुकाम हासिल करने के लिए संकल्प लेने की जरुरत है। वहीं जो प्रतिभागी अव्वल रहे हैं उन्हें इस सफलता को बरकरार रखने के लिए लगातार मेहनत करने की सलाह दी। विधायक प्रदीप यादव स्थानीय रौतारा स्थित न्यू आईिडअल पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित गणित व विज्ञान की प्रतियोगिता परीक्षा के पुरस्कार वितरण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विद्यालय कें अधिकांश छात्र-छात्राएं मध्यम दर्जे के विद्यार्थी होते हैं जबकि बिरले ही बहुत तेज होते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि मध्यम दर्जे के विद्यार्थी सफलता नहीं पा सकते हैं। उसे लगातार मेहनत करना पड़ता है तब जाकर उसे मंजिल मिलती है। उन्होंने उदहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि मिशाइल मेन सह पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को जब असफलता मिली थी तो वे आत्महत्या तक करने की कोशिश कर रहे थे। एक महात्मा ने उन्हें देखा और समझाया कि ईश्वर ने तुम्हें कोई बड़ा दायित्व सौंपने वाले हैं और इसी कार्य के लिए सुरक्षित रखा है। उनकी बात मानकर वे फिर से तैयारी में जुट गए और मिशाइल मेन बनकर दुनियां में नाम कमाया और राष्ट्रपति भी बने। इसलिए असफलता से घबराने की जरूरत नहीं है।
इस प्रतियोगिता में 101 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। इसमें जवाहर नवोदय विद्यालय के
सप्तम वर्ग के छात्र ऋषभ कुमार को प्रथम पुस्कार के रूप में 7000 रूपये का चेक दिया गया। दूसरे स्थान पर जवाहर नवोदय विद्यालय का छात्र प्रतीक आनंद को 5000 रूपये का चेक जबकि तीसरे स्थान पर रहे संत थामस विद्यालय के छात्र अभिनव वत्स को तृतीय पुरस्कार के रूप में 3000 रूपये का चेक व प्रशस्ति पत्र दिया गया। जबकि विद्यालय के निदेशक नर्मदेश्वर झा ने 21 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में अंग्रेजी की शब्दकोष दिया। कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार झा ने किया। निर्णायक के रूप में प्रदीप कुमार झा, निगम नयन, धीरज कुमार, संजीत पाल, मिथिलेश कुमार ठाकुर आदि शामिल थे। इस अवसर पर दर्जनों विद्यालय के छात्र-छात्राएं व अभिभावक व गणमान्य उपस्थित थे।
नाबालिग को भगा ले जाने वाला युवक गिरफ्तार, पीड़िता बरामद
- बसंतराय पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया
बसंतराय, संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में बसंतराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में संलिप्त आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व एक नाबालिग लड़की के घर से लापता होने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की। बाद में पता चला कि एक युवक उसे अपने साथ लेकर चला गया है। इसके बाद पीड़िता के पिता ने बसंतराय थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रामदेव वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया तथा आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पीड़िता की आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। वहीं आरोपी के विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी रामदेव वर्मा ने कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस की तत्पर कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है, जबकि स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।
मोहर्रम में डीजे पर रहेगा प्रतिबंध, रूट व समय का पालन करने का निर्देश
बसंतराय, संवाददाता। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को बसंतराय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रामदेव वर्मा ने की। इसमें पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, अखाड़ा समितियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में थाना प्रभारी रामदेव वर्मा ने सभी अखाड़ा समितियों को निर्देश दिया कि ताजिया जुलूस निर्धारित समय और पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाए। किसी भी परिस्थिति में रूट परिवर्तन अथवा अनावश्यक विलंब नहीं किया जाए, ताकि विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से केवल सत्यापित सूचनाओं पर भरोसा करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
बैठक में मोहर्रम के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूस या अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मोहर्रम जुलूस में डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी समितियों से आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व को गरिमामय ढंग से मनाने में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में सब इंस्पेक्टर विजय शर्मा, सब इंस्पेक्टर सिरिल सोरेन, बरुण यादव, कैलाश पंडित, मुखिया आलमगीर आलम, मुखिया रिंटू चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं अखाड़ा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
एनजीटी प्रतिबंध के बावजूद जारी अवैध बालू कारोबार, बसंतराय में बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
- गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, खनन अधिनियम के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
बसंतराय, संवाददाता। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के प्रतिबंध और सरकारी निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में बसंतराय थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रखंड क्षेत्र के कदमा गांव से अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे एक स्वराज ट्रैक्टर को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिना वैध चालान एवं अनुमति के बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रामदेव वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ लिया। जांच के दौरान चालक परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन को जब्त कर थाना परिसर में रखा गया।
पुलिस ने मामले की सूचना खनन एवं राजस्व विभाग को भी दे दी है। वाहन मालिक और चालक के विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
थाना प्रभारी रामदेव वर्मा ने बताया कि अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमान मरांडी ने कहा कि अवैध बालू उठाव सरकारी राजस्व के साथ-साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को भी नुकसान पहुंचाता है। प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रहा है और पुलिस व राजस्व विभाग के समन्वय से कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में रात के समय अवैध बालू परिवहन की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अवैध खनन एवं परिवहन की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।
कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से हुई नीट-यूजी 2026 परीक्षा**
- गोड्डा के तीन केंद्रों पर 1,071 में से 968 अभ्यर्थी हुए शामिल, उपायुक्त-एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
गोड्डा, संवाददाता। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (यूजी)-2026 परीक्षा रविवार को गोड्डा जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, निगरानी और परीक्षा संचालन की व्यापक व्यवस्था की थी। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय दिया गया।
परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए उपायुक्त लोकेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से जिला सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का जायजा लिया। वहीं उप विकास आयुक्त श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय केंद्र का निरीक्षण किया।
जिले में बनाए गए तीन परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,071 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 968 ने परीक्षा दी, जबकि 103 अनुपस्थित रहे। जवाहर नवोदय विद्यालय, ललमटिया में 312 में से 286, डिस्ट्रक्टि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में 519 में से 464 तथा केंद्रीय विद्यालय में 240 में से 218 अभ्यर्थी उपस्थित हुए।
सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, पहचान सत्यापन, बायोमेट्रिक उपस्थिति और एनटीए के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया। कदाचार रोकने के लिए स्टैटिक दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस बल और चिकित्सा टीम की तैनाती की गई थी। परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से की गई।
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से कदाचार, अनियमितता या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने परीक्षा के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, केंद्राधीक्षकों और कर्मियों की सराहना करते हुए अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।