देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (रांची) के महाविद्यालय एवं विद्यालय स्थापना प्रभारी शिव कुमार चौधरी ने पिछले दिन सपरिवार का बाबा मंदिर पहुंचकर रूद्राभिषेक किया। पूजा के बाद उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने एक मन्नत मांगी थी जो पूरी हुई और बाबा का पूजा करने का दोबारा सौभाग्य मिला। उन्होंने मैट्रिक-इंटर के परीक्षार्थियों को बेहतर परिणाम की शुभकामना दी। इस अवसर पर सिकामुमो छात्र संघ के सचिव सह पूर्व सीनेट सदस्य विश्वराज सिंह, हिमांशु, गोलू, दिव्यांशु एवं सूरज उपस्थित थे।
लगातार दूसरे मैच में गरजी सरिता सोरेन की बल्लेबाजी, देवघर की धमाकेदार जीत
- नाबाद 140 रन की तूफानी पारी से टीम को दिलाई 175 रन की बड़ी जीत, बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
देवघर/नगर संवाददाता। जेएससीए इंटर डिस्ट्रक्टि महिला अंडर-23 (टी20) टूर्नामेंट 2025-26 में देवघर की उभरती स्टार बल्लेबाज सरिता सोरेन ने लगातार दूसरे मैच में शतक जड़कर शानदार फॉर्म का परिचय दिया। मंगलवार को कमलकांत नरौने स्टेडियम देवघर में खेले गए मुकाबले में उनकी नाबाद 140 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत देवघर टीम ने पाकुड़ को एकतरफा अंदाज में 175 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। मैच में देवघर की कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। टीम की शुरुआत से ही बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया। सरिता सोरेन ने शुरुआत से ही पाकुड़ के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने महज 70 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 140 रन बनाए, जिसमें कई चौके और छक्के शामिल रहे। यह उनका लगातार दूसरा शतक रहा, जिससे उनकी निरंतरता और आत्मविश्वास साफ झलकता है। सरिता का साथ सोनाली कुमारी ने भी बखूबी निभाया। सोनाली ने 51 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम के स्कोर को मजबूती दी। दोनों के बीच हुई महत्वपूर्ण साझेदारी ने टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। निर्धारित 20 ओवर में देवघर की टीम ने सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर 229 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। पाकुड़ की ओर से मनीषा मरांडी ने एकमात्र विकेट हासिल किया, लेकिन बाकी गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। 229 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकुड़ की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे टीम कभी भी लक्ष्य के करीब पहुंचती नहीं दिखी। पूरी टीम 15.4 ओवर में महज 54 रन पर सिमट गई। पाकुड़ की ओर से सृष्टि हंसदा ने 34 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। देवघर की गेंदबाजी भी उतनी ही प्रभावी रही। सोनिया कुमारी ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि जयमाला कुमारी ने 3 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। गेंदबाजों के इस सामूहिक प्रदर्शन ने टीम की जीत को और भी आसान बना दिया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए सरिता सोरेन को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। उनकी बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
दिन के दूसरे मुकाबले में गिरिडीह महिला अंडर-23 टीम ने कोडरमा को 75 रनों से हराया। गिरिडीह ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 166 रन बनाए, जिसमें अंकिता चौरसिया ने 77 रन और स्नेहा यदुवंशी ने 43 रन का योगदान दिया। जवाब में कोडरमा की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 91 रन ही बना सकी। स्नेहा यदुवंशी ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए। इस मैच में अंकिता चौरसिया और स्नेहा यदुवंशी को संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व रणजी खिलाड़ी और जूनियर चयन समिति सदस्य संजीव गुप्ता ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अंपायर अजय पाठक, अमित हाजरा, स्कोरर ज्ञानरंजन, ऑब्जर्वर बाला शंकर झा, जिला क्रिकेट संघ के सचिव विजय झा सहित कई खेल प्रेमी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जबरन जमीन घेराबंदी कर मांगी रंगदारी
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत गिधनी गांव में कतिपय लोगों द्वारा जबरन जमीन घेराबंदी कर मारपीट की एवं लाखों रुपए रंगदारी की मांग करने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में गिधनी गांव थाना जसीडीह निवासी अर्जुन पंडित की पत्नी मुन्नी देवी ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर कतिपय लोगों के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने कहा कि दिनांक बारह मार्च को सुबह करीब नौ बजे अजय सिंह, विकास सिंह, सुखदेव सिंह, राम सिंह, श्याम सिंह बंटी सिंह,सोनू सिंह, अमरेश सिंह, संतोष सिंह, गुड्डू सिंह,आनन्त सिंह, दशरथ पंडित, चुन्नो देवी एवं अज्ञात पंद्रह बीस व्यक्ति ने हरवे-हथियार से लैस होकर उसका जमीन दाग नंबर 413, जमाबंदी नंबर 84 मौजा गिधनी थाना जसीडीह को हड़पने की नीयत से घेराबंदी करने लगे। जब कहा कि अभी जमीन का बंटवारा नहीं हुआ है और मामला कोर्ट में है तो अजय सिंह ग्राम गिधनी थाना जसीडीह ने जान मारने की नीयत से ससुर को माथा पर कुल्हाड़ी से मार कर घायल कर दिया। साथ ही सुखदेव सिंह ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और कहा कि 10 लाख रुपए रंगदारी दो नहीं तो जमीन छोड़ कर भाग जाओ। राम सिंह ने उसके गले से पांच भर चांदी सिकड़ी छीन लिया। अमरेश सिंह ने ससुर के पॉकेट से 3500 रुपए निकाल लिया। संतोष सिंह ने हाथ में लिए पिस्टल लहराते हुए धमकी दी। मुन्नी देवी ने आगे कहा कि दशरथ पंडित ने उक्त सभी लोगों को बुलाकर घटना को अंजाम दिया। दशरथ पंडित ने उसके देवर का ओपो मोबाइल जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। पुलिस ने मुन्नी देवी के आवेदन पर जसीडीह थाना में मामला दर्ज कर नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।
कृषि कॉलेज में दो दिवसीय कल्चरल फेस्ट का आगाज
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के बैजनडीह स्थित रवींद्रनाथ टैगोर कृषि महाविद्यालय देवघर में वार्षिक कल्चरल फेस्ट का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया जा रहा है। जिसमें अध्यनरत सभी सत्र के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में कृषि कॉलेज के एसोसिएट डीन डॉ अशोक कुमार सिंह ने फीता काट कर और दीप प्रज्वलित कर विधिवत वार्षिक फेस्ट प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कृषि कॉलेज के एसोसिएट डीन डॉ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षा के साथ कल्चरल गतिविधियों में भी भाग लेना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस आयोजन से बच्चे को एक अलग प्लेटफॉर्म मिलता है जिसमें अपने अंदर छिपे प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। फेस्ट प्रतियोगिता के पहले दिन म्यूजिक, डिबेट, फाइन आर्ट, लिटरेचर आदि आयोजित किए गए। मंच का संचालन डॉ अदिति एलिजा तिर्की और डॉ राखी महतो ने किया। तारा शंकर, सर्वेश कुमार, जय प्रकाश, अखिलानंद दुबे, राखी महतो, प्रियंका नंदी, रेमा दास, अदिति एलिजा तिर्की, चमन कुमार, सूरज माली भूपेंद्र सिंह, विष्णु आनंद, उपासना प्रिया उपस्थित थे।
सड़क दुर्घटना में महिला घायल
देवघर/संवाददाता। सारठ थाना क्षेत्र के सिमरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार महिला गंभीर रूप से हो गयी। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना के संबंध में खरवा गांव निवासी घायल शोभा देवी के पति राजन बाउरी ने बताया कि बहू का डिलीवरी हुआ है। पोता को देखने के लिए अस्पताल जा रही थी। उसी क्रम में अज्ञात वाहन ने बाइक में धक्का मार दिया जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गइ। घटना की जानकारी वैद्यनाथधाम पुलिस को दे दी गयी है।
मवि बालक में अभिभावक-शिक्षकों की हुई बैठक
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह के चकाई मोड़ के समीप राजकीयकृत मध्य विद्यालय बालक जसीडीह में मंगलवार को विद्यालय में नामांकित बच्चों के अभिभावकों एवं शिक्षकों की बैठक हुई। बैठक के दौरान कई चर्चाएं की गई। इस अवसर पर मुख्य रूप से नगर निगम देवघर के वार्ड नंबर छह की पार्षद सीमा सिंह एवं निवर्तमान वार्ड पार्षद राजन सिंह उपस्थित थे। इस दौरान बाल संसद के सदस्यों ने अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का स्वागत किया। जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापिका नीता सुनीता लकड़ा ने बैठक का मुख्य उद्देश्य से अवगत कराया। साथ ही बच्चों के नियमित उपस्थिति, परीक्षा फल परिणाम,बाल विवाह निषेध, प्रचारन कार्यक्रम,एफएलएन गतिविधी एवं निपुण भारत मिशन की उपयोगिता से अभिभावकों को परीचित कराया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालय में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों, जागरूक एवं जिम्मेदार विद्यालय प्रबंधन समिति के दो सदस्यों सती जोशी और फारूख अंसारी को मुख्य अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया। वार्ड पार्षद सिमा सिंह ने विद्यालय विकास हेतु हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। वहीं निवर्तमान वार्ड पार्षद राजन सिंह ने विद्यालय के विकास को लेकर कई सूझाव दिया।इस अवसर पर सहायक शिक्षिका एस चटर्जी, अर्चना झा, दीपा कुमारी, शिखा एवं कार्तिक पंडित सहित काफी संख्या में अभिभावक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
परीक्षा देने कॉलेज निकली आदिवासी छात्रा लापता
मधुपुर/संवाददाता। शहर के एक मोहल्ला निवासी आदिवासी छात्रा रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है । लापता छात्रा के भाई ने थाना में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। बताया कि 21 मार्च की सुबह 8 बजे उसकी बहन मधुपुर कॉलेज परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद से वह घर नहीं पहुंची। अपने स्तर काफी खोजबीन शुरू किया । इसी बीच उसे जानकारी मिली कि उसके बहन को पश्चिम बंगाल जिला वीरभूम, थाना पत्तांडंगा निवासी जो वर्तमान मधुपुर के मीना बाजार मोहल्ला में किराए मकान में रहने वाली युवती उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गई। इन लोगों को अंदेशा है कि उनकी बहन के साथ कहीं अप्रिय घटना नहीं हो जाए। घटना के बाद लापता छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
टे्रन ने कूदकर युवक ने दी जान
देवघर/संवाददाता। आसनसोल से बांका जा रहे एक युवक ने मधुपुर रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से कूदकर अपनी जान दे दी। इसके बाद रेलवे पुलिस ने शव का पंचनामा कर देवघर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई अमित कुमार हेंब्रम ने बताया कि मृतक का नाम वीरेंद्र हेंब्रम है और वह आसनसोल में प्राइवेट कंपनी में काम करता था आसनसोल से वह अपने गांव बांका आ रहा था। इसी दौरान मधुपुर के समीप संदेहास्पद परिस्थिति में उसने ट्रेन से कूदकर अपनी जान दे दी। जिसकी सूचना रेलवे पुलिस द्वारा परिजन को मिली।
पर्यटन को बढ़ावा देने को ले समन्वय बनाकर करें कार्य : उपायुक्त
- देवघर विधायक भी बैठक में हुए शामिल
- उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन समिति की हुई बैठक
- नंदन पहाड़ के सौंदर्यीकरण और ग्लास ब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने जिला स्तरीय पर्यटन एवं संवर्धन समिति के लिए गठित समिति की बैठक में अधिकारियों को पर्यटन स्थलों के विकास के लिए संचालित योजनाओं का समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देवघर जिले के अंतर्गत अविकसित एवं विकासशील पर्यटन क्षेत्रों को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु संबंधित सभी विभाग व अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें।
इसके अलावा जिला पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक में पुनासी जलाशय योजना डैम तक खोरीपानन से पुनासी डैम तक पर्यटकों के सुविधा हेतु सड़क के दोनों किनारे नौ मीटर हाईमास्ट लाइट लगाने, शिवेशर धाम शिव मंदिर पुनिसिया का जीर्णोद्धार, सारठ विधानसभा अंतर्गत सारठ, पालोजोरी एवं करमाटांड प्रखंड में पार्क का नव-निर्माण, पथरड्डा पहाड़ के सौंदर्यीकरण एवं संरचनात्मक विकास, विधायक उदय शंकर सिंह द्वारा देवघर जिलान्तर्गत सारठ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पर्यटक स्थलों सौदर्यीकरण एवं विभिन्न कार्य करने हेतु प्रस्ताव, विधायक सुरेश पासवान द्वारा देवघर जिलान्तर्गत पर्यटन विभाग अन्तर्गत कार्य कराने हेतु विभिन्न प्रस्ताव, देवघर जिलान्तर्गत विभिन्न स्थलों पर सौन्द्रर्गीकरण एवं पर्यटकीय विकास कार्य का प्रस्ताव, मोहनपुर प्रखंड भिखना पंचायत के ग्राम-तितमोह स्थित सुरंगी पहाड़ी को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसीत करने हेतु प्रस्ताव, टावर चौक के नजदीक पूर्व में सरकारी जमीन पर जननायक गुरू शिबु सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव के अलावा अजय बाराज, सिकटिया (सारठ), नाग बाबा नाथ धाम (पालोजोरी), सारठ मजार, फूलजोरी पहाड़ (पालोजोरी), बभनगामा दुबे बाबा धाम (सारठ), आराजोरी बजरंगबलीधाम (सारठ), शिव मंदिर (पालोजोरी) में बहुप्रयोजन हॉल, शौचालय, कैंटीन, पीने के पानी, पर्किंग इत्यादि की भी व्यवस्था हेतु डीपीआर तैयार कर प्रस्ताव भेजने का निदेश संबंधित अधिकारियों को दिया। इसके अतिरिक्त पथरड्डा को सी में अधिसूचित करने का प्रस्ताव, पुनासी को बी में अपग्रेड करने का प्रस्ताव, जमूनिया मे स्टेडियम निर्माण, सिहो-कान्हू प्रतिमा जीर्णोद्वार मोहनपुर प्रखंड, पालोजोरी में पार्क निर्माण का प्रस्ताव, शहीद आश्रम रोहिणी का सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव एवं नंदन पहाड़ पार्क का सौंदर्यीकरण एवं ग्लास ब्रिज हेतु प्रस्ताव विभाग भेजने का निर्देश उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिया।
बैठक में उपरोक्त के अलावा देवघर विधायक सुरेश पासवान, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उपविकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला परिषद अध्यक्षा किरण कुमारी, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, प्रतिनिधि सारठ विधायक, जिला पर्यटन पदाधिकारी, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी व सदस्य आदि उपस्थित थे।
छठ व्रतियों ने अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना
जसीडीह/संवाददाता। चैती छठ पर्व पर मंगलवार को छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि की कामना की। बुधवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद लोक आस्था के इस महापर्व का पारण होगा। प्रथम अर्घ्य को लेकर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने पूरी निष्ठा के साथ डलिया को पूजन सामग्री एवं पकवान से सजाया और छठ घाट पहुंकर अर्घ्य दिया। इस दौरान छठ व्रतियों एवं भक्तों ने सिमरिया हनुमान नगर स्थित जमुनिया तालाब, संथाली मुहल्ला स्थित बेहरा बांध, डढ़वा नदी, रोहिणी बड़का बांध सहित छठ घाटों, अपने मकान के छतों पर बनाए छठ घाट आदि स्थानों पर डूबते हुए सूर्य भगवान अर्घ्य दिया।
रंगदारी मामले में दो हिरासत में
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के मीना बाजार स्थित सब्जी मंडी से रंगदारी मांगने के मामले में दो युवक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। सूत्रों ने बताया जाता है कि दोनों युवक सब्जी मंडी में रंगदारी मांगने को लेकर हंगामा कर रहे थे। उसी क्रम में स्थानीय दुकानदारों ने इसकी सूचना नगर पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने के बाद दुकानदारों में दोनों युवक को पदकर पुलिस के हवाले कर दिया। धारा रंगदारी मामले में धाराएं युवक का नाम अमर और कारण है जबकि कुलदीप मौके से फरार हो गया। पुलिस हिरासत में लिए दोनों युवक से पूछताछ करने में जुटी है।
देवघर हवाई अड्डे के आसपास सख्त निगरानी
- एयर क्षेत्र पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में सुरक्षा व पर्यावरण संरक्षण के लिए दिए गए अहम निर्देश
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर हवाई अड्डे पर मंगलवार को एयर क्षेत्र पर्यावरण प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें हवाई अड्डे के आसपास सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त की अनुपस्थिति में अपर उपायुक्त ने की। बैठक के दौरान हवाई अड्डा निदेशक ने कहा कि हवाई अड्डे के आसपास का वातावरण सीधे तौर पर विमान संचालन की सुरक्षा से जुड़ा होता है। यदि आसपास का क्षेत्र स्वच्छ और नियंत्रित नहीं रहेगा तो इससे विमानों के संचालन पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। बैठक में अनापत्ति प्रमाण पत्र के महत्व पर विशेष रूप से चर्चा की गई। अपर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आम लोगों के बीच अनापत्ति प्रमाण पत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए होर्डिंग, बैनर और अन्य प्रचार माध्यमों का उपयोग किया जाए। हवाई अड्डा निदेशक ने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की वेबसाइट के माध्यम से कोई भी व्यक्ति प्रस्तावित भवन निर्माण के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकता है। इस माध्यम से निर्माण की अनुमत ऊंचाई का आकलन भी किया जा सकता है।
रंग आधारित क्षेत्र मानचित्र से तय होंगे निर्माण के नियम : बैठक में बताया गया कि रंग आधारित क्षेत्र मानचित्र के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। इसमें लाल क्षेत्र ऐसे स्थानों को दर्शाता है, जहां बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो भविष्य में उसके निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
बूचड़खाने और कूड़ा फैलाने पर सख्त रोक : बैठक में हवाई अड्डे के आसपास किसी भी प्रकार के बूचड़खाने के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही कूड़ा-कचरा इधर-उधर फेंकने या जमा होने से रोकने पर भी जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि कचरा और मांस के अवशेषों के कारण पक्षियों की संख्या बढ़ती है, जिससे पक्षी टकराव जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, जो विमान के लिए गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर सख्ती अपर उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि अपशिष्ट प्रबंधन को व्यवस्थित और नियंत्रित किया जाए।
सुरक्षा और पर्यावरण दोनों पर समान ध्यान : बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि हवाई अड्डे के आसपास सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वच्छता, नियंत्रित निर्माण और नियमों का पालन ही सुरक्षित विमानन का आधार है। अंत में अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता के बिना इन नियमों का पालन संभव नहीं है, इसलिए आम लोगों से भी अपील की गई कि वे नियमों का पालन करें और हवाई अड्डा क्षेत्र को सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग दें।