पाकुड़/संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को डीसी मृत्युंजय कुमार बर्णवाल ने कोल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। डीसी ने जिला स्थित कोल कंपनियों की ओर से किए जा रहे खनन कार्यों के सुचारू संचालन, चिलगो मौजा का आर एंड आर, परिवहन व्यवस्था, विधि व्यवस्था एवं अवैध खनन इत्यादि विषयों पर विस्तृत चर्चा की। डीसी ने विभिन्न कोल कंपनियों से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली। संबंधित कोल कंपनियों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते कहा कि कौशल विकास अंतर्गत जो सर्वे किया गया उसका विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द उपलब्ध करायें। मौके पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एवं कोल कंपनियों के प्रतिनिधि समेत अन्य उपस्थित थे।
ग्राम-पंचायत सहजकर्त्ता दल का तीन दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ समापन
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। ग्राम-पंचायत सहजकर्त्ता दल का तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन सोमवार को बीडीओ श्रीमान मरांडी ने किया। समापन कार्यक्रम में बीडीओ ने सभी सदस्यों को ग्रामसभा के माध्यम से वार्षिक कार्य योजना निर्माण में उनकी भूमिका एवं एसडीजी के तहत पंचायतीराज संस्थाओं के नौ व्यापक विषय के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। वहीं प्रशिक्षक मीना कुमारी ने स्वास्थ्य एवं आरोग्य में योगदान देने वाले कारक, अच्छे पोषण के लिए पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता, स्वस्थ जीने का तरीका, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच एवं सभी के लिए समान स्वास्थ्य देखभाल की व्यवस्था की जानकारी दी। साथ ही स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता, मनोरंजन और स्वास्थ्य में संबंध तथा सामाजिक सुरक्षा के उपाय के विषय पर विस्तार पूर्वक बताया गया। मौके पर केसी दास, अभिषेक गौड़ सहित सभी पंचायत सहजकर्ता दल उपस्थित थे।
ऑस्टियो-आर्थराइटिस एवं मस्कुलोस्केलेटन आयुष कैंप का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विपिनचंद्र गुप्ता के निर्देश के तहत सदर प्रखंड के
मनीरामपुर एवं हिरणपुर प्रखंड के मनीडागा पंचायत में ऑस्टियो-आर्थराइटिस एवं मस्कुलोस्केलेटन आयुष कैंप का आयोजन किया गया। पाकुड प्रखंड के मनीरामपुर कैंप में 175 एवं हिरणपुर प्रखंड के मनिडागा कैंप में 90 मरीजों की जांच करके मुफ्त दवा दी गयी। इस कैंप में पुराने जोड़ों का दर्द, घुटनों का दर्द, गठिया, कमर का दर्द, पैर में दर्द, पुराना चोट, पैर में सुन्नापन, युरिक एसिड आदि मरीजों का स्क्रीनिंग एवं मॉनिटरिंग करके उपचार एवं खानपान के बारे में बताया गया। योग प्रशिक्षक प्रसेनजीत राजवंशी एवं विशाल कुमार ने जोड़ों से संबंधित मरीजों को योगाभ्यास एवं जागरूक किया। इस कैंप में आयुष पदाधिकारी डॉ. आबू तालिब, डॉ. कलेश कुमार, डॉ. सोहराब विश्वास, जिला परिषद सदस्य हनजेला, पंचायत समिति सदस्य शेख साईफुदीन समेत विभाग के कर्मी मौजूद थे।
स्टार एलुमिनाई कनेक्ट कार्यक्रम और प्लेसमेंट ड्राइव का किया गया आयोजन
-मीट कार्यक्रम में विभिन्न कंपनियों के प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों की ली गयी भर्ती
हिरणपुर/संवाददाता। मोहनपुर स्थित झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी निष्ठा की ओर से सोमवार को स्टार एलुमिनाई कनेक्ट कार्यक्रम और प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रम अधीक्षक रमेश कुमार सिंह और यूएनडीपी परियोजना सहायक प्रवीण कुमार सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सरकार की ओर से चलाए जा रहे कौशल प्रशिक्षण व इसके माध्यम से छात्रों के जीवन में आए बदलाव पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त संगीता हांसदा, एंजेला हेम्ब्रम, सोना सोरेन को स्टार एलुमिनाई का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष से सेलिब्रेटी फैशन डिजाइनिंग तमिलनाडु में कार्य कर रहे हैं। पूर्व में बेरोजगारी की हालत से गुजर रहे थे। इस केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार करने का अवसर मिला। जिससे घर की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। उधर इस इस मीट कार्यक्रम में विभिन्न कंपनियों के प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों को भर्ती लिया गया। इस मीट में 242 युवक-युवतियों ने भाग लिया। जिसमें ब्लू जर्सी गारमेंट्स में 16 युवती, ईस्ट मैन ग्रुप में 16 युवतियों का चयन किया गया। श्रम अधीक्षक ने उपस्थित छात्रों को कहा कि कौशल विकास केंद्र की ओर से बेरोजगार युवक- युवतियों को विभिन्न उद्यमों की नि:शुल्क प्रशिक्षण दी जा रही है। वहीं प्रशिक्षण के उपरांत रोजगार से भी जोड़ा जा रहा है। इसका सार्थक परिणाम भी सामने आ रहा है। इस मौके पर केंद्र संचालक नवल किशोर ठाकुर, यूएनडीपी पूजा कुमारी आदि उपस्थित थे।
फाइनल मुकाबला में पेनल्टी शूट आउट से जय मां काली टीम ने इकरीबगान टीम को दो गोल से किया पराजित
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड के लालडंगा-पथरघट्टा में मेरलेच बाहा वादली क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल खेल का फाइनल मैच खेला गया। उक्त खेल में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक सह भाजपा नेता मिस्त्री सोरेन एवं भाजपा महेशपुर मंडल अध्यक्ष साधन कुमार ठाकुर उपस्थित थे। उपस्थित अतिथियों का आदिवासी रीति-रिवाज के साथ जोरदार स्वागत हुआ। खेल का फाइनल मुकाबला अमृतपुर जय मां काली टीम एवं इकरीबगान टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूट आउट में जय मां काली टीम ने दो गोल से इकरीबगान टीम को पराजित कर फाइनल मुकाबला जीत लिया। विजेता टीम को मिस्त्री शौर्य ने 25 हजार रुपये एवं उपविजेता टीम को साधन ठाकुर ने 20 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। साथ ही सेमीफाइनल में पहुंची दो टीम एफसी अदीप स्टार एवं एलइजीसी मुर्गाडांगा टीम को पांच-पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। खेल के सफल आयोजन में क्लब के अध्यक्ष सालखान हांसदा, सचिव राजू हेम्ब्रम, कोषाध्यक्ष देवीलाल हेम्ब्रम ने अहम भूमिका निभायी। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष आशीष सिंह, बापी मंडल, ग्राम प्रधान नोयेस किस्कू, मुखिया रोज मेरी मुर्मू, एलोन सोरेन के अलावा अन्य ने अहम भूमिका निभायी।
दुष्कर्म करने कीनीयत से छात्रा के साथ छेड़खानी
-पुलिस ने की दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी
महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा आठवीं की 13 वर्षीय छात्रा के साथ दो लोगों ने एकमत होकर दुष्कर्म करने कीनीयत से छेड़खानी की। घटना को लेकर पीड़ित छात्रा की मां ने थाना में क्षेत्र के दोतई गांव निवासी नामजद आरोपी कायेल सोरेन और रजनीश मुर्मू के खिलाफ केस दर्ज करायी है। पीड़िता छात्रा की मां ने आवेदन में उल्लेख किया है कि उसकी पुत्री उर्सु लाइन मध्य विद्यालय चंद्रपुरा की नियमित छात्रा है। बीते 21 फरवरी की दोपहर विद्यालय में छुट्टी होने के बाद वह पैदल घर आ रही थी। इसी दौरान दोतई बहियार के पास पहले से घात लगा कर बैठे नामजद आरोपी कायेल सोरेन एवं रजनीश मुर्मू झाड़ी के अंदर से निकल कर अचानक उसकी पुत्री को दुष्कर्म करने की नीयत से पकड़ लिया। और जबरन छेड़खानी करते हुए झाड़ी के अंदर ले जाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान किसी तरह वह दोनों के चंगुल से जान बचाकर भागने में कामयाब हुई। घर जाकर पीड़ित छात्रा ने घटना के बारे में अपने मां को बताई। आवेदन में उल्लेख किया है कि पीड़ित छात्रा का पिता घर पर नहीं रहने के कारण थाना में आवेदन देने में विलंब हुआ है। वहीं घटना को लेकर कांड के अनुसंधानकर्ता दिनेश सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार सुबह दोनों आरोपियों का स्वास्थ्य परीक्षण करा कर जेल भेज दिया।
न्याय मार्च पद यात्रा निकाल कर झामुमो ने लोगों को पूर्व मुख्यमंत्री को साजिश के तहत फंसाने की दी जानकारी
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। झामुमो प्रखंड कमेटी की ओर से सोमवार को लिट्टीपाड़ा साप्ताहिक हाट में न्याय मार्च पद यात्रा निकाल कर लोगों को पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को साजिश के तहत फंसाने की जानकारी दी। न्याय यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष श्याम यादव, सचिव सुलेमान बास्की उपस्थित थे। यात्रा में जिला अध्यक्ष ने कहा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को साजिश के तहत जेल में डाले जाने को लेकर न्याय मार्च पद यात्रा कर लोगों के बीच जानकारी दी जा रही है। उन्होंने लोगों को आने वाले लोकसभा चुनाव में इसका जवाब देने की अपील की। कहा भाजपा केंद्रीय एजेंसी का दुरुपयोग कर गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों को प्रताड़ित करने का काम कर रही है। वहीं जिला सचिव सुलेमान बास्की ने कहा भाजपा दमनकारी नीति का जवाब आने वाले चुनाव में जनता देगी। उन्होंने कहा जब तक हेमंत सोरेन को जेल से रिहा नहीं किया जाएगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से आंदोलन के लिए कदम से कदम मिलाकर चलने की अपील की। पद यात्रा में शामिल प्रखंड सचिव जावेद आलम, बाबूजी हेंब्रम, अलीम अंसारी, सगीर अहमद, मदन मालतो के अलावा दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे।
25 मत्स्य पालक किसान पांच दिवसीय प्रशिक्षण में लेंगे भाग
पाकुड़/संवाददाता। आत्मा की ओर से सोमवार देर शाम 25 मत्स्य पालक किसानों का चयन कर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, केन्द्रीय अन्तर्स्थलीय मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान सिफरी बैरकपुर कोलकाता में पांच दिवसीय प्रशिक्षण के लिए भेजा गया। सभी किसान 27 फरवरी से 02 मार्च तक संस्थान में रहकर उन्नत मछली उत्पादन के तकनीक सीखेंगें। सभी किसानों का चयन जिला मत्स्य पदाधिकारी ने की है। टीम लीडर के रूप में आत्मा के एटीएम शांतनु कुमार शील को किसान के साथ भेजा गया है।
घनी आबादी क्षेत्र से हाइवा के परिचालन पर रोक लगाने की मांग
पाकुड़/ संवाददाता। शहर के बलियाडंगा से गुजरी सड़क होते हुए इन दिनों हाइवा का परिचालन केकेएम कॉलेज रोड होते हुए कुड़ापाड़ा से पाकुड़ बरहरवा रोड की ओर किया जा रहा है। सोमवार को कुड़ापाड़ा के स्थानीय ग्रामीणों ने अटल क्लीनिक के पास हाइवा के परिचालन को लेकर विरोध दर्ज किया है। मौके पर मौजूद दर्जनों लोगों ने हाइवे का परिचालन रोकते हुए उक्त सड़क से हाइवा नहीं ले जाने की अपील की। मौके पर मौजूद दर्जनों लोगों ने कहा कि घनी आबादी रहने के कारण हाइवा के परिचालन को लेकर परेशानी हो रही है। समय की बचत को लेकर कई हाइवा चालक उक्त सड़क से होते हुए परिचालन कर रहे हैं। लोगों ने कहा कि हाइवा के परिचालन से परेशानी हो रही है। कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कड़ी कार्रवाई की जाए।
जिला स्थापना समिति की बैठक में तीन लिपिकों की हुई सेवा संपुष्टि
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मृत्युंजय कुमार बर्णवाल की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति की बैठक हुई। विचारोपरांत तीन वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके 03 लिपिक कीसेवा संपुष्टि की गई। समाहरणालय संवर्ग के 16 अनुसेवक एवं 01 राजस्व उपनिरीक्षक को प्रथम एमएसीपी की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही समाहरणालय संवर्ग के 16 लिपिक एवं 02 अनुसेवक को द्वितीय एमएसीपी की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं निबंधन विभाग के 02 अनुसेवक को प्रथम एमएसीपी एवं 01 लिपिक को द्वितीय एमएसीपी की स्वीकृति प्रदान की गई।