कांवरियों को ले जा रही तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को मारी जोरदार टक्कर
-हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
देवघर/संवाददाता। मोहनपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया पुल के समीप एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये। हादसे के बाद आरोपी कार चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना को लेकर मतवारा निवासी बेचन तांती ने मोहनपुर थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज करायी है।
जानकारी के अनुसार 17 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे बेचन तांती के भतीजे सुमेश्वर तांती और उनके दामाद प्रदीप तांती एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोहनपुर से अपने घर मतवारा लौट रहे थे। जब वे डुमरिया पुल के थोड़ा आगे पहुंचे, तो देवघर की तरफ से पूजा कर वापस लौट रहे कांवरियों की एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक चला रहे सुमेश्वर तांती के दोनों पैरों, सिर, मुंह और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि प्रदीप तांती के सिर और पैर सहित पूरे शरीर में अंदरूनी चोटें लगी हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी, जिनकी मदद से दोनों घायलों को तुरंत कुंडा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
वाहन में सो रहे चालक से मोबाइल और हजारों रुपये चोरी
-सुबह नींद खुलने पर चोरी का चला पता, पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान के लिए जांच में जुटी
देवघर/संवाददाता। देवघर शहर के मुख्य और व्यस्त इलाके मंदिर मोड़ के पास सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। वाहन में सो रहे एक चालक की जेब से नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया। इस संबंध में पीड़ित चालक राजेश सोरेन ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है। बिहार के जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांझीकुसुम गांव के रहने वाले राजेश सोरेन वर्तमान में देवघर के गांधी नगर में रहकर ड्राइविंग का काम करते हैं। घटना 22 अगस्त 2026 की सुबह करीब तीन बजे की है।
राजेश अपनी गाड़ी संख्या जेएच 11 एके-8282 को मंदिर मोड़ के पास खड़ी कर उसमें सो रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात शातिर चोर ने चुपके से उनका रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन और उनकी पैंट की जेब में रखे 46,800 रुपये नकद चुरा लिये। चालक को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। जब सुबह करीब चार बजे उनकी आंख खुली और उन्होंने फोन तलाशना चाहा, तो वह गायब मिला। इसके बाद जेब टटोलने पर नकदी गायब होने की बात सामने आयी। पीड़ित ने आशंका जतायी है कि किसी सुनियोजित तरीके से उनकी रेकी कर इस चोरी को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
बीएड सेमेस्टर-2 की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 195 छात्राएं हुईं शामिल
रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय में आयोजित हुई ‘लर्निंग एंड टीचिंग’ की परीक्षा
देवघर / नगर संवाददाता। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका द्वारा आयोजित बीएड सेमेस्टर-2 परीक्षा (सत्र 2025-27) के तहत शनिवार को रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय में परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ‘लर्निंग एंड टीचिंग’ (टीसी-201) विषय की परीक्षा आयोजित की गयी।
राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. प्रकाश चन्द्र दास ने जानकारी दी कि इस केंद्र पर कुल 199 छात्राओं के लिए परीक्षा निर्धारित थी, जिसमें से 195 छात्राएं उपस्थित रहीं जबकि 4 छात्राएं अनुपस्थित पायी गयीं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए महाविद्यालय प्रशासन द्वारा पहले ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार 18 अगस्त से शुरू हुई यह परीक्षा 25 अगस्त तक चलेगी। आगामी 25 अगस्त को प्रथम पाली में ‘असेसमेंट ऑफ लर्निंग’ विषय की अंतिम परीक्षा होगी, जिसे लेकर महाविद्यालय प्रशासन ने परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने की अपील की है।
सड़क किनारे अचेत मिले बिहार के बीडीओ का निधन
-महापौर रवि कुमार राउत ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात और जताया शोक
देवघर / नगर संवाददाता। देवघर शहर के भुरभुरा मोड़ एवं बमबम बाबा कुटिया के समीप शुक्रवार की रात सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिले एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यह जानकारी सामने आई कि मृतक बिहार के एक प्रखंड विकास पदाधिकारी थे। इस आकस्मिक निधन से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
शुक्रवार रात देवघर नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत को सड़क किनारे किसी व्यक्ति के अचेत पड़े होने और मुंह से झाग निकलने की सूचना मिली थी। महापौर ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस भेजकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया था। शनिवार को अधिकारी के निधन की पुष्टि होने पर महापौर अंत्यपरीक्षण गृह पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत आत्मा के अंतिम दर्शन किए और शोकाकुल परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान पार्षद मृत्युंजय कुमार राउत और राजद नेता भूतनाथ यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।