बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण संथाल परगना के डेमोग्राफी में आया बदलाव: गोपाल शर्मा
सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है जनजातीय समाज: इंग्लिश मरांडी
दुमका/निज संवाददाता। दुधानी के नेशनल स्कूल खेल मैदान में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर सकल हिंदू समाज द्वारा हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा, स्वामी आत्मानंद पूरी, इंग्लिश मरांडी और अंजना भुवानियां ने किया। सम्मेलन में गोपाल शर्मा ने हिंदू समाज की एकजुटता पर बल देते हुए जातीय विभाजन से बचने, सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाने और सामाजिक समरसता, स्वदेशी आचरण, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक कर्तव्यों के पालन की अपील की। उन्होंने संथाल परगना की जनसंख्या संरचना में बदलाव और सामाजिक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए समाज को सजग रहने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज को जाति-जाति में विभाजित करने की साजिश निरंतर की जा रही है; जिससे बचने की आवश्यकता है। जब किसी भी जाति के लोग जगन्नाथपुरी मन्दिर या अयोध्या में प्रभु श्री राम के दर्शनार्थ जाते हैं तो किसी से जाति नहीं पूछी जाती है। सनातन संस्कृति उत्कृष्ट व उत्तम है। हिंदू धर्म संस्कृति से आबद्ध है। हम भारतवासियों के लिए संस्कृति परायण जीवन पद्धति को अपनाना परम कर्तव्य है। हमलोग वसुधैव कुटुंबकम् की मान्यताओं में विश्वास करते हैं। भारतीय मान्यता है सर्वे भवन्तु सुखिन: की। सभी हिन्दू भाई-भाई हैं। ऐसे भाव के साथ हिंदू शक्ति को एकजुट होने की आवश्यकता है। गोपाल शर्मा ने कहा कि संथाल परगना में डेमोग्राफी को बदलाव आया है। बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण ऐसा हुआ है। लव जिहाद की जद में हिन्दू समाज को विधर्मी समाज के लोग लाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे साजिशकर्ताओं से समाज को बचाने की आवश्यकता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंच-प्रण की चर्चा करते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी आचरण,पर्यावरण संरक्षणऔर नागरिक कर्तव्य के मान बिन्दुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय संस्कृति में शास्त्र और धर्म के रक्षार्थ शस्त्र दोनों को धारण करने की मान्यता रही है। स्वामी आत्मानंद पूरी ने वैदिक परंपरा, सदाचार और पारिवारिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया। स्वामी आत्मानंद पूरी ने वैदिक परम्परा के अनुरूप सद आचरण के व्यवहार को आत्मसात करने के लिए हिंदू समाज के लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परिवार में आपसी विवाद से परिवार टूट रहा है। ऐसे में रामायण, महाभारत जैसे महाकाव्य के दृष्टांत को देख-सुनकर लोगों में कैसा आचरण होना चाहिए यह सीखा जा सकता है। भागवत गीता के श्रवण से हिंदू समाज को सीख लेने की जरूरत है। इंग्लिश मरांडी ने जनजातीय समाज को सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बताते हुए प्रकृति पूजा की परंपरा को संरक्षित रखने का आ”ान किया। उन्हांेंने कहा कि प्रभु श्री राम चाहते तो अयोध्या से विशाल सेना मंगाकर अन्याय के विरुद्ध लड़ाई कर सकते थे लेकिन उन्होंने जनजातीय वनवासियों के साथ मिलकर धर्म पताका को फहराया। आदिवासी प्रकृति पूजक हैं। हिंदू धर्म में प्रकृति की पूजा होती है। पीपल, बरगद, शाल वृक्ष और तुलसी की पूजा पुरातन काल से होती आई है। हमें अपनी परंपरा को संजोए रखने की आवश्यकता है। सूर्य की उपासना सभी करते हैं। उन्होंने समस्त हिंदुओं को एकजुट रहने के लिए प्रेरित किया। अंजना भुवानियां ने नारी शक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए परिवार और समाज को मजबूत बनाने में उनकी भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हिन्दू मान्यता के अनुसार यत्र नार्यस्तु पूज्यंते, रमंते तत्र देवता का भाव है। उन्होंने नारी शक्ति से अनुरोध किया कि परिवार को संजोए रखने में उनकी सबसे महत्वपूर्ण भागीदारी है। अत: वे सकारात्मक तरीके से समाज की एकजुटता में योगदान दें। कार्यक्रम का संचालन कृष्णम भुवानियां और डॉ संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
रामगढ़ में भी हिंदू सम्मेलन, एकता और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश
रामगढ़/निज संवाददाता। रामगढ़ प्रखंड के गंगवारा पंचायत स्थित सूड़ीगम्हरिया गांव में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस पर विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर तिलक, पुष्प अर्पित कर आरती और जयकारों के साथ हुई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला संघचालक गणेश ने संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने को गौरवपूर्ण बताते हुए सनातन परंपरा में प्रकृति, नारी और नदियों के सम्मान की विशेषता पर प्रकाश डाला तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता बताई। वक्ताओं ने समाज से जाति-पाति से ऊपर उठकर एकजुट होने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और भारतीय संस्कृति व आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ने का आ”ान किया। कार्यक्रम में गोरचंद्र मंडल, लखन मंडल आदि उपस्थित थे।
खराब पड़े चापाकल और सोलर टंकी
25 साल बाद भी पानी को तरसे खड़ीबाड़ी के 50 परिवार
एक किमी दूरी से लाना पड़ रहा है झरना व कुएं का पानी
गोपीकांदर/निज संवाददाता। राज्य गठन के ढाई दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद गोपीकांदर प्रखंड के खड़ीबाड़ी गांव के पहाड़िया टोला में पेयजल संकट गहराया हुआ है, जहां करीब 50 आदिवासी परिवार शुद्ध पानी के लिए जूझ रहे हैं। रमेश देहरी बताते हैं कि टोला में लगे 5 चापाकल पिछले 1 से 2 वर्षों से खराब हैं, जबकि 2 सोलर जल टंकियों में से एक पूरी तरह बंद है और दूसरी भी ठीक से काम नहीं कर रही है, जिससे लोगों को लगभग 1 किलोमीटर दूर झरना और कुएं का दूषित पानी लाना पड़ रहा है। गंदा पानी पीने से सर्दी-खांसी जैसी बीमारियां फैल रही हैं और पथरीले रास्ते से पानी लाने में दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि 2 महीने पहले प्रखंड कार्यालय में आवेदन देने के बाद मिस्त्री गांव भी आए थे, बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने सरकार एवं प्रशासन से मांग की है कि अविलंब सोलर टंकी एवं चापाकलों की मरम्मत कराई जाए तथा आंगनबाड़ी केंद्र में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर राजेश कुंवर, दुर्गी महारानी, सुकली महारानी, लीलावती महारानी, रूपी महारानी, शांति महारानी, फुलमुनी महारानी, प्रिया कुमारी, रामजीत देहरी, लाखिंदर देहरी, अर्जुन देहरी आदि उपस्थित थे।
आंगनबाड़ी केन्द्र में लगा दिया खाली टंकी व नल
गोपीकांदर। पहाड़िया टोला में 6 लाख 63 हजार की लागत से बनाये गये आंगनबाड़ी केंद्र में भी पानी की व्यवस्था नहीं है। आंगनबाड़ी केन्द्र में पानी की टंकी एवं नल लगाया गया है, लेकिन टंकी तक पानी पहुंचने के लिए कोई बोरिंग नहीं की गयी और न ही टंकी में पानी पहुंचाने के लिए पाईप लगाया गया। यानि टंकी में पानी पहुंचाने की व्यवस्था की ही नहीं गयी पर उससे पाईप लगाकर नल लगा दिया गया। आंगनबाड़ी केन्द्र के पास एक चापाकल है तो वह भी खराब पड़ा हुआ है। इस कारण बच्चे बोतल में पानी लेकर आंगनबाड़ी केन्द्र जाते हैं।
यूजीसी एक्ट काला कानून, जल्द वापस हो
सवर्ण सेना साहिबगंज की बैठक में धरना-प्रदर्शन का निर्णय
साहिबगंज। संवाददाता। यूजीसी एक्ट के विरोध में साहिबगंज सवर्ण सेना ने रविवार को वार्ड संख्या 26, जिरवाबाड़ी, छोटा पचगढ़ में बैठक की। अध्यक्षता विरेंद्र झा ने की। बैठक में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की वर्तमान भाजपा की सरकार ने पूरे देश में सामाजिक अंतर विरोध की स्थिति पैदा कर दिया है। सामाजिक समरसता प्रेम भाव के ऊपर भीषण संकट उत्पन्न हो गया है। केंद्र सरकार अपने वोट बैंक की खातिर पूरे भारत के सवर्ण समाज के बच्चों के वर्तमान एवं भविष्य के साथ कुठाराघात यूजीसी एक्ट लाने का प्रयास कर रही है। जिसका व्यापक विरोध किया जाएगा। आने वाले लोक सभा चुनाव एवं विधान सभा निर्वाचन में भी सवर्ण जाति भाजपा सरकार के विरोध में अपना मत का प्रयोग करेंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि सवर्ण सेना साहिबगंज 13 अप्रैल को जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल एवं प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा सौंपेगी। मौके पर जिला संयोजक डब्लू ओझा, अंकित पांडे, प्रो सुबोध कुमार झा, सेवानिवृत शिक्षक जंग बहादुर ओझा, परमानंद झा, राम इकबाल सिंह, अजीत झा, अनमोल झा, मनोज दुबे, अधिवक्ता गौतम सिंह, बच्चन पाठक, राजेश वर्मा, रविंद्र झा, निशिकांत झा, परमानंद झा, आचार्य जय किशोर झा, सुमन झा, चंदन झा, अनिल सिंह, संजय तिवारी सहित अन्य थे।
बाबा चुटोनाथ धाम में जलमीनार फिर चालू
जामा/निज संवाददाता। जामा प्रखंड के ग्रामगादी चुटों स्थित बाबा चुटोनाथ धाम में खराब पड़ा जलमीनार फिर से चालू कर दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को पेयजल की बड़ी राहत मिली है। बताया गया कि विधायक डॉ लुईस मरांडी द्वारा पिछले वर्ष चड़क पूजा के दौरान डीप बोरिंग और जलमीनार का निर्माण कराया गया था, लेकिन पिछले 3 महीनों से कंट्रोलर खराब होने के कारण जलापूर्ति बाधित थी। नव युवक समिति के अध्यक्ष संजय राय के नेतृत्व में नया कंट्रोलर लगाकर जलमीनार को पुन: चालू किया गया। इस कार्य में स्थानीय निवासी निर्मल राय एवं जामताड़ा के अजय कुमार सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।
झारखंड दलित समाज की बैठक में संगठन विस्तार, सुमित और प्रदीप बने प्रखंड अध्यक्ष
शिकारीपाड़ा/निज संवाददाता। गंधर्कपुर गांव में रविवार को झारखंड दलित समाज की बैठक आयोजित हुई, जिसमें शिकारीपाड़ा और दुमका प्रखंड के ग्रामीणों की भागीदारी रही। बैठक की अध्यक्षता नंदलाल मिर्धा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष रंजीत तूरी एवं डॉ सत्यम मेहरा उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर दिया गया। इस दौरान संगठन विस्तार करते हुए सुमित कुमार मिर्धा को शिकारीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष और प्रदीप मिर्धा को दुमका प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। मौके पर दीपक बाउरी, हरीश दास, महादेव मिर्धा, सुरेंद्र मिर्धा, राजकुमार मिर्धा आदि उपस्थित थे।
आंधी में 3 बिजली पोल गिरे, 12 गांवों में 48 घंटे से ब्लैकआउट
गोपीकांदर/निज संवाददाता। तेज आंधी और बारिश के कारण गोपीकांदर के 4 नंबर फीडर की मेन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे 3 बिजली पोल गिर गए और तार टूटकर नीचे गिरने से एक दर्जन से अधिक गांवों में पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। शनिवार को धावाडंगाल गांव के पास हुई इस घटना के बाद धावाडंगाल, मुड़ासोल, अमरपानी, कोलाजोड़ा, डुमरिया, भालकी, घोघाजोड़, पीपीरजोडिया, पिंडरगड़िया, बेंगडोभा, बड़ाबथान और छोटा बथान सहित कई गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बिजली गुल रहने से छात्रों की पढ़ाई और दैनिक कामकाज प्रभावित हो गया है तथा मोबाइल चार्जिंग और पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को सूचना देने के बावजूद रविवार शाम तक बहाली की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
शॉर्ट बाउंड्री क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ
बोरियो। संवाददाता। मदरसा नूरुल हुदा मैदान में बोरियो प्रीमियम लीग शॉर्ट बाउंड्री क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि थाना प्रभारी रोहित कुमार ने फीता काटकर किया। इस प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर अध्यक्ष अजीजउर रहमान एवं सचिव शाहिद अंसारी ने बताया कि कुल 16 टीमों ने भाग लिया है। उद्घाटन मैच बोरियो एवं खेरवा टीम के बीच खेला गया। जिसमें बोरियो टीम ने जीत हासिल की। मौके पर झामुमो नेता गफ्फार अंसारी, रिजवान अंसारी, शकील अहमद, फरहाद अंसारी, मुजफ्फर अंसारी, मंजूर आलम, संतोष कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
एक दिवसीय डे नाइट बॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन
बोरियो। संवाददाता। बोरियो प्रखंड परिसर स्थित मैदान में रविवार को एक दिवसीय डे नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट खेला गया। उद्घाटन बीडीओ नागेश्वर साव, थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष स्टीफन मुर्मू एवं पूर्व प्रमुख मंडल मरांडी ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया गया। उद्घाटन मैच भावनाथपुर बनाम बड़ा बांसडीहा के बीच खेला गया। जिसमें भवनाथपुर ने बड़ा बांसडीहा एवं भागलपुर बनाम सकरीगली के बीच हुए मुकाबले में भागलपुर ने सकरीगली को शिकस्त दी। मौके पर टूर्नामेंट के मुख्य प्रबंधक सुनील साह, रेफरी बीरेंद्र कुमार, स्कोरर बमबम कुमार, कुमार श्वेत, रवि कुमार साह, क्लब के संयुक्त सचिव रवि पासवान, जयकांत भगत, मिठू दत्ता, निताई मंडल, रामचंद्र साह, सूरज सुधानंद, संतोष भगत, कैश अंसारी, अंकित कुमार सहित अन्य थे।
मसानजोड़ डैम में उमड़ी पर्यटकों की भीड़
मसानजोड़/निज संवाददाता। पर्यटक स्थल मसानजोड़ में रविवार ईद के अवसर पर पर्यटकों की अपार भीड़ उमड़ी थी। यहां पर्यटक झारखंड, बिहार एवं पं0बंगाल के पर्यटक पहुंचे थे।सभी पर्यटकों ने बाटिंग, एवं पहाड़ों जम कर लुप्त उठाया मसानजोड़ महामाया होटल में भी भोजन के लिए अपार भीड़ उमड़ी थी। अपार भीड़ को देखते हुए मसानजोड़ थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने दुमका सिउड़ी मुख्य पथ के बागनल में भारी वाहनों के लिए नो एंट्री लगा दिया है। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया है कि अपार भीड़ को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर नो एंट्री लगाया गया है ताकि कोई दुर्घटना ना हो सभी लोग सुरक्षित पर्यटक स्थल का लुप्त उठा सके। बागनल से पहरूडीह तक भारी वाहनों की कतार लगी थी।
पाथरा आश्रम में एडीसीए परीक्षा में 48 परीक्षार्थी हुए शामिल
रानेश्वर/निज संवाददाता। भारत सेवाश्रम संघ संचालित स्वामी प्रणवानंद आश्रम विद्यालय पाथरा में जातीय कंप्यूटर साक्षरता मिशन के तहत एडीसीए कोर्स की वार्षिक परीक्षा रविवार को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें कुल 48 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। परीक्षा पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 12रू:30 बजे तक 90 मिनट की अवधि में आयोजित की गई। केंद्र प्रभारी ईश्वर पाल के निर्देशन में परीक्षा केंद्र पर अनुशासन और पारदर्शिता के साथ सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा संचालन में पार्थ राउत, राजकुमार राउत, बोध बोदरा एवं प्रणव भक्त सहित अन्य शिक्षकों का योगदान रहा। संस्थान प्रबंधन ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वारदात की साजिश नाकाम, दो हथियारबंद नाबालिग गिरफ्तार
बासुकीनाथ/निज संवाददाता। जरमुंडी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खुर्द बेलगुम्मा स्थित रिंग रोड के यात्री शेड से आपराधिक वारदात की योजना बना रहे दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शनिवार रात सब इंस्पेक्टर सुमित कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खाली मैगजीन बरामद की गई। पूछताछ में दोनों की पहचान इंद्रजीत कुमार उर्फ गुड्डू और सत्यम कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
विश्व जल दिवस पर महिलाओं को जल संरक्षण का संदेश
जामा/निज संवाददाता। जामा प्रखंड के सरसाबाद पंचायत अंतर्गत माठाचक गांव में रविवार को जलसहिया पिंकी गुप्ता के नेतृत्व में महिलाओं ने विश्व जल दिवस मनाते हुए जल संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पिंकी गुप्ता ने बताया कि 22 मार्च को मनाए जाने वाले इस दिवस का उद्देश्य मीठे पानी के महत्व को रेखांकित करना और वर्ष 2030 तक सुरक्षित जल एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लक्ष्य के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जल संकट, भूजल संरक्षण और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर ध्यान देना समय की मांग है और सभी को पानी के संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में प्रमिला कुमारी, ऊषा किस्कू, सरोदी मुर्मू, संतोषशीला मरांडी, सन्नी किस्कू आदि उपस्थित थीं।