पूजा कर बाबा से की देश की सुख-समृद्धि की कामना
- माथे पर चंदन और गुलाबी धोती पहन राहुल ने की पूजा
देवघर/वरीय संवाददाता। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत शनिवार को देवघर पहुंचे। देवघर के बाबा मंदिर में राहुल गांधी ने शिवलिंग पर जलार्पण किया और पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की।
राहुल गांधी अपने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कड़ी सुरक्षा के बीच देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की। पूजा के दौरान राहुल गांधी ने गहरे गुलाबी रंग की धोती पहन रखी थी। इसके अलावा उन्होंने कंधे पर अंगोछा भी रखा था। पूजा के दौरान उनके ललाट पर चंदन का लेप लगा हुआ था। श्रीनाथ पंडित लंबोदर परिहस्त एवं सुनील तनपुरिया ने उन्हें संकल्प कराकर पूजा कराया।
राहुल की मौजूदगी में लगे मोदी-मोदी के नारे : राहुल गांधी जब देवघर मंदिर में पूजा करने पहुंचे, इस दौरान कुछ लोगों ने वहां मोदी-मोदी और जय श्री राम के नारे लगाए।
राहुल गांधी के देवघर मंदिर जाने पर कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा’ आज राहुल गांधी जी ने झारखंड के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथधाम में रुद्राभिषेक कर देश की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की’ वहीं राहुल गांधी ने एक फोटो ट्विट करते हुे उसपर ‘ऊं नम: शिवाय’ लिखा।