नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड क्षेत्र के दलाबड़ पंचायत अन्तर्गत सुड़ियापानी गांव में सूर्याहु महापर्व पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। पूर्ण निष्ठा एवं अनुशासन के नाम से विख्यात भगवान के इस त्योहार को मनाते हुए श्रद्धालु और आमजनों में भी उत्साह देखा गया। सभी पूर्ण समर्पण भाव से पूजन का दर्शन करते हुए भक्तिभाव से नमन वंदन किया। जानकारी हो कि एक महीना पहले से ही इस धार्मिक अनुष्ठान की तैयारी में जुटे ग्रामीण बिल्कुल शाकाहारी और निर्धारित नियम का पालन करने में लगे थे। भगवान भास्कर को समर्पित सूर्याहु पर्व में व्रती सहित परिजन तीन दिनों से आस्था के साथ जुटे थे। शनिवार को व्रतियों ने संध्या में सूर्य भगवान की आराधना किया एवं नियम पूर्वक खरना पूजा को निष्ठा पूर्वक संपन्न किया। कुल पुरोहित रविन्द्र नाथ झा के सानिध्य में इस महापर्व के कर्मकांड को वैदिक रीति रिवाज से पूरा किया गया। सूर्याहु पूजा में छठ की तरह खरना का भी बहुत बड़ा महत्व है। इस दिन सूर्याहु का विधिवत महाप्रसाद भगवान भास्कर को व्रतियों ने समर्पित किया तथा महाप्रसाद को श्रद्धालुओं के बीच वितरण किया गया। वहीं त्योहार के अंतिम दिन रविवार को व्रती अपने परिजनों के साथ तालाब व घर के आंगन में अहले सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्य समर्पित कर पारंपरिक तरीके से लोगों ने मन्नते मांगे। मौके पर पुरोहित ने कहा कि सूर्याहु पूजा करने से आत्म शक्ति मिलती है तथा परिवार का चहुंमुखी विकास होता है। मौके पर काजल पाल, उज्जवल पाल, नेपाल पाल, बरुण पाल, भीम पाल, बलराम पाल, उत्तम पाल सहित अन्य मौजूद थे।
11 वर्ष के बाद भी भूमि अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिलने पर ग्रामीण करेंगे चुनाव का बहिष्कार
जामताड़ा लहरजोरी सड़क निर्माण को लेकर कालाझरिया गांव की जमीन अधिग्रहण व भवन का मुआवजा नहीं मिलने का मामला
करमाटांड़। संवाददाता। ग्याहर वर्षों में भी नहीं मिला जामताड़ा लहरजोड़ी मुख्य सड़क भूमि अधिग्रहण का मुआवजा। लाभुकों ने भूमि अधिग्रहण मुआवजा नहीं मिलने से आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार करने का निर्णय लिया। जामताड़ा लहरजोरी सड़क निर्माण को लेकर कालाझरिया गांव के जमीन अधिग्रहण करने के बावजूद भी लोगों को उनके भूमि एवं भवन का मुआवजा नहीं मिल पाया है, जिसको लेकर रविवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। मुआवजा नहीं तो वोट नहीं की बात कही। वर्ष 2013 में सड़क निर्माण कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। नोटिस के बावजूद हम लोग मुआवजे को लेकर जिला मुख्यालय का चक्कर लगाते लगाते थक चुके हैं। इतना ही नहीं मुआवजे की राशि को लेकर कई बार सड़क जाम तक किया है। परंतु आश्वासन के सिवाए कुछ भी हाथ नहीं लगा। विभाग पहले हम लोगों को मुआवजा दिलाए, तब हम लोग मतदान करेंगे। कई लोग घर एवं जमीन से बेघर हो चुके हैं। इसके बावजूद भी प्रशासन का लाभुकों पर किसी प्रकार का ध्यान नहीं है। ग्रामीणों में सुभाष साह, निरंजन मंडल, मंटू मंडल, सिद्धीक अंसारी, दुलाली दास, तारापदो मंडल, संतो गोराई, सहदेव गोराई, दीपक मंडल, फूलन मंडल, लखन गोराई ने बताया कि हम लोग लगभग 50 लाभुक हैंै जिसको अब तक मुआवजा मुहैया नहीं कराया गया है, जिसमें से कई ऐसे लोग हैं जिनका भवन एवं जमीन दोनों चले गए हैं। घर से बेघर होने के बावजूद भी किसी तरह की पहल नहीं हुई है।
स्वीप कार्यक्रम के तहत शिक्षक संघ ने लिया मतदाता प्रतीज्ञा संकल्प
नाला। संवाददाता। स्वीप कार्यक्रम के तहत झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत नाला नेताजी स्टेडियम में मतदाता प्रतिज्ञा संकल्प का पाठ किया। कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के प्रधान सचिव वरुण कुमार मंडल ने की। इस दौरान मतदान की महत्ता पर प्रकाश डाला गया। साथ ही, सबों ने सामुहिक रूप से मतदाता प्रतिज्ञा संकल्प पाठ किया। इस दौरान संकल्प लेते हुए कहा कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस कार्यक्रम में मो. एहसान अली, मनोज मुर्मू, राकेश कुमार, संदीप कुमार साहू, विनय कुमार मिश्र, विनोद कुमार, कुणाल कुमार, राजेश कुमार सिन्हा, अमर मंडल, शशधर मंडल, वृंदावन महतो, विजय कुमार आदि शिक्षक उपस्थित थे।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ने किया मतदान के प्रति जागरूक
कुंडहित। संवाददाता। देश में चल रहे लोकसभा चुनाव के दौरान लोकसभा क्षेत्र दुमका के लिए मतदान की तिथि 01 जून 2024 निर्धारित है। दुमका लोकसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदान हो और कुंडहित प्रखंड में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने को लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से भी रचनात्मक तरीके से मतदाताओं को जागरूक किया गया। इसी क्रम में कुंडहित चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से रविवार को प्रखंड मुख्यालय में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने को लेकर अध्यक्ष आनंद दास के नेतृत्व में दर्जनों मतदाताओं को जागरूक किया गया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि चुनाव को महापर्व के रूप में लें। आप मतदान तो करें ही आसपास के लोगों को भी मतदान करने के लिए उत्साहित करें। अध्यक्ष ने बिना किसी भय, लोभ अथवा किसी भी चीज के प्रभाव में आए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील लोगों से की। कहा कि व्यावसायिक वर्ग काफी व्यस्त रहते हैं। मतदान के दिन भी उन्हें कार्य करने पड़ते हैं। उन्होंने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि दुकान खोलने से पहले ही मतदान करें तथा आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। शत प्रतिशत मतदान से ही एक सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना की जा सकती है। दुकानदार भी अपने दुकान में आने वाले सभी ग्राहकों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
भाजपा प्रत्याशी ने किया क्षेत्र का दौरा, कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
झारखंड को लूट से बचाना है तो कमल फूल का हाथ मजबूत करें : सीता
एक जेल में बंद तो दूसरे के घर से अवैध कमाई का लाखों रुपए बरामद
कुंडहित। संवाददाता। दुमका लोकसभा क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया होते ही प्रत्याशी अपने पक्ष में वोट मांगने के लिए क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंच रहे हैं। इस दौरान दुमका लोस के भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन कुंडहित प्रखंड के दर्जनों गांव पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मिलकर हौसला बुलंद करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने बाबुपुर मोड़, कुंडहित माझपाड़ा, हटिया टोला, पालाजोड़ी मोड़, शंकरपुर मोड़, खजुरी मोड़, बाहिंगा, मगरायडीह, बागडेहरी मंडल एवं अम्बा में कार्यकर्ताओं से मिले। इस दौरान सभी जगहों पर काफी संख्या में महिला पुरुष ने सीता सोरेन का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मौके पर प्रत्याशी सीता सोरेन ने पत्रकारों को बताया कि एक जेल में बंद है तो दुसरे मंत्री के घर से अवैध कमाई का लाखों रुपए सीबीआई के हाथ लगी। वर्तमान सरकार अवैध कमाई और सरकारी खजाना लूट करने वाली सरकार है। ऐसे सरकार को दुर भगाते हुए भाजपा का हाथ मजबूत कर नरेन्द्र मोदी को पुन: एक बार प्रधानमंत्री के पद पर बैठाएं। उन्होंने झामुमो को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि सोरेन परिवार में बड़ी बहु होने के नाते उन्हें सम्मान नही मिला। लेकिन भाजपा में उन्हें मान-सम्मान मिला। उन्होेंने सभी से अपील करते हुए कहा कि झारखंड को लूट से बचाना है तो कमल फूल का हाथ मजबूत करें। आगामी 01 जून को सब मिलकर कमल फूल पर बटन दबाकर भाजपा का हाथ मजबूत करने की बात कही। मौके पर सीता सोरेन के अलावे पूर्व कृषि मंत्री सत्यांनद झा बाटुल, विथिका झा, माधव चन्द्र महतो, जिलाध्यक्ष सुमित शरण, कुंडहित मंडल अध्यक्ष सजल दास, बागडेहरी मंडल अध्यक्ष बनमाली मंडल, मीडिया प्रभारी कुंदन गोस्वामी, प्रणव नायक, बाबन नायक, विष्णु मंडल, अभय सिंह सहित काफी संख्या में महिला पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।
महालक्ष्मी महायज्ञ सह भागवत महापुराण कथा को लेकर ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन
7 जून को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी
जामताड़ा। संवाददाता। रविवार को नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत सिगदाडीह गांव स्थित गौधाम मंदिर में महालक्ष्मी महायज्ञ सह भागवत महापुराण कथा के लिए ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित की गई। इस ध्वजारोहण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में सोनू सिंह सम्मिलित हुए। श्री श्री 1008 महालक्ष्मी महायज्ञ के भव्य आयोजन के लिए आगामी 7 जून को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस कलश यात्रा के साथ ही महायज्ञ सह भागवत कथा महापुराण का अनुष्ठान का आगाज हो जाएगा और 12 जून को संपन्न हो जाएगा। इस ध्वजारोहण रोहण कार्यक्रम की शुरुआत पूरे विधि विधान के साथ सिगदाडीह स्थित हनुमान मंदिर से की गई। हनुमान मंदिर से सभी भक्तों के हाथों में ध्वजा पताखों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालुगण सम्मिलित हुए। पबिया काली मंदिर से होते हुए गौ माता मंदिर में ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। पूरे शोभायात्रा के दौरान कथावाचक और मुख्य अतिथि भाजपा वरिष्ठ नेता वीरेंद्र मंडल सम्मिलित रहे। भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान होना हम सभी सनातनियों के लिए बड़ा ही गौरवान्वित होने का झण है। हम सभी को इस प्रकार के भव्य धार्मिक अनुष्ठान के आयोजन के लिए बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। अपने-अपने सामर्थ्य शक्ति के अनुरूप सहयोग भी करना चाहिए। मौके पर मुख्य रूप से सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।
दो शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार
8 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद
जामताड़ा। संवाददाता। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे मुहिम में जामताड़ा साइबर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान की अगुवाई में टीम गठित करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया एवं मट्टार गांव में छापेमारी की गई, जहां साइबर अपराध की घटना को अंजाम देते हुए दोनों साइबर अपराधी अनिल मंडल और रंजीत मंडल को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 8 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किया है। उनके विरुद्ध जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 31/24 दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
साइबर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार दोनों साइबर अपराधी खुद को बिजली विभाग का अधिकारी एवं कस्टमर केयर का प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी की घटना को अंजाम देते थे। पहले मामले में खुद को बिजली अधिकारी बता कर लाइन काटने का मैसेज देकर झांसे में लेते थे और उनके खाता, एटीएम कार्ड एवं गोपनीय नंबर हासिल कर ठगी की घटना को अंजाम देते थे। वहीं दूसरे मामले में यह अपराधी जिओ कंपनी का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर जियो सिम बंद होने का भय दिखाते थे। उसको चालू करवाने के लिए 10 का रिचार्ज करवाने की बात कहते थे। इस प्रकार झांसे में लेकर उनसे एटीएम नंबर, सीवीवी नंबर और ओटीपी की जानकारी लेते थे। उनके खाते से अवैध तरीके से निकासी कर ई वॉलेट के माध्यम से पैसे को अन्यत्र ट्रांसफर करते थे। रविवार को दोनों अपराधियों का मेडिकल जांच करवा कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जामताड़ा मंडल कर भेज दिया गया है।
यूजी सेम वन सत्र 2024-28 में नामांकन के लिए आवेदन करने की तिथि 31 मई तक
मिहीजाम। संवाददाता। जनजातीय संध्या डिग्री कॉलेज मिहिजाम के प्राचार्य प्रो. कृष्ण मोहन साह ने बताया कि सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार यूजी सेम वन सत्र 2024-28 में नामांकन के लिए आवेदन करने की तिथि घोषित कर दी गई है। चांसलर्स पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन 31 मई 2024 तक किया जा सकता है। मेरिट लिस्ट 05 जून को कॉलेज के नोटिस बोर्ड तथा वेबसाइट पर प्रकाशित की जायेगी। ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी के साथ सभी सर्टिफिकेट्स की जांच संबंधित कॉलेज में 06 जून से 14 जून तक होगा। ऑनलाइन एडमिशन/पेमेंट की हार्ड कॉपी कॉलेज में 18 जून तक जमा करना आवश्यक है।
जन सेवा पार्टी की बैठक संपन्न
जामताड़ा। संवाददाता। जन सेवा पार्टी की बैठक की अध्यक्षता पार्टी के नगर अध्यक्ष पवन देव रॉय ने किया। बैठक में मुख्य रूप से पार्टी के संयोजक राकेश लाल उपस्थित रहे। मीटिंग का विषय था चिरेका के दमनकारी नीति के खिलाफ आगामी आंदोलन का आयोजन। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राकेश लाल ने कहा कि चितरंजन रेल प्रशासन आम जनता पर दमनकारी नीति चला रही है। एक षड्यंत्र के तहत मिहिजाम के कानगोई एवं कुर्मीपाड़ा के पॉकेट गेट को बंद किया गया है। जन सेवा पार्टी चिरेका प्रशासन से मांग करती है कि कुर्मीपाड़ा और कानगोई दोनों जगह का पॉकेट गेट को जन हित को ध्यान में रखते हुए तुरंत खोला जाए अन्यथा जन सेवा पार्टी के बैनर तले चिरेका प्रशासन के खिलाफ जोरदार अंदोलन किया जायेगा।
चिरेका प्रशासन को मिहिजाम एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बिजली, पानी की सुविधाओं पर भी विचार करना चाहिए। अगर हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो चिरेका महाप्रबंधक के खिलाफ 4 जून के बाद जोरदार प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा। कहा कि मांगों की सूची बनाकर चिरेका महाप्रबंधक को सौंपेंगे। मीटिंग में मुख्य रूप में जितेन मंडल, पवन देव रॉय, कुद्दूस अंसारी, अजय कुमार राम, अमित पांडे, सोनू यादव, बिट्टू यादव, निवेदन दत्ता इत्यादि लोग उपस्थित रहे।
मतदान केंद्रों में एएमएफ एवं रूट चार्ट अद्यतन करने को लेकर बैठक
नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभा कक्ष में मतदान केंद्रों में एएमएफ एवं रूट चार्ट अद्यतन करने के लिए 13 तथा 14 मई को बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस आशय की जानकारी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी किशोरी यादव ने पत्र निर्गत कर दी है। उन्होंने बताया कि उक्त बैठक में थाना प्रभारी नाला एवं बिन्दापाथर, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी-अंचल नाला एवं गेड़िया, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक पंचायती राज, प्रखंड समन्वयक एसबीएम सभी बीआरपी सीआरपी, सभी सैक्टर पदाधिकारी, सभी मुखिया, सभी पंचायत सचिव, सभी बीएलओ, सभी बीएलओ पर्यवेक्षक आदि को पत्र निर्गत करते हुए उक्त बैठक में ससमय उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा आम चुनाव 2024 के निमित्त सभी मतदान केंद्रों तक पहुंच पथ की स्थिति एवं सभी मतदान केंद्रों में एएमएफ संबंधी वर्तमान स्थिति से संबद्ध अधिकारियों एवं कर्मियों को अवगत कराने एवं परस्पर समन्वय स्थापित करने तथा मतदाता भागीदारी को बढ़ाने संबंधी अन्य मुद्दों पर चर्चा किया। प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में निम्न तिथिवार बैठक का आयोजन किया गया है।