-फिल्मी अंदाज में कहा, झारखंड झुकेगा नहीं, फिर हुईं भावुक
-कल्पना को सुनने उमड़ी लोगों की भीड़
साहिबगंज। संवाददाता। झारखंड झुकेगा नहीं। उक्त बातें राज्य के पूर्व सीएम व साहिबगंज जिले के बरहेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने रविवार को बरहेट प्रखंड के नौगछिया फुटबॉल मैदान में लोगों को फिल्मी अंदाज में संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने भाजपा के आगे झुकना पसंद नहीं किया तो उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद कल्पना सोरेन भावुक हो गईं। उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने फिर जतन कर खुद को संभालते हुए कहा कि झारखंड लड़ कर लिया है अब इंसाफ भी लड़ कर लेंगी। कल्पना ने कहा कि पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को साजिश कर जेल में डाल दिया गया है। जनता सब देख रही और समझ रही है। आने वाले समय में राज्य की जनता इसका इंसाफ करेगी। ईडी के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को जेल भेज दिए जाने के बाद उनके विधानसभा क्षेत्र में कल्पना सोरेन की पहली एंट्री थी। इसके पूर्व कल्पना कार्यकर्ता मिलन समारोह में राजमहल विधनसभा के उधवा में साहिबगंज आ चुकी हैं। बरहेट में उनका पहला आगमन हुआ। इसके पूर्व यहां उतरने के बाद कल्पना सोरेन व मंत्री हफीजुल हसन ने वीर सिद्धू-कान्हू की जन्म स्थली भोगनाडीह पहुंच वहां सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव व फूलो-झानो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही शहीदों के वंशजों से मुलाकात भी की। वहीं सरकारी कार्यक्रम में मंत्री हफीजुल हसन ने बरहेट में 34 करोड़ व पतना प्रखंड में 32 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मौके पर राजमहल सांसद विजय हांसदा, पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, एमटी राजा सहित अन्य थे।
माही स्पोर्ट्स येलो ने 39 रनों से जीत दर्ज की
-जिला क्रिकेट सीनियर लीग टूर्नामेंट
साहिबगंज। संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में चल रहे सीनियर क्रिकेट लीग टूर्नामेंट के तहत रविवार को माही स्पोर्ट्स येलो बनाम नेताजी क्रिकेट क्लब ब्लू के बीच मैच खेला गया। माही स्पोर्ट्स येलो ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 27.5 ओवर में 173 रन बना कर ऑल आउट हो गई। अमित कुमार ने 36, रवि पासवान ने 31 व कुश तिवारी ने 28 रनों की पारी खेली। नेताजी येलो के गेंदबाज अंकित ने 03 व अभिषेक ने 02 विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी नेताजी क्लब की टीम 26 ओवर में 134 रन बना कर ऑल आउट हो गई। अनिकेश ने 43 व अंकित कुमार ने 26 रनों की पारी खेली। माही स्पोर्ट्स के गेंदबाज मुजाहिद, रिचर्ड व अमित कुमार ने 3-3 विकेट लिया। माही स्पोर्ट्स येलो ने 39 रनों से जीत दर्ज की। माही स्पोर्ट्स ब्लू के खिलाड़ी अमित कुमार को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि आफताब खान ने कृष कुमार को मैन ऑफ दी मैच की ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। अंपायरिंग अशफाक आलम व सुधीर कुमार सुधा ने किया। स्कोरिंग केएस सौरभ कर रहे थे। मौके पर जेएससीए डिस्ट्रक्टि सब कमेटी चेयरमैन चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा, सुरेश साह, राकेश गुप्ता, सतीश सिन्हा, गोपाल सिंह, शानू कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
साहिबगंज की अंडर-14 क्रिकेट टीम कोडरमा रवाना
साहिबगंज। संवाददाता। जेएससीए इंटर डिस्ट्रक्टि अंडर-14 टूर्नामेंट 23-24 के लिए शनिवार को साहिबगंज जिला की 15 सदस्यीय टीम शनिवार को कोडरमा रवाना हो गई। जेएससीए डिस्ट्रक्टि सब कमेटी चेयरमैन चंदेश्वर सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा ने बताया कि साहिबगंज की टीम 11 मार्च को कोडरमा, 12 को चतरा व 15 को हजारीबाग के साथ मैच खेलेगी। जबकि 14 मार्च को हजारीबाग में साहिबगंज की टीम बोकारो के साथ मैच खेलेगी। जेएससीए डिस्ट्रक्टि सब कमेटी चेयरमैन चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा व जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामना देकर रवाना किया। मौके पर जिला क्रिकेट संघ सचिव अंकुर सिन्हा, सुरेश साह, आफताब खान, राकेश गुप्ता, अशफाक आलम, सतीश सिन्हा, राकेश रंजन, सागर सुमन, प्रभाकर सिंह उर्फ गुड्डा, शानू कुमार सहित खिलाड़ियों के अभिभावक मौजूद थे।
बोरियो में फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
-लैपटॉप, प्रिंटर व मोबाइल जब्त
बोरियो। संवाददाता। अंचल कार्यालय स्थित बीआरसी भवन में पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापा मारी कर फर्जी प्रमाणपत्र बनाने के मामले का भंडाफोड़ किया है। जानकारी के अनुसार पदाधिकारियों को आधार कार्ड का कार्य कर रहे एजेंट के फर्जी तरीके से मृत्यु प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र बनाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद देर शाम को बीडीओ नागेश्वर साव, सीओ विजय हेमराज खालको और प्रशिक्षु डीएसपी रूपक कुमार सिंह, एसआई पंकज वर्मा ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहीं एक कैफे संचालक से भी पूछताछ व जांच-पड़ताल की गई। बीडीओ नागेश्वर साव ने बताया कि फर्जी प्रमाण पत्र बनाने की सूचना पर छापेमारी की गई थी। वहीं डीएसपी रूपक कुमार सिंह ने बताया कि बीडीओ नागेश्वर साव के आवेदन पर मोतीपहाड़ी निवासी जितेंद्र साह के ऊपर फर्जी तरीके से जन्म प्रमाण पत्र व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में कांड संख्या 22/24 दर्ज करते हुए हुए जितेन्द्र साह को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसका लैपटॉप, प्रिंटर व मोबाइल जब्त किया गया है। रविवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उधवा पक्षी अभयारण्य के दो शिकारा में आगजनी
-असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस से शिकायत
उधवा। संवाददाता। उधवा पक्षी अभयारण्य में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए झील में शुरू की गई शिकारा (नौका) सेवा को बड़ा नुकसान पहुंचा है। असामाजिक तत्वों ने रविवार की दोपहर लगभग 01 बजे दो शिकारों में आग लगा दी। जिससे शिकारा (नौका) बर्बाद हो गया। बताया जाता है कि घटना उस समय हुई जब कर्मी खाना खाने के लिए गए हुए थे। कर्मियों के वापस लौटने पर शिकारा जल चुका था। उसमें आग की लपटें उठ रही थी। कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इधर वनरक्षी इंद्रजीत कुमार ने मामले में पुलिस से शिकायत की है। ज्ञात हो कि वन विभाग ने पर्यटकों को लुभाने के लिए 26 जनवरी, 2023 से झील भ्रमण के लिए दो शिकारा की सेवा शुरू की थी। शिकारा नौका पर्यटकों को आकर्षित कर रहा था। इस सेवा का उद्घाटन राजमहल सांसद विजय हांसदा ने किया था। इधर वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने मामले में नाराजगी जताते हुए असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही।