- स्वास्थ्य विभाग में सुधार की रखी मांग
पालोजोरी/संवाददाता। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, सार्वजनिक वितरण और आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी बीते रविवार की देर शाम पालोजोरी के लोगों से मिले। वह पालोजोरी होते हुए बलीडीह किसी कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे, उसी क्रम में पालोजोरी के महावीर चौक में उनकी मुलाकात पालोजोरी के स्थानीय लोगों से हुई। पालोजोरी के लोगों से उनकी आत्मीय मुलाकात हुई और कई बिंदुओं पर बातचीत भी हुई। लोगों ने पालोजोरी के स्वास्थ्य विभाग में सुधार की मांग भी उनसे रखी। डॉक्टर इरफान अंसारी ने सोशल साइट्स पर पालोजोरी के बारे में अपनी भावनाओं को जाहिर करते हुए कहा है कि पालोजोरी के लोगों ने जिस स्नेह, सम्मान और उत्साह के साथ अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, वह मेरे लिए बेहद गर्व और खुशी का क्षण था। मेरे कार्य करने की शैली सबसे अलग है और वे मुझे बहुत पसंद करते हैं। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि मैं हमेशा पालोजोरी क्षेत्र में आता-जाता रहूं। यह अपार प्रेम और अपनापन देखकर मन सचमुच गदगद हो गया। मैंने भी उनसे कहा कि जहां-जहां जाता हूं, जनता का यही प्यार और आशीर्वाद मुझे आगे बढ़ने की ताकत देता है। जनता के दिलों में जो स्थान मिला है, वही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है, यही मेरी असली कमाई है। मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि इसी तरह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करता रहूंगा।
सहायक अध्यापक के निधन से शोक
सोनारायठाढ़ी/संवादाता। झारखंड प्रदेश पारा शिक्षक महासंघ के समय संगठन से जुड़े तेज तर्रार कर्मठ सहायक अध्यापक जहांगीर अंसारी का निधन मंगलवार को हो गया। निधन होने सहायक अध्यापक संघ समेत आस पास गांवों में शोक की लहर है वहीं सांत्वना देने वालो का आना जाना लगा रहा। बता दें कि जहांगीर अंसारी प्रखंड के जमुआ गांव के निवासी थे और वे 2003 से ही पारा शिक्षक वर्तमान सहायक अध्यापक के रूप उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय जमुआ में कार्यरत थे। उनके चाचा सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सदीक अंसारी ने कहा कि वे पिछले 6 माह से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। वे परिवार का एकमात्र कमाऊ व्यक्ति थे। उनके जाने से पत्नी समेत बच्चे असहाय हो गए। मौके पर संघ के राज्य संरक्षक सुशील कुमार झा, जिला अध्यक्ष अरुण कुमार झा, प्रखंड अध्यक्ष तूफानी यादव, सचिव हिदायत अंसारी आदि ने परिवारजनों के लिए मासिक पेंशन, ईपीएफ का लाभ, पुत्र को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग की है। निधन की सूचना होने पर पूर्व मंत्री हरिनारायण राय, बीआरसी समेत प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अमिताभ झा ने भी शोक संवेदना प्रकट की।
बजरंगबली मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारी पूरी, कलश यात्रा आज
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के प्रखंड करौं स्थित लगवां गांव सारठ में आयोजित तीन दिवसीय हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को भी ग्रामीणों की एक बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होना चाहिए। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर बुधवार 25 मार्च को भव्य जल यात्रा का आयोजन किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र में सफाई पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम को लेकर भव्य पंडाल का निर्माण किया जा चुका है। पूरे गांव में लाइट एवं बाध्य यंत्र लगाया गया है। कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध भजन गायिका डिंपल भूमि, कथा वाचक दीपक मिश्रा, और जोली छाबड़ा का कार्यक्रम होगा। ग्रामीणों के आर्थिक सहयोग से भव्य हनुमान मंदिर का निर्माण कराया गया है। समिति द्वारा करौं, सारठ प्रखंड कर्माटांड़, देवघर प्रखंड सहित अन्य प्रखंडों के गांव में ग्रामीणों को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दे रहे हैं।
प्लस टू हाईस्कूल के निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप
- झारखंड मुक्ति मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी ने जताई नाराजगी
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी के अनारकली प्लस टू हाईस्कूल के निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगा है। चहारदीवारी में निम्न गुणवत्ता वाले ईंट लगाना हो या मुख्य द्वार में प्रावधान के अनुरूप छड़ का उपयोग न होने की बात हो, ऐसे कई आरोप संवेदक पर लग रहे हैं। मंगलवार को मुख्य द्वार के निर्माण कार्य के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी मुबारक अंसारी ने प्रावधान के अनुरूप छड़ न लगाए जाने का विरोध किया और संवेदक प्रतिनिधि से प्रावधान के अनुरूप काम करने के लिए कहा। मुबारक अंसारी ने कहा कि निम्न गुणवत्ता वाले कार्य से सरकार और स्थानीय प्रतिनिधि का नाम खराब होता है। इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता है। स्कूल के शिक्षकों की बात को भी संवेदक द्वारा अनसुना कर दिया जाता है। मुबारक ने कहा कि जिस तरह से निर्माण कार्य किया जा रहा है, उससे विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लग गया है। डीसी को सारी बातों को अवगत कराया जाएगा।
आस्था व समर्पण का दिखा अद्भुत नजारा
- छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
मधुपुर/संवाददाता। लोक आस्था का महा पर्व चैती छठ के तीसरे दिन मंगलवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए झील तालाब और पम्पू तालाब घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान व्रतियों ने भगवान भास्कर को संध्या अर्घ्य देकर संतान और परिवार की मंगल कामना के लिए प्रार्थना किया । तपती धूप में दोपहर से ही व्रतधारी और उनके परिजन विभिन्न घाटों की ओर निकल पड़े थे। यहां नजारा कार्तिक मास में होने वाली छठ पूजा से कम नहीं था। इसके साथ ही पम्पू तालाब सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान भास्कर को अर्घ्य देने को लेकर नगर परिषद ने विशेष सफाई अभियान चलाकर साफ-सफाई की थी। नगर परिषद के नव निर्वाचित उपाध्यक्ष रिषभ भारद्वाज झील तालाब छठ धाट पहुंचकर अर्ध्य दिया और व्यवस्थाओ का जायजा लिया। झील तालाब पूजा समिति के अध्यक्ष सोनू गुप्ता ने व्यवस्थाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया। छठ गीतों से नदी घाट गूंजते रहे। व्रतियों ने डूबते सूर्य देव को अर्घ्य दिया। बुधवार की सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त हो जाएगा। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच पेयजल, शर्बत और दूध का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर झील तालाब छठ पूजा समिति के अध्यक्ष सोनू गुप्ता, पप्पू चौधरी, विकास कनौई, अन्नू गुप्ता, सुमन चौधरी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विवेक बथवाल, विष्णु गुप्ता, सागर जायसवाल, सूचित घोष, रेखा जायसवाल, गोलू यादव, विक्की भरद्वाज, अक्षय मिश्रा, अमिताभ गुप्ता, सरोज साव, वार्ड पार्षद गौरव जायसवाल, मुकेश मंडल, बबलू रवानी, रवि यादव, कुणाल, संतोष रवानी, विनोद प्रसाद, दीपक मिश्रा आदि मौजूद थे।
पूर्व मंत्री रणधीर सिंह भी पहुंचे छठ घाट
मधुपुर। पूर्व मंत्री रणधीर सिंह झील तालाब छठ घाट पहुंचे। उन्होंने अर्घ्य दिया साथ ही क्षेत्र, राज्य व परिवार की मंगल कामना की। उन्होंने घाट व्यवस्था देख प्रसन्न
हुए। पूर्व मंत्री ने व्रतियों समेत सभी श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामना दी।
रामनवमी को लेकर अनुमंडल में धारा 163 लागू
- डीजे व हथियार के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध
- शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने उठाया कड़ा कदम
मधुपुर/संवाददाता। रामनवमी पर्व को लेकर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मधुपुर के अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी राजीव कुमार ने सम्पूर्ण अनुमंडल क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह निर्णय विभिन्न स्रोतों से मिली सूचनाओं के आलोक में लिया गया है। जिसमें सांप्रदायिक और धार्मिक विद्वेष फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने की आशंका जताई गई थी। प्रशासन का मानना है कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था भंग होने की संभावना को देखते हुए यह कदम आवश्यक हो गया था।
आदेश के तहत स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के घातक हथियार, अग्नेयास्त्र या विस्फोटक पदार्थ लाने-ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। हालाँकि, सरकारी पदाधिकारियों, कर्तव्य पर तैनात पुलिस बल के साथ-साथ परंपरागत रूप से नेपालियों द्वारा धारण किए जाने वाले खुकरी तथा सिखों द्वारा धारण किए जाने वाले कृपाण को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। इसके अलावा, उच्च न्यायालय, झारखंड के आदेश (डब्ल्यू.पी (पीआईएल) नंबर 1997/2019 एवं अन्य) का हवाला देते हुए पूरे अनुमंडल क्षेत्र में डीजे के उपयोग पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा दिया गया है। न्यायालय के आदेश के उल्लंघन पर स्थानीय थाना प्रभारी को भी जिम्मेदार माना गया है। साथ ही अश्लील गानों पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा रात्रि 10:00 बजे से प्रात: 06:00 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की इजाजत नहीं होगी। जुलूस के मार्ग होंगे निर्धारित, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
निषेधाज्ञा के तहत पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे रैली या जुलूस निकालने से पहले प्रशासन से निर्धारित मार्ग की अनुमति अनिवार्य रूप से लें। अनुमति प्राप्त मार्ग के अलावा किसी अन्य मार्ग पर जुलूस या झांकी निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सरकारी, अर्ध-सरकारी संस्थानों तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों की भूमि का उपयोग जुलूस में नहीं किया जा सकेगा। किसी भी अस्पताल या नर्सिंग होम के 100 मीटर के दायरे को साइलेंस जोन घोषित किया गया है। यह आदेश शवयात्रा, अस्पताल, धार्मिक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ पदाधिकारियों पर प्रभावी नहीं होगा। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रौनियार वैश्य संघ का पारिवारिक मिलन सम्मेलन पांच अप्रैल को
- तैयारियों को लेकर हुई बैठक
सारठ/संवाददाता। सारठ रौनियार वैश्य संघ ने प्रखंड अध्यक्ष सह जिला कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। जिसमें बताया कि संघ की जिला कमेटी की ओर से पांच अप्रैल को जिला मुख्यालय में पारिवारिक मिलन सम्मेलन का आयोजन किया गया है। जिसकी सफलता को लेकर बैठक में आवश्यक विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने और मिलन समारोह को यादगार बनाने को लेकर विशेष चर्चा की गई। संघ के प्रखंड सचिव पप्पू साह ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, संथाल परगना क्षेत्र के प्रतिनिधि, देवघर जिला के पदाधिकारी, महिला मोर्चा की सदस्या समेत जिले के सभी प्रखंडों से जुड़े रौनियार वैश्य समाज के लोग काफी संख्या में शिरकत करेंगे। मौके पर जिला संगठन मंत्री शंकर गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजू साह, सनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, श्याम गुप्ता, दिलीप गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, अमित गुप्ता, रोहित गुप्ता, रामजी गुप्ता, छोटेलाल साह, अरूण गुप्त, जीतेन्द्र गुप्ता समेत दर्जनों रौनियार वैश्य समाज के लोग मौजूद थे।
व्रतियों ने भागवान भास्कर को दिया अर्घ्य
सारठ/संवाददाता। सारठ बाजार के विक्रम सिंह के घर में चैती छठ का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। मंगलवार को छठ व्रतियों ने डूबते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर छठी मइया से सुख-समृद्धि की कामना की। मौके पर विक्रम सिंह, प्रदीप कुमार सिन्हा, छोटू सिंह, अंकुर सिंह, चिंटु सिंह, आनन्द सिंह, मुननी देवी, सुनिधि कुमारी, आदर्श, आयुष, करण, काजू, युवांश समेत काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
चैती छठ : अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, माहौल रहा भक्तिमय
चितरा/संवाददाता। चैती छठ महापर्व को लेकर चितरा कोलियरी क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महापर्व के तीसरे दिन मंगलवार की संध्या स्थानीय सोना पोखर छठ घाट पर व्रती महिलाओं श्रद्धालु पहुंचे। जहां अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को विधि-विधान के साथ अर्घ्य अर्पित किया गया। पूरा छठ घाट पर पूजा अर्चना से वातावरण भक्तिमय रहा। छठ व्रतियों ने पारंपरिक परिधान में सूप, दौरा और प्रसाद के साथ घाट पर पहुंचकर अस्त होते सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की उन्नति और घर-परिवार की खुशहाली की कामना की। छठ घाट पर साफ-सफाई, सजावट और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर चितरा कोलियरी के खनन अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी एवं उनकी धर्मपत्नी रीना चौधरी ने भी सपरिवार छठ घाट पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महान पर्व है, जो हमें प्रकृति, सूर्य और जल के महत्व का संदेश देता है। छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन बुधवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जिसके साथ ही चार दिवसीय चैती छठ महापर्व का समापन होगा। इस मौके पर अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी, रीना चौधरी, मिसेज जीएम कुमुद शर्मा, पूनम दास, कोलियरी अधिकारी राजकुमार दास, हरखनाथ, आर के मीणा, राजकुमार साहा, मानिक पांडेय, महेश प्रसाद चौधरी, कौशल्या देवी, एस के भगत, षष्ठी पंडित, नवल तिवारी, यूनियन नेता अभिषेक कुमार, योगेश राय, बलदेव महतो आदि मौजूद थे।
बजरंगबली मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को ले निकली कलश यात्रा
मारगोमुंडा/संवाददाता। नोनियाद गांव में नवनिर्मित श्री श्री 108 बजरंगबली मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर कलश यात्रा निकाली गयी। इस दौरान 251 महिलाओं और कन्याओं ने कलश लेकर जयंती नदी पहुंची। जहां पंडित पूर्णानंद तिवारी, अनंत लाल तिवारी, गिरीश तिवारी, शल्याजा पांडेय, लक्ष्मीकांत पांडेय, तारकेश्वर तिवारी आदि द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश का संकल्पित कर जल भरा। कलश लेकर यजमान महादेव तिवारी के साथ सभी कन्याओं द्वारा बजरंगबली मंदिर पहुंची। मौके पर कमेटी के सदस्य बम शंकर तिवारी, पंकज तिवारी, संतोष तिवारी, सुभाष तिवारी, निवास तिवारी, रवि तिवारी, विशाल, उज्वल तिवारी, प्रेम तिवारी, मिट्ठू तिवारी, देबू ओझा, सहदेव सिंह, नंदकिशोर तिवारी, मुखिया प्रतिनिधि लोबाराम हेम्ब्रम, अभिलाष तिवारी, आनंद सिंह, शालिग्राम सिंह, बिट्टू तिवारी ,सत्येंद्र तिवारी, शिव शंकर तिवारी, धर्मेंद्र तिवारी, पंचानन तिवारी, सुधीर सहित न बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
ट्रांसफार्मर जल जाने से ग्रामीण परेशान
मारगोमुंडा/संवाददाता। बलीडीह गांव के ट्रांसफॉर्मर जल जाने से कई दिनों से गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। मार्गोमुंडा पंचायत सचिवालय साथ में भी अंधेरा पसरा हुआ है। इधर रामनवमी को देखते हुए ग्रामीणों ने विभाग को जानकारी दी है लेकिन आज तक ट्रांसफार्मर नहीं लगा है। ट्रांसफॉर्मर जलने के कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से एक ओर जहां बिजली से संबंधित उपकरणों का उपयोग लोग नहीं कर पा रहे हैं, तो वहीं स्कूली छात्रों को पठन-पाठन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावे बिजली नहीं रहने से रात में चोर उच्चकों और जहरीले जीवों का डर लगा रहता। ग्रामीणों ने जले हुए ट्रांसफॉर्मर की जगह नया ट्रांसफॉर्मर लगवा कर शीघ्र बिजली बहाल कराने की गुहार लगायी है।
छिन्नमस्तिका काली मंदिर में गंवाली पूजा आस्था और भक्ति के साथ संपन्न
चितरा/संवाददाता। कोलियरी क्षेत्र के प्रसिद्ध छिन्नमस्तिका काली मंदिर में मंगलवार को परंपरागत गंवाली पूजा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। पूजा अर्चना को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। गांव की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल, पशुधन की वृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर गंवाली पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में विधि-विधान के साथ मां छिन्नमस्तिका काली की विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार बलि एवं प्रसाद चढ़ाया गया। पूजा में पुरोहित द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां काली से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की। मंदिर परिसर में पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि गंवाली पूजा गांव की प्राचीन परंपरा है, जो हर वर्ष धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित की जाती है। इस पूजा को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह रहता है और सभी लोग मिलकर पूजा को सफल बनाते हैं।
पूजा को लेकर मंदिर परिसर को साफ-सफाई कर सजाया गया था, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। पूजा कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
भक्ति गीतों में झूमे श्रोता
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के डकाय दुबे बाबा मंदिर में श्री श्री 1008 महालक्ष्मी यज्ञ के मौके पर देर रात को गायक गौरव ठाकुर, कल्पना मंडल एवं भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों की प्रस्तुति कर श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम का आगाज दोनों ने संयुक्त रूप से गणेश वंदना से किया। संचालन में महालक्ष्मी यज्ञ समिति सदस्य के साथ सारवां पुलिस बल के जवान जुटे रहे।
बजरंगी पताका से पट गया है पालोजोरी
- रामनवमी की तैयारी जोरों पर
पालोजोरी/संवाददाता। रामनवमी को लेकर पालोजोरी में रामभक्तों के बीच उत्साह चरम पर है। पालोजोरी बाजार बजरंगी पताका से पट गया है। दर्जनों दुकानों से बजरंगी पताका की बिक्री हाथोंहाथ हो रही है। रामधुन की गूंज सुनाई दे रही है। पालोजोरी बाजार स्थित दो महावीर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा हैं। विधिवत रूप से पाठ भी किया जा रहा है। उत्साही युवाओं द्वारा अखाड़ा लगाने की तैयारी भी चल रही है। अखाड़ा में लाठी भांजने के अलावे कई हैरतअंगेज कारनामे प्रस्तुत किए जाएंगे। अखाड़ा में भाग लेने के लिए आने वाले रामभक्तों के लिए स्थानीय रामनवमी कमिटी द्वारा विशेष तैयारी की जा रही है।