पाकुड़ निसं। झालसा रांची के निर्देश के आलोक में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार बाल कृष्ण तिवारी के निर्देश पर सचिव अजय कुमार गुड़िया के मार्गदर्शन में पीएलवी प्रशिक्षण सह ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित की गई। उक्त कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो नुकुमुद्दीन शेख एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक गंगा राम टुडू ने जिले में सभी तैनात पीएलवी के कार्य की समीक्षा की। डिप्टी चीफ मो नुकीमुद्दीन शेख ने नालसा एवं झालसा के सभी योजनाओं समेत संचालित सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही, इस कार्यक्रम में पीएलवी को कानूनी से संबंधित सीआरपीसी, आईपीसी एवं एविडेंस एक्ट के बारे में मूलभूत जानकारी दी गई।
मौके पर पीएलवी कमला राय गांगुली, पिंकी मंडल, सीमा साहा, प्रियंका झा, ज्योति कुमारी, चंदन रविदास, सायेम अली, मैनुल शेख, याकूब अली, विजय कुमार राजवंशी, खुदु राजवंशी, अजारूल शेख, चंद्र शेखर घोष एवं नीरज कुमार राउत उपस्थित थे।
सबकी योजना सबका विकास अभियान के तहत प्रशिक्षण में दी गई अहम जानकारी
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। सबकी योजना सबका विकास अभियान के तहत शुक्रवार को लिट्टीपाड़ा पंचायत भवन के सभागार में पंचायत सहजकर्ता दल को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रशिक्षण में बीपीआरओ केसी. दास, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मानिक चंद्र दास मुख्य रूप से उपस्थित थे। उक्त प्रशिक्षण में प्रखंड संसाधन दल सहित मास्टर प्रशिक्षकों ने सभी पंचायत सचिव, दो वार्ड सदस्य(प्रति पंचायत) वीपीआरपी की दो सदस्य, स्वास्थ्य सहिया, जल सहिया, आंगनबाड़ी सेविका को प्रशिक्षण दिया गया। बीपीआरओ ने बताया कि पंचायतों के ग्रामीण भारत के परिवर्तन में राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर प्रमुख योजनाओं के प्रभावी और कुशल कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका है। 2024-25 के लिए सबकी योजना सबका विकास (जीपीडीपी) तैयार करने के लिए जन योजना चलाये चलाने के उद्देश्य के तहत ग्रामसभा को सशक्त बनाने के लिए ग्रामसभा के जरिए ही योजनाओं के चयन की जानकारी दी गई। पंचायत स्तर पर ग्रामसभा के माध्यम से योजनाओं का चयन किया जाना है, जिसमें मनरेगा, बाल विकास, 15वें वित्त, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ एवं शिक्षा के साथ 19 विभागों से 15वें वित्त आयोग के लिए योजनाएं चयनित की जाएगी। साथ ही, विभिन्न पंचायतों में क्रियान्वित गांव-गांव में ग्रामसभा के माध्यम से मिशन अंत्योदय का सर्वे कर इसका ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। प्रखंड कार्यालय की ओर से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 फरवरी से 2024 तक 3 दिनों तक चलाया जा रहा है। इसमें ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के सदस्य सभी पंचायत सचिव, दो वार्ड सदस्य(प्रति पंचायत), स्वास्थ्य सहिया, जल सहिया, मनरेगा मेट प्रशिक्षत किये जा रहे हैं जो ग्राम पंचायतों को वित्तीय वर्ष 2024-25 की वार्षिक कार्य योजना बनाने में सक्रिय सहयोग करेंगे। वही प्रखंड समन्वयक अभिषेक गौड़ ने पंचायत राज व्यवस्था एवं 15वें वित्त आयोग में योजनाओं का कार्यान्वयन तथा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मानिक चंद्र दास ने मनरेगा एवं ग्राम सभा के माध्यम से योजनाओं का चयन के बारे में एवं प्रखंड समन्वयक विजय ठाकुर ने जीपीडीपी में पेयजल की योजनाओ के चयन की प्रकिया को विस्तार से जानकारी दिया गया। मास्टर ट्रेनर मीना कुमारी एवं अरशद अली ने पंचायत राज व्यवस्था ग्राम सभा की सशक्त बनाने, ग्राम सभा के माध्यम से योजनाओं का चयन एवं जीपीडीपी तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी गई। मौके पर प्रखंड संसाधन दल सहित पंचायत सहजकर्ता दल के सभी सदस्य उपस्थित थे।
नव पदस्थापित थाना प्रभारी ने किया पदभार ग्रहण
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। सिमलोंग ओपी के नए प्रभारी सर्वदेव राय ने शुक्रवार को अपना पदभार संभाल लिया है। बता दें कि पूर्व ओपी प्रभारी टिंकू रजक के रांची तबादला होने के पश्चात नए ओपी प्रभारी का पोस्टिंग दिया गया है। इस संबंध में नए प्रभारी ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता अपराध पर अंकुश लगाना है। ओपी क्षेत्र में कोई भी गैरकानूनी कार्यों पर अंकुश लगाया जाएगा। माफियाओं पर नकेल कसा जाएगा। वे पूर्व में पाकुड़ के मुफ्फसिल थाना में बतौर जेएसआई पदस्थापित थे।
महेशपुर प्रतिनिधि के अनुसार, नवपदस्थापित थाना प्रभारी सनी सुप्रभात महेशपुर थाना पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि अपराध पर लगाम लगाना पहली प्राथमिकता होगी।
जनता दरबार में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने डीसी के समक्ष रखी अपनी समस्या
आमजन की सुनवाई में कोई कोताही न बरती जाए : उपायुक्त
पाकुड़ निसं। समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल ने शुक्रवार को जनता दरबार के माध्यम से आमजनों की समस्याएं सुनी। जनता दरबार में जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने अपनी समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने उपस्थित लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी। साथ ही, उनके समाधान को लेकर उन्हें आश्वस्त कराया। उपायुक्त ने कहा कि आमजन की सुनवाई में कोई कोताही न बरती जाए और इसे प्राथमिकता से लिया जाए। जनता दरबार में जमीन, अबुआ आवास, रोजगार, लोन से संबंधित मामले शिकायत के रूप में प्राप्त हुए। मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी क्रांति रश्मि समेत अन्य उपस्थित थे।
डीसी ने की शिक्षा विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक
जिले का विकास तभी हो सकता है, जब शिक्षा का दर बढ़ेगा: उपायुक्त
पाकुड़ निसं। उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न पदाधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की। समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में उपायुक्त ने ई-विद्या वाहिनी में शिक्षकों एवं छात्रों की उपस्थिति, छात्रवृत्ति, पोशाक, एमडीएम, पाठ्य पुस्तक आदि की समीक्षा करते हुए कई निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्याह्न भोजन) योजना की समीक्षा के क्रम में आच्छादन बढ़ाने को लेकर क्या क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि पाकुड़ प्रखंड के अपर प्राइमरी में आच्छादन मात्र 39 प्रतिशत हुए हैं। उपायुक्त ने बीईईओ को आच्छादन बढ़ाने को लेकर फील्ड में मेहनत करने का निर्देश दिया। साथ ही, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण खाना देने का निर्देश दिया। वैसे विद्यालय को चिन्हित करें जहां छात्र-छात्राओं की उपस्थिति औसत प्रतिशत 20 प्रतिशत से कम है। उपायुक्त ने वैसे विद्यालय में उपस्थित बढ़ाने को लेकर कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया।
वहीं ई-विद्यावाहिनी पर शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति का उपायुक्त ने प्रखंडवार समीक्षा की। उपायुक्त ने ई- विद्या वाहिनी पर छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर पदाधिकारियों को सख्त दिशा निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने समीक्षा बैठक में मौजूद जिले के सभी शिक्षा पदाधिकारियों से कहा कि जिले का विकास तभी हो सकता है जब शिक्षा का दर बढ़ेगा। शिक्षा का दर तभी बढ़ सकता है, जब शिक्षा विभाग से जुड़े पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के साथ काम करेंगे और स्कूलों और शिक्षा केंद्रों पर आने वाले बच्चों को शिक्षा के प्रति जागृत करेंगे। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनी देवी, जिला शिक्षा अधीक्षक मुकुल राज, एडीपीओ जयेंद्र मिश्रा, सभी प्रखंडों के बीईईओ, बीपीओ एवं बीआरपी समेत अन्य उपस्थित थे।
विश्व हिंदू परिषद के कार्य का मूल मंत्र है धर्मो रक्षति रक्षिता
विश्व हिंदू परिषद के वार्ड समिति गठन को लेकर बैठक
पाकुड़ निसं। शहर के वार्ड नंबर आठ में विश्व हिंदू परिषद के वार्ड समिति के गठन को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से सेवा विभाग के विभाग प्रमुख अशोक कुमार, परिषद के जिला मंत्री अरविंद घोष, बजरंग दल के जिला संयोजक प्रतीक तिवारी उर्फ मोनू मौजूद थे। बैठक में सबसे पहले उपस्थित कार्यकर्ताओं को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से किए जा रहे कार्यों के बाबत जानकारी दी गई। इसके साथ-साथ आज के परिपेक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया गया। जिला मंत्री अरविंद घोष ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद धर्मो रक्षति रक्षिता के मूल मंत्र को लेकर कार्य करती है और संगठन का मुख्य उद्देश्य है हिंदुओं को संगठित करना और अपने मान बिंदुओं की रक्षा करना। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद का महत्वपूर्ण आयाम बजरंग दल है और बजरंग दल युवाओं का संगठन है, युवाओं को संगठित कर समाज और अपनी मातृभूमि की रक्षा का संकल्प दिलाया जाता है। मौके पर वार्ड समिति का गठन करते हुए बबन कर्मकार को विश्व हिंदू परिषद का वार्ड अध्यक्ष, नीतू कर्मकार को उपाध्यक्ष, राजीव चक्रवर्ती को बजरंग दल का वार्ड संयोजक, रोशन चक्रवर्ती को सहसंयोजक, गगन तिवारी को विश्व हिंदू परिषद का वार्ड मंत्री, सनी घोष को सह मंत्री, सुम सरदार को सत्संग प्रमुख, उदय मंडल को सह सत्संग प्रमुख, विक्रम मंडल को सेवा विभाग का वार्ड प्रमुख मनोनीत किया गया। वहीं नवमनोनीत सदस्यों ने वार्ड में संगठन को सशक्त बनाने की बात कही।
पुलिस पदाधिकारी के विदायी समारोह का हुआ आयोजन
महेशहपुर। संवाददाता। थाना प्रभारी आनंद पंडित, एसआइ मुकुल भगत एवं शैलेंद्र नायक के स्थानांतरण होने पर शुक्रवार को थाना परिसर में पुलिसकर्मियों व गणमान्य लोगों की मौजूदगी में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारी को गुलदस्ता भेंट करने के पश्चात अंग वस्त्र देकर ससम्मान पूर्वक विदाई देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। स्थानांतरित थाना प्रभारी ने कहा कि महेशपुर थाना को कभी नहीं भूल पाएंगे। यहां के लोग हमेशा याद आएंगे। थाना क्षेत्र के 33 पंचायतों के लोगों ने विधि व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में सहयोग किया। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस विभाग में आना जाना लगा रहता है। कम समय में लोगों से लगाव को वह चाहकर भी नहीं भूल सकते। विदाई की बेला पर भावुक होते स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारी ने विनम्रतापूर्वक कहा, मेरी सेवा में कहीं कोई कमी रह गई हो, भूलवश मैंने कोई गलती कर दी हो या फिर दायित्व के निर्वहन के दौरान मेरे कारण आपको परेशानी हुई हो तो उसके लिए कृपया मुझे क्षमा कर दें। इस अवसर पर एएसआइ मृत्युंजय कुमार, अनिल कुमार सिंह, मनदीप मेहता, सोहराब खान, घनश्याम यादव, शिव शंकर भगत, धर्मेंद्र कुमार के अलावे अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
नाबालिक के अपहरण को लेकर पश्चिम बंगाल पुलिस पहुंची थाना
महेशपुर। संवाददाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद थाना क्षेत्र के चुना खाली गांव से बीते एक सप्ताह पूर्व एक 17 वर्षीय नाबालिक लड़की के अपहरण के मामले को लेकर शुक्रवार को बंगाल पुलिस महेशपुर थाना पहुंची। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुर्शिदाबाद थाने के एसआइ आशुतोष दास ने बताया कि बीते एक सप्ताह पूर्व चूनाखाली गांव से एक 17 वर्षीय नाबालिक किशोरी को महेशपुर थाने क्षेत्र के बिरकिट्टी गांव निवासी नामजद आरोपित सुमित सरदार ने भगा ले गया है। वह अपने नाना के घर पर रहता था। घटना को लेकर पीड़िता की मां ने मुर्शिदाबाद थाने में अपहरण का मामला दर्ज करवाया था। मामला दर्ज के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन के दौरान लोकेशन के माध्यम से पता चला कि दोनों महेशपुर थाना क्षेत्र के बिरकिट्टी गांव स्थित काली मंदिर के पास रहने की सूचना है। इसी लोकेशन के आधार पर महेशपुर पुलिस के सहयोग से छापेमारी करने पहुंचे हैं। समाचार भेजे जाने तक बंगाल पुलिस महेशपुर पुलिस के सहयोग से बिरकिट्टी गांव पहुंची हुई थी। बंगाल पुलिस के साथ कांस्टेबल नीतीश कुमार मंडल, रिंपा मंडल एवं सांतना घोष मौजूद थे।
स्वयं सहायता समूह की बैठक आयोजित
पाकुड़ निसं। सेवा भारती पाकुड़ के स्वयं सहायता समूह की बैठक हुई, जिसमें लवकेश उपाध्याय ने अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष सहित सदस्यों को विस्तार से कई अहम जानकारी दिया। बैठक में आय व्यय, मीटिंग में एक दूसरे का ख्याल रखने की बात कही गई। बैठक में विश्वनाथ भगत सचिव, जयप्रकाश यादव विस्तारक पाकुड़ विधानसभा, सुधा सरदार सेवा सारथी, राधा देवी, पूर्णिमा सरदार सहित दर्जनों कार्यकर्ता ऊपस्थित हुए।