जसीडीह/संवाददाता। जिला प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक देवघर के निर्देश पर इंस्पेक्टर सह जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार ने जसीडीह थाना क्षेत्र में अवैध रूप से नदी घाटों से बालू खनन कर परिवहन के खिलाफ छापेमारी अभियान चला रखा है। इस अभियान के दौरान बीते रविवार को पुलिस ने जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहिणी में अवैध बालू लोड एक ट्रैक्टर को कब्जे कर लिया। साथ ही सीओ देवघर को आवेदन देकर उक्त अवैध बालू लोड ट्रैक्टर की जानकारी दी। मिली जानकारी अनुसार 29 मार्च को सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार राय बलों के जसीडीह थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग में था। इसी दौरान गुप्त सूचना पाकर सब इंस्पेक्टर श्री राय ने गस्ती दल के साथ करीब 08.22 बजे रोहिणी पहुंचे तो देखा एक सोनालिका ट्रेक्टर पर अवैध रूप से एक सौ सीएफटी बालू लोड है और चालक फरार था। काफी समय तक इंतजार करने के बाद भी उक्त ट्रेक्टर का चालक एवं मालिक नहीं आया और नहीं कोई कागजात प्रस्तुत किया गया। इसके बाद पुलिस ने उक्त बालू लोड ट्रेक्टर को कब्जे में ले कर सुरक्षा हेतु थाना परिसर में रख लिया गया है।
देवघर के बॉक्सर राज्य चैंपियनशिप के लिए रांची रवाना, बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
- 31 मार्च से 1 अप्रैल तक गुरु नानक स्कूल में होगा आयोजन, कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
देवघर/नगर संवाददाता। 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 31 मार्च से 1 अप्रैल तक रांची स्थित गुरु नानक स्कूल में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देवघर जिला बॉक्सिंग संघ की टीम सोमवार को रांची के लिए रवाना हो गई। प्रतियोगिता में देवघर की ओर से विभिन्न किलोग्राम वर्गों में मो. इरशाद, आशुतोष आयुष, रुद्र प्रताप, यश, जय कौशल, अंश कुमार, अनीश शांडिल्य, इच्छा भारती और मान्या अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टीम कोच आराव के नेतृत्व में खिलाड़ी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला बॉक्सिंग संघ के सचिव आजाद कुमार पाठक ने बताया कि इस बार टीम पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में उतर रही है और खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सभी बॉक्सर लगातार अभ्यास कर रहे हैं और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए उत्साहित हैं। वहीं कोच आराव ने भी खिलाड़ियों के मनोबल को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि इस बार देवघर के खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन और अधिक पदक जीतने की प्रबल संभावना है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। देवघर की टीम से इस बार शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
ग्रामीण अंचल में शिक्षा की नई किरण : बधनी में सूर्योदय पब्लिक स्कूल का भव्य उद्घाटन
- पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख व विधायक सुरेश पासवान ने किया उद्घाटन, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर जिले के सारवां प्रखंड अंतर्गत दौंदिया पंचायत की सुदूर बस्ती बधनी गांव में रविवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। यहां सूर्योदय पब्लिक स्कूल का विधिवत उद्घाटन सूबे के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और देवघर विधायक सुरेश पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा सुविधा की इस पहल को स्थानीय लोगों ने ऐतिहासिक कदम बताया। उद्घाटन समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। सभी अतिथियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनीता सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। विद्यालय के निदेशक आरके सिंह, प्राचार्य डीएन झा और मुख्य सलाहकार लालू कुमार यादव ने विद्यालय की परिकल्पना और उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस स्कूल का लक्ष्य ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे भी शहरों के बच्चों की तरह प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर प्रणव कुमार सिंह, संजय सिंह, सुशील मिश्रा, लक्ष्मी महतो, सुरेश राय, अशोक यादव, विमल यादव, दिवाकर पासवान, शंभू यादव, पलक कुमारी, गंगाधर वर्मा, दिनेश वर्मा, पलटन यादव, अर्जुन हजरा, परशुराम वर्मा, वीरू यादव, सुधांशु सिंह, दिलीप राय, राहुल झा, मनीष मिश्रा, कृष्ण सिंह, श्रीकांत वर्मा, राजेश यादव, मुकेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। समारोह का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और विद्यालय के सतत विकास के संकल्प के साथ हुआ।
शिक्षा ही समाज के विकास की असली नींव है : बादल
पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की असली नींव है। उन्होंने कहा कि बधनी जैसे सुदूर ग्रामीण इलाके में इस तरह के विद्यालय का खुलना न केवल यहां के बच्चों के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इतनी बड़ी पहल करना सराहनीय है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और शिक्षा को प्राथमिकता दें, ताकि आने वाली पीढ़ी मजबूत और आत्मनिर्भर बन सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का प्रसार सरकार और समाज की जिम्मेदारी : सुरेश
विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का प्रसार सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बधनी में सूर्योदय पब्लिक स्कूल का खुलना एक मील का पत्थर साबित होगा, जिससे आसपास के गांवों के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो गरीबी और पिछड़ेपन को दूर कर सकती है। उन्होंने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वासन दिया कि वे हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर रहेंगे।
जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत पछियारी कोठिया गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट एवं गोली चलने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में दोनों पक्षों ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी। एक पक्ष के पछियारी कोठिया गांव थाना जसीडीह निवासी बालकृष्ण तिवारी के पुत्र दिवाकर तिवारी ने आवेदन देकर कहा कि 29 मार्च को करीब डेढ़ बजे वह मौजा पछियारी कोठिया स्थित प्लाट नंबर -949 जो हम लोगों है को देखने गये थे। तभी वहां पूर्व से घात लगाए राजेश यादव, कैलाश यादव, एकानंद यादव, बौना यादव उर्फ मनोज यादव, दिलीप यादव,सुधीर यादव, सुनील यादव,चंदन यादव, अरविंद यादव एवं अज्ञात बीस पच्चीस व्यक्ति अचानक गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। जब हल्ला किया तो आस पास के लोग एवं राहगीरों द्वारा बीच-बचाव किया गया। राजेश यादव ने धमकी दिया कि इस प्लाट पर पुन: आया तो तुम लोगों का खून कर देंगे। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि राजेश यादव एवं सपन यादव ने छोटा हथियार निकालकर तीन चार गोली फायर किया। तभी उसका परिजन भी वहां पहुंच गए। दिवाकर तिवारी ने आगे कहा कि पूर्व में सरकारी अमीन से उक्त प्लाट की मापी कराकर उसके जमीन को चिंहित कर दिया गया है। लेकिन उक्त व्यक्तियों ने उक्त जमीन को अपना बताकर जबरदस्ती कब्जा किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना देने हेतु जसीडीह थाना आ रहे थे तो रास्ते में बसमनडीह गांव के समीप डढ़वा नदी ब्रिज के पास स्कार्पियो में सवार होकर राजेश यादव,सावन यादव, सुनील यादव, चंदन यादव एवं अरविंद यादव ने उसे रोककर मारपीट कर पाकेट से 4200 रुपए छीन लिया। तभी 112 पर डायल किए। वहीं दूसरे पक्ष के पछियारी कोठिया गांव निवासी राजेश कुमार यादव ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर कहा कि दिनांक 29 मार्च को अपने घर मौजा पछियारी कोठिया के अंदर प्लाट नंबर 949 में अवस्थित अपने मकान में पूरे परिवार के साथ थे। तभी पुआरी कोठिया के कुछ माफियागण प्रभाकर तिवारी, दीवाकर तिवारी,चंदन दूबे, अंजेय दूबे, कुमोद दूबे एवं 20-25 की संख्या असामाजिक तत्व के लोग अचानक उसके घर के पास खाली जमीन पर कब्जा करने की नीयत से से घेराबंदी बांस को उखाड़ने लगे। साथ ही खुलेआम कहने लगा कि यह जमीन जो रोड किनारे है इसे जबरन भूमाफिया के हाथों देकर अवैध कमाई करेंगे। जब वह और उसका भैयाद विरोध किया तो प्रभाकर तिवारी, दिवाकर तिवारी ने अपने अपने हाथों में लिए पिस्तौल लहराते हुए उसके उपर फायरिंग कर दिया। किसी प्रकार दीवार की आड़ में जाकर जान बचाई। उक्त जमीन उसका एवं भैयाद लोगों का है। जिसपर वर्षों से घर बना है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर जसीडीह थाना में अलग-अलग मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
सिमरिया में लगा ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों को राहत
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र एवं नगर निगम देवघर अंतर्गत सिमरिया मुहल्ला स्थित क्षतिग्रस्त ट्रांसफर बदलने से लोगों को अंधकार से राहत मिली। भाजपा जसीडीह नगर मंडल अध्यक्ष अमरजीत दूबे ने बताया कि तीन दिन पूर्व रात चली आंधी तूफान से सिमरिया मुहल्ला स्थित जमुनिया तालाब के समीप का विद्युत प्रवाहित ट्रांसफर क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके कारण पूरा सिमरिया मुहल्ला अंधकार में डूब गया और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद मोहल्लेवासियों के साथ मिलकर विद्युत विभाग के अभियंताओं सहित नगर निगम देवघर के मेयर से संपर्क कर क्षतिग्रस्त ट्रांसफर के बारे में जानकारी दी। मेयर एवं विद्युत विभाग के अभियंताओं के तत्परता से तीस मार्च को क्षतिग्रस्त ट्रांसफर को बदल कर दूसरा ट्रांसफर लगा दिया गया। जिससे सिमरिया मुहल्ला वासियों को काफी राहत मिली। साथ ही अमरजीत दूबे आदि ने सबों धन्यवाद दिया।
चहुंओर गंवाली पूजा आज : कुशमेश्वरी माता मंदिर में भव्य अनुष्ठान
- ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारी पूरी, कन्या पूजन और माता श्रृंगार के साथ निभाई जाएगी परंपरा
देवघर/नगर संवाददाता। जिले भर में आज पारंपरिक आस्था और लोक संस्कृति का प्रतीक गंवाली पूजा पूरे विधि-विधान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर चर्चा, बगजोरा, दासडीह, कुशमाहा सहित कई गांवों में विशेष तैयारी पूरी कर ली गई है। ग्रामीण इलाकों में यह पूजा वर्षों से चली आ रही परंपरा के रूप में मनाई जाती है, जिसमें श्रद्धा और सामूहिक भागीदारी का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। सारवां प्रखंड स्थित प्राचीन कुशमेश्वरी माता मंदिर इस आयोजन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसर को सजाया गया है और भक्तों द्वारा माता का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही कुंवारी कन्याओं का पूजन भी परंपरा के अनुसार संपन्न होगा, जिसे अत्यंत शुभ माना जाता है। गांवों में इस पूजा के दौरान बलि देने की परंपरा भी निभाई जाती है, जिसे स्थानीय मान्यताओं के अनुसार धार्मिक आस्था से जोड़ा जाता है। सुबह से ही भक्तजन पूजा-अर्चना में जुट जाएंगे और दिनभर मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहेगा। शाम होते-होते गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिर के पुजारी दुर्गा प्रसाद लस्कर समिति के सहयोग से पूरे आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि माता कुशमेश्वरी के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है, इसी कारण हर साल यहां भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस अवसर पर स्वर्गीय हरिशंकर पत्रलेख को भी श्रद्धापूर्वक याद किया जा रहा है। पिछले वर्ष उन्होंने ही मुख्य रूप से माता की पूजा-अर्चना का दायित्व निभाया था, लेकिन उसी दिन देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और अगले दिन उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। इस बार पूजा के दौरान उनकी स्मृति में विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कुल मिलाकर गंवाली पूजा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह ग्रामीण समाज की एकजुटता, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत बनाए रखने का माध्यम बन गया है।
नवनियुक्त बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के कई बूथों में मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक होने की स्थिति में कई नया मतदान केंद्र बनाया गया है। वैसे बूथों पर नवनियुक्त बीएलओ का नियुक्ति किया गया है। उन सभी 15 नवनियुक्त बीएलओ को प्रशिक्षण देने को लेकर सोमवार को प्रखण्ड कार्यालय सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि संदीप सोरेन द्वारा प्रशिक्षित देते हुए एसआर के तहत काम करने से संबंधित जानकारी दिया। अपने-अपने बूथ पर सही तरह से काम करने को कहा। साथ ही सभी बीएलओ को कीट दिया गया। मौके पर कंप्यूटर ऑपरेटर संजय कांत, राजेश कुमार, कार्तिकनाथ ठाकुर, सुल्तान सहित बीएलओ व सुपरवाइजर मौजूद थे।
रेडीमेड कपड़ा दुकान के कर्मचारी पर मालिक की नाबालिग बेटी के साथ छेड़खानी का आरोप
- नगदी लेकर भी भागा
मधुपुर/संवाददाता। शहर के बाजार में अवस्थित रेडीमेड कपड़ा दुकान के मालिक ने अपने कर्मचारी पर नाबालिग बेटी के साथ छेड़खानी और दुकान की बिक्री का हजारों रुपया नगदी लेकर भाग जाने का मामला थाना मे दर्ज कराया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रेडीमेड दुकान में मलिक अपनी 12 वर्षीय बेटी को बैठाकर किसी काम के लिए बाहर गया था। आरोप है कि इसी दौरान देवीपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी 45 वर्षीय उनका कर्मचारी विपिन रवानी ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ किया और दुकान के बिक्री का गल्ले में रखा 30-35 हजार रुपए नगदी लेकर भाग गया। दुकान के मालिक ने आरोपी कर्मचारी पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले के आरोपी को हिरासत में ले लिया है । और उससे पूछताछ कर रही है। इधर आरोपी कर्मचारी विपिन रवानी का कहना है कि दुकान मालिक के पास दो महीने का वेतन बकया था। वह वेतन देने को लेकर टालमटोल कर रहा था। गलत आरोप लगाकर फंसा दिया गया। वह दुकान मालिक के पास वर्षों से काम कर रहा था। - देवघर पुलिस की सराहनीय पहल
गुमशुदा मोबाइल लौटाकर जीता लोगों का भरोसा - पालोजोरी में एक और देवीपुर में तीन मोबाइल की वापसी
देवघर/संवाददाता। जनता की सेवा और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में देवघर पुलिस लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। गुम या चोरी हुए मोबाइल को बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाने की मुहिम एक बार फिर रंग लाई है। हाल ही में विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस ने लगभग 100 से भी अधिक मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे।
देवघर पुलिस ने उस सक्रिय कार्रवाई को आगे जारी रखते हुए पालोजोरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को उसका खोया हुआ मोबाइल वापस दिलाया। जबकि देवीपुर थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग लोगों को उनके गुमशुदा मोबाइल लौटाए गए। मोबाइल वापस पाकर सभी लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। देवघर पुलिस की यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाये जा रहे विशेष अभियान का ही परिणाम है, जिसमें आधुनिक तकनीकी साधनों की मदद से खोए हुए मोबाइल को ट्रेस किया जा रहा है। उचित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा रहे हैं। मोबाइल मिलने के बाद लाभुकों ने देवघर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी पहल से आम जनता का पुलिस पर विश्वास और भी मजबूत होता है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जमकर सराहना की।
इस अभियान पर पुलिस अधीक्षक सौरभ ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा अपने मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखें, ताकि शिकायत करने मे और ट्रैकिंग में आसानी हो सके। वहीं मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं और देवघर पुलिस की तकनीकी पहल को समर्थन करें। यह केवल देवघर पुलिस की दक्षता का उदाहरण नहीं है, बल्कि यह भी साबित करती है कि जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता मजबूत और भरोसेमंद है।