पाकुड़/संवाददाता। सदर प्रखंड अंतर्गत नगरनवीं पंचायत स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में प्रांतीय यादव महासभा के पदाधिकारियों की बैठक हुई। संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए मौके पर महासभा के कालीचरण घोष, राजेश यादव, अभिषेक रंजन यादव, कृष्णा यादव, वंशराज गोप ने बारी-बारी से दिशा-निर्देश दिए। वहीं रामनवमी शोभा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में शोभा यात्रा में शामिल होने का अनुरोध किया गया। वहीं खिलाड़ियों से विशेष प्रदर्शनी के लिए आग्रह किया गया। इसके साथ ही नगरनवीं टीम को पंचायत में घर-घर जाकर शोभा यात्रा में शामिल होने के लिए आम लोगों को प्रोत्साहित करने की जिम्मेवारी दी गई। वहीं प्रांतीय यादव महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि यादव बहुल प्रखंड अथवा पंचायतों में मैराथन बैठक 14 अप्रैल,2024 तक लगातार जारी रहेगी। बैठक को सफल बनाने में मिथुन यादव, जय घोष, अर्णव यादव, राहुल यादव सहित कई यदुवंशी उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने डीटीओ से की डंपर चालकों के लाइसेंस जांच की मांग
महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के कोल माइंस सड़क गायबथान-गोविंदपुर के पास दो हाइवा के बीच टक्कर होने से बाल बाल बचे चालक व खलासी। जानकारी के मुताबिक कोल माइंस आमड़ापाड़ा से कोयला ढोने वाले डंपर पाकुड़ साइडिंग से कोयला खाली कर वापस लौट रहा था। तभी गायबथान के पास अचानक सामने से आ रहा एक डंपर से टकरा गया। जिससे खाली डंपर आगे की तरफ क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं चालक और खलासी बाल- बाल बच गए। बताया जाता है कि कोल माइंस सड़क पर दौड़ने वाली डंपर चालक के पास न तो लाइसेंस है और न ही नियम की कोई जानकारी है। मालिक चालक को कम रुपये देकर ज्यादा रुपया कमाने के चक्कर में बिना लाइसेंस वाले चालक को ही डंपर थमा देते हैं। वहीं चालक लोगों की जान की प्रवाह किये बगैर डंपर तेज रफ्तार में चलाते हैं। जिससे सड़क आवागमन करने वाले लोगों को हमेशा जान पर खतरा बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों ने डीटीओ से डंपर चालकों के लाइसेंस जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
गर्मी के मद्देनजर जनता दरबार के कार्यक्रम में बदलाव
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मृत्युंजय कुमार बर्णवाल ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए जनता दरबार के कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब डीसी का जनता दरबार मंगलवार और शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से लगेगा। उन्होंने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि संबंधित लोग अपनी समस्याओं व शिकायतों को जनता दरबार में उपस्थित होकर डीसी के समक्ष रख सकते हैं।
श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर निकाली गयी कलश शोभा यात्रा
-कथा आठ से 15 अप्रैल तक चलेगी
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड स्थित महेश्वरनाथ शिव मंदिर परिसर में सोमवार से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्-भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के आयोजन को लेकर 501 कन्याओं और महिलाओं ने कलश शोभा यात्रा निकाली। कलश यात्रा मंदिर परिसर से निकल कर भगत सिंह चौक, बाबूपाड़ा होते हुए राजबाड़ी स्थित ठाकुरबाड़ी घाट पहुंचा। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भर कर कन्याओं को दिया गया। कलश सिर पर लिए पुन: तिवारीपाड़ा, बंगाली ग्वालपाड़ा, हटियापाड़ा होते हुए मंदिर परिसर पहुंच कर कलश स्थापित की गई। कलश यात्रा के दौरान जहां महिलाओं ने भजन कीर्तन करते हुए यात्रा में भाग लिया। वहीं कलाकारों ने यात्रा के दौरान भव्य झांकियां भी प्रस्तुत की। कथावाचक श्रीधाम वृंदावन मथुरा के अंतर्राष्ट्रीय भागवत प्रवक्ता संजय शास्त्री ने कथा का आयोजन किया। यह कथा आठ से 15 अप्रैल तक चलेगी। 15 अप्रैल को कथा समापन के दौरान भंडारा और हवन यज्ञ का आयोजन होगा। कलश यात्रा के दौरान पूरा प्रखंड भक्ति गीत एवं हर-हर महादेव, जय श्री राम के नाम से गूंज उठा। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा के सफल आयोजन में प्रदीप कुमार भगत, बबीता देवी, दिव्या भगत, अमरनाथ भगत, पुतुल भगत, दिलीप भगत, राकेश मंडल, राजेश अग्रवाल, हृदय साहा, आनंद गुप्ता, दलजीत सिंह समेत अन्य ने अहम भूमिका निभाते देखा।
जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदाताओं ने किया रक्तदान
पाकुड़/संवाददाता। सदर अस्पताल में इलाजरत एक सात महीने के शिशु आयन शेख को डॉक्टर ने एक यूनिट ओ- पॉजिटिव रक्त की कमी बताई। मरीज के परिजन खून के लिए कई लोगों से मदद की गुहार लगाई। इसी बीच लाइफ सेवियर्स समूह के सचिव नाफिसूल आलम, समूह के उपाध्यक्ष अशफाक आलम और बच्चू रजक ने महुआडांगा निवासी राजू यादव से संपर्क किया। राजू को जब पता चला कि सात महीने के शिशु को रक्त चाहिए तो वह फौरन ब्लड़ बैंक गया। मौके पर समूह के सचिव नाफिसुल आलम, उपाध्यक्ष असफाक आलम, अल्फाइज आलम, सहबुल शेख, कार्तिक रविदास, सरमोद्दीन शेख तथा रक्ताधिकोष के कर्मचारी नवीन और पीयूष मौजूद थे। वहीं शहर स्थित बैंक कॉलोनी की रहने वाली सात वर्षीय बच्ची जो कि थैलेसीमिया बीमारी से पीड़ित थी उसे रक्त की जरूरत थी। बजरंगदल के जिला संयोजक प्रतीक से रक्त उपलब्ध करवाने के लिए आग्रह किया। बिक्रम यादव ने जानकारी के पश्चात रक्तदान करने की बात कही। रक्तदान के पश्चात बच्ची के परिजनों ने बिक्रम और बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। बिक्रम ने बताया कि आगे भी वे रक्तदान करने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। मौके पर विभाग संयोजक संदीप और बजरंग दल के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
झामुमो केंद्रीय समिति ने वीसी के माध्यम से जिला कमेटी पदाधिकारियों के साथ की बैठक
पाकुड़/संवाददाता। जिले के धनुषपूजा स्थित झामुमो जिला कार्यालय में पार्टी केंद्रीय समिति की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने आगामी रविवार को राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में होने वाले विशाल जनसभा की जानकारी दी। बैठक में विशेष कर राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा, जिलाध्यक्ष श्याम यादव के साथ जिला उपाध्यक्ष समद अली, जिला उपाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला सचिव सुलेमान बास्की, युवा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू, युवा जिला सचिव उमर फारूक, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, महिला जिला सचिव सुशीला देवी, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष हबीबुर्रहमान, मजदूर मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोज चौबे, बुद्धिजीवी मोर्चा जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ शंकर ने संयुक्त रूप से केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता पांडेय को आश्वस्त किया कि जिले के सभी पंचायतों के कार्यकर्ता भी इस महाजुटान रैली में रांची पहुंच कर कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देंगे। सांसद हांसदा ने बैठक के बाबत कहा कि आगामी 21 अप्रैल को आयोजित होने वाली महासभा को सफल बनाने के लिए जिला के कार्यकर्ता पूरी तरह से कमर कस चुके हैं। बड़ी संख्या में जिला भर के कार्यकर्ता कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने को लेकर अभी से ही तैयारी पर विशेष जोर देने का निर्णय लिया गया। मौके पर जिला संगठन सचिव महमूद आलम, जिला संगठन सचिव कुणाल अल्फ्रेड हेम्ब्रम, सदर प्रखंड अध्यक्ष मुसलोद्दीन शेख, सचिव राजेश सरकार, पाकुड़िया प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, महेशपुर प्रखंड अध्यक्ष अनारूद्दीन मियां, अमड़ापाड़ा प्रखंड अध्यक्ष कोर्नेलियुस हेम्ब्रम, सचिव जहीरुद्दीन मियां, लिट्टीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष चरण हांसदा, सचिव जावेद आलम, हिरणपुर प्रखंड अध्यक्ष इस्हाक अंसारी, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी की हुई गिरफ्तारी
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। शादी का झांसा देकर युवती (18) के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पीड़िता की मां ने थाना में आवेदन देकर केस दर्ज कराई है। आवेदन में उल्लेख है कि बीते 06 अप्रैल को उनकी बेटी अमड़ापाड़ा हटिया आयी थी। कुछ दिनों से लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के गोंहडा निवासी भैया सोरेन से फोन पर बात कर रही थी। भैया सोरेन ने उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसला कर अमड़ापाड़ा हटिया से रात को लिट्टीपाड़ा लेकर आया और उसके साथ दुष्कर्म कर रात में सड़क पर छोड़ दिया। रात में किसी तरह नावाडीह गांव पहुंच कर ग्रामीणों को आपबीती सुनाई। इसके पश्चात ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया आवेदन के आधार पर थाना में कांड संख्या 15/24 के तहत केस दर्ज कर मुख्य आरोपी भैया सोरेन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। घटना में सम्मिलित अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
चार डंपरों को किया जब्त
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। एसडीपीओ डीएन आजाद ने रविवार को प्रशिक्षण में उपस्थित लिट्टीपाड़ा, सिमलोंग ओपी, अमड़ापाड़ा, हिरणपुर के सभी थानेदारों से कहा कोयला ढुलाई रूट को छोड़ कर कोयला डंपर पाकुड़- लिट्टीपाड़ा सड़क पर दिखाई पड़े तो उसे जब्त कर डीटीओ को सूचित करें। अनुपालन करते हुए सोमवार को लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते चार डंपरों को जब्त कर डीटीओ को जानकारी दी।
चेकपोस्ट से गुजरने वाले वाहनों की जांच
महेशपुर/संवाददाता। लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर रद्दीपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत पश्चिम बंगाल सीमा से सटे कदमडंगा गांव स्थित इंटर स्टेट चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एसएस सिंह ने सोमवार को पुलिस जवानों के साथ वाहन जांच की। इस दौरान चेकपोस्ट से गुजरने वाले सभी प्रकार की छोटी बड़ी वाहनों की जांच की। इस संबंध में ओपी प्रभारी विवेक कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। कदमडंगा स्थित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर दंडाधिकारी के साथ-साथ पुलिस जवानों कीभी तैनाती की है।
ईद उल फितर और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक
-ग्रामीण क्षेत्र में मजिस्ट्रेट के साथ तैनात रहेंगे पुलिस जवान
महेशपुर/संवाददाता। ईद उल फितर और रामनवमी जिला भर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर कई थाना में शांति समिति की बैठक हुई। महेशपुर थाना परिसर में सोमवार को थाना प्रभारी सन्नी सुप्रभात की अध्यक्षता में आदर्श आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए ईद उल फितर एवं रामनवमी शांति ढंग से मानने को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। वहीं रद्दीपुर ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। वहीं नगर थाना में एसडीपीओ डीएन आजाद तथा थाना प्रभारी अजय आर्यन, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक हुई। मुफस्सिल थाना के साथ-साथ लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में सोमवार को थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह की अध्यक्षता में रामनवमी व ईद उल फितर को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। थाना प्रभारी ने कहा रामनवमी शांतिपूर्ण माहौल में हो, इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस जवान तैनात किया जाएगा। बैठक में एसआई सूर्य कुमार, मुखिया शिव टुडू सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
विक्रम संवत 2081 की आज से शुरूआत
पाकुड़/ संवाददाता। चैत्र नवरात्र मंगलवार से प्रारंभ हो रहा है। इसे लेकर सोमवार को जिला भर के बाजार में उत्साह देखा गया। शहर समेत प्रखंड मुख्यालय के दुर्गा मंदिरों की साफ-सफाई भक्तों ने की। बता दें कि चैत्र नवरात्र के दिन से मां दुर्गा के 09 दिनों तक आराधना प्रारंभ हो जाएगी। वहीं प्रथम दिन पुरोहित ने कलश स्थापित किया। पूजा- अर्चना के दौरान दुर्गा मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत 2081 की शुरूआत हो जाएगी।
घर में लगी आग, एक गाय जल कर मरी
हिरणपुर/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत कालाझोर गांव स्थित जतन हेम्ब्रम के घर में आग लगने से घर पूरी तरह जल गया। वहीं एक गाय भी जल कर मर गई। रविवार शाम करीब सात बजे जतन हेम्ब्रम की पत्नी भीरू मरांडी बच्चों को लेकर खपरैल के बने कच्चे मकान को बन्द कर महुआ चुनने निकल गई। इसी दौरान करीब साढ़े सात बजे घर में आग लग गई। घर के अंदर तीन गायें भी थी। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ कर गायों को निकालने का प्रयास किया। जिसमें दो गायों को निकाला। एक गाय जल कर मर गई। वहीं घर सहित सारा सामान जल गया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित भीरू मरांडी ने बताया कि घर बंद कर महुआ चुनने गई थी। आग कैसे लगी, पता नहीं चला। बीडीओ टुडू दिलीप ने पशु चिकित्सक डॉ. कलीमुद्दीन अंसारी को सोमवार को गांव में भेजा। जहां मृत मवेशी की पोस्टमार्टम की गई। इस संबंध में बीडीओ ने बताया कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।
गांव पहुंच बीडीओ ने सुनीं लोगों की समस्याएं
हिरणपुर/संवाददाता। बीडीओ टुडू दिलीप ने सोमवार को सुदूरवर्ती गांव कालाझोर पहुंच कर लोगों की समस्याएं सुनीं। वहीं जर्जर पड़े चापानलों को मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। बीडीओ ने गांव में संचालित कीटनाशी छिड़काव कार्य का भी जायजा लिया। इस दौरान कई लोगों ने वोटर कार्ड न होने की बात बीडीओ को बतायी। विद्यालय में नामांकित 113 बच्चों में से मात्र 18 की ही उपस्थित देख बीडीओ ने नाराजगी जाहिर की। प्रधानाध्यापक जिलकत आलम को निर्देश देते कहा कि अविलम्ब सुधार किया जाए। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि पास्टर सोरेन आदि उपस्थित थे।
जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट को लेकर केस दर्ज
हिरणपुर/संवाददाता। जमीन विवाद में दो पक्षों में हुई मारपीट को लेकर रविवार देर शाम थाना में हिरणपुर, नामोपाड़ा निवासी बबिता दे ने केस दर्ज कराई है। आरोप लगाई है कि बीते 21 मार्च को उनके पुत्र श्रीताप दे दुकान में बैठा था। उस वक्त दयाल दे, चन्दन दे व झरना दे दुकान में आकर बोला कि यह दुकान उनकी जमीन पर है। इसी बात को लेकर पुत्र ने उनके पति विश्वनाथ दे को फोन से कागज सहित बुला लिया। इसी बीच उक्त तीन लोगों ने लाठी, सब्बल से उनके पुत्र को मार कर घायल कर दिया। उनसे अश्लील हरकत करते हुए सोने की चेन छीन लिया। उन्होंने बताया कि इसके पूर्व झरना दे ने उनसे जमीन बेचने के एवज में 3.90 लाख रुपये लिया था। जिसका 29 सितंबर, 2017 को कागजात भी बना था। इस जमीन निबंधन को लेकर दबाव बनाने पर मारपीट की गई। इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।