देवीपुर/संवाददाता। प्रखंड के अमडीहा पंचायत में 26 नवंबर से श्री श्री 108 गौरांग महाप्रभु महायज्ञ एवं भागवत कथा का आयोजन राधा कृष्ण समिति अमडीहा द्वारा किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष सह समाज सेवी राजेश राय ने बताया कि 26 नवम्बर को भव्य कलश यात्रा के साथ-साथ महायज्ञ एवं श्रीमद भागवत का शुभारंभ होगा। जिसका समापन दो दिसंबर को होगा। वहीं 27 नवम्बर को राधेकृष्ण एवं शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान होगा। अयोध्या के सुप्रसिद्ध कथा वाचिका गौरांगी गौरी जी प्रवचन करेंगी। इसके साथ सुंदर झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी।
छठ घाटों की करायी सफाई
देवीपुर/संवाददाता। प्रखंड के धौबाना पंचायत के कोल्हड़िया ग्राम स्थित तालाब छठ घाट में क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी देवी के प्रतिनिधि सह देवघर के राजद प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश यादव ने पहुंचकर जेसीबी मशीन से साफ-सफाई कर घाट को दुरुस्त किया। मौके पर दर्जनों लोग मौजूद थे।
बुढ़ई में नवान्न मेला का आयोजन 29 नवंबर से
- तीन दिवसीय मेले में जुटेंगे झारखंड, बिहार एवं पश्चिम बंगाल के लोग
देवीपुर/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के बुढ़ई में नवान्न मेला आयोजन को लेकर ठाकुर परिवार की बैठक हुई।
बैठक में ठाकुर रणवीर प्रसाद सिंह, नवीन प्रसाद सिंह, पंचानन सिंह, गोविंद सिंह, नीरज सिंह, धीरज सिंह, पवन सिंह, मिथुन सिंह, सुभाष सिंह, बलवीर सिंह, मनु सिंह, राजा बाबू सिंह, पुरोहित रामचंद्र पांडेय ने सर्वसम्मति से 29 नवंबर से मेले की घोषणा की है। बताया कि 29 नवंबर को दही-चूड़ा, 30 नवंबर को पहाड़ मेला, मां बुढ़ेश्वरी की मानसिक पूजा, पाठा बली एवं एक दिसंबर को गली मेला का आयोजन किया जाएगा।
घटवाल समाज कर रहा है परंपरा का निर्वहन : जानकारी के अनुसार जिले में दो राजा परिवार है जिसमें एक रोहिणी राज और दूसरा बुढ़ई राज है। बुढ़ई राज में घटवाल समुदाय से राजा हुआ करते थे। नया धान होने पर बुढ़ई में नवान्न मेले का आयोजन सदियों से हो रहा है। इस अवसर पर यहां तीन दिवसीय मेला लगता है। बूढ़ई राज में पड़ने वाले सभी इलाकों में नये धान की फसल से अरवा चूड़ा व दही को पंडितों के माध्यम से अपने घर में पूजा कराकर मां बुढ़ेश्वरी को अर्पित कर इस पर्व को मनाते हैं। इस दिन पूरे क्षेत्र में दही-चूड़ा खाया जाता है। मेला के अवसर पर झारखंड के अलावा बिहार एवं पश्चिम बंगाल से लोग पहुंचते हैं और माता के दरबार में माथा टेकते हैं। लोगों की मनोकामना पूर्ण होने पर एक पत्थर के चट्टान पर विराजमान में बुढ़ेश्वरी माता एवं तिलोश्वरी मां की पूजा धूमधाम से की जाती है। इसी मंदिर के प्रांगण में एक शिवगंगा भी मौजूद है।
मेले में मनोरंजन के कई सामान लगाये जाते हैं। मेले में झूला, तारामाची, मौत का कुंआ समेत खाने-पीने के कई दुकान लगाये जाते हैं। जहां बच्चों के अलावा बड़े भी खूब मस्ती करते हैं। इसके अलावा लोहे व लकड़ी के सामानों की खूब बिक्री होती है। मेले में भीड़ को देखते हुए देवीपुर, बुढ़ई एवं मधुपुर के पुलिस बलों की तैनाती की जाती है।
मधुपुर में पुलिस ने किया अवैध शराब तस्करों का भंडाफोड़
- गिट्टी लोड हाइवा में शराब को छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था
- 21 लाख रुपया का अवैध विदेशी शराब जब्त
शराब उतारते व थाना में जब्त शराब की गिनती करती पुलिस
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बीती रात गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर लाखों रुपए का अवैध शराब जब्त किया है।
हालांकि छापेमारी मंे एक भी तस्कर पुलिस के शिकंजे में नहीं आया है। पुलिस तस्करों के गिरोह की पहचान करने में जुटी है। जानकारी अनुसार इंस्पेक्टर इंचार्ज रामदयाल मुंडा के नेतृत्व में बुधवार की देर रात ढाई बजे पनाहकोला स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़े हाइवा से करीब 21 लाख रुपए का अवैध विदेशी शराब जब्त किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिट्टी लदे हाइवा में छिपाकर भारी मात्रा में विदेशी शराब मधुपुर से बिहार तस्करी किया जाता है। बुधवार की रात इंस्पेक्टर इंचार्ज रामदयाल मुंडा अपने पुलिस पदाधिकारी और जवानों के साथ करीब 2.30 बजे पनाहकोला स्थित पेट्रोल पंप के पास गिट्टी लदे हाइवा की जांच की। पुलिस को संदेह होने पर हाइवा से गिट्टी हटाया तो सभी हैरान हो गए। 250 कार्टून में अवैध विदेशी शराब मिला। शराब के कई कार्टून क्षतिग्रस्त हैं। पुलिस छापेमारी देखकर हाइवा के चालक और उपचालक मौके से भाग निकले। हाइवा मालिक की पहचान की जा रही है। शराब को मधुपुर थाने में रखा गया है। पुलिस ने हाइवा नंबर जेएच 04एफ 0134 को जब्त कर लिया है। शराब असली है या नकली इसकी भी जांच उत्पाद विभाग के अधिकारी करेंगे। पुलिस अवैध शराब तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुट गई है। इधर मधुपुर में भारी मात्रा में जब्त शराब मामले में लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय भेड़वा स्थित राहुल अध्ययन केन्द्र में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मौके पर संगोष्ठी को संबोधित करते हुए धनंजय प्रसाद ने कहा कि आज संचार क्रांति के दौर में प्रेस की भूमिकि व दायित्व दोनों बढ़े हैं। प्रेस जनतंत्र के सजग प्रहरी है। यह जनता के हित और रुचि के संदर्भ में सत्ता का प्ररोक्ष निर्णाक होता है। प्रेस लोकतंत्र मे संतुलन बनाये रखने के लिए है, परन्तु दुर्भाग्य की बात है कि जिस लोकतंत्र की रक्षा के लिए तंत्र और प्रेस का जन्म हुआ था, वो आज लगातार अपने कर्तव्यों से विमुख हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनमानस को इस प्रेस से ढेरों उम्मीदें हैं। ऐसे में मीडियाकर्मियों कि दायित्व बनता है कि वे जनपक्षीय पत्रकारिता करें। उन्होंने कहा कि भूमंडलीकरण के दौर में मीड़िया का दबाव दो प्रमुख रुप से देखा जा सकता है। पहला नीतिगत निजीकरण और उपभोक्ता क्रांति की बाढ़, जबकि रोटी, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा आदि सुविधाओं से आज भी आम आदमी वंचित है। बहुसंख्यक जनमानस के समक्ष बड़ी संकट है। ऐसे में पत्रकारिता जनपक्षी हो, जबकि व्यवस्थापक्षी अधिक दिख रही है और व्यवस्था की चारण बन गयी है। इस वजह से विश्वनीयता पर ढ़ेरों सवाल उठने लगे हैं। दूसरी ओर खुद मीडियाकर्मी व सामाजिक क्षेत्र में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसके अलावे कई अन्य साहित्यकार, पत्रकार व बुद्धिजीवियों ने विचार रखें।
सीएम के नाम राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
पालोजोरी/संवाददाता। झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम गुरूवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पालोजोरी के पत्रकारों ने बीडीओ को एक ज्ञापन सौंपा। विषम परिस्थितियों में सुरक्षा, पत्रकार के लिए भवन उपलब्ध कराने, आयुष्मान भारत योजना और सामूहिक बीमा योजना से जोड़ने व खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ने आदि की मांग रखते हुए पत्रकारों ने ज्ञापन सौंपा। पत्रकार संतोष दत्ता, उत्तम रंजन, उदयकांत सिंह, अतुल साहिल आदि मौजूद थे।
पालोजोरी फ़ोटो 02 साफ-सफाई में जुटे लोग
छठ घाट की साफ सफाई हुई शुरू
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी-मधुपुर मुख्य पथ के किनारे स्थित छठ घाट की साफ-सफाई शुरू हो गई है। पालोजोरीवासियों की देखरेख में साफ-सफाई और घाट सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। 19 नवंबर को पहला और 20 नवंबर को दूसरा अर्घ्य भास्कर को अर्पण किया जाएगा। पालोजोरी के अलावे ठेंगाडीह और बेनीडीह में भी छठ घाट की सफाई चल रही है। वहीं छठ के आते ही छठ मईया के गीतों से इलाका गूंज उठा है। मौके पर पिंटू वर्णवाल, अजय शर्मा, अर्जुन आदि मौजूद थे।
कांग्रेस की हुई बैठक
देवीपुर/संवाददाता। देवघर विधानसभा क्षेत्र के प्रखंड मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को प्रखंड अध्यक्ष नरेश यादव की अध्यक्षता में लीडरशिप डेवलपमेंट मिशन की दूसरी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि देवघर विधानसभा अंतर्गत देवीपुर प्रखंड का आर्डीनेशन टीम का गठन किया गया। अगली बैठक आने-वाले दो दिसम्बर शनिवार को 11 बजे दिन में ओबीसी, एससी व एसटी की बैठक देवघर कांग्रेस कार्यालय की जायेगी। मुख्य रूप से बैठक में देवघर विधानसभा प्रभारी, राजेश बरनवाल, मो. हैदर अली, बासुकी पंडित डॉ. केके रमानी, अरविंद कुमार दास आदि कई लोग उपस्थित थे।
भाजपाईयों ने आदवासी समुदाय के भगवान बिरसा की मनायी जयंती
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय पथलचपटी मोहल्ला स्थित आदिवासी गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा की जयंती पर कई कार्यक्रम आयोजित किये। मौके पर भगवान बिरसा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया। मौके पर लोगों ने बिरसा के त्याग व बलिदान कृति को याद किया गया। उनके आदर्शो पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आदिवासी समुदाय के लोगो को खिचड़ी खिलाया गया। मौके पर भाजपा जिला मंत्री पवन कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव, जिला महामंत्री पंकज भदौरिया, अशोक गौड़, संतोष भगत, दिलीप यादव, उमाशंकर पंडित, गुंशी सोरेन, सुनील हांसदा, नुनूलाल मरांडी, हरि मरांडी, अनिल मरांडी, सुनील मरांडी, विष्णु टुडू, बुधनदेव मुर्मू, रवि हांसदा सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
प्रधानाध्यापक के निधन से शोक की लहर
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड क्षेत्र के सरकारी प्राथमिक विद्यालय भाटू बाड़ी के प्रधानाध्यापक डेविड टुडू का आकस्मिक निधन हो जाने से शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रधानाध्यापक डेविड गुरुवार की सुबह अपने आधा दर्जन बकरियों को चराने के लिए गांव के बगल विद्यालय के पास गये थे। किसी राहगीर ने उसे गिरा देखकर उनके घर मणिपुर गांव में सूचना दी कि वह स्कूल के बगल मैदान में गिरे हुए हैं। जब तक ग्रामीण गए तब तक उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने चिकित्सक के पास ले गये जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया जाता है कि डेविड टुडू एक ईमानदार शिक्षक थे। उन्होंने अपने शिक्षा के क्षेत्र में छात्र-छात्राओं एवं विभागों के साथ मधुर संबंध रख बच्चों को बहुत ही अच्छे ढंग से तालीम दिया। इस संबंध में सहायक अध्यापक संघ के प्रखंड अध्यक्ष किशोर कुमार यादव, लेखपाल शशि प्रकाश सिंह, संकुल साधनसेवी राकेश कुमार राय, आनंद प्रकाश सिंह, सुदीप चक्रवर्ती, पुष्पा देवी, जर्मन तुरी, बहमनी टुडू, शिक्षिका अनिता टुडू, दीपक सिंह, दिनेश कुमार चौधरी, सतीश साह, युगल किशोर चौधरी, मिथिलेश चौधरी ने उनके निधन से दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक अच्छे इंसान थे। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने करौ ंप्रखंड में काफी अच्छा काम किया।
डीजल चोरों ने शोवेल ऑपरेटर से की मारपीट
- पीड़ित ने की लिखित शिकायत, कोलकर्मियों में आक्रोश
चितरा/संवाददाता। बीते बुधवार की रात्रि में एसपी माइंस चितरा कोलियरी के खून खदान में शोवेल ऑपरेटर थाना क्षेत्र के ठाढ़ी गांव निवासी अशोक कुमार सिंह के साथ अज्ञात डीजल चोरों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। साथ ही विरोध करने पर जान मारने की धमकी भी दी है। इस घटना से कोलियरी के कोलकर्मियो में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में पीड़ित ने कोलियरी के सुरक्षा विभाग से लिखित शिकायत की है एवं सुरक्षा की गुहार लगायी है। पीड़ित शोवेल ऑपरेटर अशोक ने बताया कि बुधवार की रात्रि द्वितीय पाली में वह अपना ड्यूटी समाप्त कर शोवेल मशीन से उतरा और अगले सिफ्ट के ऑपरेटर का इंतजार करने लगा। इसी दौरान चार की संख्या अज्ञात डीजल चोर हाथों डब्बा लेकर पहुंचा और मशीन की चॉबी पीड़ित ऑपरेटर से मांगा। इंकार करने पर उक्त अज्ञात चोरों द्वारा ऑपरेटर अशोक के साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान उन्होंने सिफ्ट इंचार्ज को फोन लगाना चाहा तो चोरों ने उनका मोबाइल छीनकर पत्थर पर पटक कर मोबाइल क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान चोरों ने उन्हें घटना के संबंध में किसी को बताने पर जान मारने की धमकी भी दिया। बाद में किसी तरह पीड़ित ऑपरेटर ने जान बचाकर वहां से भागा।
इस संबंध में कोलियरी के सिक्योरिटी इंचार्ज रूपेश मिश्रा ने कहा कि लिखित शिकायत मिली है। आगे छानबीन की जा रही है। कहा कि दोषी को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई भी की जायेगी।
बीडीओ ने किया छठ घाटों का निरीक्षण
सारवां/संवाददाता। लोकआस्था का महापर्व छठ को लेकर बीडीओ रजनीश कुमार ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने पहरीडीह, विशनपुर व नावाडीह छठ घाट का निरीक्षण किया। नावाडीह में पुजा समिति सदस्यों को बीडीओ ने निर्देश देते कहा बिजली के सजावट में कहीं भी नंगे तार का प्रयोग नहीं करें साथ ही कनेक्शन ऊपर से लें जातें। ताकि तार के संपर्क में कोई नहीं आयें। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने को कहा गया। इस अवसर पर बीएओ विजय कुमार देव, अजय कुमार झा के साथ स्थानीय पूजा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
डीलर के निधन से शोक
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के टिकोरायडीह गांव के जनवितरण प्रणाली दुकानदार अवधेश ठाकुर की आकस्मिक निधन पैतृक आवास में हो जाने से प्रखंड के जविप्र दुकानदारों में शोक की लहर है। मौके पर प्रखंड डीलर संघ के सदस्य के साथ टीम बादल के अनिल राउत, विक्रम पत्रलेख ने उनके घर पहुंच कर परिजनों को संात्वना दिया। मौके पर काफी संख्या में संघ के सदस्य मौजूद थे।
मारपीट की प्राथमिकी
सारवां/संवाददाता। सारवां थाना में सरैयाहाट ािाना क्षेत्र के लोह मडवा गांव निवासी वासुदेव यादव ने आवेदन देकर झालर निवासी विक्की राउत व जमरो निवासी बबलू यादव पर रंगदारी मांगने और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज करायी है। आवेदन में पीड़ित ने बताया कि वह रिखिया के अगिया के प्रमोद यादव के साथ सारवां थाना के डुमरिया गांव के चंादमनी बलियासे के चार बीघा जमीन पर टमाटर की खेती किया है।. विगत 13 दवंबर को मोहनपुर थाना के झालर निवासी विक्की राउत और जमरो निवासी बबलू यादव मोटरसाइकिल पर आये और खेती के एवज में 50 हजार रुपये रंगदारी मांगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गयी। हल्ला सुनकर जब प्रमोद यादव और सुभाष यादव आया तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। गांव वालों के आने पर बिना नंबर की बाइक छोड़कर सभी फरार हो गये। पीडित ने पुलिस को बताया कि विक्की एक अपराधी और उसका साथी दबंग किस्म का व्यक्ति है। उन्होंने पुलिस ने कार्रवाई की मांग की है। इधर थाना प्रभारी प्रदीप लकड़ा ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।
चिकित्सा के लिए कई लोगों की मिली सहायता राशि
सारवां/संवाददाता। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख की पहल पर कल्याण विभाग द्वारा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के लोगों के इलाज के लिये सहायता राशि दिलायी गई। इसकी जानकारी देते विधायक प्रतिनिधि नरेश यादव ने बताया ओवल तेलियाडीह के अयोध्या पंडित, तिलंबाटांड़ के टुनटुन मांझी, बेलटिकरी के भूदेव पंडित, पहारिया के ईश्वर पंडित, रायबांध के दिलीप राउत, पांचुडीह के अनिल शर्मा, सिरसिया के सहदेव यादव, कुरूमटांड़ के सुखदेव राउत, पीछी के प्रमिला देवी, तिलंबाटांड़ के पिंकी देवी, बनियाडीह के कल्पना कुमारी, खरकना के खालिदा बीबी, मंझीलाडीह के चांदनी कुमारी को चिकित्सा सहायता राशि उनके खाते में भेज दी गई। इस अवसर पर मुखिया मुबारक अंसारी, बीस सूत्री सदस्य अनिल राउत, संजय दत्त, पंकज कुमार, राजकुमार यादव, सुबोध यादव सहित टीम बादल के कई सदस्य मौजूद थे।
खलासी मोहल्ला से अधेड़ रहस्यमय ढंग से गायब
मधुपुर/संवाददाता। शहर के खलासी मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय मोहम्मद शकील उर्फ कालो विगत दो दिनों से रहस्यमय ढंग से गायब है। गायब व्यक्ति के बड़ा भाई मो. शमीम ने गुरुवार को पुलिस को लिखित आवेदन देकर धटना का जानकारी दिया है। उसने पुलिस को बताया कि विगत बुधवार की सुबह सात बजे उनका भाई घर से निकला लेकिन वापस नही आया। काफी खोजबीन किया, लेकिन कही पता नही चला। उसने बताया कि उसका भाई का कुछ वर्षों से दिमागी हालत ठीक नहीं है। पुलिस से भाई की सकुशल बरामदगी की मांग की है। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संवाद के तीन साथियों के निधन से शोक की लहर
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय बावनबीघा स्थित स्वयंसेवी संस्था संवाद परिसर में गुरूवार को एक साथ तीन व्यक्तियों (साथियों) को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। आठ नवंबर की रात करीब 9.45 में गौरव यानी आशुतोष का बड़ा बेटा हमसबों को छोड़ गये। उसके दूसरे दिन प्रोफेसर प्रकाश (बेतिया) ने भी अलविदा कह दिया। इसके बाद 14 नवम्बर की सुबह 8.40 डॉक्टर आशुतोष का भी निधन हो गया। इन तीनों की स्मृति में शोक सभा का आयोजन संवाद परिसर में हुआ। सबों ने भारी मन से यह स्वीकार किया कि इन साथियों की असामयिक मौत हुई और इससे सम्पूर्ण क्रांति धारा को बड़ी क्षति हुई है।