हिरणपुर/संवाददाता। पाकुड़-हिरणपुर मुख्य सड़क स्थित तोड़ाई निकट मंगलवार को भुटभुटिया और बाइक की आमने-सामने टक्कर में भुटभुटिया चालक दराजमाठ निवासी 62 वर्षीय कुलेश साहा की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। वहीं बाइक सवार खिदिरबांध (बिहार)निवासी सादिक शेख (32)भी गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने घायल व्यक्ति की गम्भीर अवस्था देख बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नवीन कुमार, एएसआई शौकत अली घटना स्थल पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया। पाकुड़ से भुटभुटिया डीजे और जेनरेटर लोड कर कुलेश साहा तोड़ाई-मोहनपुर के रास्ते धोवा पहाड़ी गांव की ओर आ रहा था कि हिरणपुर की ओर से जा रहे बाइक संख्या जेएच 16 ई 5734 से टकरा गया। भुटभुटिया वाहन के पलटी मारे जाने से चालक वाहन में ही दब गया और मौत हो गई। वहीं बाइक सवार सादिक शेख घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिवार के सदस्य सदर अस्पताल पहुंचे। जहां सभी का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है। मृतक के पुत्र कृष्णा साहा ने बताया कि पिताजी भाड़े में डीजे व जेनरेटर लाने पाकुड़ गये थे। वापस लौटते वक्त यह घटना घट गई। उधर थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस को लेकर चलाया गया जागरूकता कार्यक्रम
महेशपुर/संवाददाता। माहवारी स्वच्छता से न रहें अनजान यही है अच्छे स्वास्थ्य और गरिमा की पहचान के तहत
विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर प्रखंड के ग्राम-पंचायत शहरग्राम में जलसहिया रुकमणी देवी ने माहवारी स्वच्छता को लेकर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस 2024 का थीम पीरियड्स फ्रेंडली वर्ल्ड पीरियड फ्रेंडली झारखंड माहवारी से जुड़ी शर्म व भ्रांतियां को दूर कर के सही जानकारी दी गई। जल सहिया रुकमणि देवी ने बताया कि महिलाओं और किशोरियों को क्लीन मेंस्ट्रूअल मैटेरियल की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही किशोरियों एवं महिलाओं को मेंस्ट्रूअल साइक्लीन के बारे में एकजुट करने के बाबत बताया गया ताकि वह इससे परेशान न हो और न डरे। उन्होंने बताया कि महिला और किशोरियों को पैड उपलब्ध कराना, पैड बदलने की निजता उपलब्ध कराना, शारीरिक स्वास्थ्य के लिए साबुन और पानी उपलब्ध कराना और पैड की सुरक्षित निपटान के लिए सुविधा प्रदान करने के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। मौके पर दर्जनों महिलाएं मौजूद थीं।
देश महंगाई, बेरोजगारी जैसे अन्य मुद्दों से त्रस्त : सरफराज
-राज्यसभा सांसद ने चलाया जनसंपर्क अभियान
हिरणपुर/संवाददाता। राजमहल लोकसभा से इंडिया गठबंधन के झामुमो प्रत्याशी विजय हांसदा की जीत सुनिश्चित करने को लेकर हिरणपुर और लिट्टीपाड़ा प्रखंड के मोहनपुर, डांगापाड़ा, सरसा, फुलपहड़ी में राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने जनसंपर्क अभियान चलाया। कहा कि देश बदलाव चाह रहा है। उनलोगों को देश की वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए वोट देना है। देश महंगाई, बेरोजगारी जैसे अन्य मुद्दों से त्रस्त है। अब समय आ गया है राहुल गांधी के नेतृत्व में देश ने जो विकल्प दिया है उसे स्वीकार कर बीजेपी मुक्त देश का सहभागी बनें। देश के साथ संविधान, लोकतंत्र को बचाने के लिए युवाओं, किसानों को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएं ताकि मां, बहनों को महीना के 8500 रुपए मिल सकें। किसानों को फसल का वाजिब दाम मिल सके। गैस सिलेंडर आधा दाम में मिल सके। 30 लाख युवाओं को नौकरी मिल सके। किसानों का कर्ज माफ हो सके। आदिवासी दलितों का आरक्षण बच सके। वोट हमलोग को मिलकर देना है और विजय हांसदा को जिताना है। देश, लोकतंत्र और संविधान बचाने का आखिरी मौका है। केंद्र में बीजेपी की सरकार बनते ही पहला वार संविधान पर होगा। बीजेपी को आदिवासी, अल्पसंख्यक, दलित से नफरत है, इसलिए आज 400 पार का नारा दिया ताकि संविधान बदल कर उनका अधिकार को खत्म कर सके। आने वाले 01 तारीख को जेएमएम, इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को जिताएं। किसी के बहकावे में न आएं। जनसंपर्क में हिरणपुर के कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनौवर आलम, अब्दुल गनी, मुस्ताक, मोमिन, मुजीबुर रहमान सहित अन्य मौजूद थे।
भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में युवाओं ने निकाली मोटरसाइकिल रैली
पाकुड़/संवाददाता। राजमहल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी ताला मरांडी की जीत सुनिश्चित करने को लेकर कार्यकर्ता लगातार कार्यक्रम चला रहे हैं। मंगलवार को नवीनगर मंडल के युवा कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल रैली निकाली। रैली में शामिल पाकुड़ विधानसभा के संयोजक व पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू ने रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि राजमहल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी ताला मरांडी को भारी मतों से जीत दिलाकर नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में देश का सर्वांगीण विकास किया है। गरीबों को आवास, किसानों को फसल बीमा, महिलाओं को गैस सिलेंडर, उद्यमियों को सस्ते दर पर लोन देने का कार्य नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि देश का युवा पूरी तरह से जाग चुका है। मौके पर सह संयोजक मंगल हांसदा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे। फोटो : चार
जिले के सभी मतदान केंद्रों की होगी वेबकास्टिंग
पाकुड़/संवाददाता। चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। मंगलवार को रविंद्र भवन टाउन हॉल में प्रतिनियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस पदाधिकारियों को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी मृत्युंजय कुमार बर्णवाल एवं एसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त संबोधन किया। जिले के सभी मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग होगी। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को डिस्पैच सेंटर पर किए जाने वाले कार्यों और दायित्वों, मतदान के बाद की जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। मौके पर उपस्थित एसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सभी जरूरी तैयारी प्रशासन की ओर से सुनिश्चित की गई है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी, मतदान दल को निर्धारित रूट चार्ट से ही लेकर जाएंगे। कोई रूट डाइवर्ट नहीं करेगा। डिस्पैच सेंटर से सीधे सभी निर्धारित मतदान केंद्रों, ठहराव स्थल पर ही जाएंगे। कहीं कोई वाहन नहीं रूकेगा। केंद्र पर पहुंचने के बाद सभी रिपोर्ट करेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष के सभी संपर्क में रहेंगे। अगर कहीं किसी भी तरह की कोई समस्या होती है तो तत्काल नियंत्रण कक्ष को सूचित करेंगे। मतदान कक्ष के अंदर पुलिस जवान प्रवेश नहीं करेगा। मौके पर कई अधिकारी मौजूद थे।
सहायक व्यय प्रेक्षक सह नोडल पदाधिकारी ने चेक पोस्ट का किया निरीक्षण
पाकुड़/संवाददाता। राजमहल लोकसभा क्षेत्र के व्यय प्रेक्षक श्रीधर गडेला के निर्देशानुसार मंगलवार को महेशपुर के सहायक व्यय प्रेक्षक सह नोडल पदाधिकारी, व्यय समीक्षा कोषांग नरेश चंद्र ने महेशपुर विधानसभा अंतर्गत विभिन्न चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सोनारपाड़ा चेकपोस्ट, दमदमा, रद्दीपुर स्थित कदमडंगा चेकपोस्ट, राधानगर चेकपोस्ट एवं गणपुरा चेकपोस्ट का निरीक्षण किया गया। सभी उपस्थित मजिस्ट्रेट को अच्छे से वाहन जांच करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के क्रम में महेशपुर वीएसटी एवं पाकुड़िया एफएसटी टीम को अच्छे से कवर करने का निर्देश भी दिया गया ताकि कार्यक्रम में होने वाले व्यय को अकाउंटिंग टीम अच्छे से कैंडिडेट के छाया प्रेक्षण रजिस्टर में व्यय को दर्ज कर सकें।
जुमलेबाजी कर सत्ता में बने रहना चाहती है भाजपा सरकार : प्रवेज
पाकुड़/संवाददाता। इंडिया गठबंधन समर्थित राजमहल लोकसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रत्याशी विजय कुमार हांसदा की जीत सुनिश्चित करने को लेकर कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता पूरी तरह से जुड़े हुए हैं। मंगलवार को कांग्रेस अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहीन परवेज के नेतृत्व में मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सदर प्रखंड के नौरत्तमपुर, तीलभीटा, संग्रामपुर, हिरानंदनपुर, पियादापुर पंचायत के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर जनसंपर्क अभियान चलाया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रवेज ने कहा कि इस केंद्र सरकार की तानाशाही को भारत की जनता ने अपनी आंखों से देख रही है। उन्होंने कहा कि इस बार केंद्र सरकार की विदाई तय है। कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार केंद्र में बनने जा रही है। आप सभी लोग इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को जीत दिलाकर दिल्ली भेजने का कार्य करे। उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को तार तार करने की साजिश नरेंद्र मोदी की सरकार ने रची है। उन्हें पूरी तरह से सावधान रहने की जरूरत है। भाजपा सरकार जुमले बाजी कर सत्ता में बने रहना चाहती है। इसलिए इस बार जनता इंडिया गठबंधन की सरकार बनना देखना चाहती है। इसलिए लोगों का रुझान इस बार इंडिया गठबंधन के साथ देखा जा रहा है। मौके पर राशिद अंसारी, जलाल शेख, असगर अली समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।