-स्वीप कोषांग की हुई बैठक
साहिबगंज। संवाददाता। लोकसभा चुनाव को लेकर विकास भवन सभागार में शनिवार को डीडीसी सतीश चंद्रा व जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी जयवर्धन कुमार ने जिला के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर के साथ बैठक की। इस दौरान डीडीसी ने आदर्श आचार संहिता के तहत जिले से बाहर कमाने गए मतदाताओं को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। डीडीसी ने बताया कि जिले में 18 बूथों में पिछले चुनाव में 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ है। वहीं 117 बूथों में 50 से 60 प्रतिशत तक ही मतदान हुआ। जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी ने कहा कि स्वीप कोषांग के तहत जिला में मतदाता जागरूकता एवं मतदाता वोटिंग प्रतिशत को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ऐसा वीडियो क्रिएट करें जो मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करे। इस दौरान सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ने मतदाता जागरूकता को लेकर अपनी सहभागिता दिखाई। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी सह स्वीप कोषांग प्रभारी राजेश कुमार चौधरी, स्वीप कोषांग सहयोगी प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा व अन्य मौजूद थे।
कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय में आठ को लगेगा स्वास्थ्य जांच शिविर
-एक्टिव होगी रेडक्रॉस सोसाइट, डीसी ने की समीक्षा
साहिबगंज। संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में शनिवार को डीसी हेमंत सती की अध्यक्षता में रेडक्रॉस सोसाइटी की बैठक हुई। डीसी ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों को बताया कि भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी भारत में स्थित मानव जीवन को स्वास्थ्य की रक्षा के लिए एक स्वैच्छिक मानववादी संगठन है। इसका कार्य न केवल स्वास्थ्य संबंधी नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराना है अपितु आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में जीवन रक्षक सभी सामग्रियों को जरूरतमंदों तक पहुंचाना भी है। बैठक में हेल्थ कैंप व रक्तदान शिविर का आयोजन करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सोसाइटी को सुचारु रुप से संचालित करने के लिए कार्यालय स्थापित करने के संबंध में निर्देश दिए गए। डीसी ने कहा कि अब प्रत्येक माह रेडक्रॉस सोसाइटी की बैठक की जाएगी। उन्होंने 08 मई को कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी सरकारी कर्मचारी, संविदा कर्मी एवं पदाधिकारी को 500 रुपया सदस्यता शुल्क देकर वार्षिक सदस्य बनाने के लिए सभी विभागों को पत्र निर्गत करने सहित अन्य निर्देश दिया। मौके पर जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, सिटी मैनेजर बृजेश कुमार, रेडक्रॉस के सचिव डॉक्टर विजय कुमार, चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, सुरेश निर्मल, डॉ. तुफैल सहित अन्य मौजूद थे।
मुआवजे की मांग को लेकर पुन: रैयतों ने रोका फोरलेन सड़क निर्माण कार्य
-भू-अर्जन पदाधिकारी ने आठ को पक्ष रखने को बुलाया
राजमहल। संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत गुनिहारी पंचायत के मोहनपुर मौजा के कई रैयतों की फोरलेन सड़क के लिए अधिग्रहण की गई जमीन के बदले मुआवजा नहीं मिलने से नाराज रैयतों ने एक बार फिर शनिवार को बांस-बल्ला लगा कर फोरलेन सड़क निर्माण कार्य रोक दिया। इसके पूर्व लगातार हो रहे आंदोलन को लेकर मामले की जानकारी लेने एनएचएआई के कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे थे। रैयतदार एतवा उरांव, विनय उरांव, बेला उरांव, बुचना उरांव, कैला उरांव, बैजू उरांव, श्रीलाल उरांव, कर्मा उरांव, छदवा उरांव सहित अन्य ने बताया कि दाग नंबर 63 के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य के लिए कुल 05 बीघा, 15 कट्ठा जमीन को सरकार ने अधिग्रहण किया है। लेकिन कई बार आंदोलन करने के बावजूद अबतक उन लोगों को मुआवजा राशि नहीं मिली है। पिछले 19 अप्रैल एवं 28 अप्रैल, 2024 को भी मुआवजा की मांग को लेकर सड़क निर्माण कार्य को रोका गया था। लेकिन अबतक उन्हें मुआवजा नहीं मिल पाया है। रैयतदारों ने बताया कि पूर्व में भी मुआवजा की मांग को लेकर संबंधित पदाधिकारी से कई बार गुहार लगाई है। बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। इधर कार्य बाधित किये जाने की सूचना मिलने पर सीओ अशोक कुमार सिन्हा, प्रभारी सीआई ऋषितोष झा एवं राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची एवं रैयतदारों को समझाया बुझाया। सीओ ने कहा कि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया चालू है। अनाबादी खाते की भूमि है। इसलिए मुआवजा राशि भुगतान में रुकावट आ गई। राजमहल से रिपोर्ट भू-अर्जन विभाग को सौंप दी गई है। वहीं जिला भू अर्जन पदाधिकारी के न्यायालय ने नोटिस जारी कर रैयतदारों को 08 मई, 24 को पूर्वाह्न 11 बजे अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय कक्ष में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को बुलावा भेजा है। मौके पर एनएचएआई के अनुराग गुप्ता, साइट इंजीनियर अभिषेक सिंह, मनीष कुमार, टिंकू, शैलेंद्र सहित अन्य उपस्थित थे।
कन्या उच्च विद्यालय में लीगल लिटरेसी क्लास का आयोजन
साहिबगंज। संवाददाता। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार के निर्देश पर शनिवार को उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय में लीगल लिटरेसी क्लास का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित बच्चियों को देश के संविधान एवं बाल विवाह, डायन प्रथा, मौलिक अधिकार और ईव-टीजि़ंग व अन्य कानूनों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही झारखंड लीगल सर्विसेज अथॉरिटी की लांच की गई। गर्भवती महिला कैदियों के लिए कानूनी सहायता के बारे में कानूनी जानकारी भी प्रदान की गई। प्राधिकार के सचिव सह वरीय सिविल जज विश्वनाथ भगत ने बताया कि बालिकाओं पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का कानूनी प्रावधान है। पीड़ितों को न्याय दिलाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकार हर कानूनी मदद करता है। इधर मंडल कारा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन कर कानूनी जानकारी दी गई। मौके पर दीप्ति, चीफ लीगल एड कौंसिल कामिनी शर्मा, असिस्टेंट लीगल एंड कौंसिल रतन कुमार व जेल कर्मी उपस्थित थे।
पुलिस ने 15 महीने पूर्व खोये मोबाइल को खोज निकाला
राजमहल। संवाददाता। बिहार राज्य के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र निवासी आयुष रंजन ने बीते 18 फरवरी, 2023 को शहर के बालू प्लॉट के पास से मोबाइल गुम हो जाने की शिकायत थाना में आवेदन देकर की थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी गुलाम सरवर ने टेक्निकल टीम की मदद से मोबाइल की ट्रैकिंग शुरू की। इसके बाद गुम हुए मोबाइल को बरामद कर शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में थाना प्रभारी गुलाम सरवर ने आवेदनकर्ता के मामा शहर के नीलकोठी निवासी प्रेम प्रकाश साहा को मोबाइल सौंप दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि अभियान जारी रहेगा।
मोटरसाइकिल दुर्घटना में दो व्यक्ति घायल
राजमहल। संवाददाता। राजमहल-उधवा मुख्य सड़क पर फुलवरिया मोड़ के समीप शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दो व्यक्ति घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार शहर के कासिम बाजार निवासी मुजाहिद (34) व अब्दुल गनी (61) राजमहल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से जा रहे एक बाइक चालक ने तीव्र गति से आकर धक्का मार दिया। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मुजाहिद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।