देवघर/वरीय संवाददाता। मध्यदेशीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, असम सरकार के मंत्री एवं नवनिर्वाचित विधायक डॉ. विजय कुमार गुप्ता का रविवार को देवघर सर्किट हाउस में जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्हें माल्यार्पण एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्वागत समारोह के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में एक संक्षिप्त बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन की मजबूती एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का आ”ान करते हुए कहा कि संगठन में रहते हुए मतभेदों को स्थान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को एकजुट होकर समाज के विकास एवं उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करना होगा। अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य हलुवाई समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज प्रसाद बच्चन ने कहा कि समाजोत्थान के लिए संगठन में एकता, अखंडता, आपसी सामंजस्य एवं सहयोग बनाए रखना आवश्यक है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष सुरेश साह ने कहा कि झारखंड में समाज को संगठित रखते हुए जनहित एवं समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे पूर्व डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने बाबा बैद्यनाथ एवं बाबा बासुकीनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश एवं समाज की सुख-समृद्धि, उन्नति और प्रगति की कामना की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज कुमार बच्चन, अखिलेश गुप्ता, राधेश्याम साह, मनीष कुमार, भारती, विजय गुप्ता, शिव प्रसाद गुप्ता, उमेश गुप्ता, विशाल गुप्ता, संजय साह, शैलेश साह, दिनेश साह, नरेश साह, अमन, सूरज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को जयंती पर श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि नरसिम्हा राव देश में आर्थिक सुधारों के जनक के रूप में सदैव याद किए जाएंगे।
अजय कुमार ने कहा कि स्वर्गीय राव कुशल राजनीतिज्ञ, दूरदर्शी प्रशासक और प्रकांड विद्वान थे। कई भाषाओं पर उनकी उत्कृष्ट पकड़ थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया तथा अपने कार्यों से सार्वजनिक जीवन की गरिमा को बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि देश के आर्थिक विकास और विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव का योगदान ऐतिहासिक रहा है। उनकी दूरदर्शी नीतियों और बहुमूल्य सेवाओं को राष्ट्र सदैव स्मरण करेगा।
पल्स पोलियो अभियान का उपायुक्त ने किया शुभारंभ
- नवजात बच्चों को पिलाई दवा
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने रविवार को नए सदर अस्पताल, देवघर में नवजात बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर जिले में पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा एवं सिविल सर्जन ने भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि ‘बूथ डे’ के अवसर पर जिले के कम से कम 80 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत बच्चों को अभियान से जोड़ने के लिए अगले चरण में घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा छूटने न पाए। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1488 बूथ बनाए गए हैं, जहां जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की सुरक्षा खुराक दी जा रही है।
दो दिनों तक चलेगा घर-घर अभियान : उपायुक्त ने बताया कि जो बच्चे रविवार को किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके, उन्हें 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने समाज के सभी जागरूक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के परिवारों को भी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीएम, चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मी उपस्थित थे।
वेतन भुगतान में विलंब पर फार्मासिस्ट ने आंदोलन की चेतावनी दी
देवघर/वरीय संवाददाता। देवघर स्वास्थ्य विभाग में वेतन एवं अन्य देय लाभों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। सदर अस्पताल के फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने वेतन एवं बकाया भुगतान की मांग को लेकर अस्पताल प्रबंधन को आवेदन सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं होने पर प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे के बाद अस्पताल उपाधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
संजीव कुमार ने अपने आवेदन की प्रतिलिपि सिविल सर्जन, उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित थाना प्रभारी को भी भेजी है। उनका आरोप है कि राज्य सरकार द्वारा आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद भुगतान में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सचिव के निर्देशानुसार राज्य के सभी फार्मासिस्टों को नियुक्ति की तिथि से दो वर्ष की सेवा पूर्ण होने के बाद 4200 ग्रेड पे के आधार पर वेतन का भुगतान किया जाना है। उनके अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में इसका लाभ दिया जा चुका है, जबकि देवघर में सिविल सर्जन के आदेश और आवंटन उपलब्ध होने के बावजूद भुगतान लंबित है। संजीव कुमार ने आवेदन में अपनी पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों का भी उल्लेख करते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की है। वहीं, झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संघ आंदोलन में पूरा सहयोग देगा।
कुंडा मोड़ पर दो दुकानों में भीषण आग
- करीब 30 लाख की संपत्ति जलकर राख
देवघर/संवाददाता। जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग मोहल्ला स्थित कुंडा मोड़ के पास रविवार की सुबह अचानक लगी भीषण आग में दो दुकानें जलकर राख हो गईं। इस हादसे में करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग की चपेट में उषा ट्रेडर्स और शिव शक्ति स्टोर नामक दो सटी हुई दुकानें आ गईं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:30 बजे स्थानीय लोगों ने दुकानों से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने दोनों दुकानदारों को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दोनों दुकानदार मौके पर पहुंचे और तत्काल दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। बताया गया कि सूचना मिलने के कुछ समय बाद दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले किराना एवं स्टेशनरी की दुकान शिव शक्ति स्टोर में लगी। इसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर बगल में स्थित हार्डवेयर एवं प्लाइवुड की दुकान उषा ट्रेडर्स को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे नियंत्रित करना आसान नहीं था। आग बुझाने में आसपास के लोगों ने भी दोनों दुकानदारों और दमकल कर्मियों का सहयोग किया। उषा ट्रेडर्स के संचालक संजय कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में हार्डवेयर एवं प्लाइवुड का बड़ा स्टॉक रखा था, जो आग में पूरी तरह जल गया। उन्होंने इस घटना में करीब 15 से 17 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। वहीं शिव शक्ति स्टोर के संचालक राजेश कुमार गोप ने बताया कि उनकी दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। उनके अनुसार इस आगजनी में करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोग आग लगने के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चा करते रहे। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
कचहरी परिसर स्थित महावीर मंदिर में चोरी
- पीतल के पूजन सामग्री पर चोरों ने किया हाथ साफ
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर के महाबीर मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। मामले को लेकर मंदिर के नियमित पुजारी रामाधार पाण्डेय ने नगर थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दर्ज मामले में पुजारी ने कहा है कि 24 जून की संध्या आरती संपन्न कराने के बाद वह अपनी बहन के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार शरीफ चले गए थे। 26 जून की रात करीब आठ बजे वापस लौटने पर उन्होंने मंदिर परिसर स्थित पुजारी गृह का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो मंदिर में रखी कई पीतल एवं कांसे की पूजन सामग्री गायब थी। चोरी हुए सामान में लगभग तीन किलो वजन का पीतल का चौमुखी दीप, दो किलो का पीतल का परात, चार किलो की पीतल की थाली, पीतल का लोटा, कांसे का गलंतिका स्तंभ सहित तथा पीतल की धूपदानी शामिल है। पुजारी ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर से आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन चोरी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद 27 जून को नगर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच कर अज्ञात चोरों की पहचान करने और उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शादी समारोह के दौरान विवाद में कई लोग घायल
- घर में घुसकर मारपीट व जेवर-नकदी ले जाने का आरोप
देवघर/संवाददाता। देवीपुर थाना क्षेत्र के खड़कुआं गांव में शादी समारोह के दौरान तासा बजाने को लेकर हुए विवाद में कई लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव निवासी 61 वर्षीय कार्तिक महरा ने देवीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए गांव के आठ लोगों पर जानलेवा हमला, मारपीट, घर में घुसकर जेवरात व नकदी ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। मामले में कहा गया है कि 26 जून की शाम करीब 8:30 बजे उनके छोटे बेटे चंदन दास की शादी में बचा हुआ तासा बजाया जा रहा था। इसी दौरान कैलाश दास ने तासा बजाने से मना किया। सूचना मिलने पर कार्तिक महरा वहां पहुंचे और कारण पूछा। आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। बचाने पहुंचे उनके मंझले बेटे विकास दास पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जबकि अजय दास एवं उनके चचेरे भाई के साथ भी लाठी-डंडे से मारपीट की गई, जिससे दोनों के हाथ टूट गए। पीड़ित ने मामले मे आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद सभी आरोपित घर में घुस गए और शादी के लिए रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। जाते-जाते आरोपितों ने दोबारा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
एक जुलाई को आईएमए करेगा वरिष्ठ नागरिकों का नि:शुल्क जांच
देवघर/वरीय संवाददाता। आईएमए देवघर बड़े हर्ष के साथ आगामी राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस 1 जुलाई के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए, पुराने सदर अस्पताल परिसर में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन कर रहा है. इसमें सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ पल्स, बीपी, बॉडी मास इंडेक्स, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, बोन मिनरल डेंसिटी (हड्डी की जांच), ईसीजी इत्यादि किया जाएगा। यथासंभव दवाई भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस शिविर में रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए भी जागरूक किया जाएगा, जिसके लिए एक अलग टेबल पर चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस स्व. डॉ विधान चंद्र राय की याद में मनाया जाता है, जिनकी जन्म और पुण्य तिथि दोनों ही 1 जुलाई है। चिकित्सक के अलावा वे स्वतंत्रता सेनानी एवं कुशल राजनीतिज्ञ भी थे। वे 1948 से जीवनपर्यंत (1962) तक पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री के रूप में जनता की सेवा में लगे रहे।
स्वर्ण जयंती वर्ष में मारवाड़ी युवा मंच ने शुरू किया ‘रविवार रक्तदान महादान’ अभियान
देवघर/वरीय संवाददाता। मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा ने अपने स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार से “रविवार रक्तदान महादान” अभियान की शुरुआत की। अभियान का प्रथम चरण शिवाय ब्लड सेंटर, शिवाय हॉस्पिटल, टावर चौक में आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान करने वालों में समीर मिश्रा, राहुल मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, सुभाष यादव, राहुल कुमार शर्मा, विवेक कुमार गुप्ता, पंकज मिश्रा एवं सोल्टी अग्रवाल सहित अन्य रक्तदाता शामिल रहे। मंच की ओर से सभी रक्तदाताओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नि:शुल्क हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच के अध्यक्ष साकेत छावछारिया ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष में मंच सेवा के नए आयाम स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। रक्तदान अभियान का संचालन रक्तदान संयोजक प्रत्युष सुल्तानिया एवं अंशु बांका के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मंच के सदस्य ऋषभ अग्रवाल, रोहित सुल्तानिया, अमित छावछारिया, अनुज धनुका, आशीष शराफ, अमरदीप तथा ऋषभ केड़िया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। मंच के मीडिया प्रभारी प्रिंस सिंघल ने बताया कि यह अभियान अब प्रत्येक रविवार प्रात: 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक शिवाय ब्लड सेंटर, शिवाय हॉस्पिटल, टावर चौक, देवघर में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने देवघर एवं आसपास के नागरिकों, विशेषकर युवाओं से इस सेवा अभियान से जुड़कर नियमित रक्तदान करने की अपील की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुंब प्रबोधन वर्ग में पारिवारिक मूल्यों पर हुआ मंथन
- प्रांत कुटुंब प्रबोधन संयोजक शकलदेव चौधरी रहे मुख्य वक्ता, परिवार संस्था को सशक्त बनाने का दिया संदेश
देवघर/नगर संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुंब प्रबोधन विभाग द्वारा रविवार को उमा नलिनी सरस्वती विद्या मंदिर, कुंडा में कुटुंब प्रबोधन वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, उनके परिवारों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य भारतीय परिवार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, पारिवारिक संस्कारों का संवर्धन करना तथा समाज में संवाद, समरसता और आत्मीयता की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके बाद अधिकारियों का परिचय कराया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रश्न मंच, पालक मार्गदर्शन, संवाद एवं परिचय, अनुभव कथन, संघ गीत, बौद्धिक सत्र, धन्यवाद ज्ञापन तथा भारत माता की सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक भोजन में भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत कुटुंब प्रबोधन संयोजक (रांची) शकलदेव चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में परिवार केवल रक्त संबंधों का समूह नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का केंद्र है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में परिवारों के बीच संवाद, आत्मीयता और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने परिवार को समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए प्रत्येक परिवार से नियमित संवाद, सामूहिक भोजन, संस्कारयुक्त वातावरण और भारतीय परंपराओं के पालन का आह्वान किया। इस अवसर पर देवघर विभाग प्रचारक विगेंद्र जी, जिला संघ चालक गणेश बरनवाल तथा नगर संघ चालक डॉ. आनंद वर्धन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवघर हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. राखी रानी ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि सशक्त परिवार ही सशक्त समाज और राष्ट्र की आधारशिला है तथा परिवारों में संस्कारों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। आयोजन को सफल बनाने में देवघर संयोजक मुकेश कुमार, नगर संचालक रोहित कुमार, निलेश कुमार, जिला संयोजक अखिलेश कुमार मोदी तथा नगर कुटुंब प्रबोधन संयोजक सुजीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के संचालन एवं विभिन्न सत्रों का सुव्यवस्थित संचालन भी स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मदन राव, नंदकिशोर कुमार, विनायक कुमार, अमित राव, प्रतिभा जी, ज्योति जी, मंजू जी, बबली जी, लक्ष्मी जी, कुमोद जी, रूपा बरनवाल सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने परिवार को संस्कारों की प्रथम पाठशाला बताते हुए कुटुंब प्रबोधन अभियान को समाज के प्रत्येक घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती एवं सामूहिक भोजन के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।