देवघर/वरीय संवाददाता। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र दास सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर विगत दिनों महिला आरक्षण बिल तथा परिसीमन बिल को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक तथ्यों पर गंभीर चिंता व्यक्त की । इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दास ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा इन महत्वपूर्ण विधेयकों को लेकर जनता के बीच गलत जानकारी और भ्रामक परिस्थितियां उत्पन्न की जा रही हैं। जबकि महिला शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में ही सर्वसम्मति से लोकसभा एवं राज्यसभा में महिला बिल पास हो चुका है एवं राष्ट्रपति द्वारा भी स्वीकृति प्रदान हो चुकी है। जबकि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा यह कह कर ठंडा बस्ता में डाल दिया गया है, कि अगला जाति जनगणना करने के बाद महिला बिल को लागू कर दिया जाएगा। अभी वर्तमान में इन्हें महिलाओं से कोई लेना-देना नहीं है। महिला बिल के नाम पर गलत परिसीमन कर अपना फायदे के लिए, लोकतांत्रिक मूल्यों को हनन कर अपने हिसाब से लोकसभा बढ़ाने का और देश को तोड़ने का देश की अखंडता को समाप्त करने का षड्यंत्र रचा गया था। जिसे पूरे विपक्ष ने खारिज कर दिया। जिससे उनके मंसूबे पर पानी फिर गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव अवधेश प्रजापति ने कहा कि महिला आरक्षण बिल देश की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक लाभ के लिए तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर रही है। नगर अध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता स्पष्ट किया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हमेशा से पारदर्शिता, सामाजिक न्याय और समानता की पक्षधर रही है। कांग्रेस पार्टी जनता को सच्चाई से अवगत कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा से अपील की कि वह जनता को गुमराह करने की राजनीति बंद करे और देशहित में ईमानदारी से कार्य करें। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी अशोक सिंह, अमरेंद्र कुमार सिंह सोना, जिला महासचिव गणेश दास, जिला उपाध्यक्ष मकसूद आलम, युवा नेता दीपक कुमार सिंह, मीडिया चेयरमैन बृजभूषण राम, महिला जिलाध्यक्ष प्रमिला देवी सहित दर्जनों कांग्रेस जन उपस्थित थे।
लोस-विस के मौजूदा सीटों पर ही महिला आरक्षण हो लागू : अजय
देवघर/ वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जारी एक बयान में कहा कि महिला आरक्षण बिल के गिरने को लेकर जिस तरह से भाजपा कांग्रेस को महिला विरोधी ठहरने पर तुली हुई है वह बिल्कुल ही झूठ एवं उसके बौखलाहट तथा मानसिक दिवालियेपन का परिचायक है। श्री कुमार ने कहा कि हकीकत तो यह है की केंद्र की भाजपा सरकार महिला आरक्षण बिल की आड़ में परिसीमन एवं सीटों की संख्या बढ़कर इस देश के संघीय ढांचा को नाश करना चाह रही थी इसके कुत्सित कोशिश एवं गंदे राजनीतिक एजेंडा को कांग्रेस एवं अन्य दलों ने बेनकाब कर दिया है।
श्री कुमार ने कहा कि अगर महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार की नियत साफ है तो वर्तमान लोकसभा एवं विधानसभा सीटों की संख्या पर ही वह महिला आरक्षण बिल लागू करे।
अक्षय तृतीया पर भारत विकास परिषद ने दैनिक श्रमिकों के बीच किया सेवा कार्य
देवघर/वरीय संवाददाता। भारत विकास परिषद, देवघर शाखा द्वारा सत्र 2026-27 के प्रथम सेवा-कार्य का शुभारंभ अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर किया गया। सेवा ही संस्कार है के भाव से अभिप्रेरित होकर सेवा का अक्षय पुण्य कार्य का प्रारंभ सदस्यों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। दान, पुण्य एवं सेवा के लिए अत्यंत शुभ माने जाने वाले इस पावन दिवस पर परिषद द्वारा समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की दिशा में एक सार्थक पहल की गई। इस अवसर पर समाहरणालय के समीप रेलवे ओवरब्रिज के नीचे प्रात: 7:00 बजे से 9:00 बजे तक लगभग 400 से अधिक श्रमिक भाइयों और राहगीरों के बीच शुद्ध चने का सत्तू का शीतल शरबत वितरित किया गया। साथ ही प्रत्येक श्रमिक को 2-2 पाउच ओ आर एस एवं शुद्ध पेयजल की बोतल भी प्रदान की गई।
यह सेवा कार्य अध्यक्ष कंचन मूर्ति साह एवं सेवा संयोजक संजय (गुड्डू) बंका के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस पुनीत कार्य के मुख्य सहयोगकर्ता रणजीत बरनवाल रहे, जिनके प्रेरणादायी प्रस्ताव एवं सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष कंचन मूर्ति साह, पूर्व अध्यक्ष आलोक मल्लिक, सेवा संयोजक संजय बंका, महिला सहभागिता संयोजक कंचन शेखर सिंह, संपर्क संयोजक जयप्रकाश गुप्ता, रणजीत बरनवाल, एस. पी. भुईयां बिलास, अभय कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश राज, पर्यावरण संयोजक संतोष सिंह, किरण बरनवाल सहित अन्य सदस्यगण शामिल थे। परिषद ने सभी सदस्यों एवं समाज के लोगों से आह्वान किया है कि वे समय समय पर ऐसे सेवा कार्य का आयोजन करते रहें, ताकि मानव सेवा के इस पुनीत कार्य को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाया जा सके।
आईपीसी फाउंडेशन ने किया शरबत वितरण
देवघर/वरीय संवाददाता। धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी आई.पी.सी. फाउंडेशन ट्रस्ट, देवघर द्वारा अक्षय तृतीया अवसर पर बाबा वैद्यनाथ मंदिर के प्रांगण में शरबत वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया । प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वैशाख शुक्ल पक्ष की इस पावन तिथि पर ट्रस्ट ने सेवा और समर्पण की अपनी परंपरा को जीवंत रखा। भीषण गर्मी को देखते हुए ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ मंदिर में उमड़े श्रद्धालुओं और आमजनों के बीच ठंडे शरबत का वितरण किया। सेवा भाव से ओत-प्रोत इस पहल ने न केवल दर्शनार्थियों को राहत पहुंचाई, बल्कि स्थानीय लोगों ने भी ट्रस्ट के इस पुनीत कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी जितेश राजपाल के साथ नूतन सिंह, सौम्या सिंह, नवीन पाण्डे, राज सिंह, शुभम कुमार, बालो रमानी, रंजीत वर्मा, बिट्टू, अनोज कुमार देव, बबलू राय एवं अन्य समर्पित कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर मैनेजिंग ट्रस्टी जितेश राजपाल ने ने कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। फाउंडेशन भविष्य में भी समाज के कल्याण हेतु इसी प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए संकल्पित है।
गर्मी को लेकर विद्यालयों के समय में फेरबदल
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह द्वारा जानकारी दी गई है कि राज्य में बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए छात्र-हित में राज्य सरकार द्वारा सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और सभी निजी विद्यालयों के संचालन समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, यह नया समय सारणी 21.04.2026 से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। साथ ही सभी कोटि के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी प्रात: 07:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक गैर शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करते रहेंगे। कक्षा के जी से कक्षा 08 तक: प्रात: 07:00 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक। कक्षा 09 से कक्षा 12 तक: प्रात: 07:00 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक संचालित होगा।
महिला अधिकारों पर विपक्ष पर बरसीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी
- ठाढ़ीदुलमपुर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता, महिला आरक्षण और वुमेन-लेड डेवलपमेंट पर रखे स्पष्ट विचार
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर के ठाढ़ीदुलमपुर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने महिलाओं के अधिकार, आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार ठोस और ऐतिहासिक कदम उठा रही है, जबकि विपक्ष राजनीतिक स्वार्थ के कारण इन प्रयासों में बाधा डालने का काम कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वुमेन-लेड डेवलपमेंट की अवधारणा को जमीनी स्तर पर उतारा जा रहा है। इसके तहत महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी तरीके से लागू कर देश की आधी आबादी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
अन्नपूर्णा देवी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं के आरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर दोहरी नीति अपना रहा है। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को आगे बढ़ाने का अवसर आता है, तो विपक्ष कानूनी अड़चनें खड़ी कर उसे टालने की कोशिश करता है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की भावना के खिलाफ बताते हुए कहा कि महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखना देश के विकास में बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने परिवारवाद के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल अपने परिवार की महिलाओं को ही आगे बढ़ाने में विश्वास रखते हैं, जबकि भाजपा का उद्देश्य समाज के हर वर्ग की महिलाओं को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़े और वंचित वर्ग की महिलाएं आज अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ रही हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में देश की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति और अधिक जागरूक होंगी और लोकतांत्रिक तरीके से ऐसे राजनीतिक दृष्टिकोण का जवाब देंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में केंद्र सरकार की नीतियां दूरगामी परिणाम देंगी। प्रेस वार्ता के दौरान ममता देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, विशाखा सिंह, रीता चौरसिया, मुकेश पाठक, विजया सिंह, अलका सोनी, उमाशंकर प्रजापति, धनंजय तिवारी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नशे में धुत ऑटो चालक ने कई पुलिस वाले को दांत से काटा और नाखुन से नोंचा
- ऑटो चालक को पुलिस ने लिया हिरासत में
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सर्राफ स्कूल के पास यातायात पुलिस द्वारा एक ऑटो चालक को पार्किंग करने से मना किया तो वह पुलिस वाले से उलझ गया। चालक पुलिस वाले को गाली-गलौज करने लगा। जब यातायात थाना के एसआई मिथिलेश कुमार उसे पकड़ा चाहा तो उसने दांत काट कर उसे घायल कर दिया। उसी क्रम में नगर थाना की पेट्रोलिंग पार्टी वहां पहुंची। जब नगर थाना के एएसआई संतोष कुमार जवानों के साथ वहां पहुंचे तो ऑटो चालक ने उसे भी दांत काट लिया और गर्दन में नाखुन ने नोंच लिया। पकड़ने के क्रम में एक जवान को भी नोंच लिया। काफी मश्कत के बाद पुलिस उसे काबू में कर नगर थाना लाई। बताया जाता है कि जिस 112 नंबर की वाहन से उसे थाना लाया जा रहा था। ले जाने के दौरान उसने सीट भी फाड़ दी। घायल सभी पुलिसकर्मी को इलाज के लिये सदर अस्पताल लाया गया। जहां से इलाज कर वापस भेज दिया गया। बताया जाता है ऑटो चालक कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग लक्ष्मी नगर निवासी राकेश यादव नशे में धुत था।
सड़क हादसे में तीन लोग घायल
देवघर/संवाददाता। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गये। घायलों में दिनेश किस्कू, रमेश सोरेन मधपुर और मनोज राउत देवघर के नाम शामिल हैं। बताया जाता है कि दिनेश और रमेश अनियंत्रित बाइक से गिरकर रविवार की देर रात को गंभीर रूप से घायल हो गये थे। दोनों को पहले इलाज के लिये मधुपुर अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। देवघर सदर अस्पताल पहुंचने के बाद प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिये हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य सड़क हादसे में घायल देवघर निवासी मनोज राउत को इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऑनलाइन एसी पार्टस ऑर्डर करना दुकानदार को पड़ा महंगा
- 80 हजार की हो गयी साइबर ठगी
देवघर/संवाददाता। जिले के मधुपुर थाना इलाके के रहने वाले एक एसी विक्रेता से ऑनलाइन पार्टस ट्रांसपोर्ट से भेजने के नाम पर 80 हजार रुपए ठगी कर लिये जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में दुकानदार अकिल खान ने साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत किया है। बताया जाता है कि इंडिया मार्टस पर एसी पार्टस खरीदने का ऑर्डर दिया था। जब वह उक्त साइट पर जानकारी लेने का प्रयास किया। उसके बाद एक अज्ञात वाट्सअप मैसेज और कॉल आया। कॉल करने वाले ने उससे कहा कि पार्टस जय मातादी ट्रांसपोर्ट से भेज दिया जायेगा। उसी क्रम में उसे झांसे में लेकर 80 हजार रुपए की ठगी कर ली। साइबर पुलिस शिकायत लेकर छानबीन में जुट गयी है।
चोरी हुए मोबाइल से 28 हजार की अवैध निकासी
देवघर/संवाददाता। जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के खोरीपानन निवासी एक व्यक्ति के चोरी हुए मोबाइल से 28 हजार 428 रुपए बैंक खाता से कर ली गयी। इस संबंध में अयुब अंसारी ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराया है। बताया कि 15 अप्रैल को जसीडीह बाजार आया था। उसी दौरान मोबाइल चोरी हो गयी। उपरांत उसने चोरी हुए मोबाइल नंबर को दूबारा चालू करा लिया। 20 अप्रैल को जसीडीह थाना में मोबाइल गुम होने का शिकायत दिया। जब वह अपने खाता की जानकारी लेने बैंक गया तो उसे जानकारी मिली की उसके खाता से अलग-अलग खाता में 4728 रूपया और 23700 रुपए अवैध रूप से ट्रांसफर करा लिया गया है। साइबर थाना पुलिस शिकायत लेकर छानबीन में जुट गयी है।
जमीन विवाद में मारपीट, महिला जख्मी
देवघर/संवाददाता। जिले के सारवां थाना क्षेत्र के कदेई रामपुर गांव में जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच हुए मारपीट एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। जहां पर और ड्यूटी चिकित्सा के द्वारा इलाज कर वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। घायल महिला का नाम गीता देवी है पति पिंटू राण है। घटना के संबंध में पिंटू राणा ने बताया कि सोमवार को जमीन बटवारा होना था। लेकिन सभी भाई नहीं जुटे थे। उपरंात घर वापस जा रहे थे। अचानक पाटीदार के द्वारा गाली गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया गया। जिसमें उसकी पत्नी गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने लड़ाई को शांत कराया और घायल को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचा है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।
अज्ञात बाइक चालक ने बुजुर्ग को मारा धक्का, घायल
देवघर/संवाददाता। सीमावर्ती जमुई जिला के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के थाड़ी गांव स्थित नदी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल का नाम बच्चा यादव है जो चंन्द्रमंडी थाना क्षेत्र के थाड़ी गांव का रहने वाला है। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक द्वारा इलाज कर वार्ड में भर्ती कर दिया गया। घटना के संबंध में घायल का भतीजा सुनील यादव ने बताया कि चाचा सुबह नदी की ओर जा रहे थे उसी क्रम में पीछे से एक अज्ञात बाइक चालक ने धक्का मार दिया और बाइक लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। परिजनों को इसकी सूचना मिलते ही घायल को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी स्थानीय थाना को दे दी गई।
दूधनियां में 108 महारुद्र यज्ञ की धूम, बनारस के विद्वान पंडितों द्वारा संपन्न हो रहा अनुष्ठान
- कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ धार्मिक आयोजन, भजन संध्या व पूर्णाहुति तक चलेगा कार्यक्रम
देवघर/नगर संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के दूधनियां स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित श्री श्री 108 महारुद्र यज्ञ इन दिनों पूरे क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। रविवार 19 अप्रैल को कलश यात्रा से प्रारंभ हुए इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में बनारस के विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक विधि-विधान के साथ यज्ञ संपन्न कराया जा रहा है। सोमवार को यज्ञ का दूसरा दिन होने के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ और अधिक बढ़ गई, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच यज्ञशाला में आहुति दी जा रही है, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया है। यज्ञाचार्य के रूप में आचार्य प्रशांत शास्त्री के मार्गदर्शन में यह अनुष्ठान सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन 25 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न तिथियों पर कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। 20 और 21 अप्रैल को कथा वाचन, 22 अप्रैल को विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक प्रवचन, जबकि 24 अप्रैल को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक मनोज यादव, कुमकुम बिहारी और रोशनी राज अपनी प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन से न केवल धार्मिक आस्था मजबूत होती है, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का भी संदेश फैलता है। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्य व्यवस्था बनाए रखने में लगातार सक्रिय हैं। कार्यक्रम के अंतिम दिन 25 अप्रैल को यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आसपास के गांवों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने में यज्ञ समिति दूधनियां के सभी सदस्य और ग्रामीण बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं।