- शतचंडी यज्ञ से माहौल भक्तिमय
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नोनियाटांड़ दुबे मंदिर प्रांगण में 18 से शुरू हुए शतचंडी महायज्ञ से माहौल भक्तिमय हो गया है। महायज्ञ का समापन 25 अप्रैल को होगा। रविवार की रात यहां भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रवचनकर्ता सह गायिका मीनू लाडली ने कहा कि माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। यहां प्रतिनिधि श्रद्धालु पहुंचकर यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक हेमंत दुबे ने गणेश वंदना से कार्यक्रम का आगाज किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य ललन कुमार सिंह, मुखिया गीता देवी यज्ञ समिति के अध्यक्ष घनश्याम सिंह, प्रकाश राय, भोला राय, उमेश पांडे, विनोद पांडेय, विकास पांडेय, उत्तम मंडल, मोहन मंडल, मिंटू मिश्रा, प्रकाश रवानी, सुमन राय, सुमन सिंह आदि मौजूद थे।
मधुपुर कोर्ट परिसर में लगा वाटर चिलर मशीन
मधुपुर/संवाददाता। अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा प्रदत्त एवं लायंस क्लब मधुपुर के सहयोग से सोमवार को कोर्ट परिसर में वॉटर चिलर मशीन का विधिवत उद्घाटन एडिशनल फेमिली जज भानु प्रताप सिंह, सिविल जज सिनियर डिविजन-1 मिस पूजा , एसडीजेएम एसएन टिग्गा , सीजेएसडी-11 एस. आर. टिग्गा, रेलवे मेजिस्ट्रेट विवेक राय, लायन डॉ. अरुण कुमार गुटगुटिया ने संयुक्त रूप से किया गया। मौके पर ऐडिशनल फेमिली जज भानु प्रताप सिंह ने कहा कि इस प्रकार की जनकल्याणकारी पहल समाज के लिए अत्यंत उपयोगी है तथा इससे आमजन को सीधे लाभ प्राप्त होता है। डॉ. अरुण कुमार गुटगुटिया ने कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य लोगों के जीवन में वास्तविक राहत पहुंचाते हैं और भविष्य में भी इस प्रकार की पहल निरंतर जारी रहेगी।
क्लब के सचिव लायन विजय आनंद लछिरामका ने कहा कि लायंस क्लब एवं अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में अब तक 18 वॉटर चिलर मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं जिससे आमजन को गर्मी के मौसम में काफी राहत मिल रही है। कोर्ट कर्मियों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आमजन को काफी सुविधा मिलेगी, उनके स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा तथा अब उन्हें गर्मी में ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। मौके पर क्लब के अध्यक्ष लायन प्रेम पाठक, कोषाध्यक्ष लायन रामानुज मिश्रा, लायन अटल चौरसिया, लायन सुवेन्दु दा, लायन गौतम कुशवाहा, नाजिर विनोद सिंह , सुमित चौधरी, श्री श्याम परिवार के सचिव अजित खंडेलवाल, मनोज डालमिया एवं कोर्ट के कई कर्मी उपस्थित थे।
अमृत भारत ट्रेन में महिला यात्री की तबीयत बिगड़ी
- इलाज के बाद स्वास्थ्य में हुआ सुधार
मधुपुर/संवाददाता। अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा के दौरान महिला यात्री का तबीयत बिगड़ी। मधुपुर में इलाज के बाद स्वास्थ्य में हुआ सुधार।
जानकारी अनुसार कोलकाता निवासी 41 वर्षीय महिला सिल्ली आरक्षित बोगी में अपनी मां के साथ बनारस से सियालदह जा रही थी। तभी यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी गई। इसके बाद उन्होंने 139 नंबर पर कॉल किया। सूचना मिलते ही मधुपुर में रेलवे की स्वास्थ्य टीम ने यात्री का स्वास्थ्य जांच कर तत्काल दवा और उचित सलाह दिया। चिकित्सकों के अनुसार यात्री की रक्त चाप सामान्य है। उलटी और घबराहट की शिकायत थी। यात्रा के दौरान खाने पीने मे सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसके स्वास्थ्य में सुधार है। इस दौरान मघुपुर में ट्रेन पांच मिनट विलंब हुई। मौके पर स्टेशन मास्टर ए शर्मा, टीटीई कृपा शंकर, ड्रेसर, कम्पाउंडर समेत रेल कर्मी मौजूद थे।
महिला समिति ने राहगीरों के बीच शर्बत व पेयजल का किया वितरण
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय पंचमंदिर रोड के निजी आवसीय परिसर में सोमवार को मारवाड़ी महिला समिति ने अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर समाज सेवा की एक सराहनीय पहल किया है। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए समिति की महिलाओं ने राहगीरों के बीच ठंडे पानी, खीरा, तारबूज, चना, गुड़, शरबत का वितरण किया। मौके पर अध्यक्ष शालिनी गुटगुटिया ने कहा कि इस सेवा कार्य का उद्देश्य लोगों को गर्मी से राहत प्रदान करना व मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है। समिति पिछले कई वर्षो से यह कार्यक्रम आयोजित करते आ रही है। वही सचिव कविता अग्रवाल ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए समिति ने आने-जाने वाले राहगीरों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था किया है। वही राहगीरों ने भी महिला समिति के इस अभियान की प्रशासना किया है। उन्होंने इस तरह की सेवा के लिए महिला समिति का आभार जताया है। इस आयोजन में समिति की सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मौके पर गायत्री टिबडेवाल, मीता गुटगुटिया, बबीता भोपालपुरिया, लक्ष्मी कनोडिया, सुमन मोदी, बबीता चंडावत, हेमलता चौटारीया, सुषमा कलबलिया आदि उपस्थित थीं।
समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को शाकम्भरी परिवार ने किया सम्मानित
मधुपुर/संवाददाता। शहर के कुंडू बंगला रोड स्थित अग्रसेन भवन में रविवार को शाकम्बरी परिवार की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शाकम्बरी समाज के बच्चों को उनकी प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि बासुदेव गुटगुटिया, अध्यक्ष अनूप गुटगुटिया व नगर उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज के द्वारा शाकम्बरी माता व अग्रसेन जी महराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि श्री गुटगुटिया ने कहा शाकम्बरी परिवार के द्वारा सम्मानित होना मेरे लिए गर्व की बात है। उन्होंने समाज को गौरवान्वित करने वालों सभी सदस्यों का भी आभार जताया। वही अध्यक्ष अनूप गुटगुटिया ने कहा इस तरह के आयोजन से बच्चों को आगे बढ़ने व समाज का नाम रौशन करने का अवसर मिलता है। साथ ही परिवार की एकजुटता को भी मजबूत करता है। यह परिवार आगे भी इस तरह का आयोजन करते रहेगी। सम्मान समारोह में ऋषभ भारद्वाज को नगर पालिका चुनाव में उपाध्यक्ष बनने पर सम्मानित किया गया। पार्षद चुनाव जितने पर वीणा देवी बथवाल के अनुपस्थिति मे उनके बेटे विवेक बथवाल को सम्मानित किया गया। वही सीए परीक्षा में सफलता पाने वाले हर्ष मरोदिया व भावना टेकरीवाल को व ताइक्वाडों खेल में गोल्ड मेडल व मेडल जितने ओर पल्लवी बथवाल को सम्मानित किया गया। वही मारवाड़ी पंचायत, मारवाड़ी महिला मोर्चा, मारवाड़ी युवा मोर्चा, सुंदरकांड समिति, रानी सती दादी समिति, श्याम मित्र मंडली, श्याम सखी परिवार, श्याम दीवानी समिति, श्याम महिला मित्र मंडली, श्याम सखी समिति, जिन माता समिति के अध्यक्ष व सचिव को सम्मानित किया गया। समारोह में शाकम्बरी परिवार के बच्चों ने एक से बढ़कर नृत्य प्रस्तुत किया । सभी को शाकम्बरी परिवार द्वारा समानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन कन्हैया लाल कन्नू ने किया। आयोजन को सफल बनाने में शाकम्बरी परिवार के संस्थापक जय प्रकाश थर्ड, सचिव महावीर मरोदिया, कोषाध्यक्ष विकास कुमार जिनोड़िया, प्रवीण गिनोड़िया सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
बजरंगबली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को ले तीन दिवसीय अनुष्ठान का समापन
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड अंन्तर्गत सारठ पंचायत के बेलाबाद गांव में हनुमान जी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर तीन दिवसीय अनुष्ठान का सम्पन्न सोमवार को हो गया। तीन दिनों तक चंडी पाठ, कीर्तन-भजन और भाक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिनमेें बेलाबाद, रानीगंज खैरबनी और पथलकुंआ गांव के साथ -साथ आसपास के गांवों के लोगों ने अनुष्ठान के दौरान नित्य दिन भाक्ति कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। इस अनुष्ठान को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में ग्रामीण देवनंदन राय, सीताराम राय, दिलीप राय, रोहित राय, वत्सपाल राय, ह्दय राय, संजय राय, सुरेन्द्र राय, रमेश राय, गोपाल राय, हरेराम राय, उमाशंकर राय समेत अन्य लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।
गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सारठ/संवाददाता। कई दिनों से सारठ प्रखंड में कड़ाके धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। दो दिनों से सुबह 9 बजे के बाद धूप तेज होने तथा उमस भरी गर्मी में वृद्धि हो जाने से लोग घरों से कम निकल रहे है। चौराहों और गांव की गलियां सुनसान आने लगती है।
हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कलश यात्रा आज
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय कुंडु बंगला मोहल्ला स्थित श्री पवन पुत्र धाम मंदिर में तीन दिवसीय श्री वीर हनुमान की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होना है। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया की 21 से 23 अप्रैल तक आयोजन होगा। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर मंगलवार की सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा रामयश रोड़ के ठाकुरबाड़ी से शहर का भ्रमण कर श्री पवन पुत्र धाम मे समाप्त होगा। बुधवार को श्री वीर हनुमान की प्रतिमा अधिवास एवं संध्या बेला में प्रतिमा का शहर भ्रमण होगा। गुरुवार को विधिवत प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा, प्रतिमा दर्शन और भंडारा का आयोजन होगा। दोपहर एक बजे से संध्या छह बजे तक भजन संध्या जागरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
भाजपा नगर कमेटी की नई टीम गठित
मधुपुर/संवाददाता। पार्टी संगठन को मजबूती देने के लिए भाजपा नगर अध्यक्ष रवि रवानी ने नई टीम का गठन किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी की सहमति से मधुपुर नगर अध्यक्ष रवि रवानी ने नई कमेटी की सूची जारी की। रवि की नई टीम में चार उपाध्यक्ष, दो महामंत्री व चार मंत्री बनाए गए हैं। जिसके विक्की सिंह, मदन यादव सहित नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रह चुकी मिती कुमारी एवं पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष मालती सिन्हा को नगर उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। विनय वर्मा और विनोद गोंड को महामंत्री वही भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके विक्की शर्मा समेत विजय चौधरी, रंजीत झा एवं प्रकाश गुप्ता को मंत्री तथा अजीत खंडेलवाल को कोषाध्यक्ष एवं सत्यनारायण रवानी को कार्यालय मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया, आईटी सेल का अलग-अलग दायित्व दिया गया है।
चितरा कोलियरी में फॉग कैनन से प्रदूषण पर होगा सर्जिकल स्ट्राइक
- मंगाया गया दो फॉग कैनन वाहन
चितरा/संवाददाता। एस पी माइंस, चितरा कोलियरी क्षेत्र में बढ़ते धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रबंधन ने ठोस कदम उठाया है। इसी क्रम में ट्रक माउंटेड फॉग कैनन को तैनात किया गया है, जो अब खदान क्षेत्र और कोयला परिवहन मार्गों पर नियमित रूप से संचालित होगा।
यह अत्याधुनिक मशीन हवा में सूक्ष्म जलकणों का छिड़काव कर उड़ती धूल को तुरंत दबा देती है। इससे वातावरण स्वच्छ बनेगा और आसपास के गांवों के लोगों व श्रमिकों को राहत मिलेगी। कोयला ढुलाई के दौरान उड़ने वाली धूल लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण रही है, ऐसे में इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कोलियरी के खनन अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी ने कहा कि फॉग कैनन के उपयोग से खदान और परिवहन मार्गों पर उड़ने वाली धूल को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा। कहा कि फॉग कैनन द्वारा कोलियरी के कोल डंप, वर्कशॉप एरिया, गांधी चौक, तुलसीडाबर, खून आदि कोलियरी प्रभावित क्षेत्र में प्रदूषण को नियंत्रित किया जायेगा। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र में प्रदूषण कम हो और श्रमिकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण मिले।
प्रबंधन के अनुसार, इस मशीन के नियमित संचालन से न केवल वायु प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि सड़क पर दृश्यता बेहतर होने से दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे चितरा क्षेत्र में धूल की समस्या से राहत मिलेगी।
दहेज उत्पीड़न मामले में पति समेत तीन पर प्राथमिकी
- पति को भेजा गया जेल
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ गांव निवासी विवाहिता गुलजादी खातुन ने पति समेत ससुराल के तीन सदस्यों पर दहेज में दो लाख नगद, एक बाइक व एक अलमीरा की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मधुपुर महिला थाना में मामला दर्ज कराया है । पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए आरोपी पति हुसैन शेख को हिरासत मे ले लिया है। पीड़िता गुलजादी खातुन ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी से पहले दोनो के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाद में दोनों पक्षों के परिजन के रजामंदी से शादी हुई। शादी के कुछ महिने तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा। उसके बाद पति और अन्य सदस्यों द्वारा दहेज के रूप मे दो लाख नगद, एक बाइक व एक आलमीरा की मांग किया जाने लगा। मांग पूरा नहीं होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दिया जाने लगा। यह सिलसिला लगातार चलता रहा। इससे परेशान होकर महिला ने कानून का सहारा लिया। उसने मधुपुर महिला थाना मे लिखित आवेदन देकर पति सहित तीन को आरोपी बनाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने चलाया एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान
मोहनपुर/संवाददाता। देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण व सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मोहनपुर थाना प्रभारी शालों हेंब्रम के नेतृत्व में सोमवार को व्यापक एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान एसपी के निर्देश पर थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रुकवाकर सघन जांच की। वाहन चालकों से गाड़ी के कागजात की जांच की गई, वहीं बाइक की डिक्की खुलवाकर उसमें रखे सामान की भी तलाशी ली गई। इसके अलावा बाइक सवार लोगों के बैग और अन्य वस्तुओं की भी गहन जांच-पड़ताल की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान का मुख्य उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना और संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं की पहचान करना है।