-22 जुलाई को राजमहल आएंगे मुख्यमंत्री
राजमहल। संवाददाता। नगर पंचायत के बालू प्लॉट में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 22 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डीडीसी सतीश चंद्रा ने शुक्रवार को प्रशासन की टीम के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल राजमहल रेलवे स्टेशन के समीप बालू प्लॉट एवं हेलीपैड के लिए नगर पंचायत कार्यालय के समीप स्थित मैदान का निरीक्षण किया। डीडीसी ने मुख्य सड़क की मरम्मत व कार्यक्रम स्थल में सभी प्रकार की सुविधाओं को समय पूर्ण करने को लेकर विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने पुलिस पदाधिकारी को सुरक्षा की दृष्टिकोण से आवश्यक निर्देश दिया। मौके पर एसडीओ कपिल कुमार, एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, एलआरडीसी विमल सोरेन, बीडीओ उदय कुमार सिन्हा, नगर प्रशासक स्मिता किरण सहित प्रशासन की टीम मौजूद थी।
ड्रॉप आउट बच्चों को विद्यालय वापस लाने के लिए चलेगा अभियान : डीईओ
-प्रखंड स्तरीय स्कूल रुआर की एक दिवसीय कार्यशाला
राजमहल। संवाददाता। मध्य विद्यालय नया बाजार में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय स्कूल रुआर-2024 के तहत एक दिवसीय कार्यशाला हुई। शुभारंभ प्रभारी डीईओ सह डीएसई कुमार हर्ष सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कुमार हर्ष ने कहा कि स्कूलों से अनामांकित और ड्रॉप आउट बच्चों को विद्यालय वापस लाने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए बैक टू स्कूल अभियान चलेगा। सरकार का यह महत्वपूर्ण अभियान है। बच्चों को स्कूल से जोड़ने की सार्थक मुहिम है। यह कार्यक्रम बच्चों को स्कूल में उनके नामांकन और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है। 06 वर्ष से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों की स्कूली शिक्षा पूर्ण करना आवश्यक है। इस दौरान आंगनबाड़ी में नामांकित बच्चों का नामांकन स्कूलों में करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। स्कूल रुआर कार्यक्रम 31 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान विद्यालय स्तर पर तिथिवार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मौके पर बीपीओ कुणाल किशोर, सीआरपी संजय कुमार सिंह, कौसर, बीआरपी मोहनलाल साह, प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार सहित विभिन्न विद्यालय के शिक्षक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व अन्य उपस्थित थे। इधर बोरियो आरके प्लस टू हाईस्कूल में भी कार्यक्रम हुआ। शुभारंभ प्रमुख शांति बास्की, बीडीओ नागेश्वर साव, सीओ विजय हेमराज खालको, बीपीओ राजेश्वरी प्रसाद सिन्हा, अटल बिहारी भगत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर बीआरपी आशुतोष कुमार, रामजीत मुर्मू, सीआरपी सुल्तान आलम, फैजल अफरोज, अनुज कुमार, ईश्वर पंडित, धर्मेंद्र कुमार, जेठा मुर्मू, मतिउर अंसारी सहित अन्य मौजूद थे।
प्रतिभा सम्मान समारोह में सफल छात्रों को किया गया सम्मानित
राजमहल। संवाददाता। प्लस टू जेके उच्च विद्यालय में शुक्रवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। शुभारंभ प्रभारी डीईओ सह डीएसई कुमार हर्ष ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के मैट्रिक एवं इंटर स्तर पर जिला एवं स्कूल स्तर पर टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वाले इंटर स्तरीय विद्यार्थी में रहीम, मरजीना खातून, रूपेश कुमार, कैफ शेख, मिष्टी दास, कोमल कुमारी, नंदनी कुमारी, शाइस्ता तबस्सुम, जफर आलम, आलिया तथा मैट्रिक स्तर पर सुमित चौधरी, साई सत्यम जीत, अनुज कुमार शामिल थे। मौके पर प्रधानाध्यापक अभिजीत पांडेय, प्रबंध समिति अध्यक्ष संजय प्रमाणिक, सविता मिश्रा, सुवेश कुमार, बेली मरांडी, राजीव शर्मा, सकलदीप पासवान, फईमुद्दीन, कबीर अली, जाहिद राजा, प्रभास यादव, इम्तियाज अहमद, जावेद अख्तर, मुकेश कुमार दास, फरहान सहित अन्य उपस्थित थे।
झामुमो नेता केताबुद्दीन शेख ने गंगा कटाव का लिया जायजा
उधवा। संवाददाता। गंगा नदी का जल स्तर बढ़ने से उधवा प्रखंड के प्राणपुर पंचायत के कई घर कटाव की जद में हैं। कटाव से घर ढहने की सूचना पर झामुमो नेता केताबुद्दीन शेख ने शुक्रवार को इलाके का दौरा कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान केताबुद्दीन शेख ने बताया कि उधवा प्रखंड के पूर्वी प्राणपुर पंचायत के जीतनगर और फरजूल टोला निवासी सुमित रविदास, मुकेश रविदास, मजीद शेख, इस्माइल शेख व विकास रविदास का घर गंगा कटाव की जद में है। ग्रामीणों की मदद से उक्त लोगों ने आनन-फानन में 16 जुलाई को अपना घर छोड़ दिया। सभी तत्काल दूसरे की जमीन पर फूंस का घर बना कर रहने को मजबूर हैं। उन्होंने पीड़ितों को आगे हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया। मौके पर शाहजहां अंसारी सहित अन्य मौजूद थे।
संत कुमार घोष ने विधानसभा के लिए मांगा भाजपा से टिकट
राजमहल। संवाददाता। भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश सह संयोजक सह हिंदू धर्म रक्षा मंच के अध्यक्ष संत कुमार घोष ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, राज्य सभा सदस्य व सांसद दीपक प्रकाश व आदित्य साहू सहित अन्य नेताओं से मिलकर उनके समक्ष राजमहल विधानसभा क्षेत्र की जनता व हिन्दू धर्म रक्षा मंच के कार्यकर्ताओं की मांग रखी। उन्होंने विधानसभा की वस्तु स्थिति से अवगत कराते हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा से हिंदू धर्म रक्षा मंच को टिकट देने का आग्रह किया।
घर में आग लगाने का लगाया आरोप
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत मुन्ना पटाल निवासी आजल बेवा ने पुलिस को बताया है कि विगत डेढ़ महीना पूर्व उनके घर से बैटरी, इन्वर्टर, एलईडी टीवी वगैरह चोरी हो गई थी। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस से इसकी शिकायत की थी। बीते 26 जून को शाम करीब 08 बजे अपने घर पर बैठी थी तो मुन्ना पटाल निवासी बापी मंडल, गोपी मंडल, प्रमिता देवी व कमलैन बगीचा निवासी विशाखा देवी, गोविंद मंडल ने मिलकर एकजूट होकर नाजायज रूप से उनके साथ मारपीट की। बचाने के लिए पुत्री आई तो उसके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोपियों ने पुत्री का पांच आना सोने का जेवर एवं तीन भरी चांदी का हार जबरन छीन लिया। पुन: इस घटना की शिकायत किया तो उपर्युक्त लोगों ने जान मारने की नीयत से 19 जुलाई को अहले सुबह 03 बजे उनके घर में आग लगा दी। जिससे घर धू-धू कर जलने लगा। शोर सुन उठने पर देखा कि कमलैंन बगीचा निवासी छोटू मंडल आग लगाकर भाग रहा था। ललिता बेवा के हो-हल्ला करने पर लोगों ने छोटू मंडल को पकड़ लिया। जिसे बाद में पुलिस अपने साथ ले गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।