बसंतराय, संवाददाता। कैथपुरा पंचायत के मांजर बुजुर्ग गांव स्थित मांजर अखाड़ा में मोहर्रम की दसवीं तारीख पर आयोजित पारंपरिक दंगल-कुश्ती प्रतियोगिता में बिहार और झारखंड के हजारों खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रतियोगिता का उद्घाटन रजनीश यादव ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव मौजूद रहे।
रोमांचक मुकाबलों में पचुआकित्ता के आजाद पहलवान और कदवा मोहनपुर के राहुल पहलवान को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार मिला। मांजर बुजुर्ग के सुधीर रजक और खगड़िया के अजमतुल्ला द्वितीय, जबकि गोशायदासपुर के फोटो यादव एवं राजस्थान के झांसी से आए बलवंत पहलवान तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को अतिथियों ने सम्मानित किया।
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि दंगल भारतीय संस्कृति और खेल परंपरा की पहचान है, जो युवाओं में अनुशासन, साहस और खेल भावना विकसित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आ”ान किया। मोहर्रम के महत्व पर उन्होंने कहा कि हजरत इमाम हुसैन की शहादत त्याग, बलिदान, इंसानियत और न्याय के लिए संघर्ष की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर अखाड़ा समिति के अध्यक्ष महमूद आलम, मो. अख्तर, परवेज आलम, कांग्रेस नेता आलमगीर आलम, समाजसेवी नसीम अख्तर, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अजीमुद्दीन मोअल्लिम, कांग्रेस जिला अध्यक्ष यहया सिद्दीकी, उप प्रमुख बजरंगी यादव, पूर्व प्रमुख नुर मोहम्मद, जिला परिषद सदस्य एहतेशाम उल हक, मुखिया आलमगीर आलम, खुश्तर हसनैन, रेफरी श्याम मंडल पहलवान, मुस्तकीम पहलवान सहित अखाड़ा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
प्रशासन की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण मना मोहर्रम
हनवारा, संवाददाता। मोहर्रम पर्व हनवारा थाना क्षेत्र में शनिवार को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पर्व के दौरान थाना प्रभारी ध्रुव कुमार और महागामा अंचलाधिकारी खगैन महतो पूरे दिन क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रही और ताजिया जुलूसों पर लगातार नजर रखी गई।
थाना प्रभारी ध्रुव कुमार ने जुलूसों के साथ रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। वहीं अंचलाधिकारी खगैन महतो ने विभिन्न जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।
दोनों अधिकारियों ने लोगों से शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस-प्रशासन की सतर्कता और आम लोगों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में मुहर्रम का पर्व बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने भी प्रशासन की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों की लगातार मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहा।
बहन की शादी का न्योता देने निकले दो भाइयों की सड़क हादसे में मौत
- फोरलेन पर ओवरटेक की होड़ बनी काल, एक युवक गंभीर घायल
गोड्डा, कार्यालय संवाददाता। जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बहन की शादी का निमंत्रण देने जा रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच ओवरटेक की होड़ के दौरान हुई इस दुर्घटना से शादी वाले परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
हादसा गांधीग्राम के समीप निस्तारा गांव के पास एनएच-133 फोरलेन पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पिकअप और स्कॉर्पियो तेज गति से एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की चपेट में एक बाइक आ गई, जिस पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
दुर्घटना में नगर थाना क्षेत्र के कुरमन निवासी चंदन कुमार राय तथा महागामा के फिरोजपुर निवासी संजीव कुमार राय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों आपस में रिश्तेदार और भाई बताए गए हैं। मृतक के पिता अर्जुन राय ने बताया कि उनकी बेटी काजल कुमारी की शादी आगामी एक जुलाई को है। इसी सिलसिले में दोनों युवक शादी का निमंत्रण देने महागामा जा रहे थे।
वहीं कुरमन लम्बाटीकर निवासी सन्नी कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जश्न के घर में मातम का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पथरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने दो लोगों की मौत और एक के घायल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में घटना को लेकर शोक की लहर है।
घरेलू विवाद में पत्नी की गला दबाकर हत्या, पति हिरासत में
- राजाभीठा के अमरपुर गांव की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
गोड्डा, कार्यालय संवाददाता। जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मृतका होपनमय चौड़े के पति मनु हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि नशे की हालत में पति ने पत्नी की धोती से गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज और राजाभीठा थाना प्रभारी योगेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त बताई जा रही धोती भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी ने हत्या के आरोप से इनकार करते हुए दावा किया है कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या की है। थाना प्रभारी योगेश यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतका अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई है।
कड़ी सुरक्षा के बीच महागामा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मुहर्रम
- खैराटीकर करबला मैदान में जुटी भीड़, कई स्थानों पर शनिवार को भी हुए आयोजन
महागामा, संवाददाता। शहादत और बलिदान का प्रतीक मुहर्रम पर्व महागामा प्रखंड क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। खैराटीकर करबला मैदान में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हनवारा थाना पुलिस के साथ आईआरबी के महिला एवं पुरुष जवान पूरे समय मुस्तैद रहे।
हनवारा थाना क्षेत्र के कोयला, बिशनपुर, गढ़ी, मिल्की, हनवारा, शहजादपुर सहित विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग ताजिया और निशान के साथ जुलूस निकालकर खैराटीकर करबला मैदान पहुंचे, जहां पारंपरिक रूप से निशानों का मिलान किया गया। आकर्षक ताजिए लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं कोयला, परसा और नयानगर सहित कई स्थानों पर ताजिया स्थापित कर मेले का आयोजन किया गया। युवाओं ने लाठी, भाला और तलवार से पारंपरिक करतब प्रस्तुत किए, जबकि कई जगहों पर बुजुर्गों ने झरनी के साथ मरसिया पढ़ा।
खैराटीकर करबला मैदान में विभिन्न जंग समूहों की ओर से पारंपरिक खेलों का आयोजन भी किया गया। प्रशासन की सतर्कता, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कुछ स्थानों पर शनिवार को भी मुहर्रम से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
एसबीआई एटीएम व झारखंड पुलिस सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन
गोड्डा, संवाददाता। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने धर्मूडीह स्थित न्यू पुलिस लाइन परिसर में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के नए एटीएम और झारखंड पुलिस सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एटीएम की सुविधा मिलने से पुलिसकर्मियों, अधिकारियों तथा आसपास के लोगों को नकद निकासी सहित बैंकिंग कार्यों में सुविधा होगी और समय की बचत भी होगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विभाग पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने झारखंड पुलिस सेल्फी प्वाइंट को पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत करने तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर जुड़ाव का माध्यम बताया।
कार्यक्रम में गोड्डा एसडीपीओ, डीएसपी, विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी, न्यू पुलिस लाइन के जवान तथा एसबीआई के क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय (आरबीओ) के अधिकारी एवं बैंककर्मी उपस्थित रहे।
नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है : डीडीसी
गोड्डा, संवाददाता। जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित सप्ताहव्यापी निषिद्ध मादक पदार्थ जागरूकता अभियान का समापन समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त यशवंत श्रीकांत ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बादी की ओर ले जाता है। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव ने कहा कि नशे के क्षणिक सुख के कारण युवा अपना भविष्य दांव पर लगा रहे हैं, इससे समाज को मिलकर बचाना होगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन डीडीसी, एसडीओ, जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो एवं पूर्व नगर अध्यक्ष ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्वागत भाषण डॉ. प्राण महतो ने दिया, जबकि संचालन सुरजीत झा ने किया। इस अवसर पर गुरुकुल डांस एकेडमी, पी एंड डी डांस एकेडमी तथा यूनिक करियर पब्लिक स्कूल, पोड़ैयाहाट के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। डॉ. ब्रह्मदेव कुमार, प्रकाश यादव, डॉ. आकाश एवं इंस्पेक्टर मधुसूदन मोदक ने भी नशे के दुष्प्रभाव और कानूनी पहलुओं पर जानकारी दी।
समारोह के दूसरे चरण में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पवन सिंह और दीपक कुमार तथा राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती, वॉलीबॉल, नेटबॉल, हैंडबॉल एवं रग्बी के खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक जयशंकर सिंह, देवाशीष झा, राहुल कुमार, रौशन कुमार साह, मोनालिसा और करण कश्यप को सम्मानित किया गया।