मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम, एसपी ने अस्पताल पहुंच ली जानकारी
साहिबगंज। संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ईसाई टोला में रविवार की देर शाम 40 वर्षीय राकेश मालतो की घर के समीप ही संदेहास्पद मौत हो गई। मामले की जानकारी तब हुई जब राकेश की बड़ी बहन खाना देने घर पहुंची। उसने देखा कि उसका भाई को जमीन में गिरा हुआ था। उसके रोने चिल्लाने पर वहां लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुफस्सिल थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश को दी। थाना प्रभारी ने दलबल के साथ वहां पहुंच छानबीन की। मृतक की पत्नी अभिलाषा मालतो ने बताया कि बीते कुछ दिन पूर्व से जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी गणेश यादव, विक्की यादव, रामाकांत यादव व संजय दबाव बना रहे थे। साथ ही घर नहीं खाली करने पर जान मारने की धमकी भी दे रहे थे। उन्होंने पड़ोसियों पर पति की हत्या करने का आरोप लगाया। इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सोमवार को सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड में शामिल डॉ मोहन मुर्मू, डॉ सचिन व डॉ साकेत सोनू ने युवक के शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान एसपी नौशाद आलम ने सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउज पहुंच मामले की जानकारी लेते हुए मुफस्सिल थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिया। इधर एसपी ने बताया कि मामले के अनुसंधान के लिए एसडीपीओ राजेंद्र दूबे के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। एसपी ने बताया कि अभी तक की पूछताछ में मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ पाया गया है। जल्द ही मामले की उद्भेदन किया जाएगा। इधर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नाबालिग से दुष्कर्म का एक आरोपी गिरफ्तार
-एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
साहिबगंज। संवाददाता। पुलिस ने एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस लाइन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में एसपी नौशाद आलम ने बताया कि मार्च महीने में सूचना मिली थी कि तीनपहाड़, निश्चिंता की एक नाबालिग लड़की को देहरादून, भांती निकेतन में रखा गया है। इसके उपरांत एक पुलिस टीम बच्ची की रेस्क्यू कर 27 मार्च को उसे तीनपहाड़ ले आयी थी। इधर देहरादून सीडब्ल्यूसी के पदाधिकारी सुरेश उनियाल की तहरीर पर जीआरपी ने शून्य एफआईआर दर्ज कर देहरादून के बसंत विहार थाना में पटवारी मिर्घा व प्रदीप बंसल के खिलाफ उक्त लड़की से दुष्कर्म करने के मामले में कांड संख्या 35/2023 के तहत एफआईआर दर्ज कराया था। वहां कि पुलिस ने अनुसन्धान में पाया कि नाबालिग लड़की के साथ साहिबगंज में दुष्कर्म किया गया था। इसके बाद देहरादून पुलिस ने अनुसंधान के लिए सभी रिकॉर्ड साहिबगंज पुलिस को ट्रांसफर किया था। जिसके आधार पर पीड़िता के लिखित आवेदन पर तीनपहाड़ थाना में 1 अप्रैल 2023 को गोड्डा के बोआरीजोर निवासी पटवारी मिर्घा व देहरादून निवासी रोहन बंसल पर कांड संख्या 16/23 दर्ज करते हुए पुलिस टीम ने गोड्डा जिला अंतर्गत, बोआरीजोर थाना क्षेत्र के कंदानियां निवासी पटवारी मिर्घा को गिरफ्तार कर 30 अप्रैल को जेल भेज दिया था। पुन: टीम ने कांड के अप्राथमिक आरोपी बोरियो थाना क्षेत्र के सीतालपुर, जेठके निवासी बेटाराम मरांडी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। बेटाराम पर दिल्ली के प्रिति नगर थाना में कांड संख्या 357/2022 दर्ज है। छापामारी में तीनपहाड़ थाना प्रभारी चिंतामन रजक, हवलदार निर्मल कुमार सिंह, आरक्षी अनिल कुमार महतो शामिल थे।