कार्यकर्ताओं को दिया स्थापना दिवस कार्यक्रम की सफलता का श्रेय
- सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा लगातार कर रही है प्रयास
सारठ/संवाददाता। दुमका के गांधी मैदान में झामुमो के 45वें स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने में सारठ के हजारों कार्यकर्ताओं ने जो जोश और उत्साह दिखाया है वह काबिलेतारिफ है। उक्त बातें सारठ विधानसभा से पिछले चुनाव में झामुमो प्रत्याशी रहे परिमल उर्फ भूपेन सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि जिस अनुशासित तरीके से यहां सैकड़ों वाहनों से कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ दुमका रवाना हुए और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में एड़ी-चोटी एक कर दी वह प्रशंसनीय है। कहा कि गांधी मैदान में एक बार फिर झामुमो ने हुंकार भर दी है। आगामी विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की चट्टानी एकता पूरी ताकत लगा देगी। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सूबे की सरकार बेहतर तरीके से काम कर रही थी जो भाजपा को नागवार गुजरी और एक षड्यंत्र के तहत उन्हें फंसाने काम किया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन निर्दोष साबित होकर जेल से और मजबूत होकर बाहर निकलेंगे। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आदर्शों पर संघर्षों को आत्मसात कर माटी की पार्टी झामुमो जनहित में काम कर रही है। विपक्षियों के राजनीतिक साजिश से झामुमो और मजबूत हुई जिसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में दिखेगा। कार्यक्रम से लौटने के बाद श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सबों का आभार जताया।
चोरों ने की दो गायों की चोरी
सारठ/संवाददाता। सारठ थाना क्षेत्र के तेतरिया मोड़ के समीप एक घर से रात में चोरों ने दो गायों की चोरी कर ली। लीलावती देवी ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद सभी सोने चले गये। सड़क के बगल में घर रहने के कारण गाड़ियों की आवाजाही होने से किसी तरह की आहट नहीं मिल पायी। रात 11 बजे तक गाय थी लेकिन एक बजे देखा कि ताला टूटा हुआ और गाय गायब है। सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी गयी। लीलावती ने बताया कि दो गायों की कीमत तकरीबन 65 हजार रुपए है। जिसमें एक गाय दुधारू थी। दूध बेच कर ही परिवार का भरण-पोषण हो रहा था। आर्र्थिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण बेटी की शादी के लिए एक गाय बेचने के लिए सोच रही थी लेकिन तब तक चोरी हो गयी।
पुआल में लगी आग, बाल-बाल बचे आसपास के घर
सारठ/संवाददाता। सारठ थाना क्षेत्र के रानीगंज गांव में शनिवार की दोपहर में वृहस्पति मोहली के पुआल में आग लग जाने से तकरीबन 20 हजार की क्षति हो गयी।
जानकारी के अनुसार वृहस्पति खलिहान से पुआल लेकर घर के सामने ही ट्रैक्टर से अनलोड किया। जब पुआल को घर ले जाने लगा तो देखा कि पुआल से धुंआ निकल रहा। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक पुआल जलने लगा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तकरीबन तीन हजार पुआल का बंडल खाक हो गया। इससे तकरीबन 20 हजार की आर्थिक क्षति हुई। उन्होंने बताया कि वह दूसरे की खेती करता है। उसके हिस्से में जो पुआल आया था उसे लेकर वह घर आया था। पुआल जल जाने के कारण मवेशियों के लिए चारा की दिक्कत हो गयी है।