जसीडीह/संवाददाता। विद्युत विभाग की टीम ने जसीडीह क्षेत्र में अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी के खिलाफ छापेमारी अभियान चला कर दो लोगों को पकड़ा। साथ ही डेविड कुमार हांसदा सहायक विद्युत अभियंता ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर उक्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मिली जानकारी अनुसार डेविड कुमार हांसदा सहायक विद्युत अभियंता विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल जसीडीह के नेतृत्व में सारणी पुरुष जय प्रकाश मंडल, मानव दिवस कर्मी अजीत कुमार यादव एवं बिजली स्टाफ की गठित टीम ने तीन दिसंबर को जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरा, गिधापाथर आदि गांवों में विद्युत ऊर्जा चोरी के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया। सहायक विद्युत अभियंता श्री हांसदा ने बताया कि छापेमारी अभियान के दौरान उमेश वर्मा और दीपक वर्मा को अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी करते पकड़ा गया। इन लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई कर करीब 34 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया। साथ ही जसीडीह थाना में आवेदन देकर उक्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कल राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे भाजपा कार्यालय का उद्घाटन
देवघर। नगर संवाददाता। संथाल परगना क्षेत्र का आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जिला भाजपा कार्यालय बनकर तैयार है। आगामी 6 दिसंबर को नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। साथ ही झारखंड सहित संथाल परगना के विभिन्न जिलों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यालय का निर्माण कार्य पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सह पूर्व विधायक नारायण दास के कार्यकाल में 5 मई 2023 को शुरू हुआ था। भाजपा कार्यकाल के लिए प्रदेश नेतृत्व की ओर से देवघर में कार्यालय निर्माण के लिए जमीन की तलाश शुरू हुई। पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश नरौने सुग्गा के अथक प्रयास से शहर के ठाढ़ीदुलमपुर में भाजपा को जमीन कार्यालय निर्माण के लिए उपलब्ध हुआ और आज जिला अध्यक्ष सचिन रवानी के कार्यकाल में बनकर तैयार हुआ है। इस दौरान लगभग ढाई साल कार्यालय बनने में लग गए। जिसका उद्घाटन 6 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। कार्यालय निर्माण को लेकर 5 मई 2023 को भूमि पूजन के दौरान पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, कोषाध्यक्ष दीपक बांका, महामंत्री प्रदीप वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग शिलान्यास समारोह में शिरकत की थी। अब 6 दिसंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष इस कार्यालय का उद्घाटन करेंगे तो भाजपा के कई बड़े नेता उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। फिलहाल उद्घाटन समारोह को लेकर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री बिहार झारखंड नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, बालमुकुंद सहाय सहित अन्य भाजपा नेता जोरशोर से जुटे हुए हैं। बता दे कि आज भाजपा कार्यालय का जो सपना पूरा हो रहा है, उसके जमीन तलाश में मुख्य भूमिका राकेश नरौने व अमनदीप गोलू आदि की भूमिका है।
वीर कुंवर सिंह चौक में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम की ओर से बुधवार को वीर कुंवर सिंह चौक में नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अधिकांश दुकानदार पहले से ही अपना सामान समेटकर अतिक्रमण हटाए हुए थे। केवल एक-दो दुकानों में अतिक्रमण की स्थिति मिलने पर निगम टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें हटवाया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमित रूप से अभियान जारी रहेगा। दो दिनों से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर अतिक्रमणकारियों दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
ऑटो चोरी मामले में अज्ञात पर केस
जसीडीह/संवाददाता। पुलिस ने जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकी पहाड़ी गांव से ऑटो चोरी करने पर अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। पुलिस ने बताया कि चरकी पहाड़ी गांव निवासी प्रकाश यादव ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर कहा कि दो दिसंबर की रात अज्ञात चोर ने चरकी पहाड़ी गांव स्थित उसके घर के दरवाजे पर खड़ी ऑटो नंबर -जेएच -15 एन/2185 को चोरी कर ली। पुलिस ने प्रकाश यादव के आवेदन पर जसीडीह थाना कांड संख्या-351/2025 दर्ज कर अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है। जबकि पुलिस ने चोरी की घटना के कुछ घंटों बाद ही उक्त ऑटो को जसीडीह के रतनपुर गांव स्थित झाड़ी से क्षतिग्रस्त हालत में बरामद कर ली है।
मिथिलेश सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ
सारवां/संवाददाता। प्रखंड के कोरडीहा मैदान में आयोजित मिथिलेश सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत राज पदाधिकारी रणवीर कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार, थाना प्रभारी कौशल कुमार सिंह, संत जेलो पब्लिक स्कूल के डायरेकर मुन्ना कुमार मुखिया, ललन मिश्रा, पूर्व उप प्रमुख सोनी देवी समाज सेवी परशुराम वर्मा, शिव नारायण वर्मा एवं पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल आयोजन होने से ग्रामीण स्तर की छिपी हुई प्रतिभा निखर कर सामने आती है। टूर्नामेंट में उद्घोषक की भूमिका राम सेवक गुंजन एवं प्रेम विवेक कुमार ने किया। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। मुकाबले में अमन सतीश फाइटर और देवन बाबा फाइटर, वही दूसरा मैच जोई 11 बनाम शिव 11 के बीच खेला गया। वही ऑनलाइन स्कोरर की भूमिका में हिमांशु और कयामुद्दीन ने निभाई। टूर्नामेंट को सफल बनाने में नितेश कुमार, सरोज सिंह ,सोनू झा साकेत सिंह, कन्हैया यादव, ललित झा, टिंकू झा, संजय सिंह, संजय सिंह गौतम, विक्रम सिंह, बिट्टू भैया, दीपक झा, विकाश कुमार राउत, गोलू ने अहम भूमिका निभाई। अमन सतीश फाइटर निर्धारित 14 ओवर में 199 रन 7 विकेट के नुकसान पर बनाये। सुमित ने 45 दीपक ने 30 दीपक कुमार ने 28 रन बनाये। वही देवन बाबा की पूरी टीम 165 रन ही बना पाई देवन बाब की ओर से सबसे अधिक रन राजा ने 26 एवं आकाश ने 25 रन का योगदान दिया। वही दूसरा मैच जोई 11 बनाम शिव 11 जोई ने निर्धारित 12 ओवर में 177 रन बनाये। जिसमें स्वाधिक 55 रन मोनू सिंह 46 रन साकेत सिंह अंकित पांडे 23 रन। वही शिव 11 ने 138 पर ऑल आउट हो गया शिव 11 की ओर से 38 सदन ने ओर 21 रंजन यादव ने वही मोनू सिंह ने 5 विकेट लिया जिसे मैन ऑफ द मैच चुना गया।
ग्राम प्रधान और मूल रैयतों की हुई मासिक बैठक
सारठ/संवाददाता। सारठ अंचल के ग्राम प्रधान और मूल रैयतों की मासिक बैठक गुरूवार को प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी की अध्यक्षता में आहूत की गई।बैठक में समीक्षा के उपरांत कई प्रस्ताव भी लिये गये। जिसमें क्रमश: प्रधानों को सात महीने से सम्मनित राशि का भूगतान नहीं किये जाने से प्रधानों ने आक्रोश व्यक्त किया। वहीं मोंथा चक्रवात से बर्बाद हुए फसलों का मुआवजा राशि किसानों को शीघ्र भुगतान करने का भी प्रस्ताव लिया गया। साथ ही बैठक में यह भी प्रस्ताव में लिया गया कि जो भी प्रधान या मूल रैयत महीनें के 4 तारीख को लगातार तीन महीने से अनुपस्थित रहने पर वैसे ग्राम प्रधान ऑर मूल रैयतों का सम्मानित राशि रोकने का भी प्रस्ताव में लिया गया।साथ ही सरकारी कार्यो में प्रधान एवं मूल रैयतों के द्वारा चेक स्लीप लेकर ही काम करें, ताकि सरकारी पैसे का दुरुपयोग को रोका जा सके तथा बैठक में डिंडाकोली मौजा में अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश के बावजूद भी गोचर जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाये जाने को लेकर भी प्रस्ताव में लिया गया। मौके पर बासुकी प्रसाद सिंह, शिवनन्दन बेसरा, शिवशंकर सिंह, सेहराज बीबी, नरेश प्रसाद भोक्ता,, सुशील सोरेन, जय प्रकाश चैधरी, राजेश सिंह, अनवर शेख, भास्कर प्रसाद राय, अनिल राव, नकुल महरा, मनोरमा देवी, पानेश्वर मुर्मू, सुशील किस्कू समेत अन्य कई ग्राम प्रधान और मूल रैयत मौजूद थे।
मुखिया ने आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चोें के बीच किया स्वेटर का वितरण
सााठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड के बगडबरा पंचायत के मुखिया अशोक कुमार मंडल ने पंचायत के आंगनबाड़ी केन्द्र में पढ़ने वालों बच्चों के बीच स्वेटर का वितरण किया। मुखिया श्री मंडल ने कहा कि ठंड गिरते ही बच्चों के बीच स्वेटर का वितरण किये जाने से आंगनबाड़ी केन्द्र के सभी बच्चों को काफी राहत मिलेगी। सरकार द्वारा समय पर स्वेटर का वितरण किये जाने से बच्चों के साथ-साथ अविभावकों में भी काफी खुशी देखी गईं।
किसान समृद्धि योजना से किसानों को मिलेगा सोलर पंप : प्रखंड कृषि पदाधिकारी
सारठ/जसीडीह/संवाददाता। किसान समृद्वि योजना के अन्तर्गत किसानों को 2 एचपी का सोलर पंप सेट हेतु किसानों से आवेदन पत्र आमंत्रित किये जा रहे हैं। उक्त बातोें की जानकारी देते हुए प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकाारी शशांक शेखर ने बताया कि आवेदन के साथ-साथ लाभ लेने वाले किसान का फोटो, राशन कार्ड का छायाप्रति। बताया कि किसान को जल स्त्रोत प्रमाण पत्र फोटो जो कुआं या पोखरा के साथ जीपीएस फोटो होनी चाहिए तथा ग्राम सभा की कार्यवाही मुखिया की अध्यक्षता में बैठक का प्रस्ताव मुखिया का मोहर और हस्ताक्षर साथ ही ग्रामीणों का हस्ताक्षर जिसमें अनुशंसित हो कि जल स्त्रोत की उपलब्धता लाभ लेने वाले किसानों को है, तभी सोलर पम्प सेट दिया जा सकेगा। आवेदन के साथ वंशावली जिसमें मुखिया का हस्ताक्षर और मुहर भी होनी चाहिए। उसके बाद भरे हुए फॉर्म के नीचे में भी मुखिया या ग्राम प्रधान का हस्ताक्षर मोहर के साथ होनी चाहिए। सभी कागज अपलोड होने के बाद लाभुक किसान को अपना आधाार कार्ड देने के साथ-साथ अंगुठा लगाकर ई-केवाईसी करवाना होगा, जो अपने नजदीकी प्रज्ञा केन्द्र से किसान समृद्वि योजना पोर्टल के माध्यम से करायेंगे। बताया कि इसमें किसानों को अंशदान 17,380 रुपए का बैंक ड्रॉफ्ट आत्मा कार्यालय देवघर में जमा करना होगा। विशेष जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के एटीएम या बीटीएम से विशेष जानकारी भी ले सकते हैं।
आज देर शाम देवघर आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
- कल ठाढ़ीदुलमपुर में करेंगे नवनिर्मित भाजपा कार्यालय का उद्घाटन व बूथ स्तरीय सम्मेलन को करेंगे संबोधित
- कार्यक्रम की तैयारी पूरी, प्रदेश के भाजपा नेता देवघर में कर रहे हैं कैंप
- एयरपोर्ट के अंदर प्रदेश के नेता व बाहर नगर के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष का करेंगे स्वागत : गणेश मिश्रा
देवघर/नगर संवाददाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा देवघर जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन सह जनसभा को संबोधित करने करने के लिए कल शुक्रवार को दिल्ली से देवघर पहुंचेंगे जबकि कार्यालय का उद्घाटन व जनसभा को वह 6 दिसंबर को संबोधित करेंगे। जेपी नड्डा कल देर शाम दिल्ली से वायुमार्ग से देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और स्थानीय परिसदन में रात्रि विश्राम करने के बाद शनिवार को बाबा मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। इस बाबत गुरुवार को नवनिर्मित भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। मौके पर प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी गणेश मिश्रा ने कहा कि ठाढ़ीदुलमपुर में नवनिर्मित भाजपा कार्यालय का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष करें। हमलोगों का आमंत्रण राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा स्वीकार कर लिया गया है, यह हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर प्रदेश के वरिष्ठ नेता व अन्य सम्मान के साथ उनका स्वागत करेंगे और बाहर में नगर के कार्यकर्ता रहेंगे।देवघर में रात्रि विश्राम है। अगले दिन बाबा मंदिर जाएंगे और इसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क अभियान में संघ के कार्यकर्ताओं के साथ रहेंगे और बाबा मंदिर में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के साथ मंत्रणा करेंगे। भाजपा के पंडा समाज के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और सरदार पंडा का सम्मान करेंगे। टावर चौक से जगह जगह उनपर पुष्प वर्षा करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भाजपा कार्यालय में शंख ध्वनि के साथ स्वागत होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यालय का अवलोकन करेंगे और देवघर के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ सम्मेलन होगा। इसके लिए भी अन्य जिले के भी कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। साथ ही गुमला के कार्यालय का भी आनलाइन उद्धाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदस्यता की दृष्टि से भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि 6 दिसंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का देवघर आगमन हो रहा है। पूरी भाजपा उत्साहित हैं। हम कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है। कार्यालय उद्घाटन और कार्यकर्ता सम्मेलन सुनिश्चित हुआ है। एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस तक बैनर पोस्टर तोरण द्वार लगाया जा रहा है। पूरे शहर को भगवामय किया जाएगा। जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, जिला प्रभारी सत्येंद्र सिंह, जिला मंत्री बलराम पोद्दार, जिला कार्यालय प्रभारी धनंजय तिवारी, विश्वनाथ रवानी, तूफान महथा, सचिन सुल्तानिया, अमृत मिश्रा आदि मौजूद थे।
पुलिस अधीक्षक पहुंचे साइबर थाना
- दर्ज मामलों हुई समीक्षा
देवघर/संवाददाता। एसपी सौरभ गुरुवार को साइबर थाना पहुंचे। उन्होंने इस दौरान साइबर थाना में दर्ज मामलों की समीक्षा की। साइबर ठगी के आरोपितों पर की जा रही कार्रवाई के बारे में जानकारी ली गयी। उन्होंने दर्ज मामलों में अब तक की गयी कार्रवाई का रिव्यू किया। किस-किस तरह से साइबर अपराध को अंजाम दिया जा रहा है इस बारे में जानकारी ली। किस क्षेत्र में साइबर अपराधी अधिक सक्रिय है और वहां क्या कार्रवाई हो रही है, इसके बारे में जाना। संगठित तौर पर साइबर अपराध को कैसे अंजाम दिया जा रहा है इस बारे में जानकारी ली। वहीं मामलों के अनुसंधान व छापेमारी में साइबर थाना के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति किस तरह से की जा रही है इस बारे में जानकारी ली। वहीं साइबर अपराधियों के संपत्ति की जब्ती को लेकर की जा रही कार्रवाई के बारे में जानकारी लेते हुए आगे की कार्रवाई को लेकर दिशा निर्देश दिया। वहीं साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ उन्हें सजा दिलाने को लेकर किए जा रहे पहल को लेकर चर्चा की गयी। मामलों के अनुसंधान के तरीके व साक्ष्य संकलन को लेकर निर्देश दिया। कहा कि गिरफ्तारी के बाद साइबर अपराधियों को सजा दिलाना जरूरी है। सजा मिलने पर ही डर पैदा होगा और उसी से इस अपराध पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
मनीष झा राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयनित
देवघर/नगर संवाददाता। बाबू बेदानंद सिह अखाडा देवघर के होनहार पहलवान मनीष झा का चयन 69वीं अंडर-17 बालक व बालिका फ्री स्टाइल राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता (एसजीएफआई) के लिए हुआ है। प्रतियोगिता 8 से 12 दिसंबर तक बलिया, उत्तर प्रदेश में आयोजित की जाएगी। उक्त जानकारी देते हुए देवघर जिला कुश्ती संघ के सचिव के संजीव कुमार झा ने बताया की मनीष झा 110 किलोग्राम भार वर्ग में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। वर्तमान में मनीष झा राज्य स्तरीय कुश्ती प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे हैं, जहां वे प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी कर रहे हैं। कल टीम के साथ बलिया रवाना होगा।
मनीष की इस उपलब्धि पर संघ के अध्यक्ष विजय प्रताप सनातन, अमित कुमार, अभिजीत, दीपनारायण, विनीता पासवान, आदर्श लक्ष्य, गौरव राज, संजय वर्मा, कौशल सिंह सहित परिजनों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मनीष जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन करे।
बाल विवाह मुक्त भारत को ले सरकार के अभियान में चेतना विकास का पूर्ण सहयोग
- अंतिम चरण 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होगा पूर्ण
देवघर/नगर संवाददाता। भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प के बीच चेतना विकास ने देवघर में शुरू हुए 100 दिवसीय गहन जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी सरकारी विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वित और तेज गति से काम करने का ऐलान किया है। संगठन लंबे समय से जिले में बाल विवाह रोकथाम पर सक्रिय है और इस दिशा में लगातार प्रभावी परिणाम दे रहा है।
केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ नई दिल्ली में किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य उन सभी सामाजिक और संस्थागत तत्वों को खत्म करना है जो बाल विवाह को बढ़ावा देते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा कि स्पष्ट नीतियों और जमीनी स्तर पर की जा रही कार्यवाहियों से भारत इस अपराध को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक प्रगति कर रहा है।
केंद्र सरकार ने राज्यों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान को प्राथमिकता देते हुए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करें। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। जिले के प्रयासों की सराहना करते हुए चेतना विकास की निदेशिका रानी कुमारी ने कहा, जिला प्रशासन ने हमेशा मजबूत नेतृत्व दिया है। हमारी सफलता उनकी निरंतर सहयोगी भूमिका का परिणाम है। आज पूरा देश बाल विवाह मुक्त भारत के लक्ष्य के लिए एकजुट है और हमें विश्वास है कि 2030 से पहले ही इस अपराध को पूरी तरह समाप्त कर देंगे। यह बदलाव दुनिया को दिखा रहा है कि भारत वह कर सकता है जिसे कभी असंभव माना गया था। चेतना विकास, बाल अधिकारों पर काम करने वाले देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है, जिसके 250 से अधिक सदस्य देश भर में सक्रिय हैं। 100 दिवसीय गहन जागरूकता अभियान की रणनीति स्पष्ट और लक्ष्य आधारित है. अभियान स्कूलों और शिक्षण संस्थानों, विवाह कराने वाले धार्मिक स्थलों, विवाह सेवाएं देने वाले पेशेवरों और पंचायतों तथा नगरपालिका वार्डों पर केंद्रित है। उद्देश्य यह है कि समाज के हर स्तर पर बाल विवाह के खिलाफ सतर्कता और जवाबदेही मजबूत हो। अभियान तीन चरणों में चलेगा और इसका अंतिम चरण 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पूरा होगा। पहला चरण शिक्षण संस्थानों में जागरूकता पर केंद्रित होगा। दूसरा चरण मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारे और विवाह सेवा प्रदाताओं पर ध्यान देगा। तीसरा चरण पंचायतों और स्थानीय समुदायों में जिम्मेदारी और भागीदारी को मजबूत करेगा।
ठंड से निजात दिलाने को ले सूरज झा ने लोगों के बीच किया कंबल वितरण
देवघर/नगर संवाददाता। बढ़ते ठंड के मद्देनजर महापौर पद के संभावित प्रत्याशी सूरज झा ने गुरुवार को जरुरतमंद लोगों के बीच शिवराम झा चौक स्थित झामुमो शहरी हेल्प डेस्क में कंबल का वितरण किया। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों के बबीता देवी, सुधीर पंडित, रेणु देवी, सावित्री देवी, बरसाती देवी, विरमा देवी, लक्खी देवी, डोली देवी, ज्योति देवी, बिरेंद्र महथा, कमली देवी, शोभा देवी, तारा घोष, फुलिया देवी, चंपी देवी को कंबल प्रदान किया गया। मौके पर सूरज ने कहा कि यह कोई चुनावी हथकंडा नहीं है बल्कि ऐसा काम विगत दस पंद्रह वर्षों से अनवरत किया जा रहा है। ठंड में कंबल वितरण, विभिन्न चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था समेत कई अन्य सामाजिक सरोकार से जुड़े हुए काम करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिनों भी कंबल का वितरण किया गया था और आगे भी किया जाएगा। हमारी प्राथमिकता है कि निगम क्षेत्र में किसी भी जरुरतमंद को ठंड से ठिठुरन महसूस नहीं करें।
बाइक-ऑटो में टक्कर, दो व्यक्ति गंभीर रूप से हुआ घायल
- बाइक सवार का एक पैर कट कर हुआ अलग
देवघर/संवाददाता। जिले के देवघर-रिखिया मुख्य मार्ग पर सिमरकुट हरलाजोरी के बीच बाइक-ऑटो में टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये। इस घटना में पहाड़िया सिमरकुट निवासी सूरज कुमार का एक पैर कट कर अलग हो गया, वहीं एक अन्य बाइक सवार लोढ़ियानिवासी परदेसी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर ऑन ड्यूटी चिकित्सक द्वारा इलाज कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के संबंध में रिखिया थाना के चौकीदार शिव शंकर मिर्धा ने बताया कि ऑटो और बाइक की टक्कर में दो व्यक्ति घायल होने की सूचना मिली थी। उपरांत रिखिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन सदर अस्पताल पहुंचे उसके बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।