-एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
राजमहल। संवाददाता। राजमहल थाना क्षेत्र के महेशपुर दियारा में फसल की रखवाली कर रही विवाहित महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सभी 20 से 24 साल के युवा हैं। इस संदर्भ में एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि राजमहल महिला थाना कांड संख्या 01/2024 का चार प्राथमिकी आरोपी राजमहल रेलवे स्टेशन के पास हैं। उक्त सूचना के आधार पर राजमहल थाना प्रभारी गुलाम सरवर के नेतृत्व में गठित पुलिस की टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर स्टेशन के बाहर से मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर दियारा के मकई टोला निवासी गुड्डू कुमार, भोला चौधरी, सडला चौधरी एवं अजय कुमार चौधरी उर्फ छोटू चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि दुष्कर्म की वारदात को लेकर पीड़ित विवाहित महिला ने राजमहल महिला थाना में बीते 25 मार्च को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि अपनी गोतनी के साथ फसल की रखवाली करने के लिए महेशपुर दियारा स्थित खेत पर बासा में सोई थी। आरोपियों ने वहां पहुंच कर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के पश्चात बासा में बंधी बकरी भी आरोपी अपने साथ ले गये थे। मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर श्यामलाल हांसदा, थाना प्रभारी गुलाम सरवर व अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित थे।
देसी कट्टा लहरा कर धौंस जमाने वाले को पुलिस ने दबोचा
-एसडीपीओ ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी
राजमहल। संवाददाता। अनुमंडल अंतर्गत राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा, जंगलपाड़ा में हथियार के बल पर लोगों को धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर बताया कि एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगलपाड़ा में एक युवक अपने घर पर देसी कट्टा रखे हुए है और छोटी-मोटी बातों पर आसपास के लोगों को जान से मार देने की धमकी भी देते रहता है। जिससे इलाके के लोगों में डर एवं भय का माहौल बना हुआ है। प्राप्त सूचना के आधार पर उनके निर्देशानुसार राधानगर थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों की टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाकर जंगलपाड़ा निवासी शिवकुमार मंडल को दबोच लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हथियार लहराने की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर घर में छुपा कर रखा हुआ देसी कट्टा पुलिस ने बरामद कर लिया। उसके विरुद्ध राधानगर थाने में कांड संख्या 59/24 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी टीम में राधानगर थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी, एसआई रूपेश कुमार यादव, हसनैन अंसारी, फुलेश्वर कुमार अकेला, आरक्षी विकास कुमार साहा व मुखलाल प्रसाद डांगी शामिल थे।
56 रनों से जीत फाइनल में पहुंचा द्रोणाचार्य क्रिकेट क्लब
-माही स्पोर्ट्स येलो से होगी खिताबी भिड़ंत
-जिला क्रिकेट सीनियर लीग टूर्नामेंट का आयोजन
साहिबगंज। संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में चल रहे सीनियर क्रिकेट लीग टूर्नामेंट के तहत शनिवार को द्रोणाचार्य क्रिकेट क्लब बनाम वल्चर्स क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला गया। द्रोणाचार्य ने टॉस जीत पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 07 विकेट पर 274 रन बनाए। रवि कुमार ने नाबाद 148 रनों की पारी खेली, दीपक कुमार दास ने 73, सुष्मित रंजन ने 21 रन बनाए। वल्चर्स के गेंदबाज मुजाहिद ने 03 व विवेकानंद ने 02 विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी वल्चर्स की टीम 31.3 ओवर में 218 रन बना कर ऑल आउट हो गई। राजकुमार ने 66, अरशद ने 35 व अजय ने 27 रनों की पारी खेली। द्रोणाचार्य के गेंदबाज प्रशांत ने 04 व राशिद ने 02 विकेट लिए। द्रोणाचार्य क्रिकेट क्लब ने 56 रनों से जीत हासिल की। द्रोणाचार्य के खिलाड़ी रवि कुमार को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि सतीश सिन्हा ने रवि कुमार को मैन ऑफ दी मैच की ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। वहीं मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों की हौसला आफजाई करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। अंपायरिंग प्रभाकर सिंह उर्फ गुड्डा व राकेश कुमार रोशन ने किया। स्कोरिंग के सागर सुमन कर रहे थे। इस जीत के साथ द्रोणाचार्य क्रिकेट क्लब ने फाइनल में प्रवेश किया। जहां उसकी खिताबी भिड़ंत माही स्पोर्ट्स येलो से होगी। मौके पर अशफाक आलम, सुरेश साह, गोपाल सिंह, राकेश गुप्ता, जुनैद, शानू कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
तालाब में नहाने के क्रम में लड़की को सांप ने डंसा
राजमहल। संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत जामनगर में शनिवार को 15 वर्षीय एक लड़की को तालाब में नहाने के क्रम में सांप ने डंस लिया। मिली जानकारी के अनुसार जामनगर निवासी सुनील मंडल की पुत्री सेमोली कुमारी (15) को नहाने के दौरान तालाब के अंदर मौजूद सांप ने दंश मार दिया। परिजनों ने आनन-फानन में इलाज के लिए उसे अनुमंडल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसका इलाज जारी था। उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई थी।
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो व्यक्ति घायल
राजमहल। संवाददाता। राजमहल-उधवा मुख्य सड़क पर प्रखंड कार्यालय राजमहल के समीप सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार उधवा प्रखंड के अमानत निवासी हाजी विसारोत (50) एवं जियाउल हक (42) मोटरसाइकिल पर सवार होकर राजमहल से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान किसी वाहन के अचानक मोटरसाइकिल के सामने आ जाने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में दोनों को गंभीर चोट लगी है। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी दोनों घायलों का इलाज कर रहे थे।
ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात वृद्धा की मौत
राजमहल। संवाददाता। तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर ट्रेन से कट कर शनिवार की दोपहर एक वृद्धा की मौत हो गई। टीआर पैसेंजर 12:25 बजे राजमहल स्टेशन से खुली थी। प्लेटफॉर्म की विपरीत दिशा की ओर पोल संख्या 11/11 के समीप लगभग 60 से 65 वर्ष की वृद्ध महिला किसी तरह ट्रेन की चपेट में आ गई। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। एएसएम रूपक कुमार ने बरहरवा जीआरपी को सूचित किया। जीआरपी ने जांच-पड़ताल के उपरांत यूडी केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद टीआर पैसेंजर की दो फेरी रद्द कर दी गई।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों का अवलोकन कर दें रिपोर्ट : कुमार गौरव
-एसपी ने की मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी, दिये कई निर्देश
साहिबगंज। संवाददाता। पुलिस लाइन स्थित एसपी कार्यालय कक्ष में शनिवार को मासिक अपराध नियत्रंण गोष्ठी हुई। इसकी अध्यक्षता पुलिस कप्तान कुमार गौरव ने की। एसपी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी हाल में कोताही नहीं बरतें। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों का अवलोकन कर जल्द रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया। वहीं एसपी ने अपराधियों की लिस्ट बना कर उन्हें गिरफ्तार करने, नशा उत्पादों पर रोक लगाने, बाइक की चोरी व घरों में चोरी पर रोक लगाने का विशेष निर्देश दिया। कहा कि रात्रि गश्ती पर विशेष फोकस करें। गश्ती के दौरान संदिग्ध लोगों की जांच करें। चौक, चैराहों व सन्नाटों में बेवजह खड़े लोगों से पूछताछ करें। हर गली, मोहल्लों में पेट्रोलिंग करें। चोरी की घटना में संलिप्त पूर्व में रहे लोगों का डाटा तैयार कर उस पर नजर बनाए रखें। उन्होंने थाना में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। एसपी ने लाल वारंटियों को गिरफ्तार करने, सुचारू रूप से वाहन जांच अभियान चलाने, अवैध लॉटरी, जुआ के अड्डे व गांजे जैसे अवैध कारोबार पर नकल कसने का निर्देश दिया। कहा कि उनके कार्यकाल में किसी भी हाल में अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जेल से छूटने वाले लोगों को चिन्हित कर उन पर पैनी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही लोगों से बेहतर तालमेल बनाने, थानों में उनकी समस्या सुनने, सूचना तंत्र को मजबूत बनाने का निर्देश दिया। मौके पर सीआरपीएफ कंपनी कमांडर सह नोडल पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, डीएसपी विजय कुमार, सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, बरहरवा एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा सहित सभी इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी मौजूद थे।
डीसी सह डीईओ ने विभिन्न कोषांगों का किया निरीक्षण
-दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
साहिबगंज। संवाददाता। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह डीसी हेमंत सती ने लोकसभा चुनाव में पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला जनसम्पर्क कार्यालय में बनाए गए पोस्टल बैलेट कोषांग, मीडिया सह हेल्प डेस्क कोषांग, सोशल मीडिया कोषांग व पुलिस लाइन विवाह भवन में बनाए गए सामग्री कोषांग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोस्टल बैलेट से जुड़े नियमों के अनुपालन, बैलेट बॉक्स, होम पोल के लिए डिस्प्ले की व्यवस्था, फोल्डिंग सहित अन्य व्यवस्था को सही तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पोस्टल बैलेट के लिए फॉर्म 12 एवं 12 डी के माध्यम से मतदान करने के लिए आए आवेदनों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। सामग्री कोषांग में दस्तावेजों एवं प्रपत्रों का अवलोकन कर नोडल पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया। मौके पर अपर समाहर्ता राजमहेश्वरम, डीपीआरओ जयवर्धन कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अनील कुमार मौजूद थे।
सेक्टर पदाधिकारियों का हैंड ऑन व कम्युनिकेशन प्रशिक्षण
सिद्धू-कान्हू सभागार में शनिवार को लोकसभा चुनाव को लेकर सेक्टर पदाधिकारियों को हैंड ऑन एवं कम्युनिकेशन प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती भी शामिल हुए। उन्होंने सेक्टर पदाधिकारी के कार्यों एवं दायित्व, प्रत्येक गतिविधि के संबंध में आयोग के कैलेंडर एवं समय सीमा की भी जानकारी दी। डीसी ने सेक्टर पदाधिकारियों के कार्यों एवं प्रशिक्षण में दी गई जानकारी के विषय में एक-एक कर प्रश्न भी पूछे। उन्होंने अनुपस्थित सेक्टर पदाधिकारी को स्पष्टीकरण करते हुए एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। मौके पर सदर एसडीओ अंगारनाथ स्वर्णकार, डीएसओ झुनू कुमार मिश्रा, प्रशिक्षक उज्जवल कुमार बनर्जी, आशीष कुमार, प्रभात कुमार व अन्य थे।
पोस्टल बैलट पेपर व प्रशिक्षण कोषांग की समीक्षा
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रशिक्षण कोषांग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान डीसी ने कोषांग की तैयारियों, निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारियों, कर्मियों, पोलिंग पार्टी, सेक्टर ऑफिसर, एसएसटी, भीएसटी व अन्य को दिए जा रहे व दिए जाने वाले प्रशिक्षण की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। साथ ही ट्रेनिंग कैलेंडर और एसएलएमटी सूची को अद्यतन करने का निर्देश दिया। मौके पर ऐसी राज महेश्वरम, डीएसओ झुनू कुमार मिश्रा, डीपीओ अनूप कुमार, डीईओ कुमार हर्ष, मास्टर ट्रेनर मनोहर शर्मा, आशीष कुमार, उज्जवल कुमार बनर्जी, विनोद कुमार, संजीव कुमार साह व अन्य मौजूद थे। इधर समहरणालय सभागार में पोस्टल बैलेट पेपर कोषांग की बैठक अपर समाहर्ता राज महेश्वरम की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान उन्होंने प्रपत्र 12 डी, 12 डी पार्ट 2 व प्रपत्र 12 भरकर पोस्टल बैलेट पेपर कोषांग में जमा कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ अरविंद कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अनिल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार हर्ष, जिला परिवहन पदाधिकारी विष्णु देव कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद आनंद मौजूद थे।
डीईओ से वेतन वृद्धि एक जनवरी, 2020 से लागू करने की मांग
साहिबगंज। संवाददाता। प्रथम वार्षिक वेतन वृद्धि 01 जुलाई 2020 की जगह 01 जनवरी 2020 से लागू कर बकाया एरियर भुगतान की मांग को लेकर शिक्षक शमशाद अली के नेतृत्व में माध्यमिक शिक्षकों के शिष्ठमंडल ने शनिवार को प्रभारी डीईओ कुमार हर्ष को आवेदन सौंपा। जिसमें बताया कि सभी शिक्षकों की नियुक्ति फरवरी 2019 तथा 01 जुलाई 2019 को हुई है। प्रथम वार्षिक वेतन वृद्धि 01 जुलाई, 2020 से लागू करना नियम संगत नहीं है। भारत सरकार राजपत्र के पैरा संख्या 10 (2) के अनुसार वेतन वृद्धि 01 जनवरी से दिया जाना है। संथालपरगना के अन्य जिलों में नियम संगत रूप से वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ 01 जनवरी, 2020 से मिल रहा है। जबकि उनकी सेवा में योगदान की तिथि उनलोगों के योगदान की तिथि के आसपास है। एक ही प्रमंडल के दो अलग-अलग जिलों में एक ही नियम को दो अलग-अलग तरीके से लागू करना न्याय संगत नहीं है। मौके पर मुजाहिद आलम, जहांगीर आलम, शहादत हुसैन, दिवाकर सिंह, जितेंद्र रजक, कुणाल किशोर, मितिंजय राय, फिटू शेख, पूर्णिमा कुमारी, महबूब आलम, आबू ताहिर, निरंजन कुमार, इमरान हसन, अमन कुमार, सिंह, शहादत हुसैन, सुष्मिता सोरेन, विनीत कुमार, प्रणब शर्मा सहित दर्जनों शिक्षक मौजूद थे।
विद्यालयों में शत प्रतिशत नामांकन करायें : डीएसई
साहिबगंज। संवाददाता। राज्य परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। डीएसई कुमार हर्ष ने बताया कि जिले में संचालित सभी आंगनबाड़ी, सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं का शत फीसदी ट्रांजिशन करने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र के 06 वर्ष या उससे ऊपर के बच्चों का पोषक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय के कक्षा एक में नामांकन और प्राथमिक विद्यालय के कक्षा 05 में उत्तीर्ण होने वाले बच्चों का निकटतम विद्यालय के कक्षा 06 में नामांकन कराया जाए। वहीं कक्षा 8 व 10 के बाद विद्यालय से उत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं का कक्षा 9 व 11 में नामांकन किया जाए। टैग होने वाले एवं टैग करने वाले विद्यालय के शिक्षकों का दायित्व होगा कि एक-दूसरे से समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत नामांकन कार्य पूर्ण कराएं। सभी प्रखंड साधन से भी अपनी संकुल साधन सहयोगियों को अपने-अपने संकुल के विद्यालय के प्रधानाध्यापकों के सहयोग से एक सप्ताह के अंदर कक्षा 5, 8 एवं 10 तक संचालित होने वाले विद्यालयों को कक्षा 6, 9 एवं 11 से शुरू होने वाले पोषक क्षेत्र, पोषक क्षेत्र के निकटतम विद्यालय के साथ ई-विद्या वाहिनी पोर्टल में अनिवार्य रूप से ट्रैक करें। मौके पर एडीपीओ आशीष कुमार, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश कुमार, कंप्यूटर प्रोग्रामर मनीष कुमार, क्षेत्र प्रबंधक जयंत कुमार सहित सभी बीईईओ, बीपीओ, सभी प्रखंड साधनसेवी, संकुल साधनसेवी उपस्थित थे।
22 अप्रैल से कक्षा सुबह सात बजे से
साहिबगंज। संवाददाता। अत्यधिक गर्मी व लू को ध्यान में रखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सोमवार से सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त अल्पसंख्यक व सभी निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से आठ तक की कक्षाएं सुबह सात बजे से 11:30 बजे तक और कक्षा 9 से ऊपर तक का सुबह सात से दोपहर बारह बजे तक संचालित करने का निर्देश जारी किया है। डीएसई सह डीईओ कुमार हर्ष ने बताया कि इस दौरान कोई भी खेलकूद धूप में नहीं होगा। वहीं स्कूलों में मध्याह्न भोजन जारी रहेगा।
पुलिस अभिरक्षा में मौत मामले के गवाह की सड़क हादसे में मौत
तालझारी। बोरियो। संवाददाता। तालझारी थाना में पुलिस अभिरक्षा में देबू तुरी की मौत मामले के मुख्य गवाह शिबू तुरी की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। शिबू तुरी देबू तुरी का रिश्ते में अपना चाचा था। मिली जानकारी के अनुसार बोरियो थाना क्षेत्र के बोरिया-तीनपहाड़ सड़क के बीच धौगड़ा गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन व बाइक में टक्कर हो गई। बाइक पर तालझारी थाना क्षेत्र के झरना टोला निवासी उपिन राय (50) व शिबू तुरी (56) बैठे थे। शिबू बोरियो से अपनी बेटी की शादी का कार्ड बांट कर अपने घर तालझारी झरना टोला आ रहे थे। शिबू तुरी की बेटी की शादी 26 अप्रैल को थी। बाइक चालक उपिन राय ने बताया कि धोगडा गांव के पास एक ट्रक पीछे से धक्का मार कर फरार हो गया। बोरियो के एक बाइक चालक ने इसकी सूचना प्रजापति प्रकाश बाबा को दी। आनन-फानन में वहां पहुंच प्रजापति प्रकाश बाबा ने बोरियो थाना के एएसआई छविनाथ किस्कू के साथ मिलकर घायलों को बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉ. चंदन कुमार, ड्रेसर जोगिंदर साभी, मनीष कुमार ने उनका प्राथमिक इलाज कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। दोनों को 108 एम्बुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के क्रम में शिबू तुरी की मौत हो गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। शिबू तुरी अपने पीछे दो पुत्री व एक पुत्र छोड़ गया है।
पुत्री की बरामदगी की लगाई गुहार
तीनपहाड़। संवाददाता। थाना क्षेत्र की एक महिला ने गांव के ही एक महिला पर अपनी नाबालिग बेटी को कहीं छुपाकर रखने का आरोप लगाते हुए तीनपहाड़ थाना पुलिस से बरामदगी की गुहार लगाई है। महिला के अनुसार उसकी पुत्री को बीते सोमवार को गांव की एक महिला राजमहल ले गयी थी। बीते मंगलवार को उसकी पुत्री को किसी दूसरी जगह पर छुपाकर रखी है। उसकी काफी खोजबीन की। लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस मामले को लेकर छानबीन में जुटी है।
डीआरएम का नाम एसएम को ज्ञापन
तीनपहाड़। संवाददाता। तीनपहाड़ स्टेशन में फैली गंदगी व मूत्राशय नहीं रहने को लेकर तीनपहाड़ क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति ने रेलवे डीआरएम के नाम का ज्ञापन स्टेशन प्रबंधक को सौंपा है। जिसमें बताया कि तीनपहाड़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर एक में द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय व प्लेटफॉर्म नम्बर दो पर शौचालय है। लेकिन समुचित रख-रखाव के आभाव में अनुपयोगी हो गया है। समस्या का निदान नहीं होने पर समिति ने आगे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने की बात कही है।
मैट्रिक के जिला टॉपर को किया सम्मानित
राजमहल। संवाददाता। मैट्रिक परीक्षा-2024 में साहिबगंज जिला टॉपर के रूप में राजमहल नया बाजार निवासी शंकर चौधरी के छोटे पुत्र सुमित चौधरी ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राजमहल का नाम रोशन किया है। सामाजिक कार्यकर्ता सह भाजपा नेता पंकज घोष ने शनिवार को सुमित के घर जाकर उसे शॉल ओढ़ा कर मिठाई खिलाकर व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। साथ ही उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एबीसी की इशरत बनी गर्ल्स हाई स्कूल की द्वितीय टॉपर
बोरियो। संवाददाता। मैट्रिक परीक्षा 2024 में भी बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन कर एबीसी कोचिंग, गांव व अपने माता पिता का नाम रोशन किया है। बोरियो फाजिल टोला निवासी डॉ रिजवान अंसारी की पुत्री इशरत जहां ने 436 अंक प्राप्त कर बोरियो बालिका उच्च विद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अब्दुल्ला पिता मरहूम महबूब ने 439 अंक, मुजीबुल रहमान पिता अहमद अंसारी 434 अंक, काशिम अंसारी 425 अंक व शाहिद आलम पिता सलीम अंसारी 421 अंक के साथ कोचिंग से शत प्रतिशत बच्चे सफल हुए हैं। कोचिंग संचालक इजहार आलम शिक्षक इकबाल अंसारी, मुस्ताक अंसारी, मनोहर अंसारी, इम्तियाज अंसारी, इंजमाम अंसारी, नुरूद्दीन अंसारी व अबदुस सत्तार एवं अन्य ने सभी सफल बच्चों को बधाई दी है।