देवघर/वरीय संवाददाता। पृथ्वी दिवस एक वार्षिक आयोजन है जिसे 22 अप्रैल को दुनिया भर में पर्यावरण संरक्षण के लिए आयोजित किया जाता है। इसकी स्थापना अमेरिकी सीनेटर जेराल्ड नेल्सन ने 1970 में एक पर्यावरण शिक्षा के रूप की थी। अब इसे 192 से अधिक देशों में प्रति वर्ष मनाया जाता है। स्थानीय साइंस एंड मैथमेटिक्स डेवलपमेंट आर्गेनाइजेशन के बैनर तले दीनबंधु उच्च विद्यालय के भवानी शंकर बागची सभागार में विद्यार्थियों के बीच रंगभरो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें दर्जनों विद्यार्थियों ने अपनी अपनी भागीदारी निभाई। प्राप्ताँक के आधार पर नील आनंद को प्रथम, प्रियांशु शेखर एवं शिवम् कुमार रमानी को युग्म रूप से द्वितीय, रितिका कुमारी, बेबी कुमारी एवं आयुष कुमार को संयुक्त रूप से तृतीय, अमरजीत कुमार को चतुर्थ, अमन कुमार को पंचम, कशिश प्रिया को षष्ठ, निशांत राज को सप्तम, मुस्कान सिंह को अष्टम, अंकित कुमार को नवम, शौर्य मयंक को दशम स्थान प्राप्त हुआ। धर्मवीर कुमार पोद्दार, पीयूष कुमार, रीतेश कुमार, निखिल कुमार दूबे एवं दर्शन राज द्वारा अंकित चित्रों को भी सराहा गया। सभी विजयी प्रतिभागियों को आगामी 22 अप्रैल रवीन्द्र सभागार में मुख्य अतिथि साइंस ऑर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जयचंद्र राज, विशिष्ट अतिथि साइंस फॉर सोसाइटी, देवघर के अध्यक्ष प्रो. रामनंदन सिंह, सचिव सुबोध कुमार झा, साइंस आर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय सचिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव व दीनबंधु स्कूल के प्रधानाध्यापक काजल कांति सिकदार के द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
टेकिनोवा-2026 में डीएवी के विद्यार्थियों ने दिया एआई स्मार्ट हेलमेट का सुझाव
देवघर/वरीय संवाददाता। नवाचार को बढ़ावा देने, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने तथा क्षेत्र में तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करने के लिए टेकिनोवा -2026 का आयोजन स्थानीय होटल के सभागार में आयोजित किया गया। इस आयोजन में शहर के विभिन्न विद्यालयों के अलावा बीआईटी मेसरा और बीआईटी देवघर के प्रतिभागियों ने भी भाग लिया। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से आधुनिक युग में प्रौद्योगिकी के महत्व को उजागर करने तथा युवाओं को प्रेरित करने पर केंद्रित था। सभी प्रतिभागियों के ग्रुप ने अपने सुझाव दिए। गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला के विद्यार्थियों ने ए आई स्मार्ट हेलमेट का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि इस हेलमेट की खासियत होगी कि सड़क दुर्घटना होने पर ए आई तकनीक के माध्यम से नजदीकी अस्पताल, पुलिस स्टेशन और दुर्घटना ग्रस्त व्यक्ति के संबंधी को उसकी सूचना चली जाएगी और समय पर उसका इलाज संभव हो पाएगा। इस प्रतियोगिता में साक्षी कुमारी, अनन्या एंजल, अनुप्रिया सिंह, वैष्णवी और आयुषी कुमारी के ग्रुप को फर्स्ट रनर अप का खिताब मिला और साथ ही साथ सात हजार रुपए का इनाम भी मिला। यह कार्यक्रम एक बूट कैंप शैली का आयोजन था, जिसमें विचारों को वास्तविकता में बदलने में सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया था। यह कार्यक्रम झारखंड में स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है, जिसमें एसटीपीआई देवघर क्षेत्र में आईटी/आईटीईएस विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद ने कहा कि विज्ञान की नवीन तकनीकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त करने पर मैं बच्चों को हार्दिक बधाई देता हूँ ।आपने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और रचनात्मक सोच से यह सिद्ध कर दिया है कि नई तकनीकों का सही उपयोग हमारे भविष्य को और अधिक उज्ज्वल बना सकता है। आपने अपने प्रोजेक्ट्स के माध्यम से यह दर्शाया है कि विज्ञान केवल ज्ञान का विषय नहीं, बल्कि नवाचार और समाज की उन्नति का माध्यम है। मुझे विश्वास है कि आप इसी तरह निरंतर सीखते रहेंगे, नए प्रयोग करेंगे और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
चौकीदार व होमगार्ड नियुक्ति को लेकर उपायुक्त ने की बैठक
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को चौकीदार व होमगार्ड नियुक्ति संबंधी बैठक समाहरणालय में आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने होमगार्ड और चौकीदारों के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को लेकर अब तक की गई प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने भर्ती से जुड़े आवेदन प्रक्रिया और भौतिक सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक सभी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने शारारिक दक्षता, आरएफआईडी तकनीक के उपयोग का निर्देश दिया, ताकि तकनीक के उपयोग से अभ्यर्थियों की दौड़ और अन्य शारीरिक स्पर्धाओं का सटीक डेटा डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी। इसके अलावा उपायुक्त ने भर्ती से जुड़े विभिन्न चरणों के लिए अधिकारियों को सख्त समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया है। साथ ही आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के अलावा प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी और भौतिक सत्यापन के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इसके अतिरिक्त शारीरिक एवं लिखित परीक्षा को निष्पक्ष वातावरण में आयोजित कराने से जुड़े विभिन्न तैयारियों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भूअर्जन पदाधिकारी, होमेगॉर्ड कमांडेंट, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।
देवघर की बेटी प्रतिक्षा ने 94 प्रतिशत अंक लाकर बढ़ाया मान
- आचार्यकुलम हरिद्वार की छात्रा की सफलता सेपरिवार व गुरुजनों में खुशी की लहर
देवघर/ नगर संवाददाता। देवघर जिले के लिए गर्व का क्षण है। जिले की होनहार छात्रा प्रतिक्षा रानी ने दसवीं की परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने विद्यालय आचार्यकुलम हरिद्वार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे देवघर जिला एवं झारखंड का भी मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। प्रतिक्षा रानी की इस सफलता पर उनके पिता ध्रुव प्रसाद साह और माता प्रियंका देवी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि प्रतिक्षा ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। परिवार ने इस सफलता का श्रेय आचार्यकुलम में मिले संस्कार, शिक्षा और मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के सानिध्य में मिली शिक्षा ने प्रतिक्षा को न सिर्फ पढ़ाई में उत्कृष्ट बनाया, बल्कि जीवन के मूल्यों को भी सिखाया है। यह उपलब्धि झारखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रतिक्षा रानी आगे भी अपनी पढ़ाई भारतीय शिक्षा बोर्ड के माध्यम से जारी रखेंगी। यह बोर्ड भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्यों और आधुनिक विज्ञान के समन्वय के साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर देता है। योग, आयुर्वेद, संस्कृत और वैदिक गणित जैसे विषयों को मुख्यधारा में शामिल कर यह छात्रों को जड़ों से जोड़ते हुए वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रहा है। इस उपलब्धि पर प्रतिक्षा के गुरुजनों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। देवघर की यह प्रतिभाशाली बेटी आने वाले समय में निश्चित ही देश का नाम रोशन करेगी।
पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का करें अनुपालन : उपायुक्त
- उपायुक्त की अध्यक्षता में झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर ब्रीफिंग का आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिले में आगामी 19 अप्रैल को झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ब्रीफिंग का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने परीक्षा से जुड़े तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय तथा अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़ी विभिन्न जानकारी से सभी को अवगत कराया। ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों व केंद्र अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही गश्ती दल सह नोडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट, सहायक समन्वयक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को उनके कर्तव्यों के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिया गया। वही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और सुनिश्चित करें कि वहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता उपलब्ध हो। केंद्रों पर समय से प्रश्न पत्र पहुंचाने एवं परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से संग्रहण एवं प्रेषण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। गश्ती दल को लगातार भ्रमण करते हुए स्थिति पर निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या कदाचार की घटनाओं को सख्ती से रोका जाए। इसके लिए स्टैटिक दंडाधिकारियों को विशेष निर्देश दिया गया कि वे परीक्षा कक्षों के भीतर और आसपास कड़ी निगरानी और सतर्कता बनाए रखेंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, अग्निशमन वाहन की तैनाती तथा पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त रोशनी, बेंच-डेस्क सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। केंद्राधीक्षकों को सीसीटीवी की पूर्व जांच करने तथा आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 19 अप्रैल को सुबह सात बजे से सक्रिय रहेगा, जो परीक्षा सामग्री के सुरक्षित जमा होने तक कार्यरत रहेगा। बैठक में उपरोक्त के अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, समेत सभी केंद्राधीक्षक, उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं संबंधित अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
ऑरेंज लाइंस 101 पर ढेर, ब्लैक रॉयल ने रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से दर्ज की जीत
- परवेज शेख की घातक गेंदबाजी और यश-सचिन की साझेदारी बनी जीत की कुंजी
देवघर/नगर संवाददाता। स्थानीय केकेएन स्टेडियम में होटल एकता इंटरनेशनल डीपीएल के 13वें संस्करण के तहत खेले गए मुकाबले में ब्लैक रॉयल की टीम ने ऑरेंज लाइंस को 3 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑरेंज लाइंस की टीम 17.5 ओवर में महज 101 रन पर सिमट गई। ऑरेंज लाइंस की ओर से नाज ने 17 रन, ताहिर ने 13 रन और शालू ने 12 रन का योगदान दिया, जबकि अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। ब्लैक रॉयल के गेंदबाज परवेज शेख ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके अलावा सुमंत को 2 विकेट, जबकि सुधांशु, साहिल और सचिन को एक-एक विकेट मिला। 102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लैक रॉयल की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और एक समय टीम संकट में नजर आ रही थी। हालांकि, आठवें विकेट के लिए यश और सचिन के बीच हुई नाबाद 31 रनों की साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया। यश ने नाबाद 35 रन और सचिन ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को 18 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य तक पहुंचा दिया। ऑरेंज लाइंस की ओर से गेंदबाजी में प्रत्युष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं शुभम, नाज और रॉकी को एक-एक विकेट मिला। मैच में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए परवेज शेख को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार संत माइकल एंग्लो विद्यापीठ के डायरेक्टर जेसी राज द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर संघ के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
मैच में अंपायर की भूमिका अभिषेक आनंद, शशांक, शशि और खुशहाल शेख ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी सोनू गुप्ता ने संभाली। कल खेले जाएंगे दो मुकाबले, दर्शकों में उत्साह बरकरार रहेगा।
सीएचसी जसीडीह में एमटीसी केंद्र का हुआ उद्घाटन
जसीडीह/संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जसीडीह में नवअधिष्ठापित एमटीसी केंद्र का शुक्रवार को उद्घाटन समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप उपस्थित सीएचसी जसीडीह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विश्वनाथ चौधरी, डॉ केके सिंह ( डीआरसीएचओ, देवघर) ने विधिवत केंद्र का उद्घाटन किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चौधरी ने कहा कि पूर्व में जहां एमटीसी कार्यरत था वह बिल्डिंग जर्जर अवस्था में हो गया था जिस कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंदर ही जगह चिह्नित कर एमटीसी केंद्र का अधिष्ठापन किया गया। एमटीसी केंद्र का मुख्य उद्देश्य गंभीर तीव्र कुपोषण से पीड़ित बच्चों को विशेष चिकित्सा और पोषण सहायता प्रदान करना है। पांच वर्ष से कम उम्र के ऐसे बच्चों की पहचान करना जिसमें चिकित्सा संबंधी जटिलताएं हो और उन्हें 15 दिनों के लिए केंद्र में भर्ती करना।गंभीर कुपोषण के साथ-साथ होने वाली अन्य बीमारी जैसे संक्रमण, दस्त का इलाज करना, बच्चों को वैज्ञानिक रूप से निर्धारित उच्च कैलोरी वाला विशेष पोषण एवं आहार प्रदान करना। ताकि उनके वजन में सुधार हो सके। केन्द्र में बच्चों के वजन ,तापमान और खान-पान की 24 घंटे निगरानी किया जाता है। बच्चों की माता को उचित पोषण, स्तनपान, स्वच्छता के बारे में शिक्षित करना ताकि दोबारा बच्चों में कुपोषण ना हो और बच्चों का वजन सामान्य होने पर उसे छुट्टी देकर आगे के लिए फॉलो अप की योजना बनाया जाता है। यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पूरी तरह से निशुल्क होता है। उद्घाटन के दौरान डॉ आलोक सिंह, डॉ संतोष कुमार,डॉ सिंकी सिन्हा, डॉ दिग्विजय भारद्वाज, डॉ रश्मि, डॉ स्वाती आनन्द,बीपीएम शालीन साहु, तारा सिंह (बीएएम), मुद्दसर हाशमी (बीडीएम),अजय ब्रह्मचारी, कुमार अभिषेक, रोबर्ट मुर्मू,सालीता कुमारी, सीता कुमारी,रेणु कुमारी, ब्रजेश, प्रेम कुमार, मृत्युंजय चौबे, राजेश कुमार, रणधीर, प्रदीप, चंदन कुमार, यश आदि उपस्थित थे।
देवघर के युवा अधिवक्ता ललित यादव ने रचा इतिहास
- झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में दूसरा स्थान हासिल
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड राज्य बार काउंसिल चुनाव में इस बार देवघर के युवा अधिवक्ता ललित यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पहली बार चुनावी मैदान में उतरे ललित यादव ने निर्धारित कोटा के वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस चुनाव में सबसे पहले वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल कलाम रसीदी ने जीत का कोटा पूरा कर विजय हासिल की, जबकि ललित यादव ने दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। 36 वर्षीय ललित यादव झारखंड उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं और मूल रूप से देवघर के निवासी हैं।
पूरे राज्य से मिला समर्थन, जताया आभार : जीत के बाद ललित यादव ने राज्य भर के अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहली बार चुनाव लड़ने के बावजूद उन्हें संथाल परगना, पलामू, कोडरमा, चाईबासा और कोल्हान सहित लगभग सभी क्षेत्रों से भरपूर समर्थन मिला। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर उन्हें प्रथम वरीयता के वोट मिले, जबकि कुछ जगहों पर द्वितीय वरीयता के वोटों ने उनकी जीत सुनिश्चित की। ललित यादव ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज की जीत है और वे सभी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
जीत के लिए तय था 677 वोट का कोटा : राज्य बार काउंसिल चुनाव में जीत के लिए 677 वोट का कोटा निर्धारित किया गया था। जो भी प्रत्याशी इस कोटा को प्राप्त कर लेता है, उसे विजेता घोषित किया जाता है। यदि कोई प्रत्याशी कोटा तक नहीं पहुंचता, तो अंतिम चरण में शीर्ष 16 प्रत्याशियों का चयन किया जाता है।
23 सीटों के लिए 100 प्रत्याशी मैदान में : इस चुनाव में कुल 23 सदस्यों के चयन के लिए मतदान हुआ, जिसमें 18 सीटें पुरुष अधिवक्ताओं और 5 सीटें महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित थीं। कुल 100 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे, जिनमें 75 पुरुष और 25 महिला प्रत्याशी शामिल थीं। अब तक दो पुरुष अधिवक्ता अब्दुल कलाम रसीदी और ललित यादव जीत दर्ज कर चुके हैं। वहीं महिला वर्ग में निर्धारित कोटा पूरा न होने के कारण अंतिम रूप से 5 महिला प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित किया गया, जबकि शेष दो सीटों पर मनोनयन के आधार पर चयन होगा।
12 मार्च को हुई थी राज्यभर में वोटिंग : पूरे झारखंड में इस चुनाव के लिए 12 मार्च को एक साथ मतदान कराया गया था। राज्य के 37 बार एसोसिएशन में कुल 25,001 अधिवक्ता मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बार का चुनाव कई मायनों में खास रहा, जहां एक ओर अनुभवी अधिवक्ताओं ने अपनी पकड़ बनाए रखी, वहीं युवा चेहरों ने भी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। ललित यादव की जीत इसी बदलाव का संकेत मानी जा रही है।
ट्रेन यात्रा कर रहे एक यात्री का मोबाइल चोरी
जसीडीह/संवाददाता। डाउन मौर्या एक्सप्रेस के आरक्षित कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री का मोबाइल चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में गोड्डा जिला के देवड़ाड थाना अंतर्गत देवटांड़ गांव निवासी पंकज कुमार रूज के पुत्र विश्वजीत रूज ने रेल थाना जसीडीह में आवेदन देकर चोरी की घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह अपने दोस्तों कौशिक कुमार, आर्यन कुमार, हिमांशु कुमार,अमन कुमार के साथ ट्रेन नंबर-15028 मौर्या एक्सप्रेस के कोच नंबर बी-8 के आरक्षित बर्थ नंबर 23,17,18,19,20 पर गौरखपुर से जसीडीह के लिए चले। ट्रेन जब करीब 03.44 बजे समस्तीपुर स्टेशन पहुंची तो बर्थ नंबर 23 पर से उसका आईफोन चोरी हो गई। इसके बाद काफी खोजबीन की लेकिन मोबाइल नहीं मिला तो 139 नंबर पर डायल किया तो आरपीएफ स्टाफ आया और बोला कि जहां यात्रा समाप्ति के बाद नजदीक रेल थाना में केस दर्ज करा देंगे। रेल पुलिस ने विश्वजीत रूज के आवेदन पर जसीडीह रेल थाना कांड संख्या-00/26 16/04/2026 दर्ज कर मामले को संबंधित रेल थाना में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
तक्षशिला विद्यापीठ में पंडित विनोदानंद झा की मनाई गई 126वी जयंती
- विनोदा बाबू के नाम पर यूनिवर्सिटी या मेडिकल कॉलेज खोलने की उठी मांग
देवघर/संवाददाता। संयुक्त बिहार के भूतपूर्व मुख्यमंत्री सह बिहार गौरव पंडित विनोदानंद झा की 126वीं जयंती स्थानीय तक्षशिला विद्यापीठ स्थित डॉक्टर कृष्णानंद झा मेमोरियल ऑडिटोरियम में मनाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं में बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक सुरेश पासवान ने पंडित विनोदानंद झा की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही कहा कि पंडित जी ने गरीब दलित पिछड़े एवं आदिवासियों के हित में एसपीटी एक्ट बनाकर अभूतपूर्व कार्य किया है। इससे हम देवघरवासी सदा गौरवान्वित रहेंगे। वहीं विनोदा बाबू को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि पंडित जी ने उस वक्त ही देवघर में पेयजल की किल्लत का अंदाजा लगाते हुए पुनासी जलाशय योजना की परिकल्पना की थी। जो कालांतर में उनके पुत्र पूर्व मंत्री कृष्णानंद झा के कार्यकाल में कार्यरूप में परिणत हुआ। साथ ही उनका शिक्षा जगत में अनेक योगदान रहा, इसे कदापि भूला नहीं जा सकता। इस बीच पंडित विनोदानंद झा के पौत्र व हिंदी विद्यापीठ के व्यवस्थापक अशोकानंद झा ने अपने उदगार व्यक्त करते हुए कहा कि देश व समाज के लिए जिन लोगों ने भी अच्छे कार्य किए हैं उनके कृतित्व को हमें याद रखनी चाहिए। ताकि हमारी अगली पीढ़ी उनके उच्च विचारों को अपना आदर्श बना सके। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन अपना सुख एवं अपने परिवार का भी यह जानते हुए भी त्याग कर दिया की शायद अपने जीवन काल में देश को आजादी मिलना संभव न हो। श्री झा ने आगे कहा कि स्वतंत्रता सेनानी के रूप में उन्होंने काफी संघर्ष किया इसलिए उनका सम्मान समाज के हर वर्ग में होता है और आगे भी होते रहना चाहिए। यही पंडित जी के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने पंडित जी द्वारा बनाए गए एसपीटी एक्ट एवं बाबा बैजनाथ मंदिर की व्यवस्था का आज हो रहा अवहेलना पर दुख व्यक्त किया। श्री झा ने समाज के सभी लोगों को एकजुट रहने का आह्वान किया। इसी क्रम में अन्य वक्ताओं में बतौर विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री राज पलिवार एवं बादल पत्रलेख ने भी अपने संबोधन में पंडित जी के कृतित्व व व्यक्तित्व को महान बताया। श्री पलिवार ने विनोदा बाबू के नाम पर देवघर की धरती पर एक प्रतीक स्वरूप निर्माण कार्य किए जाने की मांग की। वहीं बादल पत्रलेख ने कहा कि पंडित जी जैसे शख्सियत बिरले ही पैदा होते हैं। पंडित जी महान राजनीतिक थे। उनके नाम पर देवघर में यूनिवर्सिटी या मेडिकल कॉलेज खोलकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। इस बीच समारोह में आए अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया इसमें डॉक्टर नागेश्वर शर्मा प्रोफेसर रामनंदन सिंह, राजेंद्र दास, अशोक राय व कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रमेश बाजला के नाम उल्लेखनीय हैं। इस अवसर पर पंजाबी रावत, रवि केसरी, अजय कुमार अनंत मिश्रा, संजीव कुमार झा प्रोफेसर उदय प्रकाश, दशरथ खवाड़े, प्रोफेसर सुंदर चरण मिश्रा, अवधेश प्रजापति, रीता चौरसिया समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।