-मतदान केंद्र व वज्रगृह की सुरक्षा को लेकर बैठक
साहिबगंज। संवाददाता। समाहरणालय स्थित डीसी कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को लोकसभा चुनाव-2024 के परिप्रेक्ष्य में मतदान केंद्र व वज्रगृह की सुरक्षा को लेकर बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी हेमंत सती ने की। डीसी ने बताया जिला में कई मतदान बूथ संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील हैं। ऐसे में सभी बूथों पर सुरक्षा के मद्देनजर पांच जवानों को प्रतिनियुक्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जिला के सभी बीडीओ से संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों की सूची के आधार पर उन बूथों पर एवं उनके मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा दी जाएगी। ताकि मतदान कर्मियों व मतदाताओं को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। बैठक में वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र की सुरक्षा को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। सीआरपीएफ के कंपनी कमांडर सह नोडल पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि जिला में तैनात किए जाने वाली कंपनियों की सूची अभी प्राप्त नहीं हुई है। मौके पर एसपी कुमार गौरव, डीडीसी सतीश चंद्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कू व अन्य उपस्थित थे।
डीसी ने सुनी आमजनों की समस्याएं
साहिबगंज। संवाददाता। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को डीसी हेमंत सती ने जनता दरबार में आमजनों की समस्याएं सुनी। जिले के विभिन्न प्रखंड से आये बेचन पंडित, सुनीलचंद्र शाह, पूनम देवी, परवेज अंसारी से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किया। प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए फरियादियों को जल्द से जल्द उनकी समस्या दूर करने का आश्वासन दिया।
बच्चों के पठन-पाठन में कोताही न बरतें : प्रमोद
-डीडब्ल्यूओ ने कल्याण आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण
साहिबगंज। संवाददाता। डीसी के निर्देशानुसार जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद आनंद ने शुक्रवार को कल्याण विभाग से संचालित बरहेट के अरगौरी स्थित कल्याण आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से बात कर उनको मिलने वाली सुविधा के बारे में जानकारी ली एवं छात्रों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर उचित दिशा- निर्देश दिया। उन्होंने छात्रों को दी जाने वाली भोजन की शुद्धता व गुणवत्ता की जांच भी की। उन्होंने भंडार गृह का निरीक्षण करते हुए खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच व उनके माप की जांच भी की। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों की पढ़ाई, विद्यालय परिसर की सफाई एवं बच्चों को मिलने वाली सुविधा में कोई कोताही न बरतें। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक व अन्य शिक्षक उपस्थित थे।
कालाजार प्रभावित गांव में कीटनाशी छिड़काव शुरू
-सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण
साहिबगंज। संवाददाता। सिविल सर्जन डॉ. अरविन्द कुमार ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का औचक निरक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, उपस्थिति पंजी, चिकित्सक ड्यूटी रोस्टर, प्रयोगशाला कक्ष, ब्लड बैंक, डायलेसिस कक्ष व अस्पताल में साफ-सफाई का अवलोकन किया। निरक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सक व पारा मेडिकल कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया। मौके पर सभी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
जिला वीबीडी सलाहकार ने की मॉनिटरिंग
बोरियो। संवाददाता। जिला वीबीडी सलाहकार डॉ. सत्तीबाबू डाबडा व चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने शुक्रवार को प्रखंड के दुर्गा टोला स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र अंतर्गत कालाजार प्रभावित गांव तेतरिया संथाली में आईआरएस प्रथम चक्र कीटनाशी छिड़काव की मॉनिटरिंग की। जिला वीबीडी सालाहकार ने ग्रामीणों को छिड़काव को लेकर जागरूक करते हुए लोगों को घरों के सभी कमरों, गोशाला, बरामदा व अन्य जगहों में छिड़काव करवाने का संदेश दिया। साथ ही एमपीडब्ल्यू, सहिया व छिड़काव कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। मौके पर एमटीएस मनोहर पंडित, एमपीडब्ल्यू जहांगीर दौला, सहिया साथी नेहा मुर्मू, अच्छी मरांडी, सहिया एवं छिड़काव कर्मी सहित अन्य मौजूद थे।
सेक्टर पदाधिकारी को दिया गया हैंड ऑन व कमीशनिंग का प्रशिक्षण
साहिबगंज। संवाददाता। सिद्धू-कान्हू सभागार में शुक्रवार को लोकसभा चुनाव को लेकर अपरसमाहर्ता राजमहेश्वरम की अध्यक्षता में सेक्टर पदाधिकारी को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें उनके कार्यों एवं दायित्व की जानकारी दी गई। ईवीएम, निर्वाचन प्रबंधन, मतदान की प्रक्रिया व आदर्श आचार संहिता से संबंधित जानकारी दी गई। ईवीएम, हैंडसेट ऑन, ईवीएम को माइक्रोपोल के लिए तैयार करना, मतदान पूर्ण दायित्व, मतदान की पूर्व संध्या पर दायित्व, ईवीएम की कमीशनिंग, मतपत्र इकाइयों की जांच और तैयारी की जानकारी दी गई। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, प्रशिक्षक के रूप में उज्ज्वल कुमार बनर्जी, आशीष कुमार, प्रभात कुमार मौजूद थे।
बीएसके कॉलेज के बैटरी रूम में लगी आग
बरहरवा। संवाददाता। बीएसके कॉलेज के बैटरी रूम में शुक्रवार को अहले सुबह आग लगने से अफरातफरी मच गई। अगलगी में लाखों की बैटरी जलकर राख हो गया। इधर सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। प्राचार्य बसंत कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से शत-प्रतिशत अनुदान पर जरेडा के तहत सोलर पैनल लगाया जा रहा था। शुक्रवार की अहले सुबह लगभग 04 बजे बैटरी रूम में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मुआवजा नहीं मिलने पर रैयतों ने एनएच-80 निर्माण कार्य रोका
राजमहल। संवाददाता। जिला अंतर्गत मिर्जाचौकी से पश्चिम बंगाल के फरक्का के बीच एनएच-80 सड़क के पहले चरण के तहत तालझाड़ी प्रखंड के बांसकोला से पतना प्रखंड के केलाबाड़ी तक करीब 43 किलोमीटर फोरलेन सड़क बनाई जा रही है। भूमि अधिग्रहण की वजह से काम में कई बार अड़चन आई। जिला भू-अर्जन विभाग ने भूमि का अधिग्रहण किया है। कई रैयतों की जमीन का मुआवजा राशि भू-अर्जन विभाग से अब तक नहीं मिली है। शुक्रवार को राजमहल प्रखंड अंतर्गत गुनिहारी पंचायत के मोहनपुर मौजा के 10 रैयतदारों क्रमश: बड़ा एतवा उरांव, बुचना उरांव, कैला उरांव, बैजू उरांव, श्रीलाल उरांव, कर्मा उरांव, छदवा उरांव, विनय उरांव व बेला उरांव ने दाग नंबर 63 की कुल अधिग्रहण की गई 05 बीघा, 15 कट्ठा जमीन का मुआवजा राशि नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सड़क पर बांस, बल्ली लगाकर निर्माण कार्य अवरुद्ध कर दिया। इससे निर्माण कार्य में लगी हाइवा का आवागमन बाधित हो गया। समाचार लिखे जाने तक कार्य बाधित था। रैयत एतवा उरांव ने कहा कि अंचल व भू-अर्जन विभाग सहित अन्य पदाधिकारी सिर्फ आश्वासन ही दे रहे हैं। एक माह पूर्व भी कहा गया था कि मुआवजा राशि मिल जाएगी। काम करने दिया जाए। इसके बाद जमीन का एलपीसी वगैरह तैयार हुआ। सारा कागजात विभाग में जमा करने के बावजूद कुछ अभी तक मुआवजा नहीं मिला। इधर सीओ अशोक कुमार सिन्हा ने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत सभी कागजातों को भू-अर्जन विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है। जल्द ही मुआवजा राशि देने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
तय मानक के अनुसार गुणवत्ता पूर्ण कार्य करें : शिव
-मालदा एडीआरएम ने कई रेलवे स्टेशनों का लिया जायजा
साहिबगंज। तीनपहाड़। संवाददाता। मालदा मंडल एडीआरएम शिव कुमार प्रसाद ने शुक्रवार को साहिबगंज, तीनपहाड़ सहित अन्य रेलवे स्टेशनों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मालदा रेल मंडल अंतर्गत सभी स्टेशनों में गर्मी को देखते हुए यात्रियों के लिए ठंड एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था होगी। रेलवे यात्रियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार बेहतर प्रयास कर रही है। गर्मी में रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। होली स्पेशल और अन्य फेस्टिवल पर चलने वाले स्पेशल ट्रेन का भी परिचालन किया जा रहा है। एडीआरएम ने प्लेटफॉर्म, मार्शलिंग यार्ड और अमृत भारत के तहत बन रहे स्टेशन का जायजा लिया। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म व ट्रेन में बेहतर तरीके से साफ सफाई रखने, सेफ्टी का ध्यान रखने, तय मानक के अनुसार गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने का निर्देश दिया। मौके पर आईओ डब्ल्यू संजय राय, स्टेशन प्रबंधक हंसराज पाठक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
मैट्रिक में जेके उच्च विद्यालय का छात्र सुमित बना जिला टॉपर
-12,536 छात्र-छात्राओं ने दी थी परीक्षा
-4,333 छात्र ने प्रथम, 5,272 ने द्वितीय व 1,174 ने तृतीय स्थान हासिल किया
साहिबगंज। पंच टीम। झारखंड एकेडमिक काउंसिल से जारी मैट्रिक के रिजल्ट में राजमहल, नया बाजार निवासी शंकर कुमार चौधरी व आखी देवी के पुत्र सुमित चौधरी ने 95.4 प्रतिशत के साथ 477 अंक लाकर प्लस टू जेके हाईस्कूल एवं जिला में अव्वल स्थान प्राप्त किया है। सुमित के पिता घर पर ही आटा चक्की चला कर जीविकोपार्जन करते हैं। मुफलिसी में भी उन्होंने अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दी है। एक बहन व दो भाइयों में सबसे छोटा सुमित शुरू से ही कुशाग्र बुद्धि का रहा है। सुमित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाई-बहन एवं गुरुजनों को दिया है। सुमित आगे चल कर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहता है। ज्ञात हो कि जिला में मैट्रिक के 12,536 अभ्यर्थी थे। जिला का रिजल्ट 85.98 फीसदी रहा। प्रदेश में जिला 23वें नंबर पर है। मैट्रिक परीक्षा में जिला में 5,935 छात्र और 6,601 छात्राएं पास हुए। जिसमें 2,245 छात्र व 2,088 छात्राएं प्रथम, 2,346 छात्र व 2,926 छात्राएं द्वितीय व 486 छात्र व 688 छात्राएं तृतीय जबकि 1151 छात्र ने मार्जिनल स्थान हासिल किया।
साहिबगंज के टॉप 10 छात्र
सुमित चौधरी, पिता शंकर चौधर, +2 जेके उच्च विद्यालय राजमहल, 477 अंक, 95.40 प्रतिशत, नैना कुमारी, पिता संतोष कुमार कुशवाहा, सिद्धू-कान्हू आदिवासी उच्च विद्यालय, लखीमपुर, पतना, 474 अंक, 94.80 प्रतिशत, विष्णु कुमार पंडित, पिता रविंद्र कुमार पंडित, एसएसडी उच्च विद्यालय बरहेट, अंक 473, 94.60 प्रतिशत, आलोक कुमार, पिता पप्पू शर्मा, राजस्थान इंटर विद्यालय, साहिबगंज, अंक 473, 94.60 प्रतिशत, समीक्षा कुमारी, पिता प्रदीप कुमार विश्वकर्मा, संत जेवियर हाईस्कूल हिंदी मीडियम, अंक 471, 94.20 प्रतिशत, रिया कुमारी, पिता कमल यादव, अपग्रेड उच्च विद्यालय मिर्जाचौकी, 470 अंक, 94 प्रतिशत, मानसी कुमारी, पिता मुरली भगत, सिद्धू-कान्हू आदिवासी हाईस्कूल लखीपुर पतना, 468 अंक, 93.60 प्रतिशत, नीरज कुमार मंडल, पिता राजेंद्र मंडल, अपग्रेड हाईस्कूल मंगलहाट, 468 अंक, 93.60 प्रतिशत, सोनम प्रिया, पिता राजेश कुमार, प्रोजेक्ट केएन गर्ल्स हाईस्कूल बोरिया, 468 अंक, 93.60 प्रतिशत, सुमित रविदास, पिता बोधनाथ रविदास, योगीचक, जयरामपुर हाईस्कूल सरकंडा, 466 अंक, 93.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं।
संत जेवियर हिंदी स्कूल का शत-प्रतिशत रिजल्ट
मैट्रिक परीक्षा के रिजल्ट में संत जेवियर हिंदी माध्यम स्कूल के परीक्षार्थियों ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। इस वर्ष विद्यालय के 119 छात्रों ने मैट्रिक की परीक्षा दी थी। जिसमें 113 परीक्षार्थी ने फर्स्ट डिवीजन से परीक्षा पास की है। वहीं 06 परीक्षार्थियों ने सेकेंड डिवीजन से परीक्षा पास की। छात्रा समीक्षा कुमारी ने 94.20प्रतिशत, अनिकेत कुमार तांती ने 93.20 प्रतिशत, मानुएल मरांडी ने 92.40 प्रतिशत, तनु प्रिया ने 91.20 प्रतिशत, पवन रजवार ने 88.20 प्रतिशत, ऋषभ ने 87.80 प्रतिशत, रानी कुमारी ने 87 प्रतिशत, नेहा मुर्मू ने 86.40 प्रतिशत, सेलिना सोरेन ने 86.20 प्रतिशत व खुशी कुमारी ने 86 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉप 10 में जगह बनाई।
बांझी गोलीकांड की 39वीं बरसी पर शहीदों को किया गया याद
-राजमहल सांसद व अन्य ने दी श्रद्धांजलि
बोरियो। संवाददाता। चर्चित बांझी गोलीकांड की 39वीं बरसी पर शुक्रवार को शहीदों को याद किया गया। मछली मारने व लकड़ी काटने के विवाद में पुलिस ने 19 अप्रैल, 1985 को सरेआम पूर्व सांसद फादर एंथोनी मुर्मू सहित 15 आदिवासियों को गोलियों से भून दिया था। करीब आधा घंटा तक चले पुलिसिया फायरिंग में 80 चक्र गोलियां चलायी गयी थी। आज भी बांझी गांव के लोग इस गोली कांड को याद कर सिहर जाते हैं। इधर राजमहल सांसद विजय हांसदा सहित सैंकड़ों लोगों ने पूर्व सांसद फादर एंथोनी मुर्मू, मदन मुर्मू, भोगदो हेम्ब्रम, ठाकुर टुडु, ईश्वर मुर्मू, पांडा मरांडी, कानदन मुर्मू, मडगू मुर्मू, सकला टुडूु, दुमचा बेसरा, अन्ना मुर्मू, बड़का मुर्मू, मुंशी मड़ैया, त्रिभन टुडू, दुखना टुडू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं इस अवसर पर यूएसए बांझी संथाली क्लब के फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल भगियामारी बनाम गोड्डा के बीच खेला गया। जिसमें गोड्डा की टीम विजेता बनी। मौके पर सांसद प्रतिनिधि संजीव सामु हेम्ब्रम, स्टीफन मुर्मू, रिजवान अंसारी, गफ्फार अंसारी, मंगल मरांडी, मिट्ठू दत्ता, अंसारी, क्लब अध्यक्ष मार्टिन बेसरा, सचिव वशील बास्की, कोषाध्यक्ष जार्मेन टुडू सहित अन्य मौजूद थे।
नदी में डूब कर वृद्ध की मौत
बोरियो। संवाददाता। थाना क्षेत्र के जेटके कुम्हारजोरी पंचायत के चधोलवा गांव में नदी में डूब कर वृद्ध की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार चलधोवा गांव के मंगल सोरेन (65) शुक्रवार की सुबह स्नान करने के लिए नदी गए हुए थे। इसी क्रम में मिर्गी का दौरा पड़ने पर नदी में डूब कर उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव के ही कुछ लोगों ने देखा कि मंगल सोरेन की लाश नदी में पड़ी थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विदेशी शराब दुकान की जांच
राजमहल। संवाददाता। व्यवहार न्यायालय के समीप नया बाजार स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त विदेशी शराब की दुकान की जांच गुरुवार की रात उत्पाद दारोगा प्रवीण कुमार ने की। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नया बाजार स्थित उक्त शराब की दुकान घाटे में चल रही है। दुकान का स्टॉक मिलाया गया तो सेल्समेन ने स्वीकारा कि बगैर अनुमति के उधार में शराब की बोतलों की बिक्री कर दी गई है। सेल्समैन को दो दिन में बकाया राशि की वसूली कर जमा करने का निर्देश दिया गया।