-शतरंज प्रतियोगिता का हुआ समापन
गोड्डा। संवाददाता गणतंत्र दिवस सप्ताह समारोह के अवसर पर गुरुवार को जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का समापन हुआ। शतरंज के सचिव बिनोद बेदी ने बताया कि प्रतियोगिता में 125 बच्चों ने भाग लिया था। जिसमें जूनियर बालक में प्रथम स्थान उज्ज्वल कुमार, द्वितीय स्थान तथागत कुमार, तृतीय स्थान आर्यन सिन्हा, जूनियर बालिका में प्रथम स्थान अंशुप्रिया, द्वितीय स्थान अक्षरा वर्मा, तृतीय स्थान वीरा वर्मा, सीनियर बालक में प्रथम स्थान शेखर हांसदा, द्वितीय स्थान दिलशाद, तृतीय स्थान अतुल कुमार एवं सीनियर बालिका में प्रथम स्थान अंशुप्रिया, द्वितीय स्थान ब्यूटी कुमारी, तृतीय स्थान अन्नु कुमारी ने प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो और टी-शर्ट देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में अबुल कलाम आजाद, वार्ड पार्षद प्रीतम गाडिया, अधिवक्ता जीतेंद्र कुमार, आयोजन समिति सदस्य गुंजन कुमार, शक्ति कुमार, प्रियव्रत कुमार आदि मौजूद थे। अंपायर की भूमिका सुबोध कुमार और भानू कुमार ने निभाई।
प्लस टू विद्यालय रमला की टीम रही ओवरऑल चैंपियन
- किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का हुआ समापन
गोड्डा। संवाददाता गणतंत्र दिवस क्रीड़ा सप्ताह प्रतियोगिता अंतर्गत किक बॉक्सिंग स्पर्धा का आयोजन हुआ। विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों बच्चों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसकी जानकारी किक बॉक्सिंग सचिव करण कुमार कश्यप ने दी। किक बॉक्सिंग के अंतर्गत लाइट कॉन्टैक्ट, प्वाइंट फाइट, लो किक, किक लाइट जैसे इवेंट संपन्न हुए। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका के सीनियर और जूनियर वर्ग के मैच खेले गए। किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का ओवर ऑल चैंपियन उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय रमला की टीम रही। जिसने बालक एवं बालिका दोनों वर्ग में सबसे अधिक स्वर्ण पदक प्राप्त कर चैंपियन होने का गौरव प्राप्त किया। मैच में रेफरी की भूमिका इंटरनेशनल रेफरी करण कुमार कश्यप, नेशनल खिलाड़ी सह राज्य स्तरीय रेफरी आर्य कुमारी, रिंकी कुमारी, मौसम कुमारी और शशि कुमार ने निभाई। खिलाड़ियों को पारितोषिक वितरण शारीरिक शिक्षा शिक्षक अनुपम मिश्रा, सुशील कुमार सिंह, अजय कुमार राय, हर्षवर्धन, नीरज कुमार सिंह, संतोष शर्मा, सुनील यादव, शशिकांत शर्मा, संजीव तिवारी, राजेश पांडेय ने किया। मैच का मुख्य आकर्षण का केंद्र पांच वर्षीय बालक वसु रहा जिसने प्रतियोगिता में सबसे नन्हें खिलाड़ी के रूप में भागीदारी की।
पब्लिक स्कूल का वार्षिक समारोह कल
- पैदल हज यात्रा करने वाले छोटूर होंगे समारोह के मुख्य अतिथि
हनवारा। संवाददाता महागामा प्रखंड अंतर्गत समरी (रनबहियार) स्थित तैबा पब्लिक स्कूल के वार्षिक महोत्सव के मौके पर पैदल हज यात्रा पर जाने वाले शिहाब छोटूर का आगमन शनिवार को हो रहा है। स्कूल संचालक जाबिर ने बताया कि केरल के मलप्पुरम जिले के वलनचेरी में रहने वाले शिहाब छोटूर जो पैदल हज यात्रा पर गए थे का आगमन तैबा पब्लिक स्कूल वार्षिक स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को होनी है। समारोह की तैयारियां जोर शोर से चल रही है। पैदल हज यात्री शिहाब छोटूर कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को प्रेरित करेंगे एवं क्षेत्र के लोगों को शिक्षा से संबंधित अन्य बातें बताएंगे ताकि लोगों में जागरूकता पैदा हो। कोई भी काम अगर मन में ठान लें तो हासिल किया जा सकता है। बताते चलें कि शिहाब छोटूर एक साल, पांच दिन यानी (लगभग 370 दिन) में यात्रा पूरी करके मक्का पहुंचे थे। वे पाकिस्तान, ईरान, इराक, कुवैत होते हुए सऊदी अरब पहुंचे थे। केरल के मलप्पुरम जिले के वलनचेरी में रहने वाले शिहाब छोटूर 02 जून, 2022 को अपने घर से पैदल हज यात्रा पर निकले थे।
सांस्कृतिक समारोह के चौथी और पांचवी शाम को बच्चों ने दी इंद्रधनुषी प्रस्तुति
गोड्डा। संवाददाता गणतंत्र सप्ताह सांस्कृतिक समारोह के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय सांस्कृतिक समारोह के तहत मंगलवार एवं बुधवार की शाम आयोजित कार्यक्रम में भारत-भारती पब्लिक स्कूल, मधु स्थली पब्लिक स्कूल, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय बसंतराय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सुंदरपहाड़ी, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस प्लस टू, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस प्लस टू गर्ल्स, डी डांस एकेडमी, रेनबो म्यूजिकल ग्रुप, ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल, ज्ञान स्टडी कोचिंग, केंद्रीय विद्यालय, महिला कॉलेज, पथरगामा कॉलेज, संस्कार भारती, डॉल्फिन डांस एकेडमी एवं वीआईपी स्कूल द्वारा नृत्य, गायन, वादन एवं अभिनय विधाओं में प्रस्तुत एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों एवं श्रोताओं का मन मोह लिया। बतौर मुख्य अतिथि एसडीओ सह आयोजन समिति अध्यक्ष बैद्यनाथ उरांव और विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यपालक दंडाधिकारी मोनिका बास्की ने अपनी उपस्थिति से प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति सदस्यों का हौसला आफजाई की। कार्यक्रम का संचालन क्रमश: आयोजन समिति सदस्य इम्तियाज भारती एवं इस्लाम ने किया। दो सदस्यीय निर्णायक मंडली में अधिवक्ता असलम परवेज एवं सुनील कुमार मित्रा शामिल थे। इस अवसर पर आयोजन समिति सदस्य दिनेश यादव, सुरजीत झा, दिलीप तिवारी, मनीष कुमार सिंह, प्रीतम गाडिया, चंदन मित्रा एवं नवल बिहारी झा के अलावा संगीत प्रेमी गणमान्यों में डीएवी की प्राचार्य, डॉन बोस्को के निदेशक अमित राय, कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन अनिता माल एवं नीलिमा कुमारी, सत्यकाम राहुल, रेडक्रॉस सदस्य पूनम रंजन एवं दिव्या आनंद, दयाशंकर, अनंत कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
भारत को वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनाने वाला बजट : अमित
-कई कल्याणकारी योजनाओं का किया गया ऐलान
-16 आईआईटी और 390 यूनिवर्सिटीज का किया गया निर्माण
-10 साल में हायर एजुकेशन में 28 प्रतिशत बढ़े हैं इनरोलमेंट
गोड्डा। संवाददाता प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्य समिति के सदस्य अमित कुमार ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि देश को वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनाने वाला यह बजट है। इस बजट में महिलाओं, युवाओं, किसानों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को ध्यान में रखते हुए कई कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया गया है। देश में तीन हजार नए आईटीआई बनाए गए हैं। 16 आईआईटी और 390 यूनिवर्सिटीज का भी निर्माण किया गया है। वहीं 10 साल में हायर एजुकेशन में 28 प्रतिशत इनरोलमेंट बढ़े हैं। बजट में बताया गया कि देश में कई नए मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। इसके लिए एक समिति गठित की जाएगी। मेडिकल एजुकेशन को सशक्त बनाया जाएगा। देश के छात्रों को मेडिकल एजुकेशन के लिए विदेश का रुख नहीं करना होगा। मॉडर्न टेक्नोलॉजी के साथ नए कॉलेजों का निर्माण होगा। बजट में कहा गया है कि एक लाख करोड़ रुपए का कॉर्पस बनाया जाएगा जो देश की प्रगति का द्वार खोलेगा और नए भारत की ओर अग्रसर होगा। समावेशी विकास को प्रतिबद्ध बजट-2024 के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया गया।
याचिका समिति ने 60 फीसदी मामलों का किया निष्पादन : अमित
- झारखंड विस की याचिका समिति के सदस्य हैं विधायक अमित मंडल
गोड्डा। संवाददाता स्थानीय किसान भवन में गुरुवार को विधानसभा की याचिका समिति के सदस्य गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित कुमार मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान याचिका समिति के द्वारा लिए गए निर्णय को लेकर आवश्यक जानकारियां मीडिया कर्मियों को दी गई। झारखंड विधानसभा के याचिका समिति के द्वारा मुख्य रूप से जिले में फूलों-झानो सहायता समूह से जुड़े मामले, सड़क, बिजली, पानी, राशन, सिंचाई, आवास, आपदा सहित दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को सरकारी सहायता मुहैया कराने को लेकर मीडिया कर्मियों को जानकारी प्रदान की गई। विधायक अमित मंडल के द्वारा जनता से जुड़े जन मुद्दों को लेकर मीडिया कर्मियों को अवगत कराया गया कि वर्ष 2020 से 2023 तक की याचिकाओं पर किए गये कार्यों में 61 मामलों की याचिका समिति को प्राप्त हुई थी। जिनमें 60 प्रतिशत मामलों का निष्पादन कर दिया गया है। मौके पर प्रशिक्षु डीएसपी सुशांत गौरव, जिला योजना पदाधिकारी फैजान सरवर, विधायक के निजी सहायक विजय श्री, शुभम कुमार भी मौजूद थे।
कुश्ती में पहलवानों ने दिखाया दम
गोड्डा। संवाददाता जिला प्रशासन के तत्वावधान में गणतंत्र सप्ताह क्रीड़ा समारोह समिति की ओर से आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान पुरुष एवं महिला पहलवानों ने अपना दमखम एवं दांव-पेंच दिखाते हुए पदक अपने नाम किया। पुरुष वर्ग के मुकाबले में 45 किलोग्राम भार स्पर्धा का स्वर्ण पदक जहां साजिद आलम ने जीता। वहीं रजत एवं कांस्य पर क्रमश: साजन कुमार एवं ब्रह्मदेव कुमार का कब्जा रहा। 51 किलोग्राम में पहले एवं दूसरे स्थान पर क्रमश: मांजर के सुरिंदर यादव एवं सिंटू कुमार रहे जबकि तीसरे स्थान पर गोड्डा के बतीश कुमार एवं कुणाल कुमार रहे। 57 किग्रा का गोल्ड पवन कुमार के नाम रहा, जबकि सौरव कुमार ने रजत तथा ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल के नयन को कांस्य हासिल हुआ। 61 किग्रा का स्वर्ण पदक प्लस टू उच्च विद्यालय धपरा के पवन कुमार ने जीता, जबकि रजत पर गोड्डा के राहुल कुमार तथा कांस्य पर रोशन कुमार ने अपना कब्जा जमाया। 65 किग्रा में ज्ञानस्थली के हर्ष मिश्रा पहले स्थान पर रहे जबकि दूसरा स्थान ज्ञानस्थली के ही सोमनाथ दत्ता को तथा तीसरा स्थान राहुल कुमार को मिला। 70 किग्रा में अमन कुमार ने स्वर्ण, सादिक आलम ने रजत तथा देवगन मरांडी ने कांस्य पदक जीता। 74 किग्रा का स्वर्ण साहिल सिंह ने तथा रजत मोनू कुमार ने जीता। 79 किग्रा का गोल्ड मेडल भारत-भारती पब्लिक स्कूल के पार्थ चंद्रा ने जीता जबकि अंकित टुडू को रजत से संतोष करना पड़ा। 82 किग्रा का स्वर्ण पदक पियूष कुमार साह के नाम रहा। दूसरी तरफ महिला वर्ग के 35 किग्रा में आयुषी कुमारी पहले स्थान पर, कस्तूरबा पथरगामा की प्रियंका मुर्मू दूसरे पर तथा कस्तूरबा पथरगामा की पुष्पा हांसदा तीसरे स्थान पर रही। 40 किग्रा में कस्तूरबा पथरगामा की रुनू कुमारी ने स्वर्ण, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय बसंतराय की आफरीना खातून ने रजत तथा स्वागता कुमारी ने कांस्य पदक जीता। 43 किग्रा में कस्तूरबा पथरगामा की पूजा सोरेन ने स्वर्ण, अंजली कुमारी ने रजत तथा कस्तूरबा पथरगामा की सरिता सोरेन ने कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमाया। 46 किग्रा का स्वर्ण झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय बसंतराय की दिलकश परवीन, रजत कस्तूरबा पथरगामा की ईशा कुमारी तथा कांस्य सोनी कुमारी ने अपने नाम किया। 50 किग्रा का स्वर्ण झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय बसंतराय की जास्मीन ने अपने नाम किया। 53 किग्रा के स्वर्ण पर झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय की रानी कुमारी का कब्जा रहा जबकि रजत विद्या कुमारी ने अपने नाम किया। 65 किग्रा का स्वर्ण झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय की प्रिंसी कुमारी के नाम रहा। विजेताओं को जिला कुश्ती संघ के सचिव सह प्रतियोगिता संयोजक सुरजीत झा एवं देवघर जिला सचिव सह विशिष्ट अतिथि संजीव कुमार झा तथा जिला कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह के हाथों मेडल प्रदान किया गया। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन सचिव झा एवं संजीव झा ने उद्घाटन की सारी औपचारिकता पूरी कर किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में पियूष कुमार साह, अंकित टुडू, अमन कुमार, राहुल कुमार, देवघर के राहुल कुमार एवं कुमार अंशु का योगदान उल्लेखनीय रहा।
रिमझिम ने जीता बालिका कैरम का खिताब
गोड्डा। संवाददाता गणतंत्र सप्ताह क्रीड़ा समारोह समिति की ओर से आयोजित गणतंत्र कप कैरम प्रतियोगिता के महिला वर्ग का खिताब भारत-भारती स्कूल की रिमझिम कुमारी ने बेथेल मिशन स्कूल की मोनिका मरांडी को पराजित कर अपने नाम किया। जबकि बेथेल मिशन स्कूल की ही साक्षी कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। इसके पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो, जिला कैरम संघ सचिव सह इंटरनेशनल अंपायर सुरजीत झा, प्रतियोगिता के चीफ रेफरी सह नेशनल अंपायर मनीष कुमार सिंह एवं कैरम क्वीन के नाम से प्रसिद्ध काव्य श्री ने कैरम खेलकर किया। समाचार मिलने तक बालक वर्ग के लीग मुकाबले जारी थे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में रेफरी चंद्रकला कुमारी, शहजाद एवं फरजेन जहूर का योगदान सराहनीय रहा।