साहिबगंज। संवाददाता।
ज़िला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वधान में सिदो-कान्हू स्टेडियम में चल रहे डिस्ट्रक्टि क्रिकेट लीग जूनियर टी-20 टूर्नामेंट के तहत रविवार को तीसरे सेमीफाइनल का पहला मैच संत जेवियर स्कूल ए बनाम संत जेवियर स्कूल बी जबकि दूसरा मैच बोरियो सुपरकिंग बनाम जवाहर नवोदय के बीच खेला गया। पहले मैच में संत जेवियर स्कूल बी की टीम 15.4 ओवर में 89 रन बना कर ऑल आउट हो गई। देवांशु राज ने 14, अमित ने 12 रन की पारी खेली। संत जेवियर स्कूल ए के गेंदबाज मो जुनैद, सूरज ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी संत जेवियर स्कूल ए की टीम ने 15.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 90 रन बना कर 4 विकेट से मैच जीत लिया। अमूल कुमार ने 33 व आदित्य ज्ञान ने नाबाद 41 रन की पारी खेली। संत जेवियर बी के गेंदबाज अमित राज, अभिज्ञान, केशव व अन्य ने एक-एक विकेट लिए। संत जेवियर स्कूल ए के खिलाड़ी मो जुनैद को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि पीयूशम कुमार सिंह ने मो जुनैद को मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया। दूसरे मैच में जवाहर नवोदय विद्यालय की टीम टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 11.5 ओवर में 60 रन बना कर ऑल आउट हो गई। अकेले निशांत ने नाबाद 24 रन की पारी खेली। बोरियो सुपर किंग के गेंदबाज आदित्य कुमार मंडल ने 6 व सावन कुमार ने 2 विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बोरियो सुपर किंग ने 01 विकेट के नुकसान पर 5.1 ओवर में 62 रन बना कर 9 विकेट से जीत हासिल की। नवोदय विद्यालय के गेंदबाज प्रीताम ने एकमात्र विकेट लिया। बोरियो सुपरकिंग के खिलाड़ी आदित्य मंडल को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि ज़िला क्रिकेट संघ के सचिव अंकुर सिन्हा ने आदित्य मंडल को मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया। मैच में अंपायरिंग मो अशफाक आलम, मो हयात व तारिक अनवर जबकि स्कोरिंग मो अनाउल्लाह व श्याम रंजन तिवारी ने किया। टूर्नामेंट इंचार्ज मो अशफाक आलम ने बताया कि सोमवार को तीसरे सेमीफाइनल में पहला मैच संत जेवियर्स बी बनाम जवाहर नवोदय विद्यालय जबकि दूसरा मैच संत जेवियर ए बनाम बोरियो सुपर किंग के बीच खेला जाएगा।
आरपीएफ ने चोरी के तीन मोबाइल के साथ युवक को किया गिरफ्तार
तीनपहाड़/संवाददाता। आरपीएफ ने शनिवार की देर रात तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन से चोरी के तीन मोबाइल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरहरवा आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि उनके नेतृत्व में सीपीडीएस की टीम ने तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन परिसर में जांच अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता नजर आया। आरपीएफ टीम को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया। जिसके बाद आरपीएफ के जवानों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। पूछताछ व छानबीन के बीच उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 4 मोबाइल फोन बरामद हुए। जिसमें एक फोन उसका था। युवक बाकी के सैमसंग एस 25 अल्ट्रा, आई फोन 14 प्रो, आई फोन 13 के वैध होने का प्रमाण नहीं दे पाया। बरामद तीनों फोन की अनुमानित कीमत लगभग 2,25,999 रुपया आंकी गई। आरपीएफ ने युवक को गिरफ्तार करते हुए तीनों मोबाइल को जब्त कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान साहिबगंज निवासी आनंद कुमार महतो के रूप में हुई है। युवक महाराजपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ में युवक ने बताया कि बरामद कीमती फोन चोरी के थे। जिसे बेचने के लिये तीनपहाड़ स्टेशन पहुंचा था। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक व तीन मोबाइल को बरहरवा जीआरपी को अग्रतर कार्रवाई के लिए सुर्पुद कर दिया गया। जीआरपी थाना में कांड संख्या 18/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए युवक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। जांच टीम में सीपीडीएस के एएसआई बबूल दास, कांस्टेबल अमन कुमार, नितेश कुमार, शिवम कुमार सिंह, बरहरवा आरपीएफ पोस्ट के एएसआई सुरेश पासवान, कांस्टेबल चंदन कुमार राम व सतीश कुमार शामिल थे।
15वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता
साहिबगंज। संवाददाता।
झारखंड एथलेटिक्स संघ एवं बोकारो जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वधान में 18 से 19 अप्रैल तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, चंदनक्यारी में हुए 15वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में साहिबगंज, सकरीगली निवासी एथलीट हुस्न आरा परवीन ने 5.34 मीटर के साथ लंबीकूद में स्वर्ण पदक जीता। वहीं सोनोत मरांडी 10000 मीटर, नीरज यादव जेवलिन थ्रो में चौथे स्थान एवं सुजीत सरकार 5000 मीटर एवं 10000 मीटर में पांचवे स्थान पर रहे। हुस्नआरा प्रवीण को उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव माधव चंद्र घोष, कोषाध्यक्ष संतोष उर्फ टिंकू, जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष ओम ततसत, कोषाध्यक्ष निमाई चौधरी, कोच योगेश यादव, अशोक साहनी, प्रकाश सिंह बादल समेत जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई दी।
गंगा में नहाने के दौरान युवक डूबा, एक को बचाया गया, दूसरे की तलाश जारी
साहिबगंज। संवाददाता।
शहर के पुरानी साहिबगंज, ओझा टोली के निकट गंगा घाट पर स्नान करने गया एक युवक गंगा में डूब कर लापता हो गया। मिली जानकारी के अनुसार बिहार, बांका के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत खजूर कर्मा निवासी निशांत कुमार(19) अपने चचेरा भाई पीयूष कुमार व एक रिश्तेदार युवक के साथ उक्त घाट के निकट गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से पीयूष व निशांत डूबने लगे। गंगा घाट किनारे खड़े एक टोटो चालक ने दोनों को डूबते देख हो-हल्ला किया। तभी पास ही स्नान कर रहे एक व्यक्ति ने किसी तरह पीयूष को बाहर खींच लिया। लेकिन तब तक निशांत गंगा के गहरे पानी में लापता हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी रिवर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने गंगा घाट पहुंच कर लापता युवक की गंगा में खोजबीन कराते हुए पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। गंगा में लापता हुआ युवक जिरवाबाड़ी स्थित अपने बहनोई के घर आया हुआ था। इधर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
रक्तदान शिविर का आयोजन
राजमहल। संवाददाता। जिला प्रशासन के तत्वाधान में रविवार को अनुमंडलीय अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाया गया। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ उदय टुडू की उपस्थिति में सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक के टेक्नीशियन शुभम कुमार, नौशाद अहमद व आशीष कुमार ने रक्त संग्रह किया। राजमहल के सरकारी व गैर-सरकारी कुल सात रक्तदाताओं ने एक-एक यूनिट रक्त दान किया। इस दौरान पत्रकार रतन कुमार राय सूरज कुमार, कृष्णेन्दु शाह, रघुनाथ प्रसाद शाह, किरण कुमारी, नाजिश अहमद एवं प्रवीण कुमार अग्रवाल ने भी रक्त दान किया। मौके पर अस्पताल के फार्मासिस्ट आफताब आलम सहित अन्य कर्मी व अन्य उपस्थित थे।
बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर की मौत
बरहरवा। संवाददाता। कोटालपोखर थाना क्षेत्र के बड़ा सोनाकड़ संथाली टोला में रविवार को बालू से ओवरलोड एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी अनुसार दुर्घटना बड़ा सोनाकर पेट्रोल पंप रोड स्थित संथाली टोला में हुई। जहां बालू से ओवरलोड और बिना नंबर के ट्रैक्टर को साइड कराने के दौरान संथाली टोला निवासी 45 वर्षीय शमीम अंसारी अचानक वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि शमीम अंसारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मामले की सूचना मिलते ही कोटालपोखर थाना के एसआई प्रदीप मेहतो, एएसआई सुभाष दास व गुलनाज बेगम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। शमीम अंसारी की अचानक हुई मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इधर पुलिस ने उसके शव को परिजनों को सौंप मामला दर्ज करते हुए दुर्घटना की जांच-पड़ताल में लगी है।
अगलगी में दो घर का जलावन जलकर राख
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर पियारपुर पंचायत अंतर्गत गुलामुद्दीन टोला में रविवार दोपहर छत पर रखे जलावन में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार गुलामुद्दीन शेख के घर की छत पर रखे जलावन में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटों ने मंसूर शेख के घर में रखे जलावन को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक जलावन सहित अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ितों ने ज़िला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।