- पांच अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची होगी प्रकाशित, सर्वे के दौरान किसी मतदाता से नहीं मांगे जाएंगे दस्तावेज
जामताड़ा, संवाददाता। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सर्वे करेंगे। इस दौरान किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा, बल्कि केवल गणना प्रपत्र भरवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां ली जाएंगी। सभी दावों के निष्पादन के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि रैशनलाइजेशन के बाद जिले में 35 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं, जिससे अब कुल 801 मतदान केंद्र हो गए हैं। सभी केंद्रों पर 801 बीएलओ, 79 बीएलओ सुपरवाइजर और 801 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। जिले में अब तक 88.75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्ववर्ती मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं को कोई अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी, जबकि नए पात्र मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि 30 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हैशटैग के साथ सोशल मीडिया जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
नशा मुक्ति पर विद्यार्थियों को किया जागरूक
नाला, संवाददाता। नाला प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सालुका में शनिवार को नशा के दुष्परिणाम विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। अध्यक्षता प्रधानाध्यापक प्रमोद तांती ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शराब, तंबाकू, सिगरेट, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थ न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करते हैं। उन्होंने छात्रों से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
सहायक शिक्षक नैनी प्रसाद गोराई ने कहा कि नशे के कारण कैंसर, लीवर रोग, हृदय रोग और श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियां होती हैं। वहीं आलोक कुमार ने नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्त नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता बताई।
कार्यशाला में विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावकों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर रासमनी हेम्ब्रम, गमन टुडू, मंजुला गोराई सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
लॉलीपॉप क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, भजहरि मंडल ने काटा पिता
कुंडहित, संवाददाता। कुंडहित प्रखंड की नगरी पंचायत अंतर्गत गायसावड़ा क्रिकेट मैदान में शनिवार को एक दिवसीय लॉलीपॉप क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरि मंडल ने फीता काटकर एवं बैटिंग कर इसकी शुरुआत की। उद्घाटन के साथ ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं तथा प्रत्येक टीम के बीच छह-छह ओवर का मुकाबला खेला जाएगा। पहला मैच खुडियाम और हिडलजुड़ी के बीच खेला गया, जिसमें हिडलजुड़ी की टीम ने शानदार और रोमांचक प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया।
उन्होंने गायसाउड़ा क्रिकेट कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। मौके पर गायसाउड़ा क्रिकेट कमेटी के सदस्य सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित थे।
पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा, 28 से घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
शनिवार को पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते पदाधिकारी
फतेहपुर, संवाददाता। 28 से 30 जून तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रखंड कार्यालय में बीडीओ प्रेम कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सा पदाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में बताया गया कि 28 जून को सभी निर्धारित बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि 29 व 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी। अभियान में सहिया, सेविका और सहायिकाओं की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।
बीडीओ प्रेम कुमार ने कहा कि पोलियो मुक्त समाज बनाए रखना केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रशासन और आम नागरिकों की भी साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि सभी बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों एवं टीकाकरण दल की तैनाती की जाएगी।
युवा बनेंगे नशा मुक्ति अभियान के ब्रांड एंबेसेडर : डीसी
नशा से दूर रहने के लिए संकल्प दिलाते उपायुक्त आलोक कुमार व उपस्थित अन्य पदाधिकारी
- समापन समारोह में दिलाई नशा मुक्ति की शपथ, कैंडल मार्च व हस्ताक्षर अभियान के साथ दिया जागरूकता का संदेश
जामताड़ा, संवाददाता। एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में शुक्रवार को निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान का समापन समारोह आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा एवं उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उपायुक्त ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्ति अभियान का ब्रांड एंबेसेडर बनकर समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल और सकारात्मक सोच ही युवाओं को नशे से दूर रख सकती है।
जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने नशे से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को सचेत रहने की अपील की, जबकि उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने नशे के बदलते स्वरूप से सावधान रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके बाद कैंडल जलाकर नशा मुक्त समाज का संदेश दिया गया तथा हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर सभी ने नशामुक्त जामताड़ा के निर्माण का संकल्प लिया।
एसआईआर-2026 : बीएलओ व वॉलंटियर्स के प्रशिक्षण का डीसी ने लिया जायजा
- 30 जून की बैठक में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और निष्ठापूर्वक दायित्व निभाने के दिए निर्देश
जामताड़ा, संवाददाता। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन में जिले के सभी बीएलओ एवं वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने किया।
उपायुक्त ने कहा कि बीएलओ और वॉलंटियर्स मतदाताओं एवं निर्वाचन प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ दायित्व निभाने तथा मतदाताओं की शंकाओं का सही समाधान करने का आ”ान किया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक जानकारी के लिए संबंधित एईआरओ एवं ईआरओ से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें।
उपायुक्त ने 30 जून को सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाली बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला टीम की बैठक में वॉलंटियर्स की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।