देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर गुरु गोविंद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन धर्म की प्रतिष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने वालों का मार्ग प्रशस्त करने को समर्पित था। वे संत भी थे और सिपाही भी। अनेक भाषाओं के ज्ञाता, विद्वान व कवि भी थे वे। सिखों में वीरता भाव भरने के लिए सदैव प्रयत्नशील रहते थे वे। वे एक ऐसा समाज तैयार करना चाहते थे जो धर्म और समाज के मूल्यों की रक्षा में पूर्ण समर्थ हो। गुरु गोविंद सिंह व उनके द्वारा स्थापित की गई खालसा सेना ने सिखों को धार्मिक व राजनीतिक आजादी पाने के लिए मुगल शासकों के खिलाफ खड़े होकर उनसे लड़ने की प्रेरणा दी। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं कि गुरु गोविंद सिंह सर्वधर्म समभाव के प्रतीक थे व उनके अंदर सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता कूट-कूट कर भरी हुई थी। गुरु गोविंद सिंह के सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता के संदेश को आत्मसात करके ही एक सुखमय एवं समृद्ध राष्ट्र की कल्पना की जा सकती है। उनके द्वारा दिए गए असत्य और अन्याय के प्रतिकार की शिक्षा को तथा अन्य प्रेरणादायी संदेशों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हुआ देवघर आगमन
देवघर/वरीय संवाददाता। शनिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का देवघर एयरपोर्ट पर आगमन हुआ। इस दौरान मौके पर पुलिस अधीक्षक सौरभ, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार के द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत वे अपने गंतव्य स्थान के लिए रवाना हो गए। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
जयंती पर शहीद अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने झारखंड की धरती के महान सपूत वअनमोल रत्न परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अभूतपूर्व वीरता का प्रदर्शन करते हुए 1971 में भारत-पाक युद्ध में दुश्मनों के दांत खट्टे करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया। वे वीरता शौर्य एवं सैनिक हुनर की जीती जागती प्रतिमूर्ति थे। दृढ़ता और अनुशासन में कूट-कूट कर भरी हुई थी। लांस नायक अल्बर्ट एक्का ने अपना बलिदान देकर बांग्लादेश को तो स्वतंत्रता दी ही कला को भी पाकिस्तान में मिलने से बचाया आज अगर अगरतला भारत का हिस्सा है तो इसका सारा श्रेय जाता है अल्बर्ट एक्का को यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं कि अगर आज लॉन्स नायक अल्बर्ट एक्का और उनके साथी सैनिक ना होते तो शायद इतिहास आज कुछ और ही होता। उनके शौर्य गाथा को यह देश सदैव याद रखेगा।
जयंती पर डॉक्टर शंकर दयाल सिंह को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने जयंती पर साहित्यकार व राजनीतिज्ञ स्वर्गीय डॉक्टर शंकर दयाल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शंकर दयाल बाबू बहुआयामी व्यक्तित्व विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। वे एक अच्छे साहित्यकार के साथ-साथ कुशल राजनीतिज्ञ भी थे। एक राजनीतिज्ञ होने के नाते उन्होंने राजनीतिक शुचिता, मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों का जो पालन किया आज के सभी राजनीतिज्ञों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
प्रलोभन देकर ठगी करने वाला एक साइबर आरोपित गिरफ्तार
- एक मोबाइल और दो सिमकार्ड बरामद
देवघर/संवाददाता। साइबर थाना की पुलिस ने लोगों को तरह-तरह का प्रलोभन देकर ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार साइबर ठग मनोज दास मधुपुर थाना क्षेत्र के लखनुआ गांव का रहने वाला है। इसके पास से एक मोबाइल फोन व दो सिम कार्ड बरामद किया गया है। एसपी सौरभ को कुंडा थाना क्षेत्र के कर्णपुरा जंगल में फर्जी अधिकारी बनकर सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाने की योजना बनाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसपी ने साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साइबर डीएसपी ने पुलिस निरीक्षक शिव नारायण कामत व पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार को छापेमारी करने को कहा। साइबर थाना की पुलिस ने कुंडा थाना की पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर साइबर ठग को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के लिए थाना लाया गया। यहां की गई पूछताछ में आरोपित ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया। बताया कि सरकारी योजना, फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी सहित अन्य तरीके से लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाते है। पुलिस आरोपित के पास से बरामद मोबाइल फोन को खंगालने में जुटी है।
मुनाफा कमाने के चक्कर में 90 हजार गंवाया
देवघर/संवाददाता। अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में अपनी जमा-पूंजी गंवा दिया। बाद में ना तो मुनाफा मिला और ना ही मूलधन। ठगे जाने का एहसास हुआ तब मामले की शिकायत की। यह घटना लोहरदगा में शिक्षक के पद पर कार्यरत नगर थाना क्षेत्र के विलियम्स टाउन मोहल्ला निवासी सत्यम ओझा के साथ घटी। पीड़ित का कहना है कि 20 दिसंबर को टेलीग्राम एप के माध्यम से ट्रेडिंग में इंवेस्ट कर अधिक मुनाफा की जानकारी मिली। अधिक मुनाफा कमाने के लालच में आकर उन्होंने ट्रेडिंग में 90 हजार रुपये का इंवेस्ट कर दिया। लेकिन ना तो मुनाफा मिला और ना ही मूलधन वापस हुआ। तब उन्हें ठगे जाने का एहसास हुआ तो घटना को लेकर 1930 पर आनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कराया। इसके बाद साइबर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराया। साइबर थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
मजदूर के खाता से 10 हजार की अवैध निकासी
देवघर/संवाददाता। मजदूरी कर एक-एक पाई जुगाड़ किया। ग्रुप लोन भी लिया। इन जमा-पूंजी से घर की ढलाई करना चाहता था लेकिन उसे क्या पता था कि साइबर ठगों की नजर उसकी मेहनत की कमाई पर है। कुछ ऐसे ही साइबर ठगी का शिकार बने चितरा थाना क्षेत्र के पियरशोल गांव निवासी फूलचंद महरा। वह बंगाल में रहकर मजदूरी का काम करता है। मजदूरी से उसने घर की ढलाई के लिए 10 हजार रुपया जुटा। छत की ढलाई के लिए राशि कम पड़ जाने की वजह से उसने 21 हजार रुपया ग्रुप लोन लिया। उसी बीच उसके मोबाइल फोन पर 21 हजार रुपये की अवैध निकासी कर लिए जाने का मैसज मिला। जबकि उसने अपने खाता से संबंधित किसी तरह की जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की थी। अवैध निकासी का पता चलते ही वह साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराया। साइबर थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
यात्री का बैग सहित नकदी एवं कागजात की चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र स्थित सत्संग मोहल्ला के समीप महेश गार्डन के पास खड़ी बस से यात्री का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर हुगली-हावड़ा निवासी संजय दास ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराया है। पीड़ित का कहना है कि बस से घूमने व सत्संग में शामिल होने देवघर आए थे। महेश गार्डन में बस खड़ी कर दी। इसके बाद सभी बाहर चले गए। उसी दौरान चोरों ने बस में रखा उनका बैग चुरा लिया। बैग में मोबाइल फोन, 35 हजार रुपये नकद, चार्जर के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज रखा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने आसपास काफी खोजबीन की। लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। नगर थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
चोरी हुए मोबाइल से 30 हजार की अवैध निकासी
देवघर/संवाददाता। चोरी गए मोबाइल फोन से अवैध रूप से 30 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई है। मामले को लेकर पीड़ित दिल्ली की रहने वाली युवती ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। बताया जाता है कि युवती दिल्ली से सत्संग में शामिल होने 24 दिसंबर को देवघर आई थी। उसी दौरान उसका मोबाइल अज्ञात द्वारा चोरी कर ली गई। चोरी हुए मोबाइल फोन से 25 व 26 दिसंबर को उक्त रकम की अवैध निकासी कर ली गई। साइबर थाना की पुलिस प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन में जुटी है।
इलाज के क्रम में पत्नी की मौत
बच्ची और पत्नी के शव को छोड़कर फरार हुआ पति
- सदर अस्पताल प्रबंधन ने बच्ची को चाइल्ड लाइन को सौंपा
देवघर/संवाददाता। कोई इतना भी बेरहम कैसे हो सकता, सदर अस्पताल में हुए एक वाक्या ने लोगों को सोचने पर विवश कर दिया है। घटना शुक्रवार रात की है। जब बिहार प्रांत के चकाई निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी को बीमार हालत में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया। वह शराब के नशे में था। साथ में उसकी छोटी बच्ची भी थी। बच्ची की उम्र लगभग सात साल होने की बात कही गई। अस्पताल लाने के बाद बीमार पत्नी के साथ पति द्वारा बदसलूकी भी की। पत्नी की ऐसी अवस्था पर भी उसे दया नहीं आया। उधर चिकित्सक ने जांच और प्राथमिक उपचार किया गया। इसके कुछ घंटे बाद चिकित्सक ने जांच के उपरांत महिला को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही उसका पति अस्पताल से निकल कर गायब हो गया। शनिवार शाम तक वह वापस नहीं लौटा। इधर स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्ची को लेकर चाइल्ड लाइन से संपर्क स्थापित किया। चाइल्ड लाइन बच्ची को अपने साथ ले गई।
संदिग्घ परिस्थिति में युवती की मौत
देवघर/संवाददाता। सदर अस्पताल में एक युवती की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हो गई है। मौत की जानकारी मिलते ही स्वजन शव को प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने की बात कहकर साथ ले गए। बताया जाता है कि नगर थाना क्षेत्र के बजरंगी चौक की रहने वाली 24 वर्षीय गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक द्वारा मामले की सूचना बैद्यनाथधाम ओपी को भी दिया। इधर मौत की जानकारी मिलते ही स्वजनों ने मौत को लेकर आशंका व्यक्त करते हुए इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में कराने की बात कहकर साथ ले गए।
- ए-डिवीजन क्रिकेट लीग में रोमांचक मुकाबले
डीसीए ब्लैक की 118 रनों से बड़ी जीत, जेसीसी ने कैंट क्रिकेट क्लब को 7 विकेट से हराया
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के तत्वावधान में स्थानीय के के एन स्टेडियम में आयोजित ए-डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत आज दो मुकाबले खेले गए। दोनों ही मुकाबले रोमांचक रहे, जहां पहले मैच में डीसीए ब्लैक ने एकतरफा जीत दर्ज की, वहीं दूसरे मैच में जेसीसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य का पीछा कर जीत हासिल की। लीग के पहले मुकाबले में डीसीए ब्लैक और मां मनसा-बी की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर डीसीए ब्लैक ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 208 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन मध्यक्रम में बल्लेबाजों ने रन गति को तेज किया। डीसीए ब्लैक की ओर से विक्रम कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 90 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें आकर्षक चौके-छक्के शामिल रहे। कप्तान शुभ अर्पित ने भी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए 62 रनों की सधी हुई पारी खेली। इसके अलावा सक्षम शर्मा ने उपयोगी 16 रन जोड़कर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की। मां मनसा-बी की ओर से गेंदबाजी में मनोज, गंभीर और गौरव ने एक-एक विकेट हासिल किया, लेकिन बड़े स्कोर को रोकने में गेंदबाज सफल नहीं हो सके। 209 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी मां मनसा-बी की टीम डीसीए ब्लैक के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 91 रनों पर सिमट गई। कप्तान आयुष मिश्रा ने 23 रन और अभिनव निषाद ने 16 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। डीसीए ब्लैक की ओर से अंशुमन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने केवल 10 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। अनुज शर्मा और हिमांशु राज ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि संगम गुप्ता और अनमोल मिश्रा को 1-1 विकेट मिला। इस तरह डीसीए ब्लैक ने यह मुकाबला 118 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया।
दिन का दूसरा मुकाबला कैंट क्रिकेट क्लब और जेसीसी के बीच खेला गया। कैंट क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 139 रन बनाए। टीम की ओर से सुजीत मंडल ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, जबकि शौर्य बाबा ने 32 रन, कौशल ने 14 रन और जयराज व युवराज ने 10-10 रनों की पारी खेली। जेसीसी की ओर से गेंदबाजी में जयदीप ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट चटकाए। वहीं सागर, सुमंत और बादल को 1-1 विकेट मिला। कैंट की पारी के दौरान जेसीसी के गेंदबाजों द्वारा दिए गए 22 अतिरिक्त रन भी स्कोर में अहम साबित हुए। 140 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेसीसी की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 16.3 ओवर में मात्र 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रवि कुमार ने शानदार 46 रनों की पारी खेली, जबकि गौरव पप्पू ने 29 रन, शौर्य सुमन ने 16 रन तथा यासिर हसन और अवीजीत ने 14-14 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। कैंट क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में रंजीत और वैभव को एक-एक विकेट मिला। इस प्रकार जेसीसी ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।
आज के दोनों मुकाबलों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी सोनू गुप्ता मधुगिरी और खुशहाल शेख ने निभाई, जबकि अभिषेक भोक्ता ने स्कोरर की भूमिका अदा की। ए-डिवीजन क्रिकेट लीग में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
राष्ट्रीय सेपकटेकरा चैंपियनशिप के लिए देवघर की पांच बालिका का चयन
- कृष्ण कुमार ने पांचों बालिकाओं को दिया जूता
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर की पांच बालिका निधि रानी, पार्वती, ललिता, आफरीन खातुन, नाजमीन खातून सेपकटेकरा झारखंड टीम में शामिल किया गया है।
बता दें कि देवघर की टीम जूनियर राज्यस्तरीय चैंपियनशिप बालिका वर्ग में चैंपियन रही थी टीम 29 दिसंबर को रांची से रेलमार्ग के द्वारा पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 1 जनवरी से 5 जनवरी तक 29 वीं राष्ट्रीय सेपकटेकरा में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। देवघर ओलंपिक संघ से संयुक्त सचिव कृष्ण कुमार वर्णवाल ने सभी खिलाड़ियों को जूता दिया और साथ ही शुभकामनाएं दी । वहीं देवघर जिला सेपकटेकरा के अध्यक्ष आशीष झा ने बताया इस एक टीम में पांच खिलाड़ी रहते हैं और पांचों देवघर की ही बालिका है, यह हमारे लिए गर्व का विषय है। लगातार तीन महीने से खिलाड़ी इंडोर स्टेडियम में पसीना बहा रही है।जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ सुनील खवाड़े सहित संघ सभी सदस्यों ने शुभकामनाएं दी।
105 वर्षीय फेकनी देवी के निधन पर पूर्व कृषि मंत्री ने दी श्रद्धांजलि
देवघर/नगर संवाददाता। जीवन और मृत्यु सृष्टि का शाश्वत और अपरिवर्तनीय नियम है। जो इस संसार में जन्म लेता है, उसका एक दिन देहांत निश्चित है। इसी प्राकृतिक नियम के क्रम में देवघर जिले के सारवां निवासी स्वर्गीय विजय राम की धर्मपत्नी, 105 वर्षीय फेकनी देवी का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही न केवल परिवार, बल्कि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वृद्धावस्था में भी सादगी, धार्मिक आस्था और संयम के लिए पहचानी जाने वाली फेकनी देवी के निधन को समाज के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है। स्वर्गीय फेकनी देवी अपने लंबे जीवनकाल में पारिवारिक मूल्यों, धार्मिक संस्कारों और सामाजिक मर्यादाओं की प्रतीक रहीं। उन्होंने कई पीढ़ियों को अपने स्नेह, अनुभव और मार्गदर्शन से सींचा। परिवार के लोगों का कहना है कि उन्होंने हमेशा धैर्य, सहनशीलता और सादगी के साथ जीवन जिया और कठिन परिस्थितियों में भी कभी हिम्मत नहीं हारी।
स्वर्गीय फेकनी देवी के निधन की सूचना मिलते ही झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख शुक्रवार की देर रात देवघर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और गहरी संवेदना व्यक्त की। शनिवार की सुबह आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी वे शामिल हुए और दोबारा श्रद्धा सुमन अर्पित कर दिवंगत आत्मा को नमन किया। इस अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि 105 वर्ष का जीवन सामान्य नहीं होता। यह जीवन अनुभव, संस्कार और सामाजिक मूल्यों की अमूल्य धरोहर होता है। उन्होंने फेकनी देवी को धर्मपरायण, सरल स्वभाव की और संस्कारवान महिला बताते हुए कहा कि उनका जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।परिवारजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार स्वर्गीय फेकनी देवी नियमित रूप से पूजा-पाठ करती थीं और धार्मिक आयोजनों में उनकी विशेष आस्था थी। उनका पूरा जीवन अनुशासन और संयम का उदाहरण रहा। उन्होंने अपने बच्चों, पोते-पोतियों और परिवार की अन्य पीढ़ियों को सदैव सत्य, सेवा और संस्कार का मार्ग दिखाया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि फेकनी देवी न केवल अपने परिवार की मार्गदर्शक थीं, बल्कि मोहल्ले में भी उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखा जाता था। कोई भी सामाजिक या पारिवारिक विषय हो, लोग उनके अनुभव और सलाह को महत्व देते थे। उन्होंने जीवन के हर पड़ाव को सहजता और धैर्य के साथ स्वीकार किया। पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने भी अपने संबोधन में कहा कि ऐसे जीवन मूल्य आज दुर्लभ होते जा रहे हैं। फेकनी देवी जैसी महिलाएं समाज की रीढ़ होती हैं, जिनके कारण परिवार और सामाजिक ढांचा मजबूत बना रहता है। स्वर्गीय फेकनी देवी को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे। श्रद्धांजलि देने वालों में अर्जुन रवानी, टिंकू रवानी, किशन रवानी, किसु रवानी, बिट्टू रवानी, विनोद रवानी, वकील रवानी, लक्ष्मण रवानी, रमेश रवानी सहित कई सामाजिक और पारिवारिक लोग शामिल थे। महिला श्रद्धांजलि देने वालों में नीलम देवी, चांदनी देवी, पूनम देवी, पायल देवी, पूजा देवी, राखी देवी, मेघा देवी, सोनी देवी, कुंती देवी, संतोषी देवी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। इसके अलावा मनोज रवानी सहित कई अन्य लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को नमन किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान वातावरण अत्यंत भावुक रहा। हर आंख नम थी और लोग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते नजर आए।