देवघर/वरीय संवाददाता। गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में झारखंड जोन बी के अंतर्गत डीएवी सेंटर ऑफ एकेडमिक एक्सीलेंस द्वारा आयोजित एवं सहायक क्षेत्रीय अधिकारी सह प्रशिक्षण समन्वयक एम के सिन्हा के संरक्षण में त्रिदिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला, गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन एवं बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल के 250 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इसमें भाग लिया। विद्यालय के प्राचार्य सह क्लस्टर हेड बलराम कुमार झा ने शिक्षकों को प्रशिक्षण प्राप्त कर उसे बच्चों के बीच अवतरित करने को कहा। कार्यक्रम में ऑब्जर्वर के रूप में बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सचिन गर्ग और गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह मौजूद रहे।
- झारखंड क्रिकेट टूर्नामेंट
मुंगेर ने 34 रनों से जगदंबा इलेवन नालंदा को हराया
जसीडीह/संवाददाता। मां मनसा क्लब संथाली जसीडीह द्वारा स्थानीय चटर्जी मैदान में आयोजित झारखंड क्रिकेट टूर्नामेंट का ग्रुप बी का चौथा लीग मैच सोमवार को मुंगेर इलेवन टीम और जगदंबा इलेवन टीम नालन्दा के बीच खेला गया। मुंगेर टीम ने नालंदा टीम को 34 रनों से हरा कर मैच जीत लिया। मुंगेर टीम के कप्तान राहुल ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित बीस ओवर में आठ विकेट गंवाकर 215 रन बनाए। बल्लेबाजी करते हुए हर्षजीत आनन्द ने 35 गेंद खेलकर आठ चौके और चार छक्के की मदद से 68 रन बनाए। जबकि राहुल सिंह ने 27 गेंदों का सामना कर चार चौके और पांच छक्के की मदद से 49 रन बनाए। नालंदा टीम के गेंदबाजों में आदर्श ने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए और आदित्य राज ने चार ओवर में 13 रन देकर एक विकेट लिए। जवाब में जगदंबा इलेवन ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 181 रनों पर सिमट गई और मुंगेर टीम ने 34 रनों से मैच जीत लिया। बल्लेबाजी करते हुए कुन्दन वर्मा ने 30 गेंद पर चार चौके और सात छक्के की मदद से 73 रन बनाए। अर्णव ने 25 गेंद पर दो चौके और एक छक्का की मदद से 22 रन बनाए। जबकि मुंगेर टीम के गेंदबाजों में अंकुर ने चार ओवर में 35 रन देकर तीन विकेट लिए और शाजिद चांद मोना ने चार ओवर में 25 देकर दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का खिताब हर्षजीत आनन्द को दिया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका नोमी दूबे और रंजन ने निभाई। जबकि स्कोरर में अंकित एवं विदेशी और उद्घोषक की भूमिका शैलेश कुमार ने निभाई। टूर्नामेंट के आयोजक ने बताया कि 30 दिसंबर को टूर्नामेंट का ग्रुप ए का पहला क्वार्टर फाइनल मैच स्पोर्टिंग क्लब गंगटी और स्टार इलेवन जसीडीह के बीच खेला जाएगा। साथ ही कहा कि इस दौरान चटर्जी मैदान में दिन के 12 बजे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी को बाजे-गाजे के साथ ससम्मान लाया जाएगा।
रामचंद्रपुर का एक नाबालिग लापता
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत रामचन्द्रपुर मुहल्ला का एक नाबालिग बालक लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में रामचंद्रपुर मोहल्ला निवासी पूरन यादव ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 28 दिसंबर को सुबह करीब साढ़े छह बजे उसका पुत्र सौरव कुमार करीब 16 वर्ष घर से बाबा मंदिर पूजा करने निकला और वापस लौट कर नहीं आया। इसके बाद सभी जगह पुत्र की खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। पिता ने आगे कहा कि पुत्र अपने साथ मोबाइल भी लेकर गया है लेकिन उक्त मोबाइल पर कॉल करने पर बंद बता रहा है।
अवैध बालू लोड ट्रैक्टर धराया
जसीडीह/संवाददाता। देवघर जिला खनन विभाग ने अवैध बालू लोड एक ट्रैक्टर को पकड़ा। साथ ही उक्त ट्रैक्टर को जसीडीह थाना को सुपुर्द कर दिया। मिली जानकारी अनुसार देवघर जिला खनन विभाग के खान निरीक्षण आकाश कुमार सिंह ने 28 दिसंबर को अवैध बालू उठाव एवं परिवहन के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान पुरनीडीह, मझियाना, दुलीडीह के समीप बालू खनिज का परिवहन चालान में निर्दिष्ट गंतव्य मार्ग को छोड़कर अन्य मार्ग पर बिना किसी वैध परिवहन चालान का परिवहन करता हुआ एक ट्रैक्टर नंबर जेएच 15 एजी/5954 को पकड़ा गया। जिसे जसीडीह थाना को सुरक्षा हेतु सुपुर्द कर दिया गया।
डीडीसी ने किया कई योजनाओं का निरीक्षण
- अधिकारियों को दिये कई निर्देश
मोहनपुर/संवाददाता। उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा द्वारा मोहनपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत कटवन का कार्यालय निरीक्षण के साथ क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न मनरेगा और अबुआ आवास योजनाओं का एरिया ऑफिसर एप द्वारा निरीक्षण किया। इसके अलावा विभिन्न आवास योजनाओं को यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। जो लाभुक योजनाओं को पूर्ण करने में दिलचस्पी नहीं ले रहें हैं उन्हें नोटिस करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा उप विकास आयुक्त ने योजनाओं के निरीक्षण के क्रम में पाई गयी त्रुटियों का निराकरण करने का निर्देश उपस्थित पदाधिकारियों को दिया। ससमय एवं पारदर्शिता के साथ काम करने का निर्देश दिया। पंचायत निरीक्षण के क्रम में उन्होंने गरीब एवं असहाय लाभुकों के बीच कंबल का वितरण किया गया। साथ ही मनरेगा की पुरानी योजनाओं (वित्त वर्ष 2022-23 से पूर्व की) को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। विभागीय निर्देश के आलोक में एसएनए स्पर्श के माध्यम से मनरेगा योजनाओं में भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी,मोहनपुर संतोष कुमार चौधरी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, मोहनपुर,पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि,पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता, आदि उपस्थित थे।
जरूरतमंदों को मुखिया ने दिया कंबल
जसीडीह/संवाददाता। एक ओर जहां शीत लहर के कारण ठंड ने तांडव मचा रहा है। जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया। वहीं दूसरी ओर देवघर प्रखंड अंतर्गत नावाडीह पंचायत की मुखिया अर्चना सिंह ने इस कपकपी ठंड से निजात दिलाने के लिए अपने पंचायत क्षेत्र के गांवों में सोमवार की रात गरीब एवं असहाय और जरूरत मंदों के बीच कंबल वितरण की। मुखिया श्रीमती सिंह द्वारा कंबल पाकर गरीब, असहाय एवं जरूरत मंद महिला सहित पुरुषों में खुशी व्याप्त हो गई। इस अवसर पर देवघर प्रखंड पैक्स अध्यक्ष संजय सिंह, कारू मांझी, सूरज, प्रदीप राय आदि सहित ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।
आवंटित स्थान से दूसरे स्थान पर शराब दुकान चलाने का मुखिया ने लगाया आरोप
- डीसी से की शिकायत
पालोजोरी/संवाददाता। ग्राम पंचायत भुरकुंडी की मुखिया सुनीता मुर्मू ने नवाडीह के पोस्ट ऑफिस रोड में संचालित लाइसेंसी शराब दुकान के गलत जगह पर संचालन का आरोप लगाते हुए डीसी से शिकायत की है। मुखिया का कहना है कि दुकान पालोजोरी के नाम से आवंटित है, जबकि भुरकुंडी के नवाडीह में दुकान चलाया जा रहा है। यहां दुकान के संचालन से शांति व्यवस्था भंग होने, स्कूली बच्चों और महिलाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसको देखते हुए अविलंब दुकान को पालोजोरी के लोकेशन में शिफ्ट कराया जाए। मुखिया की शिकायत पर दुकान संचालक के प्रतिनिधि पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेश से ही दुकान चल रही है। और दुकान सही जगह पर चलाई जा रही है।
कुर्मीडीह में दवा दुकानदार के घर पर डकैती
- 3.75 लाख की संपत्ति ले गए अपराधी
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के पाथरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्मीडीह गांव में बीती रात दवा दुकानदार मनोज कुमार मंडल के घर में नकाबपोश हथियार से लैस अपराधियों ने धावा बोलकर नगदी समेत 3.75 लाख की संपत्ति चुरा लिया। घटना के बाद सोमवार की सुबह पाथरोल थाना की पुलिस और मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन की। मौके पर दवा कारोबारी मनोज कुमार मंडल ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात पूरे परिवार के साथ घर में सोए थे। रात के करीब एक बजे उनका दरवाजा कोई जोर-जोर से पीटने लगा और दरवाजा खोलने के लिए बोलने लगा। आरोपियों ने कहा हम लोग थाना से आए हैं दरवाजा खोलो। जब उसने दरवाजा खोला तो अचानक पांच अपराधी उसके घर में घुस गए। उसमें से एक अपराधी अपने हाथ में लिए पिस्तौल उसको सटा दिया। अन्य चार अपराधी घर के सभी कमरे में घुसकर तलाशी लेने लगे। घर के दुकान में रखें गल्ला से 45 हजार, कमरे से 27 हजार नगद, सोने का दो अंगूठी, 10 ग्राम सोने का चैन, चांदी का दुल्हन पायल करीब 80 ग्राम सभी जेवर की कीमत करीब दो लाख रुपए है। सभी अपराधी जेवर और नगदी अपने पास रख लिए पत्नी ने विरोध किया तो सभी ने उसको मारपीट किया। घर में रखे सारा सामान को इधर-उधर फेंक दिया। अपराधी जाने के समय बाहर से दरवाजे को बंद कर दिया। पांचों अपराधी का हुलिया लंबा, गोरा, दुबला-पतला बताया गया है। सामने आने पर सभी को पहचान सकते हैं। सभी अपराधी मास्क से अपना चेहरा ढंके हुए थे। सभी हिंदी भाषा से आपस में बातचीत कर रहे थे। पुलिस ने जल्द मामले का पर्दाफाश करने का आश्वासन दवा दुकानदार को दिया है। शिकायत के बाद पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पुलिस ने अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के बुढ़ई थाना क्षेत्र के नैयाडीह नदी घाट से अवैध बालू ले जा रही एक ट्रैक्टर को बुढ़ई पुलिस ने जब्त कर लिया है। सोमवार की दोपहर 12 बजे पुलिस टीम ने बेलाटाड गांव के पास ट्रैक्टर को पकड़ा। गश्त के दौरान बुढ़ई थाना प्रभारी रूपेश महतो ने इस ट्रैक्टर को पकड़ा, जिसके बाद बालू लदे ट्रैक्टर को बुढ़ई थाना ले जाया गया। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई हेतु जिला खनन विभाग को इसकी सूचना दी गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
रबी क्रॉप सर्वे को लेकर कृषक मित्रों को दिया गया प्रशिक्षण
सारठ/संवाददाता। सोमवार को प्रखंड सभागार में कृषक मित्रों को रबी क्रॉप सर्वे का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर प्रभारी बीएओ शशांक शेखर व एटीएम धर्मेंद्र कुमार ने मौके पर मौजूद किसान मित्रों व वीएलई को रबी क्रॉप सर्वे की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डीसीएस झारखंड एप में कृषक मित्रों व वीएलई के माध्यम से रबी क्रॉप सर्वे का काम किया जा रहा है। इसको लेकर कृषक मित्रों का आईडी जेनरेटर कर संबंधित गांव का प्लॉट वाइज डेटा उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसके बाद कृषक मित्र संबंधित स्थल पर पहुंचकर उस प्लॉट का भौतिक स्थिति को एप में ऑनलाइन अंकित करेंगे। उक्त प्लॉट कि कुल भूमि में कितना मकान बना है कितने में खेती हो रही है या बेकार पड़ी है आदि डेटा इंट्री करेंगे।
एसआईआर को लेकर बीएलओ की हुई बैठक
सारठ/संवाददाता। सोमवार को प्रखंड सभागार में प्रखंड के सभी 167 बीएलओ व उनके सुपरवाइजर के साथ मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने सभी बीएलओ को एसआईआर के पहली प्रक्रिया के तहत सभी मतदाताओं को 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग किया जा रहा है जिसमें जिनका नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है उनकी वर्तमान स्थिति जैसे जीवित है या मृत इसकी पुष्टि कराई जा रही है। साथ ही जिनका नाम 2003 के बाद दर्ज हुआ है उनके माता पिता के मतदाता सूची से मिलान कर मैपिंग किया जा रहा है। इस कार्य मे बीएलओ को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था जिसके चलते मैपिंग का कार्य में व्यवधान उत्पन्न हो रहा था इसको लेकर बीएलओ को उसके समाधान के बारे में जानकारी दिया गया ताकि काम में अवरोध पैदा नहीं हो। वहीँ मकान नम्बर को लेकर मिल रही शिकायत व विवाद को देखते हुए सभी मकानों में प्राप्त निर्देश केअनुसार मकान नम्बर अंकित करते हुए सम्बंधित अनुभाग के सभी मकानों के मतदाताओं का मैपिंग का कार्य किया जा रहा है।ताकि एक भी परिवार एसआईआर से वंचित नहीं रहे। इस दौरान ऑपरेटर हरीश कुमार ने प्रोजेक्टर के माध्यम से सभी बीएलओ को ऑनलाइन मैपिंग प्रक्रिया का बारे में विस्तार पूर्वक बताया। साथ ही जेएसएस ने सभी बीएलओ व सुपरवाइजर को ससमय नियमानुसार कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। मौके पर बीएलओ सुपरवाइजर दिलीप भोक्ता, मनोज सिंह, मनोज राय, बिकी आनंद , बीएलओ पूजा भारती, पूनम कुमारी, सरस्वती देवी समेत अन्य कई बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद थे।
मधुपुर के सुदामा बने अभाविप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य
मधुपुर/संवाददाता। झारखंड अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में गढ़वा में आयोजित तीन दिवसीय 26वें प्रादेशिक अधिवेशन का समापन रविवार को हो गया। अधिवेशन के अंतिम दिन नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई। जिसमें देवघर जिला के मधुपुर प्रखंड के होनहार युवा कार्यकर्ता सुदामा यादव को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। यह मधुपुर प्रखंड के लिए गर्व का विषय है। सुदामा यादव की इस उपलब्धि पर स्थानीय कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम है।
महिला नेत्री ने पूर्व जिला शिक्षा अधीक्षक पर लगाया छेड़खानी का आरोप
मधुपुर/संवाददाता। एक राजनीतिक पार्टी की महिला नेत्री के साथ रिटायर्ड जिला शिक्षा अधीक्षक अरविंद कुमार द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने की शिकायत पुलिस से की गई है। पीड़िता ने पुलिस को लिखित शिकायत कर कहा है कि पिछले चार दिनों से मीना बाजार निवासी अरविंद कुमार सिन्हा कॉल और मैसेज करके मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर किया जा रहा था। गलत इरादे और यौन शोषण की नीयत से तरह-तरह का प्रबंध देने का प्रयत्न किया। महिला नेत्री द्वारा विरोध और मना करने पर जाति सूचक गाली-गलौज करते हुए जानलेवा धमकी देने लगा। इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सड़क मरम्मती कार्य का ग्रामीणों ने किया विरोध
सारठ/संवाददाता। सारठ से पालोजोरी मुख्य सड़क की मरम्मति कार्य में की जा रही अनियमितता को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा विरोध प्रकट किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि मरम्मति कार्य में सड़के के किनारे मोटा और बीच सड़क में पतला गिट्टी और अलकतरा देकर गुणवत्ता को बिना ध्यान में रखते हुए कार्य किया जा रह ाहै। ग्रामीणों ने कहा कि इसकी शिकायत उपायुक्त से की जाएगी।
जिला और प्रखंड समन्वयक ने किया आवास निर्माण का निरीक्षण
सारठ/संवाददाता। प्रखंड के कैचुवाबांक पंचायत के कैचुवाबांक और गोपीबांध समेत अन्य गांवों में उपविकास आयुक्त के निर्देशानुसार जिला समन्वयक पवन कुमार गुप्ता और प्रखंड समन्वयक मोहन महरा द्वारा प्रधानमंत्री और अबुआ आवास योजना के तहत निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी लाभुकों को समय पर पूर्ण करने की हिदायत भी दी गई। मौके पर पंचायत सचिव सुबल मंडल, पंचायत सहायक समेत लाभुक भी मौजूद थे।
कार ने बाइक में मारी ठोकर, दो घायल
देवघर/संवाददाता। खजुरिया ओवरब्रिज के समीप बाइक और चार पहिया वाहन की टक्कर में बाइक सवार दो लोग घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना के संबंध में रिखिया थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी घायल विभूति कुमार चौधरी के भाई श्रीकांत प्रसाद चौधरी ने बताया कि दोनों भाई कटोरिया में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैंञ। उसी को लेकर सुबह बाइक से कटोरिया जा रहे थे। उसी क्रम में एक चार पहिया वाहन ने ने धक्का मार दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच की।