मोहनपुर/संवाददाता। भाकपा माले नेताओं ने गुरुवार को केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए देवघर- दुमका मुख्य मार्ग चौपा मोड़ सड़क जामकर कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
केंद्र सरकार पर जमकर बरसते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश में लागू श्रम कानून को निरस्त श्रम संहिता को लागू करने के लिए पूरे देश में अधिसूचना जारी कर दिया है। मजदूरों के लिए पुराना कानून को यथावत रखने एवं केंद्र सरकार द्वारा लाये गए मालिक पक्ष श्रम संहिता को रद्द करने की मांग एवं योजना आधारित कर्मचारी रसोईया सहिया जलसहिया, सेविका, सहायिका को मजदूर का दर्जा देकर न्यूनतम मजदूरी लागू करने कि मांग की है। जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगभग 1 घंटे से अधिक रहा। मौके पर जिला अध्यक्ष जयदेव सिंह, शंभू तुरी,जिला महिला अध्यक्ष देव की देवी, उपाध्यक्ष चिंता देवी, मीनू देवी, मुनी देवी, प्रभु कोल समेत नेता उपस्थित थे।
ग्राम प्रधान मूल रैयत संघ ने की बैठक
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। प्रखंड के सभागर कक्ष में जिला स्तरीय ग्राम प्रधान मूल रैयत संघ की बैठक की गई। जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्यामकांत झा ने की। बैठक में रैयतो ने झारखंड सरकार पर देवघर जिला के प्रधानों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। वही इसको लेकर अंचलाधिकारी को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। सभी ने एक स्वर में कहा कि हम प्रधानों ने पूरे प्रदेश के प्रधानों को एक समान 10 हजार रुपए मासिक सम्मान राशि दिलाने, साथ ही सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण पर रोक लगाने में प्रशासन को प्रधान का सहयोग करने, बीते 9 माह से लंबित सम्मान राशि का भुगतान कराने, साथ झारखंड सरकार द्वारा देवघर जिला को पैसा कानून से बाहर रखने पर आपत्ति जताया। सरकार इस पर पुनर्विचार करते हुए देवघर जिला में भी पैसा कानून में शामिल करने की मांग की। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता, सारठ प्रखंड अध्यक्ष जय प्रकाश तिवारी, सोनारायठाढी के प्रधान संजय कुमार पांडेय समेत बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद थे।
इंटक नेताओं ने निकाली विरोध रैली
मोहनपुर/संवाददाता। इंटक प्रखंड अध्यक्ष अजयकांत ठाकुर के नेतृत्व में गुरुवार को मोहनपुर बाजार में केंद्र सरकार के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अजयकांत ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू लेबर कोड निश्चित रूप से मजदूर विरोधी है और मजदूरों के हक एवं अधिकार को छीनकर उसके पेट पर लात मारने का काम किया जा रहा है। लेबर कोड मजदूरों के हाथ में नहीं बल्कि उद्योगपति को फायदा पहुंचाने की काम कर रही है। मौके पर प्रदेश सचिव अजय कुमार, देवघर जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा, जिला महिला अध्यक्ष प्रमिला देवी, जिला महासचिव पूजा देवी, जिला सचिव अभिषेक सिंह, कोषाध्यक्ष आशीष कुमार, प्रिय रंजन ठाकुर समेत दर्जनों से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
देशव्यापी हड़ताल से दो घंटे ठप रहा कामकाज, प्रदर्शनकारियों को किया गया गिरफ्तार
- दो खेमों में बंटा श्रमिक संगठन, एक पक्ष ने हड़ताल को बताया सफल, दूसरे ने कहा बेअसर
- यूनाइटेड कोल वर्कर्स के समर्थन में उतरे वाम दल, किया सड़क जाम का प्रयास
चितर/संवाददाता। देशव्यापी हड़ताल के आह्वान पर चितरा कोलियरी में गुरुवार सुबह प्रथम पाली में करीब दो घंटे तक कामकाज ठप रहा। संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के बैनर तले जुटे श्रमिकों ने कोलियरी के मुख्य वर्कशॉप के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनाइटेड कोल वर्कर्स के समर्थन में वाम दलों के कार्यकर्ता भी सड़क पर उतरे और चैक पोस्ट के समीप मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध जताया। हालांकि कुछ देर बाद ही पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर सड़क पर आवागमन शुरू कराई गई।
प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने केंद्र सरकार की नीतियों, श्रम कानूनों में बदलाव तथा निजीकरण के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और जाम हटाने के दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। हड़ताल को लेकर श्रमिक संगठनों में मतभेद भी खुलकर सामने आया। संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा ने दावा किया कि उत्पादन और डिस्पैच पूरी तरह प्रभावित रहा तथा हड़ताल ऐतिहासिक रूप से सफल रही। वहीं दूसरे पक्ष चितरा कोलियरी ट्रेड यूनियन मोर्चा ने हड़ताल को आंशिक और बेअसर करार देते हुए कहा कि अधिकांश कर्मी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहे और उत्पादन सामान्य रहा।
हड़ताल के कारण कुछ समय के लिए कामकाज प्रभावित हुआ। हालांकि दोपहर बाद स्थिति सामान्य होती दिखी और कार्य पुन: शुरू हो गया।
प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। वहीं यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। देशव्यापी हड़ताल के इस असर ने एक बार फिर कोयला क्षेत्र की अंदरूनी एकजुटता और मतभेद, दोनों को उजागर कर दिया है।
चुनावी मुद्दा नहीं बन पाया शहरी जलापूर्ति योजना
- घर-घर जलापूर्ति योजना आधी हकीकत आधा फसाना
मधुपुर/संवाददाता। वर्षो बाद भी घर-घर पानी नही पहुंचाया। इसके बाद भी मधुपुर निकाय चुनाव में शहरी जलापूर्ति योजना चुनावी मुद्दा नहीं बन पाया है। इसे विडंबना ही कहिए। प्रत्याशी तो केवल नाली सफाई कराएंगे, बिजली जलाएंगे इसके अलावा कोई मुद्दा ही नहीं है। बाकी सब खामोश है। मतदाता भी इस मामले में चुप है। प्रत्याशी वोट मांग रहे हैं लेकिन शुद्ध पेयजल मुहैया करने को लेकर उनके पास कोई ठोस योजना नहीं है।
61 करोड़ की योजना पुनरीक्षित होकर 76 करोड़ की हुई : बता दें कि जलापूर्ति योजना की शुरुआत 2018 में लगभग 61 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति के साथ हुई थी। योजना की राशि पुनरक्षित कर 76 करोड़ से अधिक की हो चुकी है। इलाके में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का एक बड़ा वादा आज तक आश्वासन बनकर रह गया। तकनीकी बाधाओं, पुनरीक्षित लागत और कार्य की धीमी गति के कारण यह योजना अभी भी आधी हकीकत, आधा फसाना बनकर रह गया।
मधुपुर शहरी जलापूर्ति योजना के प्रमुख बिंदु : मूल योजना और स्वीकृति 19 जनवरी 2018 को मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए 60.97 करोड़ की योजना को स्वीकृति दी गई थी। योजना की लागत में वृद्धि के कारण, पुनरीक्षित तकनीकी स्वीकृति के तहत यह राशि 76,63,95,178 तक पहुंच गई है। शहरी निवासियों को सीधे नलों से पीने का पानी उपलब्ध कराना, जो अमृत 2.0 जैसी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप है। कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति और प्रारंभिक चरणों के बावजूद, पूर्ण कार्यान्वयन अभी भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, जिससे लोगों को पर्याप्त पानी मिलने में देरी हो रही है। कार्य में देरी और लागत में वृद्धि के कारण यह परियोजना आम जनता के लिए पूरी तरह से साकार नहीं हो पाई है, जिससे यह योजना आधी हकीकत आधा फसाना बन कर रह गई।
ईश्वर की भक्ति कभी व्यर्थ नहीं जाती : शास्त्री जी
- श्रीराम कथा के छठे दिन कई प्रसंगों पर हुई चर्चा
मधुपुर/संवाददाता। शहर क पंच मंदिर रोड स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में चल रही श्रीराम कथा के छठे दिन कथा वाचक मधुसूदन शास्त्री जी ने मिथिला नगरी का वर्णन करते हुए कहा कि जहां माता-सीता का अवतार हुआ, जहां महाराजा जनक जैसा प्रजा का सेवक हो, वह नगरी तो रमणीक और दर्शनीय तो होगी ही। जब प्रभु श्रीराम अपने भाई और गुरुजी के साथ पधारे तो यह पावन धाम हो गयी। कथा वाचक ने एक से बढ़कर एक भजन और लोक गीत प्रस्तुत कर लोगों को रोमांचित कर दिया।
कथावाचक ने श्रोताओं को आगाह किया कि आज के समय में अपने बच्चों को संस्कार देना बहुत आवश्यक है। बाल काल में दी गई शिक्षा अमिट होती है और यह आजीवन याद रहती है। ईश्वर भरोसा हैं, बल हैं, आश हैं विश्वास हैं, इसलिए संत जन कहते हैं कि अपने जीवन की नैया इनके सहारे छोड़ दीजिए, आपका जीवन सफल हो जाएगा, आप भव से पार उतर जाइएगा।
मुखिया, पंचायत सचिव और सहायकों का प्रशिक्षण जारी
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर प्रखंड सभागार में चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरे दिन मास्टर ट्रेनर सह मुखिया बिंदु मंडल द्वारा दिया गया। कार्यक्रम के दौरान ट्रेनर ने बारी-बारी से मुखिया, पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायकों को कार्य करने में सहयोग को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। मुखिया एवं पंचायत सचिव के कार्य में पंचायत सहायक सहयोग करेंगे। इसको लेकर विस्तार पूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। मौके पर मुखिया कविता देवी, जयप्रकाश यादव, पांडव कापरी, पिंटू कुमार समेत कई मुखिया व पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक उपस्थित थे।
मंत्री ने बाल विवाह जागरुकता रथ को किया रवाना
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय पथरचपटी स्थित स्वयंसेवी संस्था चेतना विकास कार्यालय परिसर से बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन के उद्देश्य से जागरुकता रथ को सूबे के मंत्री हफीजुल हसन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मौके पर चेतना विकास की निर्देशिका रानी कुमारी ने जिले में बाल विवाह से संबंधित आंकड़े साझा करते हुए बताया कि देवघर जिला इस समस्या से गंभीर रूप से प्रभावित है और राज्य में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि यह केवल आंकड़ों का विषय नहीं बल्कि हमारी बेटियों के भविष्य का सवाल है। मंत्री ने कहा कि बाल विवाह समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने कहा जब तक हमारी बेटियां शिक्षित और आत्मनिर्भर नहीं होंगी, तब तक सशक्त समाज की कल्पना अधूरी रहेगी। हमें मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्ची कम उम्र में विवाह के बंधन में नहीं बंधे। इन प्रयासों में चेतना विकास और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन जैसी संस्थाओं का कदम सराहनीय है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन, समाज और परिवारों के संयुक्त प्रयास से जल्द ही सार्थक परिवर्तन देखने को मिलेगा। चेतना विकास की निर्देशिका रानी कुमारी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि बाल विवाह को रोकने के लिए समाज के हर व्यक्ति को जिम्मेदारी लेनी होगी। बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर देना और उनकी भावनाओं को समझना बेहद जरूरी है। ये बच्चियां एक कली की तरह होती हैं। उन्हें समय, शिक्षा और सही मार्गदर्शन मिले, तभी वे पूरी तरह खिल सकेगी। बाल विवाह मुक्ति जागरूकता रथ देवघर जिले के विभिन्न प्रखंडों के दूरस्थ गांवों, विद्यालयों, समुदायों, थाना और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचेगा। रथ के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणाम, बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा के महत्व और सशक्तिकरण से जुड़े संदेश आमजन तक पहुंचाए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि समाज में सोच का बदलाव लाना है, ताकि हर बेटी को सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में चेतना विकास के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आठ लोगों पर बिजली चोरी का केस
सारवां/संवाददाता। बिजली वितरण निगम लिमिटेड के निर्देश पर सारठ विद्युत अवर प्रमंडल के सहायक अभियंता सोमेश कुमार द्वारा प्रखंड क्षेत्र के भंडारो और सारवां में अवैध बिजली ऊर्जा चोरी के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया गया इस संबंध में थाने में आवेदन देकर सहायक अभियंता ने भंडारों और सारवां के आठ लोगों पर अवैध रूप से बिजली ऊर्जा चोरी का मामला दर्ज कराया गया। छापेमारी दल में मनोज साह, सुभाष कुमार, श्याम नारायण झा सहित अन्य मौजूद थे।
आठ योग दंपतियों को किया गया पुरस्कृत
सारवां/संवाददाता। परिवार कल्याण दिवस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारवां सभागार में योग्य दंपति सम्मान समारोह का आयोजन डॉ बीके सिन्हा की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र से चयनित आठ योग्य दंपतियों को थाली के साथ अन्य उपहार प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। मौके पर उन लोगों को एक से दूसरे बच्चे के अंतर 3 साल का रखने के साथ परिवार नियोजन की स्थाई और अस्थाई विधि की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सीएचओ संतोष प्रामाणिक, डीपीसी परवीन सिंह, राजेश राय,बीटीटी सुमन झा, ब्रह्मदेव वर्मा, सहिया सुनीता देवी, रिंकी देवी, माधुरी देवी, शोभा देवी सहित अन्य योग्य दंपति उपस्थित थे।
गुरु गोष्ठी में पदाधिकारी ने शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने का दिया निर्देश
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड अंतर्गत रानी मंदाकिनी प्लस टू उच्च विद्यालय में 137 विद्यालय के शिक्षकों का मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। मासिक गुरु गोष्ठी की अध्यक्षता नये प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अमिताभ झा ने किया गया। इसके पूर्व नए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अमिताभ झा ने सेवानिवृत प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी से प्रभार लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी विद्यालय विभाग द्वारा दिये जाने वाले काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। कहा कि वे प्रखंड में नए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के रूप में योगदान दिया। प्रखंड के 137 विद्यालयों के शिक्षकों के साथ वे पदाधिकारी के रूप में नहीं करेेंगे। बल्कि वह एक अभिभावक के रूप में अपना काम करेेंगे। बैठक में मध्याह्न भोजन योजना, पोशाक वितरण, छात्रवृत्ति, शिक्षकों के विद्यालय नियमित आने का प्रयास आदि कार्यक्रम के बारे में चर्चा की गई। इस अवसर पर बताया गया कि अगर किसी भी विद्यालय के शिक्षकों को कोई कार्य करने में परेशानी है तो वे नजदीक के विद्यालय में जाकर उस विद्यालय के शिक्षक से सहयोग लेकर काम पूरा करें। अगर किसी प्रकार की परेशानी हो तो उन्हें सूचना दें। वे हरसंभव मदद करने को तैयार रहेेंगे। इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप मोदी ने चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। मौके पर बीपीओ संदीप कुमार मोदी, राकेश कुमार राय, आनंद प्रकाश, सिंह, सुदीप चक्रवर्ती, लेखापाल मोती रवानी, हरिशंकर सिन्हा, इरशाद आलम, शशि प्रकाश सिंह, पुष्पा देवी, जर्मन, तुरी, मनोरमा दास, अरूणा इंद्रनी, मनोज कुमार, किशोर कुमार यादव, अमरनाथ चौधरी, दिनेश चौधरी साहित 137 विद्यालय के प्रभारी मासिक बैठक में मौजूद थे।
फल लोड ट्रक पेड़ से टकरायी, चालक की मौत
- दो घायलों को सदर अस्पताल में चल रहा है इलाज
मोहनपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवघर-गोड्डा मुख्य सड़क मोहनपुर स्टेडियम के पास गुरुवार की सुबह ट्रक पलटने से चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। राहगीरों ने घटना की जानकारी मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार को दी। सूचना मिलते ही एएसआई जीवन हांसदा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक की पहचान सारवां थाना क्षेत्र पल्लगजिंया गांव निवासी 40 वर्षीय रमेश यादव के रूप में की गई। घटना की जानकारी परिवार वालों को होते ही रोते बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गये। परिवार वालों की चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद दाह संस्कार के लिए शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे पत्नी व माता-पिता को छोड़ गये हैं।
क्या है पूरा मामला : घटना के संबंध में बताया जाता है कि बंगाल से ट्रक में फल लोड कर देवघर बाजार समिति जाने के क्रम में थाना क्षेत्र के मोहनपुर स्टेडियम के पास पेड़ से टकराकर ट्रक पलट गई। घायल का इलाज देवघर सदर अस्पताल में चल रहा है। पेड़ से टकराने पर ट्रक क्षतिग्रस्त होने से चालक ट्रक में दब गया। जिससे उसकी मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई। घटनास्थल पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है कि नींद में आने से ट्रक पेड़ से टकराकर पलट गई। पुलिस ट्रक को जब्त कर थाना ले गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सही और गलत से परे युवा नेतृत्व बदल रही है दुनिया की तस्वीर
मधुपुर/संवाददाता। मीमांसा फाउंडेशन और कम्युटिनी – द यूथ कलेक्टिव के सहयोग से मधुपुर में क्षेत्रीय संवाद सही और गलत से परे : युवा नेतृत्व बदल रहा है दुनिया की तस्वीर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम मे युवा नेताओं, अभिभावकों, शिक्षकों और हितधारकों ने भाग लिया।
मौके पर एस्तेर मुर्मू ने कहा कि यह संवाद हमें पूर्वाग्रहों से मुक्त होकर युवाओं के सपनों को समझने का अवसर देता है जो वास्तविक बदलाव लाएगा। सिकटिया मुखिया मरियम टुडू ने कहा कि युवाओ के साथ जुड़ाव समुदाय परिवार को जोड़ता है। वर्तमान दौर में भरोसे की कमी मिलती है हम युवाओं पर अधिक भरोसा नही कर सकते। वही युवा भी हमसे बोलने में कतराते हैं। युवाओं को अपने इतिहास और संस्कृति का ज्ञान होना आवश्यक है। युवाओं ने अपनी आकांक्षाओं को साझा किया, जबकि अभिभावक-शिक्षक उनके दृष्टिकोण समझे। युवाओं से उच्च अपेक्षाएं रखी जाती हैं, किंतु उनके सपनों की अनदेखी होती है। संवाद ने अपेक्षाओं का आदान-प्रदान कर समाधान-केंद्रित समझ विकसित की। सम्मान समारोह मे स्थानीय सामुदायिक लोगों, ग्राम प्रधान, मुखिया, शिक्षक तथा मीमांसा फाउंडेशन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटरों को युवा सशक्तिकरण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मीमांसा फाउंडेशन 2022 से झारखंड के मधुपुर में महिलाओं-लड़कियों के सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कौशल विकास पर कार्यरत है। मौके पर शीशम देवी, तानिया परवीन, जुली देवी, एस्तेर मुर्मू, फूल कुमारी हांसदा, मिस्बा उल हुसैन, उदय, काजल चन्द्र महतो, प्रशांत सरकार, र्प्तियुस भगत, सहजन परवीन, मधु देवी, बलराम प्रसाद वर्मा, अनिता देवी, बेलुरुईस मरांडी, पीयूष झा, सिकटिया मुखिया मरियम टुडू, मंगोली हांसदा, अजय सोरेन, मालती कुमारी, शिबू हांसदा, इंदु टुडू, रविकांत झा, मोतीलाल प्रसाद, अजय सोरेन के साथ कई लोग शामिल हुए।
पालोजोरी हटिया रोड के लिए अलग ट्रांसफार्मर हुआ इंस्टॉल
- बाजार के ट्रांसफार्मर का लोड हुआ कम
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी हटिया रोड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए गुरूवार को अलग से उच्च क्षमता वाला ट्रांसफार्मर इंस्टॉल हुआ। हटिया रोड में पावर सप्लाई इससे पहले पालोजोरी बाजार के ट्रांसफार्मर से ही होती थी, जिससे हटिया रोड के उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज का सामना करना पड़ता था। यहां की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग ने यहां के लिए अलग से ट्रांसफार्मर इंस्टॉल कर दिया है। संवेदक दिलीप मंडल और विद्युत कर्मी दुलाल मंडल की मौजूदगी में कर्मियों ने केबल और सेट अप मैनेजमेंट के काम को पूरा कर लिया है। हटिया रोड के लिए अलग से ट्रांसफार्मर इंस्टॉल हो जाने से पालोजोरी बाजार के ट्रांसफार्मर पर लोड कम हो गया है। देर शाम तक हटिया रोड के लिए इंस्टॉल हुए ट्रांसफार्मर में पॉवर लोड दे दिया गया हटिया रोड के बिजली उपभोक्ता विकास दे, निधिराम दत्ता, अशोक दे, प्रकाश दे, अनिल झा, राजकिशोर पोद्दार एवं मंटू दे ने हर्ष जताया है।