सरिता सोरेन की तूफानी शतक, देवघर और गिरिडीह की शानदार जीत
- इंटर डिस्ट्रक्टि महिला अंडर-23 टी-20 टूर्नामेंट में एकतरफा मुकाबले, गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर के स्थानीय केकेएन स्टेडियम में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के तत्वाधान में आयोजित इंटर डिस्ट्रक्टि महिला अंडर-23 टी-20 टूर्नामेंट 2025-26 के अंतर्गत सोमवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मेजबान देवघर ने कोडरमा को करारी शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में गिरिडीह ने पाकुड़ को हराकर जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए देवघर की टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 268 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। देवघर की बल्लेबाज सरिता सोरेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 63 गेंदों में 145 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 27 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा सोनाली कुमारी ने 38 रन और अंजली हेंब्रम ने नाबाद 29 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोडरमा की टीम देवघर की घातक गेंदबाजी के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और 11.5 ओवर में महज 16 रन पर सिमट गई। अंजलि हेंब्रम ने 3 ओवर, 4 रन, 4 विकेट व लक्ष्मी कुमारी ने 2.5 ओवर, 5 रन, 4 विकेट प्राप्त किया। प्लेयर ऑफ द मैच सरिता सोरेन (145 रन) को घोषित किया गया। दूसरे मैच में गिरिडीह ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 195 रन बनाए। टीम की ओर से ईशा नाज ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए 56 रन बनाए। इसके अलावा स्नेहा (28), अंकिता (25) और शताक्षी (23) ने भी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया। 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकुड़ की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 158 रन ही बना सकी। पाकुड़ की सृष्टि ने 81 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। प्लेयर ऑफ द मैच ईशा नाज (56 रन) को घोषित किया गया। मैच के सफल संचालन में अंपायर अजय पाठक और अजय हाजरा, स्कोरर ज्ञान रंजन तथा मैच ऑब्जर्वर के रूप में पूर्व रणजी खिलाड़ी बाला शंकर झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुरस्कार वितरण समारोह में जिला क्रिकेट संघ के सचिव विजय झा, ज्ञान प्रकाश, अनिल झा, आलोक राजहंस, मन्ना, राकेश पांडेय सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे। देवघर में आयोजित इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। खासकर सरिता सोरेन की विस्फोटक पारी और गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। आने वाले मुकाबलों में और भी कड़ी प्रतिस्पर्धा की उम्मीद जताई जा रही है।
देवघर जिला क्रिकेट टीम घोषित, 25 मार्च से रांची में होगा मुकाबला
- भास्कर को मिली कप्तानी, बोकारो से पहला मैच
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीनियर अंतर जिला (एलीट ग्रुप) क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 (एच. पी. बोधनवाला) में भाग लेने के लिए देवघर जिला क्रिकेट टीम की घोषणा चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कर दी गई है। 16 सदस्यीय टीम की कमान भास्कर को सौंपी गई है। चयन के बाद खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है और टीम संतुलित नजर आ रही है, जिसमें अनुभवी और युवा खिलाड़ियों को जगह दी गई है। सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। घोषित टीम इस प्रकार है, भास्कर (कप्तान), राघव शरण, स्वागत झा, राज भारद्वाज, राहुल चौधरी, मो ताहिर, उत्कर्ष आनंद, परवेज शेख, शुभम सिंह, सौरभ शेखर, गौरव शर्मा, श्रेयश, साहिल शेख, मुकेश कुमार, सुमित, सत्य जगत शामिल हैं। वहीं टीम के प्रबंधक और प्रशिक्षक की जिम्मेदारी अमरेंद्र कुमार को दी गई है। जबकि सिद्धार्थ, हर्षित, शिवम कुमार, संजीव झा (मंटू) और उत्कर्ष नयन को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है, जो आवश्यकता पड़ने पर टीम में शामिल किए जा सकते हैं। यह प्रतियोगिता 25 मार्च 2026 से रांची के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में आयोजित की जाएगी। देवघर की टीम 24 मार्च को रांची के लिए रवाना होगी। टीम का पहला मुकाबला 25 मार्च को बोकारो जिला की टीम के साथ होगा। जिला क्रिकेट संघ के सचिव विजय झा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि टीम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
शहीद दिवस पर देवघर कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा, युवाओं ने याद किए अमर बलिदानी
- भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहादत को किया नमन, देशभक्ति का दिया संदेश
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर कॉलेज के बोटैनिकल गार्डन में सोमवार को युवा छात्र संगठन के तत्वावधान में शहीद दिवस के अवसर पर एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवघर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. अखिलेश कुमार ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे महान क्रांतिकारियों का बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को इन वीरों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
युवा छात्र संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कुंदन शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 23 मार्च 1931 को लाहौर जेल में भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को अंग्रेजी हुकूमत ने फांसी दे दी थी। इन तीनों वीर क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहूति इसलिए दी क्योंकि उन्हें लगा कि देश को आजादी दिलाने के लिए यह बलिदान जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब भी भारत अपनी स्वतंत्रता पर गर्व करता है, तब इन महापुरुषों के प्रति सम्मान में हर भारतीय का सिर झुक जाता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और शहीदों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे माहौल में देशभक्ति और सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी। कार्यक्रम ने युवाओं के भीतर देशप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत किया। इस अवसर पर देवघर कॉलेज कर्मचारी संघ के सदस्य शरद चंद्र उपाध्याय, संजय मिश्रा, मंगेश रंजन, जाहिद अंसारी, सचिन झा तथा केंद्रीय महासचिव नयन राज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
रामनवमी को लेकर महागठबंधन के नेताओं ने की बैठक
मोहनपुर/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के शिव मंदिर परिसर में रामनवमी को लेकर महागठबंधन के नेताओं ने सफल संचालन को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने रामनवमी को लेकर को लेकर चर्चा की। जिसमें पूजा के दिन कलाकारों द्वारा भजन कीर्तन किया जायेगा। पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया जायेगा। मौके पर राजद नेता भूतनाथ यादव, झामुमो नेता श्रीकांत यादव, अमन गुप्ता, पूर्व पंचायत समिति सदस्य देवनारायण दास, अभिषेक ठाकुर, वीरू प्रधान, ओम शर्मा समेत दर्जनों से अधिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से लगाया गया ब्लड डोनेशन कैंप
- प्रमुख ने किया कैंप का उद्घाटन
पालोजोरी/संवाददाता। ब्लड बैंक में ब्लड की कमी को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से सोमवार को पालोजोरी प्रखण्ड कार्यालय में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। प्रमुख उषाकिरण मरांडी, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव महेंद्र घोष, बीपीआरओ सुभाष राय, संयोजक श्रीकांत मंडल ने कैंप का उद्घाटन किया। कैंप में कुल 16 रक्तवीरों ने ब्लड डोनेट किया। महेंद्र घोष ने कहा कि 18 से 65 वर्ष की आयु के स्वस्थ व्यक्ति बेझिझक ब्लड डोनेट कर सकते हैं। ब्लड डोनेट करने से कई तरह की बीमारियों से दूर रहा जा सकता है। ब्लड डोनर समाज में एक नायक की तरह होता है, जो किसी के अनमोल जीवन को बचाने का काम करता है। बीडीओ चंदन कुमार सिंह, पालोजोरी मुखिया अंशुक साधु, रामसेवक पासवान, रवि सिंह सहित कई लोग डोनर को प्रोत्साहित करने के लिए मौजूद थे।
इन्होंने किया ब्लड डोनेट : जनसेवक सत्यवान महतो, जीयाराम महतो, पंचायत समिति सदस्य बबलू कुमार महतो, बीपीएम धीरज कुमार चौरसिया, मनरेगा लेखापाल कुमार शानू, त्रिपुरारी यादव, एई कैशर अंसारी, अनिल कुमार मोदी, कर्मी शमद शेख, पवन कुमार झा, कर्मी रंजन कुमार सिंह, कर्मी जीतेन्द्र पाल, सचिन कुमार मंडल, पंचायत सचिव संतोष कुमार, चंद्रशेखर यादव और पत्रकार संतोष दत्ता।
झारखंड भाजपा में जल्द नई कार्यकारिणी का एलान, संगठन में बड़े बदलाव के संकेत
- संथाल परगना-कोल्हान पर फोकस, निष्क्रिय जिलाध्यक्षों पर गिर सकती है गाज
- चुनावी हार के बाद संगठन को धार देने की तैयारी तेज
सुनील झा। देवघर। झारखंड भारतीय जनता पार्टी में लंबे समय से प्रतीक्षित नई प्रदेश कार्यकारिणी समिति के गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों के भीतर नई कार्यकारिणी की घोषणा की जा सकती है। यह निर्णय ऐसे समय में सामने आ रहा है, जब पार्टी हालिया नगर निकाय चुनाव में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी और संगठनात्मक मजबूती को लेकर अंदरखाने मंथन तेज है।
दरअसल राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से नई कार्यकारिणी समिति के गठन को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि अब तक पूर्व प्रदेश नेतृत्व के दौरान बनी कार्यकारिणी ही सक्रिय रूप से काम करती रही। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी के समय गठित टीम ही फिलहाल संगठन की जिम्मेदारी संभालती रही है। लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी नेतृत्व संगठन को नए सिरे से खड़ा करने के लिए व्यापक बदलाव के मूड में है। सूत्रों का कहना है कि इस बार की कार्यकारिणी में न सिर्फ नए चेहरों को जगह दी जाएगी, बल्कि क्षेत्रीय संतुलन को भी प्राथमिकता दी जाएगी। विशेष रूप से संथाल परगना और कोल्हान क्षेत्र पर पार्टी का फोकस बढ़ता नजर आ रहा है। इन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली और जनाधार वाले नेताओं को जिम्मेदारी दी जा सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो झारखंड की राजनीति में संथाल और कोल्हान क्षेत्र का विशेष महत्व है। इन इलाकों में पार्टी की पकड़ अपेक्षाकृत कमजोर मानी जाती रही है। ऐसे में बीजेपी यहां संगठनात्मक मजबूती के जरिए अपनी स्थिति बेहतर करने की रणनीति पर काम कर रही है।
निष्क्रिय पदाधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत : नई कार्यकारिणी के गठन के साथ-साथ संगठन में अनुशासन को लेकर भी सख्त संदेश देने की तैयारी है। पार्टी के अंदर यह चर्चा जोरों पर है कि जो जिलाध्यक्ष या पदाधिकारी लंबे समय से सक्रिय नहीं हैं या संगठनात्मक गतिविधियों में अपेक्षित भूमिका नहीं निभा रहे हैं, उन पर कार्रवाई हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक कई जिलों से ऐसी रिपोर्ट सामने आई है जहां संगठन की गतिविधियां ठप पड़ी हैं। ऐसे में पार्टी नेतृत्व उन जिलों में नए चेहरों को मौका देने पर विचार कर रहा है। यह कदम संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। हालिया नगर निकाय चुनाव में मिली हार के बाद बीजेपी ने आत्ममंथन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी के अंदर यह स्वीकार किया जा रहा है कि संगठनात्मक स्तर पर कुछ कमियां रही हैं, जिनका असर चुनाव परिणामों पर पड़ा। इसी के मद्देनजर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह लगातार बैठकें कर संगठन की स्थिति का आकलन कर रहे हैं। दोनों नेताओं ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में संगठन को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाया जाएगा।
नए और पुराने चेहरों का संतुलन : नई कार्यकारिणी में जहां एक ओर युवा और ऊर्जावान नेताओं को जगह मिलने की संभावना है, वहीं अनुभवी नेताओं की भूमिका भी बरकरार रखी जा सकती है। पार्टी नेतृत्व इस बात को लेकर सजग है कि अनुभव और ऊर्जा के संतुलन से ही संगठन को मजबूती मिल सकती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कुछ पुराने और निष्क्रिय चेहरों को इस बार बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। जबकि जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रमोशन मिल सकता है। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
क्षेत्रीय समीकरणों पर विशेष नजर : भाजपा इस बार कार्यकारिणी गठन में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों का भी विशेष ध्यान रख सकती है। झारखंड जैसे विविधतापूर्ण राज्य में यह एक अहम रणनीतिक पहलू माना जाता है। पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि हर क्षेत्र और वर्ग को प्रतिनिधित्व मिले, जिससे संगठन की पकड़ व्यापक हो सके। संथाल परगना, कोल्हान, पलामू और उत्तरी छोटानागपुर जैसे क्षेत्रों के नेताओं को संतुलित तरीके से शामिल करने की रणनीति पर काम चल रहा है। इससे पार्टी को आगामी चुनावों में लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यकर्ताओं की टिकी निगाहें : नई कार्यकारिणी के ऐलान को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच उत्सुकता चरम पर है। हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि इस बार किन चेहरों को जिम्मेदारी मिलेगी और किन्हें संगठन से बाहर किया जाएगा। पार्टी के भीतर यह भी चर्चा है कि कार्यकारिणी का गठन पूरी तरह प्रदर्शन और सक्रियता के आधार पर किया जाएगा। ऐसे में कई नए और चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते हैं।
आने वाले दिनों में साफ होगी तस्वीर : फिलहाल यह सब चर्चाओं और कयासों का दौर है। लेकिन यदि पार्टी सूत्रों की मानें तो अगले तीन से चार दिनों में तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। नई कार्यकारिणी का ऐलान न सिर्फ संगठनात्मक ढांचे को नई दिशा देगा, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीति का भी संकेत होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह चर्चाएं हकीकत में बदलती हैं या फिर कुछ और समय के लिए टल जाती हैं। हालांकि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि बीजेपी झारखंड में जल्द ही बड़े संगठनात्मक बदलाव के साथ सामने आएगी।
पीड़ित परिवार से मिले रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव
फोटो 02 पीड़ित परिवार से मिलते सोसायटी के सचिव
पालोजोरी/संवाददाता। रेडक्रॉस सोसायटी, पालोजोरी के सदस्य दिलीप कुमार साह के मातृशोक और मनोज कुमार सिंह के पितृशोक की सूचना पाकर सोमवार को रेडक्रॉस सोसायटी मधुपुर के सचिव महेंद्र घोष और पालोजोरी के संयोजक श्रीकांत मंडल दोनों पीड़ित परिवार में पहुंचे। दोनों पीड़ित परिवारों से मिल दोनों ने शोक संवेदना जताई और इस विषम परिस्थिति में धैर्य से काम लेने के लिए कहा। रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आधिकारिक रूप से शोक संदेश जारी किये जाने की बात भी कही गई।
फांसी से लटके शव बरामदगी मामले में हत्या का केस
जसीडीह/संवाददाता। पुलिस ने जसीडीह थानांतर्गत कोकहराजोरी गांव के समीप बीते रविवार को पेड़ की डाली से लटका एक युवक का शव को लेकर मृतक के पिता एवं गिरीडीह जिला के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरोटाड़ गांव निवासी भरत साव के आवेदन पर जसीडीह थाना में हत्या का मामला दर्ज कर चार नामजद लोगों को आरोपी बनाया है। इंस्पेक्टर सह जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मृतक के पिता ने बताया कि उसका बेटा बादल साव उर्फ शालू साव (20) अपने छोटे भाई को लेकर शाम करीब पांच बजे मधुपुर स्टेशन के लिए निकला और भाई को ट्रेन पकड़ा दिया। फिर वह अपने रिश्तेदार के यहां मधुपुर में ही मिसरना गांव चला गया। थोड़ी देर बाद वह वहां से निकल गया और अपनी मां को फोन कर बताया कि बाइक बीच रास्ते में खराब हो गयी है और वह बुआ के पास जा रहा हूं। इसके बाद से उसका फोन बंद हो गया। काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहंी चला। सुबह रिश्तेदार से पता चला कि उसका बेटा फांसी से लटका हुआ है। पिता ने बताया कि उसे यकीन है कि बेटे ने फांसी नहीं लगायी बल्कि उसकी हत्या हुई है। उसके बेटे से उसका भाई परमेश्वर साव, गिरधारी साव, टूनटुन साव, गोलू साव एवं दिलीप साव ने कई बार लड़ाई झगड़ा करते रहता था और धमकी जान मारने की धमकी दिया था। पुलिस ने पिता के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
जसीडीह स्टेशन से रंगेहाथ धराया मोबाइल चोर
जसीडीह/संवाददाता। जीआरपी जसीडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी ने यात्रियों के सहयोग से रंगेहाथ एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में जीआरपी जसीडीह थाना के एएसआई पवन कुमार मिश्रा के आवेदन पर जीआरपी जसीडीह थाना में मामला दर्ज कर गिरफ्तार मोबाइल चोर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एएसआई पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि 22 मार्च की रात प्लेटफार्म ड्यूटी में तैनात था। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर हो-हल्ला सुनकर वहां पहुंचे तो देखा कि कुछ यात्रियों द्वारा एक व्यक्ति को पकड़ कर रखा है। जिसका नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम अंकित लोहार पिता लालदेव लोहार, ग्राम सिपुली शांति नगर डिगिर बगान थाना अंडाल जिला वर्दवान पश्चिम बंगाल बताया। साथ अंकित लोहार के पास से किसी यात्री का चोरी किया हुआ मोबाइल भी बरामद हुआ। जबकि अंकित लोहार पकड़ाने पर यात्रियों ने उसके पास से चोरी का कुल चार मोबाइल बरामद किया। जिसमें तीन मोबाइल को यात्रियों ने पहचान कर अपना अपना मोबाइल लेकर ट्रेन पकड़ कर चले गए।
चैती छठ का खरना संपन्न, आज पड़ेगा संध्या अर्घ्य
मधुपुर/संवाददाता। लोक आस्था का महान पर्व चैती छठ का खरना पूजन सोमवार को विधि-विधान पूर्वक सम्पन्न हुआ। मंगलवार को भगवान भाष्कर को संध्या अर्घ्य पड़ेगा। बुधवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय नेम निष्ठा का महान पर्व छठ का समापन हो जाएगा। खरना पूजन को लेकर व्रती अरवा चावल, गुड और खीर, पुड़ी का भोग लगाने के पश्चात सर्वप्रथम व्रतियों प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं के बीच सामूहिक वितरण किया गया।