- प्रभात फेरी से अटल स्मृति सम्मेलन तक चला श्रद्धा और संकल्प का दिन
देवघर/नगर संवाददाता। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं युगद्रष्टा नेता अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को देवघर में भारतीय जनता पार्टी जिला कमेटी की ओर से भव्य और गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे दिन चले इन कार्यक्रमों में प्रभात फेरी, वीर बलिदान दिवस का स्मरण एवं अटल स्मृति सम्मेलन प्रमुख रहे।
प्रभात फेरी से अटल जयंती कार्यक्रमों की शुरुआत : अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार की सुबह भाजपा जिला कमेटी की ओर से प्रभात फेरी निकालकर कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर अटल जी के विचारों और देशभक्ति के नारों के साथ जनजागरूकता का संदेश दिया।
दूसरे चरण में ठाढीदुलमपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में वीर बलिदान दिवस एवं अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने की, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री संतोष उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे रहे, जबकि कार्यक्रम संयोजक के रूप में देवघर के पूर्व विधायक नारायण दास उपस्थित थे।
अटल जी ने देश को दी स्थिरता और वैश्विक पहचान : सांसद
मुख्य अतिथि सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी देश को स्थिर और मजबूत नेतृत्व दिया। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण कर दुनिया को अपनी सामरिक क्षमता का एहसास कराया और स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी योजनाओं से देश के विकास को नई गति मिली। डॉ दुबे ने कहा कि अटल जी राजनीति में संवाद, सहमति और शालीनता के प्रतीक थे। आज के कार्यकर्ताओं और युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम संयोजक एवं देवघर के पूर्व विधायक नारायण दास ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प दिवस है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया और अपने आचरण से यह सिद्ध किया कि सत्ता से बड़ा सिद्धांत होता है। भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे।
सम्मेलन में जिला प्रभारी सत्येंद्र सिंह, प्रदेश समिति सदस्य संजीव जजवाले, रीता चौरसिया, महेश प्रसाद राय, संजय यादव, धनंजय तिवारी, विश्वनाथ रवानी, गौरी शंकर शर्मा, डॉ. राजीव रंजन सिंह, रवि तिवारी, विजय सिंह, सोनाधारी झा, प्रज्ञा झा, मीना झा, बिंदु पाठक, अभय आनंद झा, भूषण सोनी, के.के. दास, संध्या कुमारी, आशीष दुबे, संजय गुप्ता, दशरथ दास, विनिता पासवान, विनय चंद्रवंशी, उचित राय, रमेश राय, दीपक केसरी, गौतम राय, अरुण गुटगुटिया, तूफान मेहता, ईश्वर राय, अलका सोनी, संतोष मुर्मू, धनंजय खवाड़े, जय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ और सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
क्रिसमस डे निबंध में रजत मुखर्जी जबकि रंगभरो प्रतियोगिता में वाणी, अंजली व पूनम अव्वल
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान एवं योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के युग्म बैनर तले क्रिसमस डे के अवसर पर निबंध लेखन एवं रंगभरो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। सर्व साधारण के लिए ग्रुप डी में, ईसा मसीह एवं बड़ा दिन शीर्षक निबंध लेखन प्रतियोगिता में शहर के जाने माने पर्यावरणविद् रजत मुखर्जी को प्रथम, मधुपुर की निकिता खातुन को द्वितीय जबकि जसीडीह की रागिनी कुमारी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। ग्रुप ए, वर्ग प्ले से द्वितीय तक, रंगभरो प्रतियोगिता में देवघर संत फ्रांसिस स्कूल की वाणी प्रिया को प्रथम, अन्य शिक्षन संस्थान के अंजन कुमार एवं रंजीत कुमार को क्रमश: द्वितीय एवं तृतीय स्थान, वर्ग तृतीय से षष्ठ ग्रुप बी में भारती विद्यापीठ की अंजलि कुमारी को प्रथम, सुप्रभा शिक्षा स्थली के आर्यन केशरी को द्वितीय व जसीडीह के प्रीतम कुमार को तृतीय स्थान, वर्ग सप्तम से दशम तक ग्रुप सी में भारती विद्यापीठ की पूनम कुमारी को प्रथम, आशुतोष बालिका उच्च विद्यालय, रोहिणी की जाह्नवी कुमारी को द्वितीय एवं पालोजोरी की खुशबू कुमारी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। सभी विजेताओं को 28 दिसम्बर को होटल न्यू ग्रैंड के सिद्धिविनायक बैंक्वेट हॉल के भव्य सभागार में संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव एवं अन्य अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा।
उपायुक्त से जर्जर ग्रामीण सड़क बनवाने की मांग
देवघर/नगर संवाददाता। वरिष्ठ नगारिक मुन्नू प्रसाद खवाड़े ने उपायुक्त को एक आवेदन सौंपकर मोहनपुर प्रखंड के सरासनी पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय से आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केन्द्र बलसरा तक जर्जर सड़क बनवाने की मांग की है।
आवेदन में श्री खवाड़े ने बताया कि सड़क के अभाव में विद्यालय और स्वास्थ्य केन्द्र तक किसी प्रकार की वाहन नहीं जा पाती है। जिसके कारण ग्रामीण एवं मरीजों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने उपायुक्त से सड़क के साथ बिजली व्यवस्था करवाने की मांग की है।
केशरवानी समाज ने शरद मेला आयोजित करने का लिया निर्णय
देवघर/वरीय संवाददाता। बैद्यनाथधाम केसरवानी वैश्य सभा देवघर की एक अहम कोर कमेटी की बैठक केसरवानी आश्रम के कार्यालय में अध्यक्ष दीपक कुमार केसरी की अध्यक्षता में की गई। बैठक में शोभा यात्रा सह शरद मेला के आयोजन को लेकर चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने सर्व सम्मति से शोभा यात्रा सह शरद मेला का आयोजन करने की सहमति प्रदान की। चार जनवरी को बच्चों की प्रतियोगिता, 10 जनवरी को शोभा यात्रा, 11 जनवरी को शरद मेला सह केसरवानी मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। बताया कि अगली बैठक 28 दिसंबर को महिला सभा, तरुण सभा, गरीबनाथ सेवा समिति समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ मिलकर आगे के कार्यक्रम की तैयारी की जाएगी। बैठक में वैश्य सभा के सभी सम्मानित सदस्य मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से अरुण केशरी, गौरी शंकर केशरी, अजीत केशरी, संजय केशरी, रितेश केशरी, विक्रम केशरी, लोकनाथ केशरी, अनिल केशरी, राज कुमार केसरी, रूपेश केशरी, प्रकाश केशरी, नित्यानंद केशरी, आतिश केशरी, मुकेश केशरी, राजू केशरी ,मणि केसरी, मनोज केशरी, पिंटू केशरी, अमित केशरी, विनीत केशरी, संतोष केशरी, मोनू केशरी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसकी जानकारी सभा के महामंत्री रितेश केशरी ने दी।
पूर्व प्राचार्य स्व. कृष्णनंदन सहाय की 16वीं पुण्यतिथि मनायी गई
देवघर/वरीय संवाददाता। देवघर कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य, भाषाविद् एवं इतिहासकार कृष्णनंदन सहाय की 16वीं पुण्यतिथि झारखंड शोध संस्थान और केएन सहाय फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को धूमधाम से मनायी गयी।
संस्थान के वरिष्ठ सदस्य प्रो. रामनंदन सिंह ने प्राचार्य कृष्णनंदन सहाय के जीवन के अनेक आयाम लोगों के सामने रखे। महात्मा गांधी की देवघर-यात्रा का शताब्दी वर्ष (1925-2025) होने के कारण अपने विषय-प्रवेश में संस्थान के सचिव उमेश कुमार ने महात्मा गांधी के साथ प्राचार्य कृष्णनंदन सहाय के साहचर्य के अनेक अनछुए प्रसंग सुनाए। साथ ही,कवि रामधारी सिंह दिनकरू के साथ प्राचार्य की मैत्री की अनसुनी दास्तान भी सुनाई। समारोह में झारखण्ड सरकार के पूर्व वाणिज्य कर आयुक्त देवदत्त रेणुदास, शिक्षाविद् प्रो. कैलाश कापरी, शिक्षाविद् डॉ. विजय शंकर, रांची हाईकोर्ट के वकील विजय शंकर झा, संगीतकार एसडी द्वारी, गीतकार अनिल कुमार झा, नेत्र चिकित्सक डॉ. एनसी गांधी, डाक टिकट संग्राहक एवं चित्रशिल्पी रजत मुखर्जी, कवि एवं गजलगो अरुण शर्मा, भवन निर्माण अभियंता पीके राजहंस, कवि हिमांशु झा, पूर्व गृहमाता सुशीला सिन्हा, सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक डॉ.उमेश चंद्र सिन्हा, समाजसेवी लता सिन्हा, समाजसेवी रूबी द्वारी, संस्थान सदस्य कुमारी सुनीता, संस्थान कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार,शिक्षक एवं कवि उमाशंकर राव ‘उरेंदु’, शिक्षक एवं कवि रविशंकर साह, पत्रकार एवं कवि फाल्गुनी मरीक कुशवाहा, कवि जालेश्वर ठाकुर ‘शौकीन’, नेताजी सुभाष जागृति मंच के अध्यक्ष उदय चक्रवर्ती, पत्रकार राकेश कुमार पुरोहितवार, प्रमेश वर्मा, बबलू साह, उद्घोषक राकेश कुमार राय, प्राचार्य प्रेम कुमार, समाजवादी नेता तारकेश्वर सिंह, समाजवादी नेता त्रिवेणी वर्मा, समाजसेवी रवि केशरी, समाजसेवी सूरज झा, समाजसेवी सुनील कुमार गुप्ता, समाजसेवी सुरेश साह, समाजसेवी पप्पू राउत, बेकरी मालिक रामधनी प्रसाद राव, समाजसेवी बम शंकर दुबे, छात्रा मंजरी सिंह, छात्रा आराध्या राज आदि की प्रभावपूर्ण उपस्थिति रही। धन्यवाद ज्ञापन शत्रुघ्न प्रसाद ने किया।
बिजली चोरी के आरोप में दो पर केस
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में बिजली चोरी कर उपयोग करने वाले दो आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। इस संबध में विभाग के कनीय अभियंता राजेन्द्र प्रसाद चौधरी ने दर्ज कराया है। जिसमें बिलासी टाउन निवासी आरती देवी और सरोज ुदेवी को आरोपी बनाया है। नगर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है।
- सेवा, संवेदना और संस्कार का संगम
अशोक प्रसाद की नौवीं पुण्यतिथि पर कंबल वितरण, भोजन सेवा व पौधारोपण
देवघर/नगर संवाददाता। समाजसेवी स्वर्गीय अशोक प्रसाद की नौवीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को देवघर शहर में सेवा, करुणा और पर्यावरण संरक्षण का भावपूर्ण संगम देखने को मिला। इस अवसर पर उनके परिजनों की ओर से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया, असहायों को भोजन कराया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम पूरी तरह सेवा और मानवीय संवेदना को समर्पित रहा।
स्वर्गीय अशोक प्रसाद के पुत्र, शहर के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. राजीव रंजन ने जानकारी देते हुए कहा कि पिता की पुण्यतिथि पर गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धांजलि वही होती है, जिसमें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके। ठंड से राहत देने के लिए कंबल वितरण और भूखों को भोजन कराना उनके पिता के सेवा भाव को जीवित रखने का एक छोटा सा प्रयास है।
पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश : कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष ध्यान दिया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए गए और लोगों को हरियाली बढ़ाने तथा प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया गया। डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि पर्यावरण संतुलन आज की सबसे बड़ी जरूरत है और प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर डॉ. राजीव रंजन के साथ उनकी पत्नी डॉ. पूजा राय, पौत्र पुण्यश्लोक आर. सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने स्वर्गीय अशोक प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सांसद खेल महोत्सव के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
देवघर/संवाददाता। इंडोर स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह के दौरान बारी-बारी से विभिन्न खेलों में विजयी प्रतिभागियों को पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी, सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, विधायक देवेंद्र कुंवर, आरके मिशन के प्राचार्य स्वामी दिव्यसुधानंद जी महाराज, देवघर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने सम्मानित किया।
बैडमिंटन के अंडर-14 (बालिका एकल) श्रेणी में देवघर की लाडली रोज विजेता व गोड्डा की जयना उप-विजेता , अंडर-14 (बालिका युगल) श्रेणी में देवघर की लाडली रोज व आरोही की जोड़ी को विजेता व गोड्डा की जयना और ईशाना की जोड़ी उप-विजेता , अंडर-17 (बालिका एकल) श्रेणी में देवघर की लाडली रोज को विजेता व गोड्डा की राधिका को उप-विजेता, अंडर-17 (बालिका युगल) श्रेणी में देवघर की सृष्टि व लाडली की जोड़ी को विजेता और देवघर की ही अंजली व नेहा की जोड़ी को उप-विजेता, अंडर-19 (बालिका एकल) श्रेणी में देवघर की सृष्टि सुमन को विजेता और देवघर की ही नेहा उप-विजेता, महिला एकल (एकल) श्रेणी में देवघर की प्राची विजेता और देवघर की ही मान्या को उप-विजेता के लिए पुरस्कृत किया गया।
बालक वर्ग (बैडमिंटन) के अंडर-14 (बालक एकल) गोड्डा के मनप्रीत को विजेता, डबल मुकाबले में गोड्डा के मनप्रीत व तथागत की जोड़ी को विजेता और देवघर के देवाशीष व अंशु की जोड़ी को उप-विजेता, अंडर-17 के एकल मुकाबले में गोड्डा के प्रिंस को विजेता और गोड्डा के ही गुलशन को उप-विजेता, अंडर-19 के एकल मुकाबले में देवघर के उत्सव को विजेता और देवघर के ही अभिषेक को उप-विजेता, डबल मुकाबले में अभिषेक व उत्सव की जोड़ी को विजेता और देवघर के ही अनुज व पीयूष की जोड़ी को उप-विजेता, मेंस डबल में अंकेश व हर्ष की जोड़ी को विजेता और देवघर के ही राहुल व ऋषभ की जोड़ी को उप-विजेता के लिए पुरस्कृत किया गया।
बेस्ट इमर्जिंग प्लेयर का इन्हें मिला पुरस्कार : देवघर के शौर्य शेखर सिन्हा, रियांश राय, प्रभात रंजन, आयुष मिश्रा व अरिका जबकि गोड्डा के प्रणव पुष्कर, अर्क आर्या को पुरस्कृत किया गया जबकि 65 वर्षीय अशोक बलियासे को भी पुरस्कृत किया गया।
कबड्डी में इन्हें मिला पुरस्कार : अंडर-19 बालक वर्ग के लिए इंडोर स्टेडियम को विजेता व मधुपुर की टीम को उप-विजेता, बेस्ट रेडर के लिए रणवीर कुमार, बेस्ट डिफेंडर के लिए मधुपुर के मनीष कुमार, आल राउंडर के लिए उदय कुमार को पुरस्कृत किया गया। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग के लिए इंडोर स्टेडियम को विजेता, अंडर -17 बालक वर्ग के लिए इंडोर स्टेडियम को विजेता व भारती विद्यापीठ को उप-विजेता, अंडर-17 बालिका वर्ग के लिए इंडोर स्टेडियम को विजेता व मातृ मंदिर गर्ल्स स्कूल को उप-विजेता, अंडर-14 बालक वर्ग के लिए इंडोर स्टेडियम को विजेता व भारती विद्यापीठ को उपविजेता के लिए पुरस्कृत किया गया।
ताइक्वांडो के लिए खिलाड़ी हुए पुरस्कृत : अंडर-14 बालक वर्ग में देवघर विजेता व मधुपुर को उप-विजेता, अंडर-14 बालिका वर्ग के लिए देवघर को विजेता व मधुपुर को उप-विजेता, अंडर-17 बालक वर्ग के लिए देवघर को विजेता व मधुपुर को उप-विजेता, अंडर-17 बालिका वर्ग के लिए देवघर को विजेता व मधुपुर को उप-विजेता के लिए पुरस्कृत किया गया। वालीबाल के लिए इंडोर चैंप को विजेता और डीएवी को उप-विजेता, बालिका वर्ग के लिए इंडोर स्टार को विजेता व डीएवी सातर को उप-विजेता के लिए पुरस्कृत किया गया।