मधुपुर/संवाददाता। शहर के डालमिया कूप के समीप शुक्रवार को एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला जलामा । मौके पर नीतीश कुमार के विरोध मे जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष मो. शहनवाज अंसारी ने कहा कि पिछले दिनों पटना मे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान नीतीश कुमार ने जानबूझकर एक महिला का खिजाब खींचा था। इस अपमानजनक व्यवहार के लिए मुख्यमंत्री को तुरंत माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा भविष्य में और अधिक उग्र आंदोलन किया जाएगा। नीतीश कुमार को माफी मांगनी होगी, नहीं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। मौके पर एआईएमआईएम पार्टी के मो. अरमान अंसारी, मो. सादिक हुसैन, मो. इरफान अंसारी, मो. राज अंसारी, मो. शब्बीर आलम, मो. राजा, मो. साहिल अंसारी, मो. रेहान अंसारी, मो. राशिद, मो. छोटे और मो. आजम आदि मौजूद थे।
आग से घर समेत 40 हजार नकद जला
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। प्रखंड के खिजुरिया पंचायत अंतर्गत ताराजोरा गांव निवासी प्यारी मंडल के घर में शुक्रवार करे अचानक आग लग गई जिससे पूरा घर जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और अन्य घरों में आग लगने से बचाया। पीड़ित प्यारी मंडल ने बताया इस साल का उपजाऊ सारा धान जलकर खाक हो गया। इसके अलावा मवेशी बिक्री का तकरीबन 40 हजार नगद भी जल गया। पीड़ित ने बताया कि घर जल जाने से उसके समक्ष अब विकट स्थिति उत्पन्न हो गयी है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए सरकार की तरफ से दिए जाने वाले उचित मुआवजे की मांग की है। इस घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी अंचल निरीक्षक संदीप कश्यप, राजस्व कर्मचारी आसीन, मुखिया रमझा बानू, थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी पहुंचे व घटना का निरीक्षण किया व हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। आग बुझाने में ग्रामीण विश्वनाथ मंडल रामचंद्र मंडल, भागीरथ मंडल, जगन्नाथ मंडल, नूनदेव राय, कपिल मंडल,कुश्देव मंडल, विष्णु मंडल, तेज नारायण मंडल, साधु मंडल, रमेश मंडल, सरलू मंडल, मोहन मंडल, प्यारी मंडल, सोनू मंडल आदि ने सहयोग किया।
इंटक के कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार का जलाया पुतला
मोहनपुर/संवाददाता। इंटक के प्रखंड अध्यक्ष अजयकांत ठाकुर के नेतृत्व में शुक्रवार को मोहनपुर बाजार में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष कुमार ने केंद्र सरकार पर जमकर बरसते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर न सिर्फ ग्रामीण रोजगार योजना की मूल भावना पर सीधा हमला किया है। बल्कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान भी किया है। कांग्रेस किसी भी कीमत पर अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी और इसका विरोध लगातार जारी रहेगा। मौके पर जिलाध्यक्ष अनंत मिश्रा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमिला देवी, उपाध्यक्ष गंगाधर रजक, महासचिव चकरमा पंचायत पूर्व मुखिया पूजा देवी, सचिव अभिषेक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष आशीष कुमार समेत दर्जनों से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया वीर बाल दिवस
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सभागार में शुक्रवार को ऐतिहासिक वीर बालकों जोरावर सिंह और फतेह सिंह के शहादत दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा ने दोनों वीर बालकों के चित्र के समक्ष दीप जलाकर और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया। मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत प्रिया कुमारी, काव्य सिंह एवं साक्षी कुमारी ने उनके जीवन पर आधारित प्रेरक प्रसंग सुनाए जबकि रिया कुमारी ने शहादत पर एक गीत गाकर सबको भावुक कर दिया। मुख्य वक्ता के रूप में प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा ने कहा की किन परिस्थितियों में ये दोनों वीर बालक इतिहास पुरुष बने और उन्होंने अपने धर्म की रक्षा की। गुरु गोविंद सिंह के चारों पुत्रों का बलिदान हुआ लेकिन इन दोनों बाल वीरों का दीवार में चुनकर ,यातना देकर प्राण हर लिए गए। कार्यक्रम का संचालन विनोद कुमार तिवारी ने एवं धन्यवाद ज्ञापन विकास पांडे ने किया।
प्रतियोगिता में महेंद्र मुनि के बच्चों ने मचाया धमाल, हुए सम्मानित
मधुुपुर/संवाददाता। शनिवार को नलिनी ब्रह्म सरस्वती शिशु विद्या मंदिर देवघर में संकुल स्तरीय बालक व्यक्तित्व विकास का एक दिवसीय शिविर आयोजित हुआ। शिविर में संकुल स्तर के बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया ।कई तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें एकल गीत, समूह गीत, एकल नृत्य, समूह नृत्य, चित्रांकन की प्रतियोगिता शिशु, बाल और किशोर वर्ग की आयोजित की गई। मधुपुर महेंद्र मुनि के भैया बहनों ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए अधिकांश प्रथम और द्वितीय पुरस्कार जीते। विद्यालय को ओवर ऑल का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ। आज विद्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित कर पुरस्कार प्राप्त सभी भैया बहनों को प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा ने सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष सरोज कुमार मिश्रा, सचिव राजकुमार कोठारी ,संरक्षक मानक चंद्र नाहटा, सह-संरक्षक शिवकुमार बथवाल एवं तेरापंथ ट्रस्ट के ट्रस्टी विमल कुमार बरडिया ने बधाई देते हुए अगली प्रतियोगिताओं में और बढ़िया प्रदर्शन की कामना की।
जामताड़ा कांड के विरोध में पालोजोरी के आभूषण दुकानदारों ने रखी दुकानें बंद
- सीओ और एसडीपीओ से हुई वार्ता
-मिला ज्यादा से ज्यादा सहयोग का भरोसा
पालोजोरी/संवाददाता। पिछले दिनों जामताड़ा के आभूषण दुकानदार अमन वर्मन पर अपराधियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले के विरोध में शुक्रवार को पालोजोरी के आभूषण दुकानदारों ने अपनी दुकानों को बंद रखा। घटना को लेकर उन्होंने विरोध जताया और अविलंब अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। आभूषण दुकानदारों ने थाना पहुंच सीओ कृष्ण सिंह मुंडा, सारठ एसडीपीओ रंजीत कुमार लकड़ा और थाना प्रभारी शालो हेंब्रम से वार्ता की और सुरक्षित माहौल में व्यवसाय करने की मांग की। दुकानदारों ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में पालोजोरी सहित आसपास के इलाके में आभूषण दुकानदारों को टारगेट किया गया है। दुकानदार भयाक्रांत हैं और डर के साए में व्यवसाय कर रहे हैं। पालोजोरी बाजार में रात और दिन में पेट्रोलिंग को बढ़ाया जाए। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस दुकानदारों के साथ 24 घंटे खड़ी है। लोगों का सहयोग उन्हें मिलते रहने से पुलिसिंग में आसानी होगी। संदिग्ध लोगों और उनके मूवमेंट पर पर नजर बनाए रखे जाने की जरूरत है। बिना नंबर के वाहनों को लगातार जांच के दायरे में लाया जाएगा। पालोजोरी बाजार के दोनों चौक पर उच्च क्षमता वाला सीसीटीवी इंस्टॉल कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कंट्रोल रूम थाना में रखा जाएगा। ज्यादा से ज्यादा संसाधनों की उपलब्धता के लिए एसपी के पास सारी बातें रखी जाएंगी। मौके पर राजेंद्र पोद्दार, मनोज पोद्दार, अजय पोद्दार, रंजीत पोद्दार, गौतम वर्मन, विशाल पोद्दार, राजेश पोद्दार, मुखिया अंशुक साधु, समाजसेवी राजेश अग्रवाल आदि मौजूद थे।
प्रसिद्ध व्यवसायी की मां के निधन पर पूर्व विधायक ने जताई शोक संवेदना
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी के प्रसिद्ध व्यवसायी नरेश वर्णवाल की मां के निधन पर पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने शुक्रवार को उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना जताई। बीते गुरूवार को नरेश वर्णवाल की मां का निधन हो गया था। नरेश वर्णवाल के आवास पर जाकर पूर्व विधायक ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस विकट परिस्थिति में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। मौके पर मंडल अध्यक्ष पिंटू हालदार, समाजसेवी आशीष रूज, सुशील साधु, रवि चार, पिंटू वर्णवाल आदि मौजूद थे।
बुढ़ई व कृष्णासागर का डीपीआर तैयार, जल्द होगा शिलान्यास : मंत्री
- मंत्री ने ऑनलाइन 5.88 करोड़ की लागत से चेकडैम व बांध जीर्णोद्वार कार्य का किया शिलान्यास
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय किसान भवन में शुक्रवार को लघु सिंचाई व जल संसाधन विभाग द्वारा 5.88 करोड़ की लागत से चेक डैम्प व बांध जीर्णोद्धार निर्माण समेत नौ महत्वपूर्ण कार्य का शिलान्यास सूबे के मंत्री हफीजुल हसन ने रांची से वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा किया। मंत्री ने कहा कि मधुपुर विकास के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा कई योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया जा रहा है। इसी के तहत नौ योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। शेष बाकी योजनाओं का शिलान्यास जल्द किया जाएगा। साथ ही मंत्री ने बड़ी बात कही की बुढ़ई व कृष्णासागर जलाशय योजना का डीपीआर तैयार हो चुका है। बहुत जल्द पास कराकर योजना का शिलान्यास किया जाएगा। कहा कि सभी पार्टी के कार्यकर्ता और प्रखंड के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में होने वाले काम को अपनी निगरानी में करवाएं, ताकि कार्य मे गुणवत्ता पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़े। मंत्री ने संबोधन के पश्चात विधानसभावासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए आने वाले नए वर्ष में विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई पैगाम लिखी जाएगी। मौके पर विभाग सहायक अभियंता गौरव कुमार, मंत्री प्रतिनिधि शब्बीर आलम, कनीय अभियंता चंदन कुमार, झामुमो नगर अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, जिला सचिव दिनेश्वर किस्कू, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष अबुतालिब अंसारी, करौं विधायक प्रतिनिधि गुलाम अशरफ उर्फ राजू, करौं झामुमो प्रखंड़ अध्यक्ष सुनील हांसदा, नगर कोषाध्यक्ष अमित चंद्रवंशी, मिडिया प्रभारी समीर आलम, प्रकाश मंडल, प्रखंड़ अध्यक्ष साकिर अंसारी, मोहम्मद ताजुद्दीन,युगल यादव, मोरिफ खान, गंगा दास, मो फैयाज़ अंसारी,जुनैद अंसारी, आजाद अंसारी, तेज नारायण वर्मा,धीरज यादव, असफाक समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास : कन्हाईडीह-कुशमाहा जोरिया, रघुनाथपुर-दुलमपुर जोरिया, चितरपुर जोरिया, बड़ा मेरखी-बेहंगा जोरिया, करहैया जोरिया पर श्रृंखलाबद्ध चेक डैम निर्माण, गांडरो जोरिया पर चेकडैम निर्माण, पहाड़पुर टोला पिछड़ी जोरिया पर चेक डैम निर्माण एवं दोहरी बांध का जीर्णोद्धार योजना शामिल है।
झाड़ी-जंगल की जमीन पर अवैध कब्जा
- ग्रामीणों ने जताया विरोध
सारठ/संवाददाता। सारठ अंचल कार्यालय के महज एक किलोमीटर की दूरी पर सारठ-पालोजोरी मुख्य सड़क के बगल मंे भू-माफियों द्वारा अवैध कब्जा कर मकान-दुकान का निर्माण किये जाने के मामले को लेकर ग्रामीणों ने आवाज बुलंद किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गोपीबांध मौजा के झाड़ी-जंगल जमीन जिसका दाग नंबर-342 और 347 पर अवैध निर्माण कार्य कर कब्जा किया जा रहा है। इसे लेकर अंचल अधिकारी, सारठ और अनुमंडल पदाधिकारी, मधुपुर को आवेदन देकर गुहार लगाई गई, लेकिन प्रशासन की उदासीनता या अवैध कब्जाधारियों की उंची पहुॅच के कारण सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने कहा कि अब इसकी शिकायत उपायुक्त से की जाएगी।
ईसीएल ने आरआर नीति के तहत रोजगार के बदले पहली बार किया ओटीएल मुआवजे का वितरण
- ईसीएल मुख्यालय में 93.32 लाख रुपये का वन टाइम सेटलमेंट, भूमि अधिग्रहण व्यवस्था में ऐतिहासिक पहल
चितरा/संवाददाता। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरआर) नीति के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण के बदले रोजगार की परंपरागत व्यवस्था से हटकर एक नई पहल करते हुए पहली बार वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएल/ओटीएलए) मुआवजे का वितरण ईसीएल मुख्यालय सांकतोड़िया में कार्यक्रम आयोजित कर किया है। इस अवसर पर अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक सतीश झा, निदेशक (तकनीकी एवं परियोजना नीलाद्री रॉय, निदेशक (परियोजना व योजना) जी गोपीनाथ नायर, निदेशक (वित्त) मोहम्मद अंजर आलम मौजूद थे। इस दौरान योजना लाभुक आकाश देवरिया को सीएमडी द्वारा चेक प्रदान किया गया। इस पहल को भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा व्यवस्था में पारदर्शिता और लचीलापन बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम बताया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के सालानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर गांव निवासी आकाश देवरीया, ईसीएल की आरआर नीति के तहत रोजगार के स्थान पर ओटीएल मुआवजा विकल्प अपनाने वाले मुगमा क्षेत्र के पहले भूमिधारक बने हैं। इससे पूर्व उन्हें जून 2025 में भूमि के बदले रोजगार प्रदान किया गया था और वे असिस्टेंट पद पर कार्यरत थे, लेकिन नई ओटीएलए योजना लागू होने के बाद उन्होंने स्वेच्छा से रोजगार छोड़कर एकमुश्त मौद्रिक मुआवजा लेने का निर्णय लिया। इस अवसर पर ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने अन्य कार्यकारी निदेशकों की उपस्थिति में देवरीया को 93,32,810 का चेक सौंपा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी ने कहा कि ओटीएलए योजना एक प्रगतिशील और युगानुकूल व्यवस्था है, जो पारंपरिक रोजगार-आधारित मुआवजा मॉडल के स्थान पर भूमिधारकों को वित्तीय स्वतंत्रता और विकल्प प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत एकमुश्त मुआवजा अथवा संशोधित एन्यूटी विकल्प उपलब्ध कराया जाता है। सीएमडी ने जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल में दो एकड़ भूमि के लिए मुआवजा राशि लगभग 89 लाख से 1.20 करोड़ रुपये तक हो सकती है, जो स्थान एवं मानकों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि यदि इस राशि का विवेकपूर्ण निवेश किया जाए, तो यह दीर्घकालिक आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित कर सकती है और युवाओं के लिए स्वरोजगार, उद्यमिता एवं उच्च शिक्षा के नए अवसर खोल सकती है। सीएमडी सतीश झा ने यह भी स्पष्ट किया कि यह योजना विशेष रूप से सीमांत भूमिधारकों के लिए लाभकारी है, जिन्हें कम भूमि जोत के कारण रोजगार की पात्रता प्राप्त करने में कठिनाई होती है। एकमुश्त भुगतान न केवल तत्काल वित्तीय सुरक्षा देता है, बल्कि भूमिधारकों को अपने भविष्य की योजना स्वयं तय करने का अवसर भी प्रदान करता है। साथ ही कहा कि इस योजना से ईसीएल को श्रम शक्ति का भार कम होगा और ईसीएल की आर्थिक स्थिति में सुधार भी होगी। अपने अनुभव साझा करते हुए आकाश देवरीया ने बताया कि ओटीएल विकल्प अपनाने से उन्हें ईसीएल से मिलने वाले वेतन की तुलना में अधिक आय प्राप्त हो रही है और निवेश के माध्यम से बेहतर प्रतिफल की संभावना भी बनी है। उन्होंने कहा कि भूमिगत खानों में शारीरिक श्रम उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा था, जबकि ओटीएलए योजना ने उन्हें अपने कानूनी पेशे को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनने का अवसर दिया।
देवरीया ने अन्य भूमिधारकों, विशेषकर शिक्षित युवाओं से अपील की कि वे ओटीएल योजना को लेकर जागरूक रहें, किसी भी प्रकार के बिचौलियों से दूर रहें और सीधे ईसीएल से मुआवजा प्राप्त करने की प्रक्रिया अपनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि जैसे-जैसे इस योजना के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, वैसे-वैसे बड़ी संख्या में भूमिधारक इस विकल्प को अपनाएंगे और यह योजना क्षेत्र के लिए एक परिवर्तनकारी मॉडल के रूप में उभरेगी।
आरएसएस ने किया दीपोत्सव कार्यक्रम
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के घोरपरास गांव के पांडे आवास में राष्ट्रीय स्वयंसेवक के 22 से 29 दिसंबर तक चलने वाले जिलास्तरीय प्रशिक्षण शिविर में विगत रात्रि को स्वयंसेवकों द्वारा भारत माता पूजन सह दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर प्रशिक्षुओं के द्वारा भव्य दीपमाला सजा कर भारत माता की आरती की गई। इस अवसर पर जिला मंत्री बलराम पोद्दार, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सिंह, राजेश सिंह, पवन पांडे सहित अन्य शामिल थे।
नये साल में पिकनिक स्थल टिकोपहाड़ी में जुटेगी भीड़ ्रफोटो-मारगोमुंडा-01
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत टीकोपहाड़ी गांव प्रखंड मुख्यालय से तकरीबन दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित टीकोपहाड़ी प्रखंड के धरोहर स्थल के रूप में माना जाता है। इसके अलावा पंदनिया पंचायत के द्वारपहाड़ी स्थित भुभूकदहा, नोनियाद नदी, ग्रीनजोरी, जयंती नदी, मुरलीपहाड़ी गांव स्थित पहाड़ी, मोजियाटांड गांव स्थित पहाड़ी, खमरबाद गांव स्थित खद्दान, पिकनिक स्थल के लिए माने जाते हैं। परंतु टिकोपहाड़ी पिकनिक स्थल के लिए सर्वोच्च माना जाता है। यहां हर साल लोग नए साल पर प्रखंड क्षेत्र के अलावे दूरदराज से लोग पहुंचते हैं और पिकनिक मनाते हैं। इसके अलावा शाम के वक्त आसपास गांव मारगोमुण्डा, पिछरी, बरोटाड़, महजोरी, भंडारों, बेजुटाड, पिपरा, सिमरगढा, खरजोरी, कानों, अहरासोल, ताराजोरी, अर्जुनका यादी दर्जनों गांव से महिला, पुरुष,बच्चे, पहुंचकर पहाड़ी का भ्रमण करते हैं। हर साल यहां भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रहती है।
टीपीसी क्रिकेट एकेडमी ने 68 रनों से मां संतोषी क्लब संथाली को हराया
जसीडीह/संवाददाता। मां मनसा क्लब संथाली जसीडीह के सौजन्य से स्थानीय चटर्जी मैदान में आयोजित झारखंड क्रिकेट टूर्नामेंट का ग्रुप बी का पहला लीग मैच शुक्रवार को टीपीसी क्रिकेट एकेडमी जमुई और मां संतोषी क्लब संथाली जसीडीह के बीच खेला गया। जमुई टीम ने 68 रनों से संथाली टीम को हराकर मैच जीत लिया। मां संतोषी क्लब टीम के कप्तान ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया और जमुई टीम को बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतारा। जमुई टीम ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवर में 19.1 ओवर में 176 रन बनाकर सभी बल्लेबाज आउट हो गए। बल्लेबाज आर्यन राय ने 17 गेंद पर दो चौके और तीन छक्के की मदद से 29 रन बनाए। जबकि शुभम कुमार ने 10 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 23 रन बनाए। वहीं संथाली टीम के गेंदबाजों में सागर तिवारी ने 3.1 ओवर में 17 रन देकर चार विकेट लिए जबकि अंकित सिंह ने चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट लिए। जवाब में संथाली टीम के बल्लेबाजों ने 16 ओवर में 108 रनों पर आउट हो गए। अंकित राय ने 24 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन बनाए। रीतविज राय ने 21 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का की मदद से 26 रन बनाए। जमुई टीम के गेंदबाजों में शुभम् राजपूत ने चार ओवर में 19 रन देकर पांच विकेट लिए और अमन सिंह ने तीन ओवर में 30 रन देकर दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच पुरस्कार शुभम राजपूत को दिया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका में चंदन मिश्रा और रंजन ने निभाई। स्कोरर में अनिकेत, मनीष, पवन ने और उद्घोषक में शैलेश राय ने सराहनीय भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के आयोजककर्ता ने बताया कि 27 दिसंबर को ग्रुप बी का दूसरा लीग मैच एसीए पटना और शिवगंगा टीम देवघर के बीच खेला जाएगा।
सगदाहा ने 27 रनों टावाघाट को हराया
जसीडीह/संवाददाता। देवघर प्रखंड अंतर्गत टावाघाट पंचायत के सगदाहा गांव के मैदान में आयोजित मां शारदे क्रिक्रेट टूर्नामेंट का दूसरा लीग मैच शुक्रवार को सगदाहा क्रिकेट टीम और टावाघाट क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। सगदाहा टीम ने 27 रनों से टालाघाट टीम को हराकर मैच पर कब्जा जमा लिया। सगदाहा टीम के कप्तान ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 15 ओवर में 6 विकेट खोकर 159 रन बनाए। बल्लेबाज राहुल ने 26 गेंद खेलकर 36 रन और गौतम ने 25 गेंद 60 रन बनाए। जवाब में टावाघाट टीम ने 13.1 ओवर में 132 रनों पर सिमट गई और सगदाहा टीम ने 27 रनों से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच अभिषेक को घोषित किया गया। जिन्होंने तीन ओवर में पांच विकेट लेने में सफल रहे और पांच रन बनाए। मैच में निर्णायक के रूप बिट्टू दूबे और राहुल सिंह ने योगदान दिया। जबकि स्कोरर में सूरज वर्मा ने भूमिका निभाई।