देवघर/वरीय संवाददाता। जिला के नवनियुक्त युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आशीष भारद्वाज, प्रदेश सचिव, आदित्य सरोलिया, अनुराग आनंद उपाध्यक्ष साहिल कुमार के साथ सभी निर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं बतौर अतिथि जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष डॉ मुन्नम संजय ने कहा कि युवा ही कांग्रेस का एक बड़ी ताकत है। जिलाध्यक्ष मुकुन्द दास ने युवाओं को नई जवाबदेही मिलने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव और बंगाल प्रभारी एहसान अहमद खान ने कहा कि राष्ट्र का निर्माण से लेकर विकास तक कांग्रेस का योगदान महत्वपूर्ण रहा। गांधी और नेहरू के सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी हम युवाओं के उपर भी है। युवा कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली जिलाध्यक्ष आशीष भारद्वाज के नेतृत्व में निकाली। अखिल भारतीय युवक कांग्रेस द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया में नवनिर्वाचित युवक जिलाध्यक्ष आशीष भारद्वाज के साथ उपाध्यक्ष राजा साहिल, प्रदेश सचिव आदित्य सरोलिया, आविद जावेद, अनुराग आनंद, जिला उपाध्यक्ष संजीव यादव, राहुल सिंह,अरबाज अंसारी, महासचिव पप्पू पासवान, देवघर विधानसभा अध्यक्ष कुमार सूरज चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष दीवाकर दास, नगर अध्यक्ष राजन कुमार, शक्ति यादव, जरमुंडी विधानसभा अध्यक्ष अंकुर राय, मधुपुर विधानसभा अध्यक्ष सूरज साह,मोहनपुर प्रखंड अध्यक्ष सोनू कुमार साव, अजीत दास, पंकज दास आदि का सम्मान समारोह में जिलाध्यक्ष तथा मुख्य अतिथि के द्वारा माला पहनाकर बधाई देते हुए सम्मानित एवं स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश, जिला महासचिव-सह-प्रवक्ता दिनेश कुमार मंडल, नगर अध्यक्ष रवि केसरी, विवेक मिश्रा,अमित पांडेय, रवि बर्मा, जियाउल हसन, नित्यानंद सेवक ने भी अपनी बातों को रखा।
संप चेंबर और गणेशा इंफोटेक ने किया टैली सॉल्यूशंस पर कार्यशाला का आयोजन
देवघर/नगर संवाददाता। संताल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स की कार्यकारिणी समिति की पांचवीं बैठक स्थानीय होटल के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया तथा यह निर्णय लिया गया कि चेंबर का प्रतिनिधिमंडल संबंधित पदाधिकारियों से भेंट कर व्यापारियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराएगा।
बैठक के द्वितीय सत्र में संताल परगना चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एवं गणेशा इंफोटेक द्वारा टेली सॉल्यूशंस के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसे संताल परगना चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष जितेश राजपाल, उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल, संयुक्त सचिव पंकज भालेटीया, चार्टर्ड अकाउंटेंट रितेश टिवडेवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से उदघाटन किया।
कार्यशाला में टैली सॉल्यूशंस की ओर से इंद्रेश उपाध्याय एवं अमित तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त एल्कम डिजिटल के क्षेत्रीय व्यवसाय प्रबंधक आशीष झा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यशाला के दौरान टैली सॉल्यूशंस के नवीनतम अपग्रेडेशन, डिजिटल अकाउंटिंग प्रणाली, जीएसटी अनुपालन, डेटा सुरक्षा तथा व्यापार में आ रही डिजिटल एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान पर विस्तार से जानकारी दी गई। टैली सॉल्यूशंस के अधिकारियों ने बताया कि किस प्रकार नवीन फीचर्स का प्रभावी उपयोग कर व्यापार को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जा सकता है। उपस्थित विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए व्यवहारिक सुझाव भी साझा किए। चेंबर के उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल ने कहा कि छोटे एवं मध्यम व्यवसाय डिजिटल माध्यमों को अपनाकर अपनी कार्यक्षमता बढ़ा सकते हैं तथा अकाउंटिंग से जुड़ी त्रुटियों से बच सकते हैं। अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं व्यापारियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होती हैं और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यशाला में शहर के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, जीएसटी प्रैक्टिशनर्स, टैक्स सलाहकारों एवं व्यापारियों सहित लगभग 75 गणमान्य प्रतिभागियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
- झारखंड क्रिकेट टूर्नामेंट
नालंदा ने सात विकेट से गिरिडीह को हराया
जसीडीह/संवाददाता। मां मनसा क्लब संथाली जसीडीह के सौजन्य से स्थानीय चटर्जी मैदान में आयोजित झारखंड क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप बी का तीसरा लीग मैच रविवार को एसके स्पोर्ट्स क्लब टीम गिरिडीह और एनसीए टीम नालंदा के बीच खेला गया। नालंदा टीम ने सात विकेट से गिरीडीह टीम को हराकर मैच जीत लिया। गिरीडीह टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 127 रन बनाए। बल्लेबाज आशीष लकड़ा ने 50 गेंद का सामना कर दो चौके और एक छक्का की मदद से 47 रन बनाए। राज मिश्रा ने 13 गेंद पर दो चौके और एक छक्का की मदद से 17 रन बनाए। नालंदा टीम के गेंदबाजों में श्याम राजपूत ने चार ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट लिए। कन्हैया कुमार ने चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए। जवाब में नालंदा टीम ने 08.4 ओवर में तीन विकेट गंवा कर 128 रन बनाकर मैच जीत लिया। बल्लेबाज विनित यादव ने 21 गेंदों पर 08 चौके और चार छक्के की मदद से 60 रन बनाए । जबकि सुजल कांत ने 13 गेंद पर तीन चौके और एक छक्का की मदद से 20 रन बनाए। गिरिडीह टीम के गेंदबाजों में रोशन कुमार ने 04 ओवर में 49 रन देकर दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार विनित यादव को दिया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका नोमी दूबे और रंजन ने निभाई। जबकि स्कोरर में अनिकेत एवं पवन और उद्घोषक की भूमिका शैलेश कुमार राय ने निभाई। टूर्नामेंट के आयोजक ने बताया कि 29 दिसंबर को क्रिकेट एकेडमी मुंगेर और नालन्दा टीम के बीच खेला जाएगा।
सिकटिया अजय बराज का मनोरम स्थल सैलानियों को कर रहा आकर्षित
- पिकनिक मनाने पहुंच रहे प्रकृति प्रेमी
दिलीप मेहता/चितरा। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण सिकटिया अजय बराज इन दिनों सैलानियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। बराज के चारों ओर फैला हरियाली भरा वातावरण, अजय नदी की कलकल करती धारा और दूर-दूर तक दिखाई देने वाला मनोहारी दृश्य लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। खासकर छुट्टी के दिनों में यहां स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंच रहे हैं। खासकर साल का पहला दिन यानी एक जनवरी को यहां सैलानियों एवं पिकनिक मनाने वालों की काफी भीड़ लगती है।
सिकटिया अजय बराज क्षेत्र में बहती स्वच्छ जलधारा, खुले मैदान और शांत वातावरण लोगों को शहर की भागदौड़ और शोर-शराबे से दूर कुछ सुकून के पल बिताने का अवसर प्रदान करता है। सुबह और शाम के समय यहां का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है, जब सूर्य की किरणें नदी के पानी पर पड़कर अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करती हैं। इस दौरान कई लोग फोटोग्राफी करते हुए भी नजर आते हैं। पिकनिक मनाने पहुंचे लोगों का कहना है कि सिकटिया अजय बराज प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ पारिवारिक और मित्रों संग समय बिताने के लिए एक आदर्श स्थल बनता जा रहा है। बच्चों के लिए खुला मैदान, युवाओं के लिए सैर-सपाटा और बुजुर्गों के लिए शांत वातावरण यहां की खासियत है। ग्रामीण परिवेश और स्वच्छ हवा के कारण लोग बार-बार यहां आने की इच्छा जताते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि प्रशासन की ओर से यहां बुनियादी सुविधाओं जैसे बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, बोटिंग की व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, तो यह स्थल पर्यटन की दृष्टि से और भी विकसित हो सकता है। प्राकृतिक छटा, शांत वातावरण और सहज पहुंच के कारण यह स्थान आने वाले समय में क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
सिकटीया बराज की 14 पिलरों में लगे 13 लाइट खराब, शाम ढलते ही छा जाता है अंधेरा
चितरा/संवाददाता। क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन व आवागमन केंद्र के रूप में पहचाने जाने वाले सिकटीया बराज की बदहाल व्यवस्था इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बराज पर लगे 14 पिलरों में से 13 पिलरों की लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे सूर्यास्त के बाद पूरा बराज अंधेरे में डूब जाता है।
शाम ढलते ही बराज पर अंधेरा छा जाने से न केवल स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, बल्कि पिकनिक मनाने व सैर-सपाटे के लिए पहुंचने वाले सैलानियों में भी भय का माहौल बन जाता है। अंधेरे के कारण बराज पर दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक साबित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग व जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बराज क्षेत्र में अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों की सक्रियता बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है। लोगों ने प्रशासन से अविलंब खराब पड़ी लाइटों की मरम्मत कराने और बराज को पूरी तरह रोशन करने की मांग की है, ताकि शाम के समय भी लोग सुरक्षित रूप से बराज का आनंद ले सकें।
इस संबंध में अजय बराज के कनीय अभियंता प्रमोद मरांडी कहा कि मेंटेनेंस के दौरान 14 पिलरों में से पांच पिलर में लाइट लगाया गया था, लेकिन कितने लाइट सही है कितना खराब है, यह देखना होगा। कहा कि बराज के दोनों छोर में दो हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए विभाग को प्रपोजल भेजा गया था, अभी तक स्वीकृत नहीं हुआ है।
जवाहर नवोदय विद्यालय में दो छात्रों के बीच लड़ाई, पुलिस ने शांत कराया मामला
मोहनपुर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार को 6 व 7 कक्षा के छात्रों के बीच खाने को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। विद्यालय के प्राचार्या सुषमा वर्मा ने इसकी सूचना रिखिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया गया। जहां बच्चों के अभिभावक एवं थाना प्रभारी प्रभात कुमार पहुंचे। इस दौरान थाना प्रभारी ने बच्चों को कानूनी प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही अनुशासन में रहकर पढ़ाई में करने को कहा गया।
ब्लूमिंग इंडिया ने जरूरतमंदों को दिया कंबल
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड में पड़ रही भीषण ठंड और शीतलहर के मद्देनजर सामाजिक संस्था ब्लूमिंग इंडिया ने एक सराहनीय मानवीय पहल करते हुए नवडीहा में गर्म वस्त्र वितरण शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को कड़ाके की सर्दी से राहत प्रदान करना था।
नेतृत्व प्रख्यात समाजसेवी एवं यूथ आइकन झटकलाल यादव ने किया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्था हर वर्ष गरीब और जरूरतमंद वर्गों के लिए गर्म वस्त्र वितरण शिविर आयोजित करती रही है। इस वर्ष भी हम अलग-अलग क्षेत्रों और गांवों में जाकर ऐसे शिविर लगा रहे हैं। नवडीहा से प्रारंभ हुआ यह अभियान आने वाले दिनों में भी अन्य स्थानों पर निरंतर जारी रहेगा। मौके पर संस्था के सचिव एवं वरिष्ठ समाजसेवी अजीत कापरी, समाजसेवी नीलांबर मंडल तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संजय राणा विशेष रूप से मौजूद रहे।
आईओसीएल ने बच्चों के बीच कराई प्रतियोगिताएं
जसीडीह/संवाददाता। आईओसीएल की हंसा योजना के तहत रविवार को जसीडीह चकाई मुख्य मार्ग स्थित खोरीपानन गांव के समीप श्रीराम ऑटो फ्यूल्स पंप परिसर में ग्राहक परिचारकों एवं आंगनबाड़ी के बच्चों के बीच चित्रकला सहित विभिन्न गतिविधियों पर आधारित खेल प्रतियोगिता आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित आईओसीएल अधिकारियों में नीरज कुमार, सर्वेश महान एवं प्रियेश यादव, पंप मालिक सुधीर कुमार एवं द्वारिका यादव के मार्गदर्शन में बच्चों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। साथ ही बच्चों ने उत्साह पूर्वक चित्रांकन एवं अन्य खेल कुद में जीत दर्ज कराई। वहीं आईओसीएल के अधिकारियों ने बच्चों को पेंसिल बॉक्स, कलर बॉक्स एवं मिठाई आदि प्रदान बच्चों के मनोबल को बढ़ाया। इस अवसर पंप कर्मी आदि उपस्थित थे।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मनाया पार्टी का स्थापना दिवस
जसीडीह/संवाददाता। देवघर प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने रविवार को मानिकपुर गांव स्थित कार्यालय में कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर देवघर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ गुलाब यादव ने कांग्रेस का झंडा फहराया। साथ ही देश एवं जनहीत में कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा की। मौके पर जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष बेलालुद्दीन अंसारी, प्रखंड उपाध्यक्ष विजय राय, प्रखंड महासचिव दिलीप यादव, पंचायत अध्यक्ष हारिल पुजार, प्रमोद यादव, अली बॉक्स मियां, मुजाहिद अंसारी, सिद्धार्थ कुमार, पिंटू यादव, सरोज आदि सहित काफी संख्या महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बिजली विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने किया पथराव
- एक विद्युतकर्मी घायल, विभाग का वाहन क्षतिग्रस्त
- 12 नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर थाना की पुलिस टीम रविवार को विद्युत विभाग की टीम को लेकर बूढ़ीबगीचा गांव में बिजली चोरी की थाना मे हुए दर्ज प्राथमिकी जांच करने पहुंची थी तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कर्मियों पर पथराव कर दिया। जिसमें एक विद्युतकर्मी उदय यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके सिर पर पत्थर लगने से गंभीर चोट आई है। वहीं घटना में विभाग का बोलेरो वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बिजली विभाग के सहायक अभियंता दीपक कुमार ने शनिवार को मधुपुर थाना में आवेदन देकर बूढ़ीबगीचा गांव के चार लोगों के खिलाफ अवैध रूप से बिजली चोरी करने की प्राथमिकी दर्ज कराया था। इसी मामले को लेकर मधुपुर थाना की पुलिस विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मियों को लेकर घटनास्थल जांच करने पहुंची थी। इसी बीच जिन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया गया था वह और उनके परिजनों ने प्रशासनिक पदाधिकारी को कहा कि बार-बार परेशान करने हमारे गांव ही आ जाते हैं। विभाग द्वारा तो मामला दर्ज कर ही दिया गया है इसके बाद फिर क्यों आए। इसी बात को लेकर अधिकारी और ग्रामीणों के बीच बहस होने लगी और विवाद बढ़ गया। इतने में ग्रामीणों का एक समूह उग्र हो गया और अचानक पथराव शुरू कर दिया। लाठी-डंडे और पथराव के हमले से एक विद्युत कर्मी घायल हो गया। पुलिस पदाधिकारी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। पुलिस का मोबाइल और गाड़ी का चॉबी छीन लिया गया था। बाद में समझाने बुझाने पर मोबाइल और चॉबी दिया। किसी तरह पुलिस वहां से लौट आई और जख्मी विद्युतकर्मी को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। वही इसी मामले को लेकर सहायक विद्युत अभियंता दीपक कुमार ने बुढ़ीबगीचा गांव निवासी मनोरंजन वर्मा, भागीरथ वर्मा, पप्पू कुमार वर्मा, पंकज वर्मा, नीलांबर वर्मा, रंजीत वर्मा, मिथिलेश वर्मा, नंदू वर्मा, मनोज वर्मा, विशाल वर्मा, उत्तम वर्मा, संजय वर्मा व अज्ञात के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए जान मारने के नियत से जानलेवा हमला कर जख्मी करने का मामला मधुपुर थाना में दर्ज कराया है। पुलिस को कहा है कि सभी आरोपित उनके छापेमारी दल मुकेश मछुआ, वासुदेव दास, उदय यादव, अजय कुमार नंदी, टिंकू यादव को जान मारने की नीयत से लाठी-डंडा और पत्थर से हमला किया। जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। विद्युत कर्मी जान बचाकर सरकारी वाहन में बैठे तो ग्रामीणों ने दोबारा पथराव कर वहान को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में विभाग का वाहन संख्या जेएच 10 सीबी 4780 को क्षतिग्रस्त कर दिया। वाहन क्षतिग्रस्त होने से 35 हजार राजस्व की क्षति हुई है। बता दें कि सहायक अभियंता ने शनिवार को बुढ़ीबगीचा निवासी कार्तिक वर्मा, पप्पू कुमार वर्मा, रंजन वर्मा और भागीरथ वर्मा पर अवैध रूप से बिजली चोरी करने का मामला दर्ज कराया था। इसी के आलोक में कांड के अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर शिव कुमार विद्युत कर्मियों के साथ घटनास्थल जांच के लिए गए थे। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
शिविर में 300 लोगों की हुई जांच
मोहनपुर/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को ठाड़ीयारा के खपचवा गांव रामकृष्ण मिशन देवघर द्वारा नर-नारायण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन देवघर विधायक सुरेश पासवान, जिप अध्यक्ष किरण कुमारी, सचिव जयंतानंद महाराज एवं मुखिया नवल किशोर हेंब्रम ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में कुल 12 प्रसिद्ध चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान दी, जिसमें लगभग 300 लोगों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार का लाभ लिया। मौके पर झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष श्रीकांत यादव, प्रखंड सचिव पतीलाल मुर्मू सहित विनोद बेसरा, बिरजू मुर्मू, नारायण मरांडी, अनित सोरेन, शोभाकर किस्कू, नूनलाल राय, अनिल मुर्मू, गणेश मुर्मू, शांति किस्कू, पप्पू किस्कू एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
वाहन का शीशा तोड़कर एक लाख नकद समेत सातान की चोरी
देवघर/संवाददाता। बाहर से आए एक श्रद्धालु की गाड़ी का शीशा तोड़कर एक लाख नकद व अन्य सामान चोरी कर ली गयी। इस मामले में राजस्थान के जयपुर इसरा चौराहा बाजार थाना कोतवाली छोटी चौपड़ निवासी सत्यनारायण शर्मा के बयान पर दर्ज किया गया है। आरोप है कि वे लोग ट्रैवलर गाड़ी से जयपुर से देवघर पूजा करने के लिए गए थे। उन्होंने प्राइवेट स्टैंड में अपनी गाड़ी लगायी थी। वहां से गाड़ी का शीशा तोड़कर उसके अंदर से एक लाख नकद, लैपटाप व मोबाइल, गाड़ी का कागज, चालक का लाइसेंस अन्य सामान चोरी का लिया गया। जानकारी हो कि पहले भी इस तरह की कई घटना हो चुकी है। पुलिस अब तक गिरोह का पता नहीं लगा पायी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।