-गुरु गोष्ठी में शामिल होने बीआरसी जा रहे थे दोनों
तालझारी। संवाददाता। थाना क्षेत्र के तालझारी-महाराजपुर मुख्य सड़क के बीच करणपुरातो, मेंहदीपोखर गांव के समीप सोमवार को एक ट्रैक्टर व टेंपों की टक्कर में एक शिक्षक की मौत हो गई। जबकि दूसरे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके पूर्व दोनों को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने एक शिक्षक को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर संख्या जेएच-17 ई 2737 तालझारी की ओर से साहिबगंज जा रहा था। जबकि टेंपो महाराजपुर की ओर से आ रहा था। इसी बीच ट्रैक्टर ने टेंपो में टक्कर मार दी। जिससे टेंपो सड़क पर पलट गई। टेंपू में बैठे मेहंदीपोखर उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षक सकरीगली निवासी अजहरुद्दीन (58) व पहाड़पुर निवासी शिव शंकर प्रमाणिक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों शिक्षक गुरु गोष्ठी में शामिल होने के लिए बीआरसी जा रहे थे। टेंपो में टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर भी आगे जाकर पलट गया। जिसके बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय ग्रामीणों ने टेंपो को सीधा कर दोनों घायल शिक्षकों को बाहर निकाल दूसरे टेंपो से इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। जहां इलाज के दौरान शिक्षक शिवशंकर प्रमाणिक की मौत हो गई। इधर दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सुधांशु व एएसआई मनसा हजाम ने घटना स्थल पर पहुंच ट्रैक्टर व टेंपो को जब्त कर मामले की पड़ताल की। इधर शिक्षकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गंगा में डूबा युवक लापता
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पश्चिमी प्राणपुर मोमिन टोला निवासी कमरूल मोमिन (35) सोमवार को गंगा नदी में डूब लापता हो गया। डूबने से उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि शव बरामद नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को कमरूल मोमिन घर के बाहर नदी घाट में स्नान करने के लिए गया था। तभी गहरे पानी में जाने से डूब गया। घटना की सूचना पर राजस्व कर्मचारी मनोज गुप्ता ने गोताखोर के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक गोताखोर नदी में युवक को तलाश रहे थे।
लाल वारंटी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
राजमहल। संवाददाता। पुलिस ने बीती रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर चोरी के मामले में फरार चल रहे लाल वारंटी को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने जहानटोला के पांचू टोला निवासी समशूल शेख को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने बताया कि रविवार की रात्रि पुलिस की छापेमारी टीम ने जहान टोला से समशुल शेख को गिरफ्तार किया है। उसके विरुद्ध राजमहल व्यवहार न्यायालय में जीआर संख्या 414/08 के तहत वारंट निर्गत था। न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
टीकाकरण को लेकर हुई समीक्षात्मक बैठक
राजमहल। संवाददाता। अनुमंडलीय अस्पताल में सोमवार को अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर उदय टुडू की अध्यक्षता में सोमवार को मासिक समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक के दौरान डॉ. टुडू ने प्रखंड के सभी सहिया साथी, बीटीटी व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक निर्देश देते हुए नियमित टीकाकरण, डेंगू, डायरिया व अन्य बीमारियों की रोकथाम व इलाज के संबंध में आवश्यक जानकारी ली और अपने कार्य के प्रति सजग रहने का निर्देश दिया। मौके पर बीपीएम अमित कुमार व अन्य उपस्थित थे।
दुष्कर्म के प्रयास का लगाया आरोप
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत एक गांव की महिला ने घर में घुस कर दुष्कर्म का प्रयास का आरोप डुमरी कन्हैया स्थान निवासी एक व्यक्ति के ऊपर लगाया है। महिला के अनुसार रविवार की रात्रि 10 बजे उक्त व्यक्ति दुष्कर्म व जान मारने की नीयत से उसके घर में घुस गया और जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा। इस दौरान महिला ने अपने को बचाने का प्रयास किया और छीना झपटी होने लगी। जिससे बकरी के दो बच्चे की मौत हो गई। हो-हल्ला सुनकर जब ग्रामीण पहुंचे तब आरोपी फरार हो गया। पीड़ित महिला ने थाना पुलिस से विधि सम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।
कैंसर से बचने के लिए एहतियात और सुरक्षा के उपाय अपनाएं
-सर्वाइकल कैंसर और स्तन कैंसर की रोकथाम के लिए हुई कार्यशाला
साहिबगंज। संवाददाता। संयुक्त स्वास्थ्य भवन सभागार में सोमवार को जिला प्रशासन, जिला स्वास्थ्य विभाग एवं झपाइगो संस्था के समन्वय से सर्वाइकल कैंसर एवं स्तन कैंसर से संबंधित एक दिवसीय कार्यशाला हुई। 07 नवंबर को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर पहाड़िया समुदाय के लोगों के बीच सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर की जागरूकता के लिए कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जहां सभी की स्क्रीनिंग एवं एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान सभी सीएचओ, एएनएम एवं मंथन संस्था के वॉलिंटियर्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। ताकि सर्वाइकल कैंसर एवं स्तन कैंसर जैसी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करें। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्त्रियों को यौन रोग के प्रति जागरूक करने एवं इससे संबंधित बीमारियों को जानने में मदद करना तथा ऐसे रोग के लक्षण पाए जाने पर इलाज के लिए अस्पतालों के विषय में जानकारी देना है। बताया गया कि मंथन संस्था की वॉलिंटियर्स के सेक्स वर्कर्स में सुरक्षित यौन संबंधों को लेकर जानकारी दी जा रही है। जिससे सेक्स वर्कर्स ऐसी खतरनाक बीमारियों से बच सके। पहाड़िया समुदाय के बीच भी ऐसी बीमारी, लक्षण व इलाज के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। कार्यशाला में न्यूट्रीशियन एंड मेंस्ट्रूअल पीसीओएस के रोकथाम के बारे में जानकारी दी गयी। साथ ही सुबह समय से उठने, फास्ट फूड कम खाने, बीमारी न छिपाने की सलाह दी गई। मौके पर अपर समाहर्ता विनय मिश्र, सिविल सर्जन डॉ. अरविंद कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अमर प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सविता सिंह, आरसीएसच पदाधिकारी डॉ. रंजन, झपाइगो के कार्यक्रम पदाधिकारी शिवम कुमार डीएमएफटी स्वास्थ्य की कार्यक्रम पदाधिकारी रितु मन्ना एवं अन्य उपस्थित थे।
जिले के 53 हजार, 377 छात्र-छात्राओं को जल्द मिलेगी पोशाक
-जेएसएलपीएस सखी मंडल सदस्य करेगी पोशाक निर्माण
नवीन कुमार। साहिबगंज। जिला में कक्षा एक व दो में पढ़ने वाले 53 हजार, 377 छात्र-छात्राओं को जल्द ही दो सेट पोशाक मिलने वाली है। जिला शिक्षा अधीक्षक ने जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक को पत्र लिख कर कक्षा एक व दो में पढ़ने वाले छात्रों की सूची प्रखंडवार उपलब्ध कराई है, ताकि जल्द से जल्द छात्र-छात्राओं को मिलने वाली पोशाक का निर्माण करके पोशाक उपलब्ध कराई जाए। जेएसएलपीएस की सखी मंडल ग्रुप की दीदी जिला में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का पोशाक निर्माण करेगी। जिला में कक्षा एक व दो में 26 हजार, 774 छात्र व 26 हजार, 603 छात्राएं सरकारी विद्यालय में शिक्षा ले रही हैं। डीएसई ने बताया कि जेएसएलपीएस को पोशाक निर्माण करके आपूर्ति करने का आदेश जारी किया गया है। प्रखंडवार छात्र-छात्राओं की संख्या उपलब्ध करवा दी गई है।
प्रखंड- छात्रों की संख्या- छात्राओं की संख्या
बरहरवा-4327-4413
बरहेट-3259-3244
बोरियो-2359-2883
मंडरो-1937-1970
पतना-2502-1648
सदर-2359-2434
राजमहल-3117-3217
तालझारी-1704-1768
उधवा-5210-5026
सिविल सर्जन ने सदर और अनुमंडल अस्पताल का किया निरीक्षण
साहिबगंज। संवाददाता। सिविल सर्जन डॉ. अरविन्द कुमार ने सोमवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने ओपीडी, आईपीडी, पेशेंट वार्ड, उपस्थिति पंजी, प्रसव कक्ष एवं अस्पताल में साफ-सफाई का जायजा लिया। सिविल सर्जन ने उपस्थित चिकित्सक एवं पारा मेडिकल कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। सीएस ने साफ-सफाई को मेंटेन रखने व अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया। मौके पर कई चिकित्सक व कर्मी मौजूद थे। इधर सीएस ने राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में भी ओपीडी, आईपीडी, प्रयोगशाला कक्ष, प्रसव कक्ष, उपस्थिति पंजी एवं चिकित्सक व एएनएम रोस्टर ड्यूटी का अवलोकन किया। सीएस ने गर्भवती महिलाओं से मिलकर हाल-चाल जाना। सीएस ने बोट एम्बुलेंस का अवलोकन भी किया। मौके पर डॉ. उदय टुडू, मलेरिया सलाहकार डॉ. सत्तीबाबू डाबडा, आईडीएसपी डीडीएम तौसीफ अहमद, बीपीएम अमित कुमार सहित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान से शिक्षा का स्तर बढ़ायेंगे शिक्षक
राजमहल। संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों का समग्र शिक्षा अभियान के तहत वर्ग प्रथम एवं द्वितीय के बच्चों को आधारभूत शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से चार दिवसीय गैर आवासीय एफएलएन प्रशिक्षण मध्य विद्यालय नया बाजार में सोमवार से शुरू हुआ। शिक्षा परियोजना के बीपीओ कुणाल किशोर की देखरेख में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए 40-40 की संख्या में शिक्षकों का बैच बनाया गया है। चार दिवसीय चलने वाले प्रशिक्षण में एक साथ दो बैचों को अलग-अलग प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षक विनोद कुमार वर्मा, राजेंद्र प्रसाद वर्मा, लालू प्रसाद यादव व जय नारायण प्रसाद साह प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान से शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाएंगे और शिक्षा की नींव को मजबूत बनाने का काम करेंगे। मौके पर दर्जनों शिक्षक उपस्थित थे।
पुलिस मुख्यालय की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हुए एसपी और एसडीपीओ
साहिबगंज। संवाददाता। एसपी कार्यालय स्थित सीसीटीएनएस सभागार में राज्य मुख्यालय की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एसपी नौशाद आलम व सदर एसडीपीओ राजेंद्र कुमार दुबे ने भाग लिया। इस दौरान 2018 से लंबित कांडों की समीक्षा की गई। इस क्रम में एसपी ने बताया कि उनके पदस्थापना के बाद से लगभग 83 पुराने केस लंबित पड़े थे। जिसमें त्वरित कार्रवाई करते हुए 62 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है। बाकी बचे 21 अन्य केस को भी जल्द से जल्द निपटारा करने का आदेश संबंधित पुलिस पदाधिकारी को जारी किया जा चुका है। वीडियो कांफ्रेंसिंग में आगामी दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई निर्देश मिले। एसपी ने बताया कि पर्व को ध्यान में देखते हुए सभी जगह पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
छत से गिरने से बालक की मौत
साहिबगंज। संवाददाता। शहर के शोभनपुर भट्टा में सोमवार की दोपहर लगभग 3 बजे छत से गिरने से डेढ़ वर्षीय बालक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार किसनी यादव का पोता दूसरे तल्ले की छत पर खेल रहा था। तभी अचानक ऊपर से ग्राउंड फ्लोर की छत पर गिर गया। परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी चिकित्सक रवि शंकर के यहां ले गए। जहां इलाज के दौरान बालक की मौत हो गई। बालक की आकस्मिक मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
एसडीपीओ ने की अपराध नियंत्रण गोष्ठी
साहिबगंज। संवाददाता। अनुमंडलीय कार्यालय स्थित अपने कक्ष में सोमवार को सदर एसडीपीओ राजेंद्र दूबे ने मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी की। उन्होंने विभिन्न थाना के कांडों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, कुर्की-जब्ती सहित क्राइम कंट्रोल से संबंधित कई निर्देश दिया। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपराधिक छवि वालों पर पैनी नजर रखने, समय-समय पर एंटी क्राइम चेकिंग, सुचारू रूप से वाहन जांच व नियमित गश्ती का भी निर्देश दिया। पर्व-त्योहारों को देखते हुए पेट्रोल पंप व बैंको में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। जुआ, लॉटरी व अन्य अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की हिदायत दी। मौके पर सदर इंस्पेक्टर राजीव रंजन, नगर थाना इंस्पेक्टर अमित गुप्ता, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी प्रणीत पटेल, महिला थाना प्रभारी सुमित्रा कच्छप, मिजार्चौकी थाना प्रभारी प्रकाश रंजन मौजूद थे।
झूला के फंदे में फंस कर किशोरी की मौत
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना क्षेत्र के पश्चिमी उधवा पंचायत अंतर्गत हरेराम टोला ब्रिज के समीप सोमवार की देर शाम एक 12 वर्षीय किशोरी की गले में फंदा लगने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार कृष्णा रजक की पुत्री ने अपने घर के अंदर झूला झूल रही थी। तभी झूले की रस्सी गले में फंदा बन गया। उस समय घर पर कोई नहीं था। किशोरी के पिता केरल में मजदूरी करते हैं। घटना के समय उसकी मां बीड़ी देने के लिए बाबूटोला गई हुई थी। किशोरी राजकीयकृत मध्य विद्यालय कचहरी में सप्तम वर्ग में पढ़ाई कर रही थी। किशोरी की मौत के बाद उसके घर में मातम पसरा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चिरंजीत प्रसाद ने वहां पहुंच मामले की छानबीन की।