- वैद्यनाथ फिजिकल एकेडमी की पहल पर देवघर कॉलेज मैदान में जुटे सैकड़ों धावक, मेयर और पूर्व मंत्री ने बढ़ाया उत्साह
देवघर/नगर संवाददाता। युवाओं में खेल भावना विकसित करने और छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से वैद्यनाथ फिजिकल एकेडमी की ओर से देवघर कॉलेज मैदान में 1600 मीटर बालक एवं बालिका दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देवघर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों युवा धावकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मैदान में खिलाड़ियों का जोश और जीत के लिए उनका संघर्ष देखते ही बना। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवघर के मेयर रवि कुमार राउत और पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मेयर रवि कुमार राउत ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है। देवघर के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। वहीं, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने एकेडमी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल से अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। प्रतियोगिता के समापन पर बालक एवं बालिका वर्ग के विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में एकेडमी के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के लिए नगर निगम ने चलाया जागरूकता अभियान
- स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत विभिन्न वार्डों में पहुंची टीम, सफाई वाहन को ही कचरा देने की अपील
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत देवघर नगर निगम की ओर से शुक्रवार को शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाने और कचरे के उचित निस्तारण की जानकारी दी गई।
नगर निगम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य कर रही अधिकृत एजेंसी एमएसडब्ल्यूएम प्राइवेट लिमिटेड की ओर से संचालित अभियान के दौरान घर-घर कचरा संग्रहण की उपयोगिता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों से नागरिकों को अवगत कराया गया। लोगों को बताया गया कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए केवल सफाई कर्मचारियों पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। नगर निगम ने नागरिकों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखने, बल्कि इसे अपनी दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने की अपील की।
99 वर्ष की उम्र में गिरधारी मंडल का निधन, सुल्तानगंज में हुआ अंतिम संस्कार
- पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख मंझीलाडीह पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मिले, बंधाया ढांढस
देवघर/नगर संवाददाता। सारवां प्रखंड के मंझीलाडीह निवासी गिरधारी मंडल का गत रात्रि 99 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह प्रखंड प्रमुख फुकनी देवी के ससुर और समाजसेवी त्रिपुरारी मंडल के पिता थे। उनके निधन की खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वह अपने पीछे छह पुत्र और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार उत्तरवाहिनी गंगा तट स्थित सुल्तानगंज में किया गया। गिरधारी मंडल के निधन की सूचना मिलने पर पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख उनके आवास मंझीलाडीह पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।
मधुपुर की जनता सर्वोपरि, हर सुख-दुख में साथ खड़ा रहूंगा : गंगा नारायण सिंह
- विभिन्न विवाह समारोहों में हुए शामिल, कुर्मीडीह पहुंचकर दिवंगत नंदलाल महरा के परिजनों से की मुलाकात
देवघर/नगर संवाददाता। मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा प्रत्याशी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गंगा नारायण सिंह ने कहा कि मधुपुर की जनता उनके लिए सर्वोपरि है। क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल होना और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहना उनकी प्राथमिकता है। जनता का स्नेह, विश्वास और अपनापन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान गंगा नारायण सिंह विभिन्न सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस क्रम में उन्होंने कई स्थानों पर आयोजित विवाह समारोहों एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र की सामाजिक गतिविधियों तथा समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता के हर सुख-दुख में सहभागी बनना भी जरूरी है। मधुपुर की जनता के साथ उनका संबंध राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक और भावनात्मक है। लोगों का स्नेह और अपनापन उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान कुर्मीडीह में स्वर्गीय नंदलाल महरा के निधन की सूचना मिलने पर गंगा नारायण सिंह उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, विश्वनाथ रवानी, हरि ओम शरण सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।
पटेल चौक पर छिनतई और रंगदारी की शिकायत, कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश
- नशे में धुत युवकों पर राहगीरों और फुटपाथ दुकानदारों को निशाना बनाने का आरोप
देवघर/वरीय संवाददाता। शहर के व्यस्त पटेल चौक और आसपास के इलाकों में छिनतई एवं रंगदारी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। आरोप है कि भूरा सिंह नामक युवक के नेतृत्व में सक्रिय गिरोह के सदस्य नशे की हालत में राहगीरों, खासकर कमजोर और अकेले लोगों को निशाना बनाते हैं। लोगों का आरोप है कि गिरोह के सदस्य मोबाइल छीनकर कम कीमत पर बेच देते हैं और उससे नशे का सामान खरीदते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पटेल चौक के अलावा आसपास के अन्य मार्गों पर फुटपॉथ दुकानदारों से जबरन पैसे की वसूली भी की जाती है। सब्जी मंडी आने-जाने वाले महिला और पुरुषों के साथ गाली-गलौज तथा छिनतई की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। बताया जाता है कि पिछले दिनों रंगदारी नहीं देने पर एक झालमुड़ी विक्रेता को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था। इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि नगर थाना क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण ऐसी गतिविधियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे आम राहगीरों और दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
त्वरित कार्रवाई कर स्कूलों में मध्याह्न भोजन शुरू कराने पर जिला शिक्षा अधीक्षक का जताया आभार
- मोहनपुर के विद्यालयों में चावल की अनियमित आपूर्ति से बच्चों को हो रही थी परेशानी
देवघर/वरीय संवाददाता। मोहनपुर प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के लिए चावल की अनियमित आपूर्ति और चावल उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों को हो रही परेशानी के मामले में जिला शिक्षा अधीक्षक की त्वरित कार्रवाई पर देवघर जेएलकेएम परिवार ने आभार जताया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर विद्यालयों में चावल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने और मध्याह्न भोजन योजना सुचारू रूप से संचालित करने की मांग की गई थी। ज्ञापन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक ने मोहनपुर प्रखंड के विद्यालयों में चावल उपलब्ध कराया और मध्याह्न भोजन दोबारा शुरू करवाया। इससे विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को राहत मिली है। देवघर जेएलकेएम परिवार की ओर से कहा गया कि बच्चों के हित में तत्परता से कार्रवाई करना जिला शिक्षा अधीक्षक की संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच को दर्शाता है। परिवार की ओर से कहा गया कि बच्चों के अधिकार, शिक्षा, पोषण और विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं को आगे भी जिम्मेदारी के साथ उठाया जाता रहेगा, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद बच्चों तक समय पर पहुंच सके। बच्चों का हित सर्वोपरि है।
बैद्यनाथ कॉरिडोर को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर, जल्द होगी विभागीय बैठक : मणि शंकर
- कॉरिडोर निर्माण में विस्थापन और लखराज जमीन के मुद्दे पर न्यायसंगत निर्णय लेने का मिला आश्वासन
देवघर/वरीय संवाददाता। बैद्यनाथ कॉरिडोर निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गंभीर हैं। सरकार जल्द ही नगर विकास विभाग, पर्यटन विभाग, मंदिर प्रबंधन बोर्ड और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक बुलाकर इससे जुड़े प्रमुख मुद्दों पर न्यायसंगत निर्णय लेगी। यह जानकारी कांग्रेस नेता मणि शंकर ने रांची में मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को कॉरिडोर निर्माण से संबंधित ज्ञापन सौंपकर प्रभावित लोगों की समस्याओं से अवगत कराया। मणि शंकर ने बताया कि कॉरिडोर निर्माण से जुड़े दो प्रमुख मुद्दे विस्थापन और लखराज जमीन के हैं। निर्माण से मुख्य रूप से पुरोहित और वैश्य समाज प्रभावित होंगे, जिनका तीर्थयात्रियों से सीधा जुड़ाव है। विस्थापन के लिए तीन स्थान चिह्नित किए गए हैं। वहीं, लखराज जमीन के मामले में वरिष्ठ पुरोहितों ने सरकार को सुझाव दिया है कि जिन लोगों का मकान जिस जमीन पर बना है, उसी के आधार पर उन्हें आधिपत्य दिया जाए। मणि शंकर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कोई भी अंतिम निर्णय लेने से पहले प्रभावित पुरोहित एवं वैश्य समाज, स्वयंसेवी संस्थाओं और प्रमुख समाजसेवियों के साथ बैठक की जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व नगर विकास मंत्री सोनू जी के आकस्मिक निधन के कारण इस पुनीत कार्य में विलंब हुआ है। उन्होंने बताया कि गोड्डा के एक जनप्रतिनिधि की ओर से रांची हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल किए जाने से कॉरिडोर निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। हालांकि, सरकारी अधिवक्ता ने न्यायालय में कहा है कि संबंधित मुद्दों पर आपसी बातचीत के माध्यम से कानूनसम्मत निर्णय लिया जाएगा। कहा कि बैद्यनाथ कॉरिडोर सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना और शिवभक्तों व देवघरवासियों का सपना है। काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर इसके निर्माण से मंदिर क्षेत्र का विकास होगा। साथ ही देवघर की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और शहर की तस्वीर व तकदीर बदलने में मदद मिलेगी।
दो महिलाओं की मौत के बाद जागा विभाग, पुलिया के पास सड़क मरम्मत का कार्य शुरू
सारवां/संवाददाता। सारठ-देवघर मुख्य मार्ग पर मणिगढ़ी स्कूल के समीप पुलिया के पास सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर दो महिलाओं की मौत और कई दुर्घटनाओं के बाद आखिरकार संबंधित विभाग की नींद खुली है। विभाग की ओर से पुलिया के दोनों तरफ सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। सड़क के किनारे करीब नौ इंच हिस्से में गिट्टी की ढलाई कर समतलीकरण किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने विभाग की इस पहल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत करा दी गई होती तो शायद गुरुवार को पश्चिम बंगाल निवासी प्रियंका पंजा (32) की जान नहीं जाती। इससे पूर्व वर्ष 2024 में नखेता निवासी एक महिला की भी इसी स्थल पर सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। इसके अलावा यहां करीब एक दर्जन दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए सड़क की स्थिति सुधारने की मांग उठाई थी। इस संबंध में बीडीओ रजनीश कुमार, मुखिया मुबारक अंसारी, समाजसेवी चिरंजीवी यादव और जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष चंदन वर्मा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन कर समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद विभाग ने एक निजी संवेदक को भेजकर मरम्मत कार्य शुरू कराया है।
लक्ष्मी कुमारी की मौत मामले में चार दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, परिजनों ने जताई नाराजगी**
- भाई ने पति व ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव कुएं में डालने का लगाया आरोप
सारवां/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र के बनदेती पांडेयडीह कोयरीडीह में ससुराल के घर के समीप कुएं से लक्ष्मी कुमारी (26) का शव बरामद होने के मामले में चार दिन बाद भी पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने पर परिजनों ने नाराजगी जताई है। इस संबंध में मृतका के भाई सारवां थाना क्षेत्र के छित पांचूडीह निवासी बमशंकर पांडेय के आवेदन पर जसीडीह थाना में कांड संख्या 327/26 दर्ज किया गया है। मृतका के भाई ने बताया कि उनकी बहन की शादी वर्ष 2023 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार जसीडीह थाना क्षेत्र के बनदेती पांडेयडीह कोयरीडीह निवासी विपिन पांडेय के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही बहन के साथ मारपीट की जाने लगी। साथ ही ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त राशि और अन्य सामान की मांग कर प्रताड़ित किया जाता था। इस मामले को लेकर पूर्व में पंचायत भी हुई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बहन लगातार फोन कर ससुराल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी देती थी। रक्षाबंधन के दौरान जब वह मायके आई थी, तब भी उसने अपने साथ मारपीट किए जाने की बात बताई थी। उस समय उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान भी थे। भाई के अनुसार, 24 नवंबर को उनकी बहन के मायके आने की बात थी। इसी दिन दोपहर 1:23 बजे उसके पति विपिन पांडेय ने फोन कर सूचना दी कि लक्ष्मी कुएं में गिर गई है। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे तो उसे मृत पाया। भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव कुएं में डाल दिया गया। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में 21 योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण, अनियमितता पर लगा आर्थिक दंड
चितरा/संवाददाता। चितरा पंचायत भवन परिसर में शुक्रवार को पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें मनरेगा के तहत संचालित 21 योजनाओं की समीक्षा करते हुए सामाजिक अंकेक्षण किया गया। जांच के दौरान विभिन्न योजनाओं में कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। इस पर संबंधित लाभुकों एवं एजेंसियों को आर्थिक दंड लगाने के साथ कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया। जांच में सात आम बागवानी योजनाओं में निर्धारित संख्या से कम पौधे पाए गए। इस पर संबंधित लाभुकों एवं एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर छूटे हुए पौधे लगाने का निर्देश दिया गया। वहीं, छह सिंचाई कूपों की खुदाई में निर्धारित कार्य की तुलना में अधिक भुगतान किए जाने का मामला सामने आया। इस पर संबंधित एजेंसी पर आर्थिक दंड लगाया गया। साथ ही सभी लंबित योजनाओं को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा 13 डोभा योजनाओं में मस्टर रोल (एमआर) एवं ग्रामसभा पंजी उपलब्ध नहीं पाए गए। इस पर संबंधित पक्ष को आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया तथा 250 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया। जनसुनवाई के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और सरकारी राशि के उचित उपयोग पर जोर दिया गया। संबंधित लाभुकों एवं एजेंसियों को निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर करने की हिदायत दी गई। मौके पर मुखिया सुमन देवी, ज्यूरी सदस्य मोहन महरा, पंचायत सचिव जोन हेंब्रम, रोजगार सेवक बासुदेव महरा, जेई पंकज कुमार, सोशल ऑडिट टीम के सदस्य और मनरेगा मजदूर सहित अन्य उपस्थित थे।
तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर खेत में पलटा धान लदा ट्रक, चालक-खलासी सुरक्षित
चितरा/संवाददाता। थाना क्षेत्र के सारठ-चितरा मुख्य मार्ग पर सहरजोरी गांव के समीप शुक्रवार दोपहर धान लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में ट्रक पर लदी धान की बोरियां खेत में बिखर गईं। हालांकि, दुर्घटना में चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक बिहार के बांका से धान लोड कर पश्चिम बंगाल के बर्धमान जा रहा था। इसी दौरान सहरजोरी जंगल के समीप तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे खेत में पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक पलटने से धान की कई बोरियां खेत में बिखर गईं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के इस तीखे मोड़ पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
रांची की टीम ने पालोजोरी-बाराटांड़ सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांची
- 25 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़क में आरसीसी नाला और पीसीसी निर्माण का होगा कार्य
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी-बाराटांड़ पथ निर्माण योजना की गुणवत्ता की जांच शुक्रवार को रांची से पहुंची टीम ने की। इस दौरान सड़क निर्माण की मोटाई, लेवलिंग और निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया गया। टीम ने सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री के नमूने भी एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच टीम में रांची क्वालिटी टेस्टिंग यूनिट के कार्यपालक अभियंता देवेंद्र भगत, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार महतो तथा सहायक अभियंता विवेक और रजाउल रहमान शामिल थे। अधिकारियों ने निर्माण कार्य के विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण कर गुणवत्ता से जुड़े मानकों की जांच की। इस संबंध में सहायक अभियंता रजाउल रहमान ने बताया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांच नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर इस तरह की जांच की जाती है। उन्होंने बताया कि सड़क के पक्कीकरण का कार्य फिलहाल रुका हुआ है। अधूरे पड़े निर्माण कार्य को पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला के साथ पूरा कराया जाएगा। गौरतलब है कि पालोजोरी-बाराटांड़ सड़क निर्माण योजना की लंबाई 25 किलोमीटर से अधिक है। इसका निर्माण कार्य एमकेएस कंपनी द्वारा कराया जा रहा है।
चाकू का भय दिखाकर विवाहिता से दुष्कर्म, नामजद प्राथमिकी दर्ज
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र के कुशमाहा गांव में घर में घुसकर चाकू का भय दिखाते हुए 19 वर्षीय विवाहिता के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने 26 नवंबर को जसीडीह थाना में लिखित शिकायत देकर गांव के ही 21 वर्षीय निरंजन रमानी को आरोपी बनाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आवेदन में बताया कि 24 नवंबर की रात करीब 12 बजे वह अपनी गोतनी के साथ घर में अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य काम के सिलसिले में बाहर गए थे। इसी दौरान आरोपी कथित रूप से घर में घुस आया। पीड़िता के कमरे में जाने पर उसने चाकू का भय दिखाकर जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसका मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता के शोर मचाने पर उसकी गोतनी पहुंची और बीच-बचाव करते हुए आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और फरार हो गया। जाते समय दोनों को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। 26 नवंबर को पति के लौटने पर पीड़िता ने उन्हें घटना की जानकारी दी और उनके साथ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
स्कूल की बाउंड्री तोड़ने से रोकने पर प्रबंधक से मारपीट, पांच लाख की रंगदारी मांगी
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र के लकड़ा धुम्माता गांव स्थित डीपीएस देवघर की बाउंड्री तोड़ने से रोकने पर विद्यालय प्रबंधक के साथ मारपीट कर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधक कुंदन कुमार ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर मनोज पटना उर्फ मनोज यादव, संदीप कुमार यादव उर्फ मनोज यादव सहित 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत की है।
आवेदन के अनुसार, 19 नवंबर की रात प्रबंधक विद्यालय की नवनिर्मित बाउंड्री की देखरेख करने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपित खंती, रॉड, गैंता और सब्बल से बाउंड्री तोड़ रहे थे। विरोध करने पर चार युवकों ने उनके साथ मारपीट की तथा सोने की चेन, घड़ी और 10,500 रुपये छीन लिए। आरोप है कि कनपटी पर पिस्तौल सटाकर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी और पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर निर्माण सामग्री रखने पर 5000 रुपये जुर्माना, पांच किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
- नगर निगम का अतिक्रमण और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान, माखन चोर क्षेत्र में दुकानदारों पर भी हुई कार्रवाई
देवघर/नगर संवाददाता। शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम की ओर से शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ और प्रतिबंधित एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ जांच अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त सुलोचना मीणा के निर्देश पर निगम की जांच एवं प्रवर्तन टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान सिमरगढ़ा कॉलोनी में एक अपार्टमेंट के सामने सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखकर आवागमन बाधित करने का मामला सामने आया। इस पर संबंधित व्यक्ति से 5000 रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही भविष्य में सड़क अथवा सार्वजनिक स्थल पर निर्माण सामग्री नहीं रखने की हिदायत दी गई। वहीं, माखन चोर क्षेत्र में दुकानों की जांच के दौरान एक दुकान से करीब पांच किलोग्राम प्रतिबंधित एकल उपयोग प्लास्टिक जब्त किया गया। संबंधित दुकानदार पर जुर्माना भी लगाया गया। इसके अलावा एक अन्य दुकान में कूड़ेदान नहीं पाए जाने पर 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम ने दुकानदारों को स्वच्छता नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की चेतावनी दी। नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और जाममुक्त बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए नागरिकों और व्यवसायियों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने दुकानदारों से अनिवार्य रूप से कूड़ेदान रखने तथा भवन निर्माणकर्ताओं से सार्वजनिक स्थलों पर सामग्री नहीं रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित अभियान चलाकर जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में नगर प्रबंधक, स्वच्छता निरीक्षक और खाद्य निरीक्षक सहित निगम की प्रवर्तन टीम के सदस्य शामिल थे।