गोड्डा। संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित बी- डिवीजन क्रिकेट लीग का खिताब स्पार्टन इलेवन महागामा ने जीती। बी- डिवीजन क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला स्पार्टन इलेवन महागामा बनाम स्पार्टन अंपायर महागामा के बीच खेला गया। पोड़ैयाहाट ग्राउंड में खेला गया। पहले खेलते हुए स्पार्टन इलेवन की टीम 30 ओवर में 07 विकेट के नुकसान पर 187 रन का स्कोर खड़ा किया। सुमित सिंह ने 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। स्वाधीन सिद्धांत ने 03 विकेट प्राप्त किया। जबाव में स्पार्टन अंपायर की टीम सिर्फ 104 रन पर ऑल आउट हो गई। सूरज ने 28 रन की पारी खेली। विक्रम सिंह राजपूत ने 04 एवं बासुदेव ने 03 विकेट प्राप्त किया। विजेता टीम को पोड़ैयाहाट बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता टीम को पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी ताराचंद यादव ने मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार, पोड़ैयाहाट मुखिया अनुपम भगत ने ट्रॉफी दी। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आकाशी पंचायत मुखिया पिंकी देवी ने दिया। मैन ऑफ द मैच – सुमित सिंह, मैन ऑफ द सीरीज – आर्यन प्रताप, बेस्ट बैटर – आर्यन प्रताप, बेस्ट बॉलर- आर्यन प्रताप, बेस्ट फील्डर- प्रभुनाथ शाह
को मिला। दोनों टीम ने अगले वर्ष ए डिवीजन के लिए क्वालीफाई कर लिया।
इस अवसर पर मिथुन कुमार, निलेश कुमार, ऋषि, विपिन बिहारी उपस्थित थे।
सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने अपनी प्रतिभा से मोहा लोगों का मन
गोड्डा। संवाददाता जिला प्रशासन के तत्वावधान में गणतंत्र दिवसीय सप्ताह सांस्कृतिक समारोह के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय सांस्कृतिक समारोह के दूसरे दिन रविवार की शाम आयोजित कार्यक्रम में बेथेल मिशन स्कूल, डॉन बोस्को स्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महगामा एवं पथरगामा, एसआर पब्लिक स्कूल, आम्रपाली, संत मेंही पब्लिक स्कूल तथा ऊर्जा नगर द्वारा नृत्य, गायन एवं अभिनय विधाओं में प्रस्तुत एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों एवं श्रोताओं का मन मोह लिया। बतौर मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी सह आयोजन समिति अध्यक्ष बैद्यनाथ उरांव तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला खेल एवं कला संस्कृति पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो, एनएचआई प्रोजेक्ट हेड चंद्रमणि किशोर, पोड़ैयाहाट बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू एवं सीओ पुष्पक रजक ने अपनी उपस्थिति से प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति सदस्यों की हौसला आफजायी की। कार्यक्रम का संचालन आयोजन समिति सदस्य अमरेंद्र सिंह “बिट्टू” ने किया। दो सदस्यीय निर्णायक मंडली में असलम परवेज एवं सुनील कुमार मित्रा शामिल थे। इस अवसर पर आयोजन समिति सदस्य सुरजीत झा, दिलीप तिवारी, मनीष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
नेशनल स्लिंगशॉट में गोल्ड लेकर श्यामदेव ने बढ़ाया गोड्डा का मान
गोड्डा। संवाददाता गोवा में आयोजित नेशनल स्लिंगशॉट चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधत्व करते हुए गोड्डा के निशानेबाज श्यामदेव चौड़े ने सोना पर निशाना साधकर झारखंड सहीत गोड्डा जिला को गौरवान्वित किया है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ गोड्डा के सचिव अखिल कुमार झा ने बताया कि झारखंड की झोली में कुल दो पदक आए। जिसमें गोड्डा के श्यामदेव के गोल्ड के अलावा दुमका के छोटका हांसदा का ब्रॉन्ज शामिल है। श्यामदेव एवं छोटका के इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो, स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के मुख्य संरक्षक सुरजीत झा, संरक्षक संजीव कुमार झा, निदेशक दीपक कुमार दुबे, महासचिव भास्कर चांद एवं कोषाध्यक्ष सूरज पासवान सहित स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ गोड्डा के पदाधिकारियों में मनीष कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार, अमरेंद्र सिंह बिट्टू, शशि कुमार मांझी एवं राहुल कुमार ने बधाई दी है। सचिव झा ने बताया की मंगलवार शाम गोवा से वापसी पर श्यामदेव का गोड्डा रेलवे स्टेशन पर गर्म जोशी से स्वागत किया जाएगा।
अखिल भारतीय मैत्री मंच के राष्ट्रीय महामंत्री बने प्रीतम गाडिया
गोड्डा। संवाददाता राजस्थान के सालासर में मैत्री मंच की प्रथम राष्ट्रीय बैठक आयोजित की गई।
इस प्रथम बैठक के पूर्व संपूर्ण राष्ट्र के सदस्यों ने सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष गुजरात प्रांत के सूरत से नेमिचंद जांगिड़, राष्ट्रीय महासचिव के लिए झारखंड के गोड्डा के प्रीतम गाडिया, कोषाध्यक्ष के लिए जयपुर के मुकेश अग्रवाल एवं राष्ट्रीय संयोजिका के लिए राजस्थान की डॉ. शर्मिला सोनी को चुना गया था। जिसकी प्रथम बैठक सालासर बालाजी के मंदिर के बबलू पुजारी के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।
बैठक में मानव सेवा को समर्पित विभिन्न प्रकल्पों की परिकल्पना की गई। वहीं गोशाला परिवार की ओर से मंच सदस्यों को शॉल देकर स्वागत किया गया।
अदाणी के स्वास्थ्य शिविर में सौ से अधिक लोगों ने कराया इलाज
गोड्डा। संवाददाता पथरगामा प्रखंड के अमडीहा, जोगीचक और बलियाकित्ता गांव में अदाणी फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 100 से अधिक ग्रामीणों ने इलाज कराया। सुदूर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अदाणी फाउंडेशन की टीम मोबाइल मेडिकल वैन के जरिये ग्रामीणों के स्वास्थ्य जांच के लिए सुविधा मुहैया कर रही है। डॉक्टरी जांच के बाद फाउंडेशन की ओर से ग्रामीणों को मुफ्त दवा भी उपलब्ध कराया गया। कड़ाके की ठंड की वजह से अधिकतर ग्रामीण बुखार, सर्दी, जुकाम, दस्त, पेट में दर्द, आदि जैसी समस्याओं को लेकर इलाज के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य शिविर में बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक थी। शिविर में इलाज कराने वाले ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें अदाणी फाउंडेशन के इस प्रयास से काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि इससे पहले उन्हें इलाज के लिए दूर-दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब घर के पास ही मुफ्त इलाज मिल रहा है। इससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकी हैं।
ग्राम प्रधान ने पुनर्वास स्थल का किया शिलान्यास
ललमटिया। संवाददाता ईसीएल की राजमहल परियोजना द्वारा विस्थापित बसडीहा गांव के आदिवासी लोगों को डुमरिया मौजा स्थित पुनर्वास स्थल पर बसाए जाने को लेकर सोमवार को डुमरीया ग्राम प्रधान देवीलाल सोरेन ने पुनर्वास स्थल का शिलान्यास किया। गौरतलब हो कि नए पुनर्वास स्थल पर बसडीहा गांव के संथाली टोला वाले लोगों को बसाया जाएगा। यह मांगे वषोंर् पुरानी थी, अब जाकर सपना पूरा हुआ। झामुमो नेता सह पूर्व जिला परिषद बबलू हांसदा ने राजमहल परियोजना प्रबंधन को 26 सूत्री मांगों के अलावा जो भी मूलभूत सुविधा होगी वह देने को कही थी। इसी कड़ी में ईसीएल प्रबंधन द्वारा मांगंे पूरी होने के आश्वासन पर भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया। ज्ञात रहे कि इससे पहले कई नेता इस दिशा में इस मामले को लेकर पहल कर चुके थे, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। झामुमो नेता बबलू हांसदा के प्रयास से यह काम संभव हो सका, जिसे बसडीहा गांव के आदिवासी लोगों में खुशी देखी जा रही है। शिलान्यास के मौके पर पचरूखी ग्राम प्रधान बबलू मुर्मू, रोकसा मुर्मू, चंद्रर मुर्मू, नयन हांसदा, बाबूजी सोरेन, संजू सोरेन, कीरानी सोरेन, मनोहर हांसदा के अलावा बसडीहा गांव के ग्रामीण गोविंद मुर्मू, देवानंद किस्कू के अलावा सैकड़ों की संख्या में शिलान्यास के दौरान डुमरिया मौजा के ग्रामीण मौजूद थे।
पंचायत स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक
पोड़ैयाहाट। संवाददाता। गोड्डा जिला अंतर्गत पोड़ैयाहाट प्रखंड में सोमवार को कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनोज यादव की अध्यक्षता में चार अलग-अलग जगहों में प्रखंड के पंचायत स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठकों में मुख्य रूप से पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष दिनेश यादव उपस्थित रहे। राहुल गांधी की ” भारत जोड़ो न्याय यात्रा ” को गोड्डा जिला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आपार सफलता के लिए प्रस्तावित बैठक की गई। विधायक प्रदीप यादव ने बताया कि 02 फरवरी, 2024 को “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” झारखंड में प्रवेश कर जाएगी। जिसके लिए जिला से लेकर प्रखंड और प्रखंड से पंचायत तक के सभी कार्यकर्ताओं को स्वागत करने के लिए जोर शोर से तैयारी करनी है। मौके पर जिला उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा एवं अजय शर्मा, महासचिव कुंदन ठाकुर, पोड़ैयाहाट प्रखंड अध्यक्ष मनोज यादव एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।
एमओ ने लगभग चालीस कार्डधारियों का बयान किया कलमबद्ध
-कार्डधारियों की शिकायत की जांच करने पहुंचे आपूर्ति पदाधिकारी
मेहरमा। संवाददाता ठाकुरगंगटी प्रखंड के दिग्घी पंचायत अंतर्गत पहाड़पुर-75 गांव के राशन कार्डधारियों की शिकायत पर सोमवार को प्रभारी ठाकुरगंगटी प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी विकास कुमार रोबोट ने लक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह पहाड़पुर डीलर का जांच करने पहुंचे। कार्डधारी की शिकायत पर हर एक बिंदु पर जांच की गई। एमओ ने लगभग चालीस कार्डधारियों का बयान कलमबद्ध किया। कार्डधारियों ने आपूर्ति पदाधिकारी को बताया कि डीलर के द्वारा बीते नवंबर व दिसंबर माह में ई-पॉस मशीन से कार्डधारी का पर्ची निकाल दिया गया है, लेकिन खाद्यान्न वितरण नहीं किया है। जनवरी माह में भी गोदाम से खाद्यान्न उठाव के बावजूद दर्जनों से अधिक कार्डधारी को डीलर ने पर्ची निकाल दिया है और राशन का वितरण नहीं किया है। डीलर का कारनामा को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है। अब देखना दिलचस्प होगा कि विभाग के संबंधित पदाधिकारी के साथ-साथ सक्षम पदाधिकारी से शिकायत की गयी है। दोषी डीलर के विरुद्ध कार्रवाई होती है या डीलर को माफ कर दिया जाता है। इधर कार्डधारियों में खूब चर्चा है कि डीलर जनवरी माह का अपना आवंटन स्टॉक पूरा करने के लिए खूब प्रयास में हैं। आसपास के एक-दो डीलर भी भ्रष्ट डीलर को भरपूर सहयोग कर रहे हैं। गुप्त सूचना यह भी है कि पड़ोस के एक डीलर से उक्त डीलर का आवंटन पूरा करने के लिए दूसरे डीलर के पास से चावल की खरीदारी कर स्टॉक जुटाने में लगे हुए हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि जनवरी माह में जिन-जिन कार्डधारी का पर्ची निकाल दिया गया है और राशन का वितरण नहीं किया गया है उनका स्टॉक आखिर कहां से पूर्ति किया जाएगा। प्रखंड के एक जनप्रतिनिधि ने बताया कि उसी डीलर के विरुद्ध ही कार्डधारी बार-बार शिकायत आखिर क्यों कर रहे हैं। सक्षम पदाधिकारी को निष्पक्ष तरीके से जांच करना चाहिए और दोषी डीलरों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
क्या कहते हैं जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी
इस संबंध में जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम ने मीडिया को बताया कि जरूरी कार्य के लिए जिला मुख्यालय से बाहर हैं। मुख्यालय वापस लौटते ही डीलर की कोई शिकायत है तो वे खुद दुकान की जांच करेंगे और दोषी डीलर के विरुद्ध अवश्य कारवाई होगी। राशन हेराफेरी का मामला सही पाया जाता है तो डीलर के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज करायी जाएगी। -श्रवण राम, डीएसओ, गोड्डा
दो दिवसीय दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का हो गया समापन
हनवारा। संवाददाता गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर सोमवार को झारखण्ड-बिहार सीमा पर स्थित ग्रीन पार्क स्टेडियम चखमजा में दो दिवसीय दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का समापन हो गया। दंगल कुश्ती का उद्घाटन विधिवत सामूहिक रूप से बड़ीनाकी पंचायत पूर्व मुखिया मुस्तकीम आलम, सरपंच सत्तार, कुश्ती प्रतियोगिता अध्यक्ष इकराम आलम, सचिव मुर्शिद आलम ने सामूहिक रूप से किया था। वहीं कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में नेपाल, यूपी, जम्मू कश्मीर एवं क्षेत्र के पहलवानों ने शिरकत किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये, द्वितीय पुरुस्कार 04 हजार एवं तृतीय पुरुस्कार तीन हजार रुपये पहलवानों को दिया गया। वहीं इस प्रतियोगिता में करीब डेढ़ दर्जन पहलवानों ने अपना दम खम दिखाया और दर्शकों का दिल जीत लिया। पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव पेंच को दर्शकों के सामने रखा। वहीं पूर्व मुखिया मुस्तकीम ने कहा कि खेल आपसी भाईचारे व सद्भाव का परिचय देता है। खेल हर तरह से अति उत्तम है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह का आयोजन किया जाना चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दिखा सकें।
जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में गड़बड़ी की हो निष्पक्ष सीबीआई जांच : सौरभ
मेहरमा। संवाददाता बीते 28 जनवरी को आयोजित हुए जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले को लेकर अभाविप झारखंड प्रदेश मंत्री सौरभ झा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि एक ओर सरकार नए-नए नियम कानून बनाने में व्यस्त है। दूसरी ओर प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी झारखंड के लिए आम बात हो गयी है। लंबे समय के बाद परीक्षा का आयोजन होना और उसमें भी गड़बड़ी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। अभाविप यह मांग करती है उक्त गड़बड़ी मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच करा कर मामले में संलिप्त दोषियों के ऊपर सरकार द्वारा ही लाए नए नकल विधेयक के तहत कार्रवाई सुनिश्चित हो एवं केवल तृतीय पाली नहीं बल्कि 28 जनवरी को हुए परीक्षा को रद्द कर कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा का आयोजन करना सुनिश्चित किया जाए।