-13 से 15 मार्च 2027 तक चलेगा तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान, ग्रामीणों में उत्साह
मधुपुर/संवाददाता। करौं प्रखंड अंतर्गत सिरियां गांव स्थित काली मंडा परिसर में करीब 13 वर्षों बाद सूर्याहू पर्व का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। पर्व के आयोजन की तैयारी को लेकर ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता सारठ प्रखंड से पहुंचे पंडित प्रदीप तिवारी ने की। बैठक में सिरियां और रान्हा गांव के दर्जनों ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में पंचांग के अनुसार पर्व की तिथि निर्धारित की गई। पंडित प्रदीप तिवारी ने बताया कि आगामी 13, 14 और 15 मार्च 2027 को तीन दिवसीय सूर्याहू पर्व का आयोजन होगा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे अंतराल के बाद पर्व का आयोजन होने से गांव में विशेष उत्साह का माहौल है। आयोजन को भव्य बनाने के लिए गांव में सजावट और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और अतिथियों के स्वागत की तैयारी भी की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 मार्च को खीर प्रसाद का आयोजन होगा। 14 मार्च को श्रद्धालु विधि-विधान के साथ अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 15 मार्च को श्रद्धालु अपने-अपने घरों में धार्मिक परंपरा के अनुसार अर्घ्य देंगे। बैठक में ग्रामीणों ने पर्व को शांतिपूर्ण, श्रद्धापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आपसी सहयोग का संकल्प लिया। मौके पर विष्णु चौधरी, मधुसूदन चौधरी, दारिका चौधरी, सपना चौधरी, प्रदीप चौधरी, हरकिशोर चौधरी, शशिभूषण चौधरी, शालिग्राम चौधरी, शिक्षक विष्णु चौधरी, रामदेव चौधरी, मथुरा चौधरी, बलराम चौधरी, अशोक चौधरी, रोहित चौधरी, हृदयनारायण चौधरी, वरुण चौधरी, नवीन चौधरी और शैलजा चौधरी सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
बकरी बचाने के दौरान बाइक अनियंत्रित, दो लोगों की मौत
- सारवां-सारठ मुख्य मार्ग पर लखोरिया मोड़ के समीप हुआ हादसा, इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
सारवां/संवाददाता। सारवां-सारठ मुख्य मार्ग पर लखोरिया मोड़ के समीप शनिवार को बकरी को बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार देवघर के आमगाछी निवासी श्याम सुंदर मंडल (55) और बाराकोला निवासी पंचा देव्या (58) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, श्याम सुंदर मंडल अपनी बहन को उसके ससुराल डकाय पंचायत के बाराकोला पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान लखोरिया मोड़ के समीप सड़क पर बकरी को बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल महिला को देवघर स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
स्वामी विवेकानंद टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट पर बेहराकनारी का कब्जा
- फाइनल में भजलपुर को आठ विकेट से हराया, पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के बेहराकनारी मोड़ स्थित रामरायडीह मैदान में आयोजित स्वामी विवेकानंद टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। फाइनल में स्वामी विवेकानंद युवा क्लब बेहराकनारी की टीम ने भजलपुर को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर भजलपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 10 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 74 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेहराकनारी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सात ओवर में ही दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह बेहराकनारी की टीम ने आठ विकेट से जीत दर्ज की। मैच के बाद पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खेल से युवाओं का शारीरिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की। प्रतियोगिता के सफल संचालन में खेल प्रशिक्षक भोला यादव, अंपायर चंदन कुमार सिंह, प्रकाश सिंह, कार्तिक सिंह, रमाशंकर, राजू, सोनू, संजू और बजरंगी सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।
सारवां के दुर्गा मंदिरों में हुई मां की अष्टमंगला पूजा
- खीर का भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया महाप्रसाद, क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
सारवां/संवाददाता। शारदीय नवरात्र के समापन के बाद रविवार को सारवां प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में मां दुर्गा की अष्टमंगला पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई। इस अवसर पर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की गई। मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान मां दुर्गा को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए। अष्टमंगला पूजा के विशेष प्रसाद के रूप में खीर का भोग लगाया गया। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। प्रखंड क्षेत्र के बिशनपुर स्थित दुर्गा मंदिर में आचार्य महेश पांडेय ने वैदिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए मां से प्रार्थना की। पूजा के आयोजन में राजेश सिंह, अमरेंद्र सिंह, खनेश सिंह, राजेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, संतोष सिंह, हलधर वर्मा, दिलीप वर्मा, प्रणव सिंह, रुदो, मदन सिंह और झकसू यादव सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
झारखंड आंदोलनकारियों ने प्रमाणपत्र और पेंशन देने की मांग उठाई
- मनीगढ़ी हटिया शेड में हुई बैठक, सरकार से लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने की अपील
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के मनीगढ़ी हटिया शेड में रविवार को झारखंड आंदोलनकारी संघ की बैठक कृष्णानंद वर्मा उर्फ विनोद वर्मा के नेतृत्व में हुई। बैठक में झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों के योगदान, संघर्ष और त्याग पर चर्चा की गई। साथ ही सरकार से चिह्नित आंदोलनकारियों को प्रमाणपत्र, पेंशन और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। बैठक में उपस्थित आंदोलनकारियों ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के लिए आंदोलनकारियों ने लंबा संघर्ष किया और अनेक कठिनाइयों का सामना किया। इसके बावजूद कई चिह्नित आंदोलनकारियों को अब तक प्रमाणपत्र और पेंशन जैसी सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। उन्होंने कहा कि कई आंदोलनकारी आर्थिक तंगी और अभाव के बीच जीवन बिताते हुए दुनिया से विदा हो गए, जबकि अनेक आंदोलनकारी अत्यंत वृद्ध हो चुके हैं। ऐसे में सरकार को उनकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करना चाहिए। बैठक में प्रस्ताव पारित कर सरकार से मांग की गई कि पात्र आंदोलनकारियों को अविलंब प्रमाणपत्र जारी किया जाए और उन्हें पेंशन सहित अन्य निर्धारित सुविधाओं का लाभ दिया जाए। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनके संघर्ष और योगदान का सम्मान करते हुए सरकार को इस दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए। बैठक में निरंजन प्रसाद यादव, अर्जुन यादव, भैरव ठाकुर, मार्जन हांसदा, गणेश प्रसाद राय, चनकु दास, नकुल टुडू, जयलाल हांसदा, विनोद हांसदा, तीतू राम दास, निर्मल हांसदा, तोड़ो सोरेन, परमेश्वर हेंब्रम, दशरथ सोरेन, लक्ष्मण दास, ढेना राना, रामकृष्ण राना और रामचंद्र महतो सहित अन्य झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित थे।
मारपीट के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल
- जमीन विवाद में घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप, अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
सारवां/संवाददाता। सारवां थाना क्षेत्र के जमुना गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गांव के ही दिलीप यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले को लेकर जमुना गांव के एक व्यक्ति ने थाना में आवेदन देकर गांव के ही दिलीप यादव, सिकंदर यादव, मनोज यादव, विशाल यादव, गायत्री देवी, सोनी यादव, कार्तिक यादव और धीरज यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जमीन विवाद को लेकर सभी आरोपित कथित तौर पर हरवे-हथियार से लैस होकर पहुंचे। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी क्रम में नामजद आरोपित दिलीप यादव को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य जांच के लिए ले जाया गया। जांच के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई मां लक्खी की पूजा
- शंख ध्वनि से गूंजा मधुपुर, घरों और पूजा स्थलों पर चढ़ाया गया महाभोग
मधुपुर/संवाददाता। धन-धान्य और समृद्धि की देवी मां लक्खी की पूजा रविवार को आश्विन मास की शरद पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई। विशेषकर बंगाली समाज में इस पूजा का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मोहल्लों में घरों और पूजा स्थलों पर मां लक्खी की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूजा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। महिलाओं और पुरुषों ने परिवार के साथ मां की आराधना की। घरों में पूजा की विशेष तैयारियां की गई थीं। पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार और शंख ध्वनि से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया। शहर के खलासी मोहल्ला मिलन संघ, थाना रोड स्थित श्रीश्री सिद्धेश्वरी दुर्गा मंदिर, न्यू कॉलोनी, कालीपुर टाउन और पथरचपटी दुर्गा मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर मां लक्खी की पूजा आयोजित की गई। श्रद्धालुओं ने मां को खिचड़ी, खीर और चटनी का महाभोग अर्पित किया। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। बंगाली समाज के परिवारों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। श्रद्धालुओं में मान्यता है कि मां लक्खी की आराधना से घर में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। श्रद्धा, आस्था और परंपरा के संगम ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।
झील तालाब छठ घाट पर बैनर-पोस्टर लगाने पर रहेगी रोक
- घाट और पहुंच पथ को विद्युत सज्जा से सजाने का निर्णय, सोनू गुप्ता बने समिति अध्यक्ष
मधुपुर/संवाददाता। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर रविवार शाम शहर के पंच मंदिर रोड स्थित झील तालाब परिसर में छठ पूजा सेवा समिति की बैठक हुई। संरक्षक संतोष शरण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान समिति की नई कमेटी का गठन भी किया गया। नई कमेटी में सोनू गुप्ता को अध्यक्ष, अवनी भूषण और पप्पू चौधरी को उपाध्यक्ष, सुमन चौधरी को सचिव, सुबल मंडल और विशाल गुटगुटिया को सह सचिव, अमर शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा अंकित शरण को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं, दीपक मिश्रा और गौरव जायसवाल को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि छठ पूजा के अवसर पर झील तालाब घाट की आकर्षक सजावट की जाएगी। घाट पर प्रकाश व्यवस्था, पंडाल निर्माण, फूलों की सजावट, प्रसाद वितरण और प्रतिमा स्थापना सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा। इसके साथ ही अंग्रेसन चौक से झील तालाब छठ घाट तक जाने वाले मार्ग को भी आकर्षक विद्युत लाइटों से सजाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा हो। समिति ने घाट की धार्मिक गरिमा और पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से इस बार घाट परिसर में किसी भी राजनीतिक या गैर-राजनीतिक संगठन का बैनर-पोस्टर लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। समिति के सदस्यों ने महापर्व को व्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आपसी सहयोग पर जोर दिया। बैठक में हेमंत नारायण सिंह, राजेश राम, कन्हैया राम, सागर जायसवाल, विकास गिरी, अमिताभ गुप्ता, सुभाष रवानी, अंकित सिंह राठौड़, रवि अग्रवाल, पप्पू शरण सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
मधुपुर में अंतर-जिला स्काउट्स-गाइड्स प्रतियोगिता संपन्न
- 216 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर, अनुशासन और टीम भावना का दिया परिचय
मधुपुर/संवाददाता। पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के तत्वावधान में मधुपुर के बावन बीघा स्थित स्टेट ट्रेनिंग पार्क में आयोजित तीन दिवसीय अंतर-जिला स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न रेल जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्काउटिंग-गाइडिंग से जुड़े कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 216 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें सात जिलों के 56 स्काउट्स, सात जिलों के 56 रोवर्स, आठ जिलों की 64 गाइड्स और पांच जिलों के 40 रेंजर्स शामिल थे। तीन दिनों तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभागियों ने अपनी दक्षता, अनुशासन और कार्यकुशलता का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान कैंप क्राफ्ट, प्राथमिक उपचार, पायनियरिंग, स्काउटिंग ज्ञान और सामूहिक कार्यकुशलता जैसी विधाओं पर आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों का उद्देश्य प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना था। अंतिम दिन आयोजित कैंप फायर प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रचनात्मक गतिविधियों और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके बाद समापन समारोह में ध्वज अवरोहण की रस्म पूरी की गई। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों को एक-दूसरे से सीखने, अनुभव साझा करने और आपसी समन्वय बढ़ाने का अवसर मिलता है। तीन दिवसीय आयोजन का समापन एकता, अनुशासन और सेवा भावना के संदेश के साथ हुआ। प्रतिभागी नई सीख और यादगार अनुभव लेकर लौटे।
मीना बाजार में भव्य पंडाल में होगी मां काली की पूजा
- काली पूजा समिति का पुनर्गठन, झूमा मुखर्जी अध्यक्ष और कुंज बिहारी मिश्रा बने सचिव
मधुपुर/संवाददाता। शहर के मीना बाजार मोहल्ला स्थित गांधी मैदान में रविवार को काली पूजा के आयोजन को लेकर पूजा समिति की बैठक हुई। बैठक में मां काली की पूजा श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही समिति का पुनर्गठन कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में सर्वसम्मति से झूमा मुखर्जी को समिति का अध्यक्ष और कुंज बिहारी मिश्रा को सचिव चुना गया। सदस्यों ने निर्णय लिया कि इस वर्ष काली पूजा के अवसर पर गांधी मैदान में भव्य और आकर्षक पंडाल बनाया जाएगा। पूजा स्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्ग को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि मीना बाजार में काली पूजा की परंपरा करीब 25 वर्षों से चली आ रही है। प्रत्येक वर्ष यहां विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मां काली की पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा में स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से भी लोग पहुंचते हैं। इस वर्ष पूजा को विशेष स्वरूप देने के लिए पंडाल निर्माण, प्रकाश व्यवस्था और अन्य तैयारियों पर ध्यान दिया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए समिति की ओर से महाप्रसाद की व्यवस्था भी की जाएगी। सदस्यों ने पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। बैठक में बिनोद उर्फ बबलू गोंड, विकास चंद्र तिवारी, उत्तम बर्मन, देवानंद तिवारी, अनुज मिश्रा, अरविंद सिन्हा, मोहन रवानी, सुभाष सिंह यादव, सूरज देव ठाकुर, रविंद्र मोहन झा, विद्यासागर झा, राजेश कुमार बर्मन, सात नारायण रवानी, राहुल जायसवाल, अनूप मिश्रा, नवीन कुमार गुप्ता, राघव हाड़ी, अभिषेक कुमार, शिवम घोष, सागर मल्लिक, दीपक पासवान, आयुष रजवार, प्रमोद शर्मा, निखिल चंद्रवंशी, शुभम सिंह राजपूत, अर्जुन कुमार, संजय कुमार बासफोर, राजेश कुमार दास और अभय कुमार बासफोर सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
सारठ में बंगाली समाज ने हर्षोल्लास से मनाई लोक्खी पूजा
- घरों में बनाई गई अल्पना, मां लक्ष्मी के चरण चिह्नों से सजे आंगन
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड क्षेत्र में बंगाली समाज के लोगों ने रविवार को शरद पूर्णिमा के अवसर पर लोक्खी पूजा श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई। इस अवसर पर घरों में विशेष सजावट की गई और विधि-विधान से मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई। लोक्खी पूजा को लेकर बंगाली समाज के परिवारों में सुबह से ही उत्सवी माहौल रहा। लोगों ने अपने घरों को आकर्षक ढंग से सजाया। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए घर-आंगन तैयार किए गए हों। महिलाओं ने घरों के आंगन में चावल के आटे से पारंपरिक अल्पना बनाई। इसके साथ ही मां लक्ष्मी के छोटे-छोटे चरण चिह्न भी बनाए गए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। पंडितों ने विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी से घर में सुख, शांति, धन-धान्य और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। पूजा के बाद आसपास के लोगों ने भी मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया। बंगाली समाज की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात मां लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं। ऐसी मान्यता है कि इस रात जागरण कर भक्ति-भाव से मां की आराधना करने वाले श्रद्धालुओं पर उनकी कृपा बनी रहती है। इसी विश्वास के साथ महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की। लोक्खी पूजा के अवसर पर बंगाली समाज के विभिन्न मोहल्लों में उत्सव जैसा माहौल रहा। पूजा-पाठ, पारंपरिक सजावट और श्रद्धालुओं की भागीदारी से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास देखने को मिला।
लखी महतो हत्याकांड में हैप्पी यादव और पवन यादव गिरफ्तार, जेल
- एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल, मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर थाना क्षेत्र के सिमरा किता गांव निवासी लखी महतो हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हैप्पी यादव और पवन यादव को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, हत्याकांड में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मालूम हो कि बीते 21 अक्टूबर की सुबह सिमरा किता गांव निवासी 55 वर्षीय लखी महतो दही बेचने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान कटवन-बगरा मुख्य पथ पर जोरिया के समीप घात लगाए नामजद आरोपितों ने कथित तौर पर एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया। मारपीट में लखी महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के बाद उन्हें पुल के नीचे फेंक दिया गया था। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इनमें मुखिया पति कृष्णा यादव, श्रीकांत यादव, हेमंत यादव और संतोष यादव के नाम शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच करते हुए शेष आरोपितों की तलाश में जुटी है।
अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपी गिरफ्तार, जेल
- बुढ़ाकुरा गांव के पास गुप्त सूचना पर मोहनपुर पुलिस ने की कार्रवाई
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सरमारा गांव निवासी अजय कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित के नाना के लिखित आवेदन के आधार पर मोहनपुर थाने में अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मामले का आरोपी थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बुढ़ाकुरा गांव के पास कार्रवाई करते हुए अजय कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और आरोपी को न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।