हिरणपुर/संवाददाता। अबुआ वीर दिशोम अभियान अंतर्गत ग्रामसभा आयोजित करने को लेकर शुक्रवार को घाघरजानि स्थित प्रखंड कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित हुई। जिसमें अंचल क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों ने भाग लिया। बैठक में सीआई विकास बास्की ने कहा कि डीसी के निर्देशानुसार अबुआ वीर दिशोम अभियान के तहत सभी गांवों में 15 नवम्बर तक विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाए। जिसमें वन अधिकार समिति द्वारा पुराने लंबित दावों व अस्वीकृत दावों पर सम्यक विचार कर त्रुटियों का निराकरण व नए दावों पर सम्यक विचार किया जाए। वन अधिकार समिति का गठन जिन राजस्व गांवों में नहीं हो पाया है। अविलम्ब गठन करना सुनिश्चित करेंे। उन्होंने वन अधिकार समिति को लेकर उपस्थित ग्राम प्रधानों को विस्तृत जानकारी दी। सीआई ने निर्देश देते कहा कि जल्द से जल्द सभी लगान जमा करें।
दसवीं कक्षा की छात्राओं के बीच निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। शहर स्थित रानी ज्योतिर्मय बालिका उच्च विद्यालय में शुक्रवार को निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की ओर से किया गया। निबंध लेखन का विषय भ्रष्टाचार की रोकथाम था। जिसमें दसवीं कक्षा की बालिकाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में मुख्य रूप से प्रधानाध्यापक कौसर कबीर, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक सुशील कुमार मिश्रा, शिक्षक फूलवंती टुडू, नाबार्ड के एफएलसी नवीन कुमार ठाकुर उपस्थित थे। निबंध लेखन में प्रथम तृषा कर्मकार, द्वितीय स्तवंती कुमारी, तृतीय मनीषा कुमारी, चतुर्थ नेहा कुमारी और पंचम स्थान गौरी कुमारी मंडल ने हासिल किया। मौके पर सभी सफल प्रतिभागी को पुरस्कृत किया गया। मौके पर शाखा प्रबंधक मिश्रा ने बच्चों को भ्रष्टाचार रोकने के बारे में अहम जानकारी दी।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य में संवेदक पर अनियमितता बरतने का आरोप
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत गायबथान स्थित तिलका मांझी पीडब्ल्यूडी सड़क से बरमसिया गांव तक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा अनियमितता बरतने का आरोप सामने आया है। सड़क निर्माण में प्राक्कलन के अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है। पिचिंग घटिया किस्म की की जा रही है। इस बाबत मुखिया सुनिराम मुर्मू ने भी संवेदक की इस मनमानी व अनियमितता कार्य को लेकर जिला प्रशासन से जांच की मांग की है। उप मुखिया टीपू सुल्तान अंसारी ने कहा कि पीसीसी सड़क निर्माण कार्य के दौरान कई बार शिकायत की गई थी। एक महीने में ही सड़क में दरार पड़ने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिचिंग सड़क निर्माण में अनियमितता बरती जा रही है। वहीं जब सड़क निर्माण से संबंधित अनियमितता को लेकर कार्यपालक अभियंता प्रयाग सिंह के मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि जांच कराया जाएगा। अगर खामियां मिलती हैं तो उसे सुधार कर लिया जाएगा।
सीओ और थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से किया क्रशर और पत्थर माइंस का निरीक्षण
महेशपुर/संवाददाता। अंचल क्षेत्र के शहरग्राम अंतर्गत संचालित क्रशर व पत्थर माइंस का निरीक्षण सीओ संजय कुमार सिन्हा और थाना प्रभारी आनंद पंडित ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से किया। नारायणटोला गांव स्थित मां दुर्गा स्टोन वर्क्स, जेआरएल स्टोन वर्क्स, भीमपुर गांव स्थित कायसुद्दीन स्टोन वर्क्स, मां काली स्टोन वर्क्स एवं धावाडंगाल गांव स्थित नाजिमुद्दीन स्टोन वर्क्स में सीटीओ, चहारदीवारी, पौधा रोपण, पानी का छिड़काव, उत्पादन क्षमता, स्टॉक पंजी, क्रय-विक्रय पंजी की जांच की। निरीक्षण के पश्चात सीओ सिन्हा ने नाजिमुद्दीन स्टोन वर्क्स में पौधा रोपण कार्य में कमी पाए जाने को लेकर उपर्युक्त विषयों का अक्षरश: अनुपालन करने का सख्त निर्देश दिया।
जेंडर सेंसिटीव एप्रोच टू चाइल्ड प्रोटेक्सन विषय पर जिला स्तरीय एकदिवसीय सेमिनार का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। सूचना भवन सभागार में शुक्रवार को जिला बाल संरक्षण इकाई, समाज कल्याण शाखा एवं स्वैच्छिक संगठन तेरे देश होम्स के संयुक्त तत्वावधान में जेंडर सेंसिटीव एप्रोच टू चाइल्ड प्रोटेक्सन विषय पर जिला स्तरीय एकदिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अंजू कुमारी ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अंजू कुमारी ने कहा कि बाल संरक्षण के क्षेत्र में बच्चों के साथ लिंग भेद, असमानता के प्रति बच्चों के साथ काम कर रहे सभी हितधारकों को संवेदनशील होकर कार्य करने की आवश्यकता है ताकि समाज के बच्चों का सर्वांगीण विकास समुचित रूप से हो सके। मौके पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी व्यास ठाकुर ने स्वैच्छिक संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम के उद्देश्य एवं कार्य प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य द्वारा भी उपर्युक्त विषय पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के आयोजन के क्रम में उपस्थित प्रतिभागियों के द्वारा ग्रुप डिस्कशन एवं ग्रुप एक्टिविटी के माध्यम से भी लिंग-भेद के संबंध में स्पष्ट तौर पर विचारों को व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वैच्छिक संगठन जनलोक कल्याण परिषद पाकुड़ द्वारा भी बच्चों के लिंग-भेद एवं इसके समाप्ति के लिए जिला स्तर पर किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई, पाकुड़ के सभी कर्मी, पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के सभी सामाजिक कार्यकर्ता, जेएसएलपीएस प्रतिनिधि, पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि, कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित जिला स्तर पर बाल संरक्षण मुद्दे पर कार्य कर रहे विभिन्न गैर सरकारी संगठन के प्रतिनिधि एवं यूनिसेफ के जिला समन्वयक अक्षय कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।
जनता दरबार में आमलोगों ने डीसी के समक्ष समस्याएं रखीं
पाकुड़/संवाददाता। आमलोगों की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने जनता दरबार में आकर अपनी समस्याओं को डीसी के समक्ष रखा। इस दौरान डीसी ने वहां उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। आश्वस्त किया गया कि संज्ञान में आए हुए सभी शिकायतों की जांच कराते हुए जल्द से जल्द सभी का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा जनता दरबार के दौरान शिक्षा विभाग, जमीन एवं पेयजल से संबंधित मामले एवं विभिन्न आवेदन शिकायत के रूप में आये जो कि जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित थे। ऐसे में जनता दरबार में सभी शिकायतकर्ता की समस्याओं को सुनने के पश्चात डीसी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों की भौतिक जांच करते हुए उसका समाधान जल्द से जल्द करें। इसके अलावा उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर अपनी प्रतिपुष्टि डीसी कार्यालय को समर्पित करे ताकि शिकायतों के निष्पादन में आसानी हो।
जिले के बच्चों ने खेलो झारखंड प्रतियोगिता में किया बेहतर प्रदर्शन
-एथलेटिक्स में 19 मेडल और कुश्ती में प्राप्त किये 13 मेडल
पाकुड़/संवाददाता। राज्य स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता 2023 में जिले के बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए एथलेटिक्स में 19 मेडल, कुश्ती में 13 मेडल प्राप्त किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में अंडर 14, 17, 19 के विभिन्न वर्गों के स्कूली बच्चों ने विभिन्न खेलों में मेडल प्राप्त कर जिला एवं विद्यालय का नाम रोशन किया। डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल समेत जिले के सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। डीसी ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ियों ने जिले का नाम भी रौशन किया। कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ी राज्य ही नहीं राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रौशन कर सकें।
ट्रेन से कट कर एक महिला की मौत
पाकुड़/संवाददाता। रेलवे प्लेटफॉर्म संख्या दो में ट्रेन से कट कर एक महिला की मौत हो गई। वहीं महिला की मौत के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना लोगों ने स्टेशन मास्टर को दिया। वहीं मौके पर जमा लोगों ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या-02 में डाउन राधिकापुर एक्सप्रेस आ रही थी और संभवत: उसी की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। वहीं स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेंब्रम ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या दो में एक महिला की कट कर मौत हो गई। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी जीआरपी व आरपीएफ को दे दी गई। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। मौके पर जीआरपी के अधिकारी पहुंच कर मामले की छानबीन कर रहे हैं। जीआरपी प्रभारी हरिश्चंद्र लोहरा ने बताया कि महिला की मौत ट्रेन से कट कर हो गयी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बीपीओ ने पंचायतवार योजना प्रगति की समीक्षा की
पाकुड़/संवाददाता। प्रखंड कार्यालय सभागार कक्ष में शुक्रवार को जिला पंचायतीराज पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह की मौजूदगी में बीपीओ अजीत टुडू ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में सबसे पहले प्रखंड में चल रहे विकास व कल्याणकारी योजना की प्रगति के बाबत पंचायतवार समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में अधूरे पड़े योजनाओं को तय समय पर पूरा करते हुए इसका प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ-साथ जिला प्रशासन के द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश से सभी लोगों को अवगत कराया गया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना 15वें वित्त आयोग समेत अन्य कई विषयों को लेकर समीक्षा की गई। बैठक में एई श्याम दत्त शुक्ल के साथ-साथ रोजगार सेवक व कनीय अभियंता मौजूद थे।
परिवहन विभाग ने चलाया वाहन जांच अभियान
-ऑनलाइन 50 हजार रुपये का काटा गया चलान
पाकुड़/संवाददाता। जिले में लगातार हो रहे सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल के दिए गए दिशा-निर्देश के आलोक में शुक्रवार को परिवहन विभाग की ओर से मालपहाड़ी और नगर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया गया। मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के माल पहाड़ी सड़क तथा नगर थाना के सामने जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधन रितेश कुमार के नेतृत्व में सड़क वाहन जांच अभियान चलाया। मौके पर पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ पुलिस के जवान मौजूद थे। जांच अभियान के दौरान दर्जनों मोटरसाइकिल व टोटो को पकड़ कर थाना लाया गया। संबंधित कागजात नहीं रहने को लेकर चालक पर जुर्माना लगाया गया। लगभग 50 हजार रुपए का चालान ऑनलाइन काटा गया।
तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला संपन्न
-फाइनल विजेता को 30 हजार और उपविजेता को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। प्रखंड के सुरजबेड़ा पंचायत अंतर्गत जितालपुर गांव में जेपी चटान घुटू क्लब जितालपुर के द्वारा शुक्रवार को तीन दिवसीय फुटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला हुआ। जिसका उद्घाटन एसडीओ हरिवंश पंडित, बीडीओ श्रीमान मरांडी, भाजपा नेता शिक्षानंद मुर्मू, थाना प्रभारी अरुणिमा बागे ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए बोल को किक मारकर किया। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत परंपरागत रूप से किया गया। फाइनल खेल जूनियर एफसी चौथरो व हाटपाड़ा जितालपुर के बीच खेला गया। जिसमें हाटपाड़ा चितलो ने जूनियर एफसी चौथरो को एक गोल से पराजित कर विजय हुआ। वहीं एसडीओ पंडित ने ग्रामीणों को संबोधित करते कहा कि खेल से शारीरिक, मानसिक सहित सभी तरह के रोग ठीक होते हैं। आज के समय में खेल जगत में भी लोग देश का नाम रोशन कर रहे हैं। बताया कि गांव तक आने के लिए सड़क की व्यवस्था नहीं है। कहा कि गांव के विकास के लिए जो भी कार्य करना होगा प्रशासन हर संभव मदद करेगी। वहीं भाजपा नेता शिक्षानंद मुर्मू ने ग्रामीणों को बताया कि खेल जगत में भी लोग अपना नाम रोशन कर रहे हैं। कहा कि आपके गांव में जो भी समस्या है हर समस्या को प्रशासन के समक्ष रख कर हर संभव ठीक करवाने की कोशिश करेंगे। बीडीओ श्रीमान मरांडी ने संथाली में संबोधित करते ग्रामीणों से कहा कि इस सुदूरवर्ती क्षेत्र में पहाड़िया के द्वारा खेल का आयोजन किया गया है। समस्या को दूर करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। हाटपाड़ा चितलो को भाजपा नेता शिक्षानंद मुर्मू ने प्रथम पुरस्कार 30 के रूप में देकर सम्मानित किया। साथ ही द्वितीय पुरस्कार 25 हजार व सेमीफाइनल में पहुंची दोनों टीमों को पांच-पांच हजार देकर सम्मानित किया। मौके पर पूर्व मुखिया सिलभान किस्कू, रंजन साहा, समिति के अध्यक्ष लोखु पहाड़िया, सचिव जोहना पहाड़िया, कोषाध्यक्ष यकुब पहाड़िया सक्रिय कार्यकर्ता थॉमस पहाड़िया, दुर्गा पहाड़िया, नारायण पहाड़िया सहित हजारों खेल प्रेमी मौजूद थे।