जामताड़ा में नि:शुल्क जेसीईसीईबी कोचिंग पंजीकरण शिविर
जामताड़ा/संवाददाता। जामताड़ा प्रखंड परिसर में शुक्रवार को जामताड़ा नर्सिंग कॉलेज, दुलाडीह के तत्वावधान में 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं के लिए नि:शुल्क जेसीईसीईबी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा कोचिंग पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को नर्सिंग शिक्षा और करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था।
शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने पंजीकरण कराया और जेसीईसीईबी प्रवेश परीक्षा, पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया, नर्सिंग पाठ्यक्रम तथा रोजगार की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की। नामांकन प्रभारी निकिता सिंह ने छात्राओं को नि:शुल्क ऑनलाइन आवेदन भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई।
निकिता सिंह ने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य केवल नामांकन नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देकर नर्सिंग के क्षेत्र में सफल करियर के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि जो छात्राएं शिविर में शामिल नहीं हो सकीं, वे सीधे जामताड़ा नर्सिंग कॉलेज, दुलाडीह पहुंचकर नि:शुल्क पंजीकरण करा सकती हैं। शिविर के दौरान छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और उन्हें इस अवसर का लाभ उठाकर उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नवोदय के छात्रों ने ली दहेज व जाति प्रथा मिटाने की शपथ
विधिक जागरूकता शिविर में मिला अधिकारों का ज्ञान
जामताड़ा/संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की ओर से राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, तमाजोड़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। लिटरेसी क्लब के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संवैधानिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या प्रीति श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और संवैधानिक चेतना का विकास करना है। उन्होंने युवाओं को जाति प्रथा, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आगे आने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डीएलएसए सचिव पवन कुमार ने समानता के अधिकार, दहेज निषेध, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा कानून, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम तथा नि:शुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। एलएडीसी अधिवक्ता सरिता बर्मन ने महिला एवं बाल अधिकारों सहित मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जाति और दहेज प्रथा पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। अंत में सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने तथा समानता, न्याय और संवैधानिक मूल्यों को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया।
‘उम्मत’ का मतलब इंसाफ और इंसानियत : रहमानी
जामताड़ा/संवाददाता। ऑल इंडिया पसमांदा उलेमा बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता मौलाना अब्दुल रकीब रहमानी ने कहा कि आज के समय में मुसलमानों को इस्लाम की मूल शिक्षाओं और उम्मत की वास्तविक अवधारणा को सही रूप में समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उम्मत केवल धार्मिक पहचान नहीं, बल्कि इंसाफ, भाईचारा, जिम्मेदारी और समाज की भलाई के लिए मिलकर कार्य करने की भावना है।
मौलाना रहमानी ने कहा कि पवित्र कुरआन मुसलमानों को न्यायप्रिय और भलाई करने वाली उम्मत बनने की शिक्षा देता है। पैगंबर हज़रत मुहम्मद ने मदीना में विभिन्न समुदायों के साथ शांति, सम्मान और सहयोग पर आधारित समाज की स्थापना कर इसका आदर्श प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि एक मुसलमान वैश्विक उम्मत का हिस्सा होने के साथ-साथ अपने देश का जिम्मेदार नागरिक भी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और जरूरतमंदों की सेवा में सक्रिय भागीदारी ही उम्मत की सच्ची भावना है। उन्होंने उलेमा, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से नई पीढ़ी को उम्मत की संतुलित और सकारात्मक समझ देने की अपील की।
एलपीजी सब्सिडी के नाम पर साइबर ठगी का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार
जामताड़ा/संवाददाता। एलपीजी गैस सब्सिडी दोबारा चालू कराने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर गिरोह के दो सदस्यों को जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित टीम ने बागडेहरी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोचा। उनके पास से छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई बागडेहरी थाना क्षेत्र के सुद्राक्षीपुर गांव में की गई, जहां विश्वजीत सरदार को साइबर अपराध करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद बागडेहरी-मुड़ाबेड़िया ग्रामीण सड़क स्थित पुल के समीप छापेमारी कर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 42/26 (दिनांक 9 जुलाई 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और टेलीकम्युनिकेशन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों को फोन कर एलपीजी गैस सब्सिडी बंद होने की झूठी सूचना देते थे और उसे पुन: चालू कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है और उससे जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
उन्नति का पहिया कार्यक्रम के तहत स्कूली छात्राओं को मिली साइकिल
कुंडहित/संवाददाता। कल्याण विभाग की ओर से संचालित उन्नति का पहिया कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक वर्ष 26-27 में अध्यनरत आठवीं क्लास की छात्राओं के बीच साइकिल वितरण किया गया। जिसमें मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा, जिला परिषद सदस्य रीना मंडल उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए सरकार ने यह योजना शुरू की है। जो छात्रों के शैक्षणिक उन्नति में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि साइकिल की वजह से ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले छात्र-छात्राओं के समय की काफी बचत होती है। वे नियत समय पर स्कूल पहुंचेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रखंड के विभिन्न स्कूलों के कुल 109 छात्रों को साइकिल वितरण किया गया। मौके पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष ने कहा की प्रखंड के कुल 923 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण किया जाना है। शुक्रवार आदर्श मध्य विद्यालय कुंडहित के 80 एवं नगरी उच्च विद्यालय के 29 छात्र-छात्राओं के बीच कुलक 109 के बीच साइकिल वितरण किया गया है। कहा कि बाकी विद्यालयों के साइकिल विद्यालय में पहुंचा दिया जाएगा। कहा की अभी भी बहुत सारे छात्रो को साइकिल मिलना शेष है जिनके बीच यथाशीघ्र साइकिल वितरण किया जाएगा। मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रमेश कुमार बैध, 20 सूत्री अध्यक्ष ऑफिसर हेंब्रम, पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरि मंडल, बीपीएम एमडी हसीब के अलावे बीआरसी कर्मिंगण उपस्थित थे।
11 जुलाई से जनसंख्या जागरूकता अभियान
13 से शुरू होगा परिवार नियोजन पखवाड़ा
कुंडहित/संवाददाता। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में बीएलटीएफ की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने की। इसमें चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तापस मंडल, बीपीएम लक्ष्मीनारायण गुप्ता, बीडीएम निर्मल फौजदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में 11 जुलाई से 10 अगस्त तक चलने वाले परिवार नियोजन माह तथा 13 जुलाई से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुंडहित में शुरू होने वाले परिवार नियोजन पखवाड़ा के सफल संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।
बरसात के मौसम में डायरिया की रोकथाम को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने, सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ओआरएस व जरूरी दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने तथा लोगों को स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।